Friday, November 12, 2010
डीएम ने किया छठ घाटों का निरीक्षण, बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश
अररिया,संसू: जिला पदाधिकारी एम. सरवणन ने गुरूवार को शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को छठ व्रतियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। डीएम सर्वप्रथम पनार नदी के हरियाली मार्केट, मरिया धार, भगत टोला तथा काली बाजार के छठ घाटों पर गये। उन्होंने नप के कार्यपालक पदाधिकारी को भगत टोला के निकट बने बांस के चचरी पुल को और मजबूतीकरण करने तथा अधिक पानी वाले स्थानों पर बांस के बैरियर को लंबा कर लगाने का निर्देश दिया। श्री सरवणन ने उसके बाद नहर स्थित महादेव चौक से रेलवे स्टेशन मोड़ रोड तक नहर किनारे घाट का निरीक्षण किया। नहर में पानी की कमी को देखते हुए डीएम ने एसडीओ को पंपसेट व मोटर लगाकर पानी भरवाने का आदेश दिया। इसके अलावा रास्तों की साफ-सफाई तथा नहर में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने का भी आदेश नप प्रशासन को दिया गया। डीएम ने पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता लाल बाबू महतो को परमान नदी व नहर के छठ घाट पर अधिक से अधिक चापाकल लगाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में डीएम के साथ सदर एसडीओ डा. विनोद कुमार, एसडीपीओ मो. कासिम, नप के कार्यपालक पदा. अनिल कुमार, पीएचईडी ईई लाल बाबू महतो, अभियंता भिखारी राम, नगर थानाध्यक्ष राम शंकर सिंह, मुख्य पार्षद पति इम्तियाज आलम आदि शामिल थे।
नप ने किया छठ घाटों पर डीडीटी का छिड़काव
फारबिसगंज(अररिया),हप्र.: नगर परिषद फारबिसगंज द्वारा शहर के कोठी हाट नहर, सुल्तान पोखर समेत विभिन्न छठ घाटों पर डीडीटी का छिड़काव किया गया। साथ ही सभी घाटों एवं शहर के मुख्य मार्गो पर सफाई अभियान चलाया गया। छठ घाटों में साफ-सफाई की निगरानी करते हुए मुख्य पार्षद वीणा देवी, उप मुख्य पार्षद राज कुमार अग्रवाल एवं पार्षद अरविन्द यादव ने बताया कि सभी नप कर्मी को सफाई अभियान में जूट जाने का निर्देश दिया गया है। बताया कि लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर सड़कों पर लगे स्ट्रीट लाइट के बल्ब भी बदल दिए गए हैं ताकि व्रतियों को असुविधा ना हो। हालांकि, इन दावों के बावजूद नगर के कई गली-मोहल्लों की समुचित साफ-सफाई नहीं हो पाने को ले यहां के निवासियों में नाराजगी व्याप्त है।
इधर, वैभव शिक्षा समिति के तत्वावधान में फारबिसगंज कालेज के समीप नहर पर छठ व्रतियों के लिए घाट का निर्माण किया गया है। घाट के व्यवस्थापक सह प्राचार्य विनोद कुमार वैभव ने बताया कि समिति द्वारा यहां स्वच्छ जल और समुचित बिजली की उत्तम व्यवस्था की गयी है। बताया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपना घाट सुरक्षित करवा रहे हैं।
सफाई के लिए नप ने चलाया विशेष अभियान
फारबिसगंज: लोक आस्था के महान पर्व छठ पूजा को लेकर घाटों की साफ सफाई के लिए फारबिसगंज नगर परिषद की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। नगर के सुल्तान पोखर, कोठी घाट नहर, अलख निरंजन बाबू का पोखर, पंचमुखी मंदिर के निकट छठ पूजा के लिए बनाये गये घाटों की सफाई सुभाष चौक स्थित सीताधार सहित छोटे बड़े घाटों की सफाई जोर-शोर के साथ जारी है। वहीं घाटों पर डीडीटी का भी छिड़काव किया जा रहा है। इधर सफाई की देखरेख में सफाई जमादार, नप के उपाध्यक्ष राज कुमार अग्रवाल, अरविंद यादव, पार्षद प्रतिनिधि अमर, संजय केशरी, संतोष गुप्ता, मधु देवी आदि लगे हुए हैं। बताया जाता है कि घाटों के अलावा विभिन्न वार्डो में सड़कों की सफाई जारी है। इसके लिए नप के प्रशासन के अतिरिक्त सफाई कर्मियों तथा टै्रक्टरों को कार्य में लगाया गया है। साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर लोगों में खुशी जाहिर की है।
