Monday, April 2, 2012

अगलगी में चार घर जलकर राख, बछड़ा मरा


कुर्साकांटा (अररिया) : प्रखंड मुख्यालय स्थित स्टैंड चौक से मील चौक जाने वाली सड़क किनारे घरों में रविवार की रात्रि अचानक लगी आग में दो व्यक्ति के चार घर जलकर राख हो गये। इस अग्निकांड में एक गाय जहां बुरी तरह झुलस गयी। वहीं गाय का बछड़ा झुलस कर मर गया। अग्निपीड़ित मो. नईम एवं मो. अजीम ने बताया कि उसके दुकान का बैट्री, चार्जर, कपड़ा, अनाज एवं नकदी सहित लाखों की संपत्ति का नुकसान हो गया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जिस समय घर में आग लगी मो. नईम एवं मो. अजीम अपनी-अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे कि धू-धू कर अपने घर को जलता हुआ देखा। आग इतनी तेजी से फैल चुका था कि उसे घर का कोई सामान निकालने का मौका नहीं मिला। आसपास के लोग एवं ग्रामीण बगल के तालाब से पानी लेकर लगभग 1 घंटे के कड़े प्रयास के बाद किसी तरह आग पर काबू पा सका। इधर घटना की सूचना पाते ही अंचलाधिकारी विजय शंकर सिंह घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अग्निपीड़ितों को सांत्वना देते हुए उचित मुआवजा देने की बाते कही। वहीं आये दिन प्रखंड क्षेत्र में हो रहे अग्निकांड से लाखों की संपत्ति का नुकसान से प्रखंड मुख्यालय में अग्निशमन दस्ते की मांग जोर पकड़ने लगी है। मुखिया मुस्ताक अली ने कहा कि अग्निकांड के बाद दी जाने वाली राहत सामग्री उंट के मुंह में जीरा साबित होती है। अग्निकांड से हुए नुकसान को अग्निशमन के माध्यम से रोका जा सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन से अग्निशमन दस्ते का प्रखंड मुख्यालय में उपलब्ध कराने की मांग की है।

0 comments:

Post a Comment