नरपतगंज : गंदे पानी में अर्घ्य देंगे व्रती
फारबिसगंज(अररिया),हप्र.: राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ विगत 85 वर्षो से अपनी शाखाओं के माध्यम से व्यक्ति निर्माण का कार्य करता आ रहा है। देशभक्त लोगों द्वारा देशभर में एक लाख 75 हजार सेवा प्रकल्प चलाए जा रहे हैं और बीस हजार से अधिक विद्यालयों के माध्यम से शिक्षा एवं संस्कार कार्य चल रहे हैं।
आरएसएस के पूर्णिया विभाग संघ चालक डा. एनएल दास ने बुधवार की देर शाम आयोजित प्रेसवार्ता में उक्त जानकारी देते हुए बताया कि देश पर जब भी देश पर दैविक, दैहिक और भौतिक आक्रमण हुआ तो स्वयं सेवकों ने जान हथेली पर लेकर कार्य किया। इसलिए आरएसएस को रेडी फार सेल्फलेस सर्विस भी कहा जाता है। यही कारण है कि 1962 में चीनी आक्रमण के दौरान स्वयं सेवकों की राष्ट्र भक्ति से अभिभूत होकर तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने गणतंत्र दिवस के मौके पर क्षेत्र के जवानों के साथ स्वयं सेवकों को भी पैरेड में शामिल किया था।
लेकिन विगत दिनों कश्मीर एवं पूर्वोत्तर समस्या, नस्लवाद, बढ़ती महंगाई, अफजल गुरू और कसाब मामले ने केन्द्र सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। साथ ही टू जी स्पेक ट्रक घोटाला, सीडब्ल्यूजी, घोटाला, आदर्श हाउसिंग घोटाला आदि के पर्दाफाश होने के कारण यह सरकार सकते में है।
डा. दास ने कहा कि इन सब मामलों से बौखलाई क्षेत्र की सत्ताधारी सरकार ने अब संतों एवं मजे पर अनुचित प्रहार आरंभ कर दिया है। इस सिलसिले में संघ के प्रचारक एवं केन्द्रीय कार्य कारिणी सदस्य इन्द्रेश कुमार जिन्हें हिन्दु-मुसलमान सौहार्द के लिए जाना-जाता है का नाम अजमेर विस्फोट में घसिटा जाना संघ की अस्मिता और निष्ठा पर कुठाराघात है।
आरएसएस के जलगांव बैठक में निर्णय लिया गया है कि संघ द्वारा देश भर में इसका विरोध किया जाएगा। दस नवम्बर को देश भर में संघ का धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया, लेकिन बिहार व झारखंड में छठ महापर्व को देखते हुए यह कार्यक्रम 16 नवम्बर को आयोजित किया जायेगा। मौके पर अररिया जिला संघ चालक प्रफुल्ल कुमार दास, जिला सह चालक राम कुमार केशरी, अररिया विभाग खंड संघ चालक नरेन्द्र पांडेय, नगर संघ चालक उपेन्द्र राउत और अररिया जिला कार्यवाह मोहन कुमार भी उपस्थित थे।
बीडीओ व थानाध्यक्ष ने लिया साफ-सफाई का जायजा
पलासी(अररिया),निसं: प्रखंड विकास पदाधिकारी अमिताभ एवं थानाध्यक्ष आर.बी सिंह ने संयुक्त रूप से गुरूवार को प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों तथा जलाशयों के साफ-सफाई का जायजा लिया।
इस संबंध में पदाधिकारी द्वय ने बताया उन्होंने कि प्रखंड मुख्यालय के अलावा नकटाखुर्द, सोहंदर, कलियागंज आदि के जलाशयों का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने बताया कि कहीं-कहीं सफाई का कार्य अब भी चल रहा है। जो समय पर पूरा हो जायेगा। उन्होंने जलाशयों में पानी होने की बातें कही। बीडीओ अमिताभ ने बताया की सूर्योपासना का महान पर्व छठ को लेकर प्रशासनिक स्तर से साफ-सफाई का कार्य किया जा रहा है। अधिकांश घाटों की सफाई कर दी गयी है, शेष बचे घाटों को कल दोपहर तक कर लिया जाएगा।
छठ: महिला श्रमिकों ने संभाली सफाई की कमान
अररिया, जागरण प्रतिनिधि: जब व्यवस्था पिछड़ जाती है तो आम जन आगे आ जाते हैं। गुरुवार को अररिया में यही हुआ। सब जानते हैं कि शहर के बीचोबीच गुजरने वाली एबीसी नहर में पानी नहीं के बराबर था। नहर में गंदगी व कचरे का राज और छठ जैसा महापर्व बिल्कुल सामने।
वहीं, अप स्ट्रीम में मेन नहर 78 व 72 आरडी पर क्षतिग्रस्त है। जब ऐसा था तो प्रशासन व नप ने नहर में अर्घ्य व स्नान को ले पानी की व्यवस्था करने के लिये समय रहते कुछ क्यों नहीं किया?
हालांकि शहर वासियों ने सड़क जाम कर अपनी बात प्रशासन के सामने उठायी। इसके बाद प्रशासन सक्रिय हुआ। एसडीओ डा. विनोद कुमार एसएचओ राम शंकर सिंह के साथ जामस्थल पर पहुंचे। लोगों को समझा बुझा कर जाम हटवाया। उन्होंने पानी व सफाई के लिये यथा संभव व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। किस हद तक व्यवस्था होती है, इसका पता तो कल चलेगा, लेकिन जाम हटने के बाद बड़ी संख्या में नहर पर लायी गयी महिलाओं ने गंदगी के बावजूद कचरा हटाने की कमान संभाल ली। पुरुष श्रमिक नजर नहीं आये।
इस संबंध में पूछे जाने पर एक महिला श्रमिक ने बताया कि बाबू, छठि मैया के महिमा बड़ा अपार छै। हम सब साफ सुथरा करै छियै ते सुरुज भगवान जरूर सहाय हेतै।
Thursday, November 11, 2010
फसलों की बोआई व रखरखाव को लेकर प्रशिक्षण
अररिया/पलासी//,जाटी: जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार जिले के सभी नौ प्रखंड मुख्यालयों में बुधवार को मुख्यमंत्री बीज विस्तार व बीज ग्राम योजनान्तर्गत कृषक प्रशिक्षण और बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों के सैकड़ों किसानों ने हिस्सा लिया।
अररिया से निप्र के अनुसार अररिया प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों को 2010-11 के लिए बोआई की जाने वाली रब्बी फसलें, मिट्टी की जांच, बीजोपचार की विधि, किसान पाठशाला, पोषक तत्व प्रबंधन, सिंचाई प्रबंधन, कीट व्याधि प्रबंधन समेत कृषि मैप रोड के विषय में विस्तृत जानकारी दी गयी। साथ ही प्रखंडाधीन सभी 81 राजस्व ग्राम से दो-दो चयनित किसानों को आधे मूल्य पर बीस किलो की दर से गेहूं के उन्नत प्रभेद के आधार पर बीज भी दिए गए।
प्रशिक्षण में बताया गया कि उक्त आधार बीज से किसान लगातार तीन वर्षो तक इसे प्रमाणिक बीज के तौर पर प्रयोग कर सकेंगे। इस मौके पर बीडीओ नागेन्द्र पासवान, प्रमुख प्रतिनिधि अब्दुल हन्नान, कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डा. मो. जावेद, विषय वस्तु विशेषज्ञ ज्ञान शंकर सिंह, प्रखंड कृषि पदाधिकारी हेमंत कुमार सहित मुखिया एजाज अहमद, मंसूर आलम, मो. इद्रीश, डा. अनवार, विकास सिंह आदि मौजूद थे।
पलासी से निसं के अनुसार प्रखंड मुख्यालय में मुख्यमंत्री तीव्र बीज विस्तार योजना के तहत बीज ग्राम योजनान्तर्गत कृषकों के लिए प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रशांत कुमार की देखरेख में एक दिवसीय प्रशिक्षण सह बीज वितरण शिविर का आयोजन किया गया। मौके पर भूतपूर्व जिला कृषि पदाधिकारी केपी सिन्हा, कृषि परामर्शी मृत्युंजय चौबे, सीओ अरुण कुमार शर्मा, जनसेवक प्रेम प्रकाश दास आदि मौजूद थे। प्रशिक्षण में मुख्य रूप से वैज्ञानिक ढंग से गेहूं की खेती करने, पौधों को बीमारियों से बचाने, उर्वरक व सिंचाई, पौधों का संरक्षण, बीज उत्पादन करने आदि की जानकारियां दी गयी।
भजन संध्या में झूमे दर्शक
फारबिसगंज(अररिया),निप्र.: शहर के अस्पताल रोड स्थित दुग्गड़ निवास पर मंगलवार की देर संध्या भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अभिषेक दुग्गड़ द्वारा कराया गया था। जिसमें बाला जी भजन मंडली के कलाकारों ने भक्ति गीतों से समां बिखेरी।
इस अवसर पर मंडली के सुमन ठाकुर, प्रदीप अग्रवाल, शंकर यादव, लक्ष्मी शर्मा, सदानन्द जी, विद्यानन्द सहनी आदि ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों को पेश कर माहौल को भक्तिमय कर दिया। कलाकारों ने नये-पुराने गीतों पर आधारित भक्ति संगीत प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर किया। भक्ति गीतों का आनन्द दर्शक उठाते रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में अमर दुग्गड़, धीरेन्द्र दुग्गड़, संजय कुमार डब्लू, तमाल सेन सहित दर्जनों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
नहाय-खाय के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ शुरू
फारबिसगंज(अररिया),निप्र.: नहाय-खाय के साथ ही जिले में लोक आस्था का महापर्व छठ शुरू हो गया। बुधवार को छठ व्रतियों ने कद्दू-भात का सेवन कर नहाय खाय की रस्म पूरी निष्ठा पूर्वक निभाया। इस मौके पर व्रतियों ने नियमानुसार परंपरागत तरीके से विभिन्न जलाशयों में स्नान कर छठ पर्व की शुरूआत की। नहाय-खाय को लेकर भारी संख्या में छठ व्रती मनिहारी व काढ़ा गोला जाकर गंगा स्नान किया।
इधर, पर्व में कद्दू के प्रयोग होने के कारण बाजारों में इसकी कीमत काफी रही। चार से पांच रुपये प्रति किलो बिकने वाला कद्दू 30 से 50 रुपये किलो तक बिका। बावजूद इसके लोगों ने उत्साह के साथ इसकी खरीददारी की। बाजारों में छठ पूजा को ले अन्य सामग्रियों की बिक्री भी पूरे-जोर शोर से जारी है। फारबिसगंज नगर सहित इसके आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों के आगमन के कारण बाजारों की रौनक बढ़ी रही। नगर के कई स्थानों पर छठ पूजा से जुड़े सामग्रियों की बिक्री के लिए दुकानदारों ने अपनी दुकानों को सजाकर रखा था। सुबह से ही वे ग्राहकों के भारी भीड़ के बीच व्यस्त रहे। वस्तुओं की कीमतों में हुई भारी वृद्धि के बावजूद आस्था के इस पर्व के लिए लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।
जुए के अड्डों पर पुलिस का छापा
कुर्साकांटा(अररिया),निसं : प्रखंड मुख्यालय स्थित कई जगहों पर दीपावली एवं छठ के अवसर पर चल रहे जुआ अड्डों पर पुलिस ने छापामारी की है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जुए के एक अड्डे पर जुआ खेलाने वाले दो गुटों के बीच विवाद हो गया जिससे वहां मारपीट की नौबत आ गई। जिसकी गुप्त सूचना दूरभाष पर जिला प्रशासन तक पहुंची। इसके बाद जिला से मिले निर्देश के बाद थाना पुलिस बल हरकत में आ गयी तथा जुए के अड्डों पर अफरा-तफरी का उत्पन्न हो गया। जुआ खेल बंद किये जाने से जुआड़ियों में मायूसी छा गयी है। वहीं स्थानीय लोगों ने सकून की सांस ली है।
किसानों को पंचायत में दी जाएगी कृषि की जानकारी
भरगामा (अररिया),जासं: मुख्यमंत्री तीव्र बीज विस्तार योजना के तहत प्रखंड के बाद अब पंचायत के किसानों को भी पारंपरिक खेती आदि विभिन्न विषयों को लेकर प्रशिक्षण दिया जायेगा। यह बातें योजना के मद आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के बीच बुधवार को प्रखंड कृषि पदाधिकारी भरगामा आशुतोष कुमार ने कही।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक पंचायत में यह प्रशिक्षण किसानों को दिया जाना है। प्रशिक्षण लेने वाले किसानों की कम से कम संख्या 25 होगी। वहीं प्रशिक्षक की संख्या 2 तथा 1 संचालक होंगे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का यह कार्यक्रम आगामी 27 नवंबर से आरंभ किया जायेगा। उन्होंने कार्यक्रम के माध्यम से बीज विस्तार योजना, बेहतर कृषि प्रणाली तथा कृषि यांत्रिकी व उपकरण आदि के संबंध में पर्याप्त जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही। प्र. कृषि पदाधिकारी भरगामा ने इस कार्यक्रम को महत्वपूर्ण बताते हुए अपेक्षित सहयोग की अपील भी क्षेत्र के किसानों से की।
अलग-अलग मारपीट की घटनाओं में आधा दर्जन जख्मी
कुसियारगांव(अररिया),संसू.: अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विगत चौबीस घंटे के दौरान हुई मारपीट की घटना में दो महिलाएं समेत आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में तैनात चिकित्सक ने दो को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार आरएस ओपी क्षेत्र के हड़ियाबाड़ा टोला बलुआ में बुधवार की सुबह चचेरे भाइयों के बीच जमीन बंटवारा को लेकर हुए मारपीट की घटना में दोनों पक्ष के मो. खुर्शीद, मो. आजाद, मो. जसीम, मो. आरिफ, बीबी अरशदी जख्मी हो गयी। सदर अस्पताल में डयूटी पर तैनात डा. सुदर्शन झा ने जसीम व खुर्शीद को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया है। बताया जाता है कि मारपीट में दोनों ओर से धारदार हथियार का प्रयोग किया गया था।
दूसरी घटना नगर थाना क्षेत्र के बासबाड़ी गांव में घटी। पुरानी रंजिश को लेकर हुए मारपीट में बीबी समिना खातून जख्मी हो गयी। जिसका इलाज सदर अस्पताल अररिया में चल रहा है।
अग्रवाल महिला मंच का पुनर्गठन
फारबिसगंज(अररिया),निप्र : अग्रवाल महिला मंच फारबिसगंज की नव निर्वाचित अध्यक्ष श्री मती सरोज अग्रवाल द्वारा 2011 के लिए नई कार्यकारिणी का पुनर्गठन सर्वसम्मति से किया गया है। नव गठित कार्यकारिणी में सरोज अग्रवाल अध्यक्ष, सुनीता अग्रवाल को उपाध्यक्ष, अनीता अग्रवाल को सचिव, कामनी गोयल तथा संगीता अग्रवाल को सहसचिव, सुलोचना धनावत, कोषाध्यक्ष तथा पुष्पा, शांता अग्रवाल, सुधा अग्रवाल, उर्मिला अग्रवाल, ललिता अग्रवाल, सवीता अग्रवाल, इंदु धनावत, प्रेमा अग्रवाल, निशु अग्रवाल, पिंकी अग्रवाल, मेधा अग्रवाल, ममता अग्रवाल, मंजू अग्रवाल एवं कविता अग्रवाल को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है।
त्वरित न्याय की दिशा में एक और कदम
अररिया, विसं.: जस्टिस डिलेड, जस्टिस डिनायड..। यानि न्याय मिलने में देर हुई तो समझ लीजिए न्याय से वंचित हुए। इसी परिपेक्ष्य में त्वरित न्याय के लिए माननीय हाई कोर्ट, पटना ने राज्य के सभी सेशन डिविजन में संध्याकालीन कोर्ट शुरू किये जाने का निर्देश जारी किया है। यह कोर्ट सभी जिलों में 15 नवम्बर से प्रारंभ हो रहा है। इस आशय का नोटिफिकेशन हाई कोर्ट द्वारा जारी कर दिया गया है जहां लंबित मामले का शीघ्र निष्पादन किया जायेगा।
विदित हो कि इसके लिए भारत सरकार द्वारा 13वीं वित्त आयोग के माध्यम से विभिन्न वित्तीय सहयोग देना है। जिसकी सूचना बिहार सरकार के विधि विभाग को जारी किया गया है। इसी आलोक में माननीय हाई कोर्ट ने संध्याकालीन कोर्ट प्रारंभ करने की अधिसूचना जारी की है, जिसके तहत यह कोर्ट मूर्त रूप में आयेगा। जिसकी कार्यावधि पांच बजे से संध्या सात बजे तक की होगी। मात्र दो घंटे चलने वाले इस कोर्ट के संचालन के लिए कोर्ट में पदस्थापित जूनियर डिविजन के न्यायिक दंडाधिकारी कार्य करेंगे, जिन्हें उक्त कोर्ट के संचालन के लिए एक स्टेनोग्राफर, एक-एक बेंच एवं आफिस क्लर्क समेत दो चपरासी सहायता के लिए रहेंगे। साथ ही उक्त अधिसूचना के तहत इस कोर्ट में कार्य करने वाले अधिकारी एवं सहयोगीगण को उनके मूल वेतन का 25 प्रतिशत तथा महंगाई भत्ता का भुगतान होगा।
माननीय हाई कोर्ट ने दंप्रस की धारा 11 के सब सेक्सन तीन के तहत इस कोर्ट में कार्य करने वाले जूनियर डिविजन के न्यायिक दंडाधिकारी को प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी का अधिकार भी किया है। संध्याकालीन कोर्ट में मोटर ह्वेकिन एक्ट से संबंधित मामले, एन.आई. एक्टर 1881 की धारा 138, मुनिसिपल एक्स, माप-तौल विभाग के विधि, फूड एडलट्रेशन एक्ट, आवश्यक वस्तु अधिनियम, सोप एवं इस्टाब्लिसमेंट एक्ट, भादवि के वैसे धाराओं का केस संचालन होगा, जिसमें आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में नहीं लिया जा सकेगा। इस कोर्ट में संधि योग्य धाराओं की सुनवाई की जाएगी। वहीं दीवानी के वैसे मामले जो 50 हजार से कम की दावा राशि के होंगे उसकी भी सुनवाई इस अदालत में होगी।
कमाल क्वैक का: छोटी बीमारी महंगा इलाज
अररिया, निसं.: छोटी बीमारी महंगा इलाज यानी कमाई के साथ-साथ नाम का लोभ भी कि देखो कितने कम पैसों में इलाज हो जा रहा है। ख्याति भी, साथ ही सेवा 24 घंटे। क्यों न गांवों में फले-फूले झोला छाप चिकित्सा प्रणाली? सत्ता व शासन द्वारा स्वास्थ्य सेवा के मामले में गांवों की उपेक्षा से उत्पन्न ग्रामीण क्षेत्रों में झोला छाप चिकित्सीय ढांचा सर्वशक्तिमान बना हुआ है। बीमारी को लेकर शहर या अस्पताल पहुंचने में दो से तीन घंटे लगते है,लेकिन झोला छाप पांच मिनट में ही दरवाजे पर उपलब्ध। उस पर भी पैसे का कोई झमेला नहीं। उधारी काम, बाद में भी मिलेगा तो चलेगा। लेकिन इन रोगियों को यह पता नहीं है कि सामान्य बीमारी में भी उनका हर तरफ से शोषण ही होता है। जहां पचास से एक सौ रुपये में सामान्य बीमारी का इलाज संभव है। उसके लिए उन्हें पांच सौ से एक हजार रुपये चुकाने पड़ते हैं। इसका मूल कारण है झोला छाप डाक्टरों के नालेज व अनुभव में कमी। एक चिकित्सक किसी भी बीमारी में रोगी को एक एंटीबायटिक देते हैं लेकिन झोला छाप चार से पांच। कोई तो सूट कर ही जायेगा। अधिक दवा देने से अलग से भी कमाई। इस संबंध में एक चिकित्सक बताते हैं कि झोला छाप डाक्टरों को सस्ता इलाज करने के लिए उन्हें प्रशिक्षण दिया जाना आवश्यक है,अन्यथा रोगियों को स्थिति बिगड़ती रहेगी। इसका मुख्य कारण हाल के दिनों में दवा के मूल्य में वृद्धि होना भी बताया जा रहा है।
नहाय खाय के साथ छठ पर्व शुरू, खरना आज
अररिया, जागरण प्रतिनिधि: लोक आस्था के महापर्व छठ को ले बुधवार को श्रद्घालुओं ने पवित्र नदियों, सरोवरों व तालाबों में स्नान कर इस पावन त्यौहार की बाकायदा शुरूआत की। वहीं, खरना व भगवान दीनानाथ को अर्घ्य देने के लिये आवश्यक तैयारियां चरम पर रही। खरना गुरुवार को होगा। खरना के अगले दिन संध्या अस्ताचलगामी सूर्य को पवित्र जल व दूध का अर्घ्य प्रदान किया जायेगा।
अररिया में नहाय खाय के लिये स्नान करने परमान नदी तट पर गये श्रद्धालुओं ने अपने अपने लिये घाट छेंके व उनकी साफ सफाई प्रारंभ कर दी। श्रद्धालुओं ने विभिन्न छठ घाटों पर प्रशासनिक स्तर से साफ सफाई, बिजली व सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था करने की मांग की।
इधर, एबीसी नहर की सफाई में विलंब व पानी की कमी से परेशान श्रद्धालुओं ने प्रशासन व नप की ढिलाई पर क्षोभ व्यक्त किया है। आखिर, समय रहते सफाई व पानी की व्यवस्था क्यों नहीं की जाती?
शिक्षक संघ के दो गुट आमने-सामने
अररिया, निप्र.: जिला शिक्षक संघ व जिला प्रारंभिक शिक्षक संघ के बीच मतभेद खुलकर सामने आ गये है। जिला शिक्षक संघ के अध्यक्ष द्वारा कुछ शिक्षकों को संघ से निष्कासित किये जाने के बाद जिला प्रारंभिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने एक आपात बैठक बुधवार को संघ के प्रधान सचिव के निवास पर आयोजित की। जिसकी अध्यक्षता अजहर हुसैन ने की।
बैठक में गत दिनों जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अब्दुल कुद्दुस द्वारा संघ से जुड़े कुछ सदस्यों के निष्कासन संबंधी जारी बयान पर आपत्ति जताई तथा उन्हें ऐसी बयानबाजी से परहेज करने की नसीहत भी दी। बैठक में कहा गया कि जिला प्राथमिक शिक्षक संघ अररिया के गठन में अनियमितता एवं मनमानी बरती गयी थी। जिससे क्षुब्ध होकर 18 जुलाई 07 को जिला प्रारंभिक शिक्षक संघ का गठन किया गया, जो बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ से संबद्ध है तथा जिले में सुचारू रूप से कार्यरत है। ऐसे में इस संगठन को अवैध बताया जाना न केवल गैर जिम्मेदाराना बयान है बल्कि गैर कानूनी भी है।
बैठक में रामानन्द यादव, शैलेन्द्र कुमार राय, मेंहदी हुसैन अंसारी, गयानन्द दास, संजय नन्दन विश्वास, अशोक कुमार चौधरी आदि शामिल थे।
किसानों को दी गयी वैज्ञानिक ढंग से खेती की जानकारी
सिकटी (अररिया),निसं: प्रखंड मुख्यालय में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना अंतर्गत प्रखंड क्षेत्र के किसानों का बुधवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। प्रशिक्षण शिविर में प्रखंड क्षेत्र के लगभग सभी पंचायतों से दर्जनों किसान उपस्थित थे। शिविर में वैज्ञानिक ढंग से खेती करने, सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाने व जागरूकता के लिए किसानों को विशेष जानकारी दी गयी। वहीं शिविर में उपस्थित प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार ने जानकारी दी कि यह प्रशिक्षण प्रखंड के प्रत्येक किसानों को बारी-बारी से दिया जायेगा। इस प्रशिक्षण में जिला कृषि पदाधिकारी बैद्यनाथ प्र. यादव, क्षेत्रीय प्रबंधक उमेश कुमार, बीडीओ त्रिपुरारी शर्मा, विषय वस्तु विशेषज्ञ डा. अखिलेश कुमार मिश्र एवं प्रशिक्षु के रूप मे दर्जनों किसान उपस्थित थे।
घाट का पक्कीकरण किए जाने से छठ व्रतियों में खुशी
फारबिसगंज(अररिया),हप्र.: डा. अलख बाबू तालाब की 25वीं सालगिरह के अवसर पर तालाब के चारो किनारे पक्कीकरण कर दिया गया है, जिससे छठ व्रतियों में हर्ष व्याप्त है। उल्लेखनीय है कि अलख बाबू के पोखर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर सूर्योपासना में भाग लेते हैं।
इस संबंध में छठ घाट के व्यवस्थापक डा. निरंजन ने बताया कि अन्य वर्षो के भांति इस वर्ष भी सूर्यदेव की प्रतिमा स्थापित करने के साथ समुचित बिजली और सफाई की व्यवस्था की गयी है। ताकि व्रतधारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस क्रम में वार्ड संख्या आठ संगठन के मनोज, गुड्डू साह, पंकज कुमार, सुमित ठाकुर आदि सदस्यों ने घाट निर्माण व सफाई में सहयोग किया।
कलश यात्रा में उमड़ी महिलाओं की भीड़
जोकीहाट(अररिया),निप्र.: प्रखंड के बनकोड़ा गांव की सैकड़ों महिलाओं ने बुधवार को गांव के राम जानकी मंदिर से कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा हड़वा चौक होते हुए जोकीहाट के बलुवाधार पहुंची। जहां से कलशधारी महिलाओं ने जल भरकर पुन: वापस बनकोड़ा राम जानकी मंदिर पहुंची। मंदिर में महिलाओं ने अपने पुत्रों के दीर्घायु के लिए मां भगवती की पूजा-अर्चना की। कलश यात्रा की अध्यक्षता प्रभा देवी एवं सुहागी देवी कर रही थी।
प्रभा देवी ने बताया कि साढ़े तीन दिनों के अंदर लगभग एक दर्जन से अधिक गांवों का भ्रमण कर हमलोग भीक्षाटन कर पूजा सामग्री इकट्ठा किया। कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि रंजीत यादव ने पूजा-अर्चना में भाग लेकर महिलाओं से आशीर्वाद लिया तथा लोगों को अभिवादन किया। उक्त कार्यक्रम में सुरेन्द्र यादव, हीरालाल मंडल, सिंहेश्वर मंडल, नरेश मंडल, कामेश्वर मंडल, जीन लाल मंडल, प्रेम लाल मंडल सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों ने किया हंगामा
जोकीहाट(अररिया),निप्र.: जोकीहाट प्रखंड मुख्यालय में बुधवार को मुख्यमंत्री तीव्र बीज विस्तार योजना के प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित किसानों ने सरसों बीज वितरण में अनियमितता को लेकर हंगामा मचाया। आक्रोशित किसानों का कहना था कि सरसों बीज को बीएओ ने दलालों एवं गैर किसानों को बांट दिया गया। प्रखंड प्रमुख किश्वर नसीम ने भी बीज वितरण मामले में बीएओ द्वारा कोई सूचना नहीं दिए जाने की बातें कही।
उधर, बीएओ अभिनन्दन सिंह ने सरसों बीज वितरण में अनियमितता से इंकार किया है। हालांकि, हंगामा कर रहे किसान सरसों बीज वितरण में अनियमितता की जांच पर अड़े थे। प्रखंड प्रमुख किश्वर नसीम के बीच बचाव से मामला शांत हुआ।
वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में क्विज प्रतियोगिता
अररिया, निसं.: आगामी 14 नवम्बर को स्कूल आफ आइडियल ग्रुप अररिया में आयोजित होने वाले वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में बुधवार को विभिन्न क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में इस्लामिक विषय में प्रथम कामरान मोहसीन, रागिब रईश, द्वितीय चमन आरा व सायना शाहिन तथा तृतीय स्थान पर आरजू प्रवीण और फौजिया सुल्ताना रही। वहीं जूनियर गु्रप में प्रथम स्थान हिफजुर्रहमान, आदिब नवाब, द्वितीय स्थान नाशित मुजीबी ,तक्अत शाहीन तथा तृतीय स्थान सिकन्दर शफीक और हसनैन आलम ने प्राप्त किया। चिल्ड्रेन क्वीज में नवेद रजा, सज्जाद लाख शहनुमा फस्ट, सादिक, जमीमा सेकेंड तथा तक्त शाहीन व गजाली र्थड स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में सविस्ता खान, मासूम खान, तनवीर आलम, मख्तूर आलम, फातमा एवं अन्य शिक्षकों ने सराहनीय योगदान किया।
एसडीओ ने किया छठ घाटों का निरीक्षण
अररिया, संवाद सूत्र.: बुधवार को सदर एसडीओ डा. विनोद कुमार ने परमान नदी व नहर पर बनाने जा रहे घाटों का निरीक्षण किया। सदर एसडीओ डा. कुमार परमान नदी के भगत टोला, मरिया घाट, काली बाजार घाट, तिरसुलिया घाट पर गए तथा साफ-सफाई व रास्ते की मरम्मत का जायजा लिया। उनके साथ मौजूद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अनिल कुमार को एसडीओ डा. कुमार ने परमान नदी में अधिक पानी रहने के कारण नदी में बांस का बेरियर लगाने तथा प्रत्येक घाट पर गोताखोर सहित नाव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
एसडीओ के साथ नप के पूर्व अध्यक्ष हंसराज प्रसाद, नप के टैक्स दारोगा मो. इद्रीश, कर संग्रहकर्ता मो. असलम, स्थानीय लोगों में सुमित कुमार सुमन, अरविन्द कुमार आदि मौजूद थे।
छापामारी में तीन देशी बम बरामद
पलासी/सिकटी(अररिया), निसं.: पलासी व सिकटी थाना पुलिस ने बुधवार को संयुक्त रूप से छापामारी कर पड़रिया गांव के खान टोला से तीन देशी बम बरामद किया है। हालांकि, अपराधी मौके से भाग निकलने में सफल रहे। इधर, एसडीपीओ मो. कासिम ने बताया कि विस्फोट अधिनियम तीन-चार व भादवि की धारा 399, 402 के तहत सिकटी थाना में नामजद प्राथमिकी (कांड संख्या 80/10)दर्ज करायी गयी है। जिसमें जहांगीर खान, मुख्तार खान, महफूज खान, राजीक खान एवं मनोवर खान को आरोपित किया गया है। पुलिस ने कलियागंज के एक दुकान में हुई चोरी मामले का भी उद्भेदन कर लेने का दावा किया। इस मामले में पलासी थाना पुलिस एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
सिकटी थानाध्यक्ष पुष्कर कुमार व पलासी थानाध्यक्ष आरबी सिंह के मुताबिक सिकटी प्रखंड के पड़रिया गांव खान टोला निवासी जहांगीर खान के घर बैठक कर डकैत डाका डालने की योजना बना रहे थे।
इसकी भनक पुलिस को तब लगी जब पलासी पुलिस एक मामले में अपराधी की गिरफ्तार के लिए पड़रियां गांव पहुंची। पुलिस जब तक वहां पहुंचती इससे पूर्व ही डकैत भाग निकले। परन्तु, पुलिस ने जहांगीर के घर से तीन जिंदा बम बरामद किया है। हालांकि, पुलिस की छापामारी के कारण डकैती की योजना विफल हो गयी। परन्तु अपराधी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
छापामारी दल पलासी पीएसआई प्रशांत कुमार भारद्वाज, संतोष कुमार मंडल व सशस्त्र बल के जवान कृष्ण कुमार सिंह, गंगा प्रसाद यादव, भिखारी यादव, सिकटी से सैप के जवान सुधेश्वर प्रसाद, गृह रक्षक सरयू मंडल, चौकदार साहेब लाल पासवान, लक्ष्मी पासवान, धनेश्वर पासवान शामिल थे।
महिला के साथ मारपीट व छिनतई
फारबिसगंज(अररिया),हप्र.: प्रखंड अंतर्गत हरिपुर पंचायत के वार्ड संख्या छह निवासी बीबी नुरेशा खातून पति मो. गफ्फार के साथ मारपीट कर छिनतई करने का मामला प्रकाश में आया है।
पीड़िता नुरेशा खातून ने फारबिसगंज थाना में घटना की लिखित सूचना देते हुए बताया है कि बुधवार की सुबह जब वह अपने घर से धान काटने अपना खेत जा रही थी तब हरिपुर चौक से पूरब नहर पुल के पास मो. शबाब, बीबी हुबुझिया, रूकसार आदि ने मारपीट कर गला से चांदी का चैन, पायल एवं नाक की नथनी छीन लिया। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।
रसोई गैस की किल्लत से उपभोक्ताओं में रोष
फारबिसगंज(अररिया),हप्र.: छठ जैसे महापर्व के मौके पर रसोई गैस की किल्लत से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पर रहा है। इससे लोगों में आक्रोश है। इंडेन गैस एजेंसी के वितरण प्रतिष्ठान के सामने सुबह से ही रसीद कटाने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतारे लगी रही। परन्तु कई लोगों को गैस नहीं मिली। उपभोक्ताओं की शिकायत है कि वितरण एवं भेंडर द्वारा गैस की कालाबाजारी की जाती है। विशेषकर त्योहार के मौके पर गैस की कृत्रिम किल्लत दिखाकर अनाप-शनाप कीमतों पर गैस उपलब्ध कराया जाता है।
ज्ञात हो कि फारबिसगंज स्थित इंडेन गैस एजेंसी के पास कुल 12 हजार उपभोक्ता है। ऐसे में प्रतिमाह फारबिसगंज गैस एजेंसी को औसतन 35 गाड़ी गैस की आवश्यकता है। जबकि डीपो से 25 से 30 गाड़ी ही आपूर्ति की जाती है। वहीं नम्बर माह के दस तारीख तक जहां उन्हें ग्यारह गाड़ी गैस मिलनी चाहिए वहां मात्र पांच गाड़ी ही गैस की आपूर्ति की गयी। ऐसे में गैस की किल्लत स्वाभाविक ही है। कुल मिलाकर गैस की किल्लत से उपभोक्ताओं को पर्व के मौके पर काफी परेशानी हो रही है। इस संबंध में एजेंसी के प्रतिनिधियों ने कहा कि यथासंभव रूप से उपभोक्ताओं को समय पर रसोई गैस उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
Wednesday, November 10, 2010
सूमो दुर्घटनाग्रस्त, बाल-बाल बचे यात्री
![]() |
| Araria Times |
अररिया। फारबिसगंज-अररिया मार्ग पर महादेव चौक के निकट मंगलवार को एक सूमो दुर्घटनाग्रस्त हो गयी, जिससे उस पर सवार एक ही परिवार के पांच व्यक्तियों को हल्की चोटें आई है। घायल सभी व्यक्ति नेपाल धरान के निवासी बताए जाते हैं। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस वाहन को जब्त कर थाना ले आयी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार धरान नेपाल निवासी सुशील अग्रवाल मंगलवार को जोगबनी से सूमो(बीआर38बी 2852) भाड़े पर लेकर कटिहार स्टेशन के लिए चले। अररिया महादेव चौक पर एक मोटर साइकिल को बचाने के चक्कर में चालक नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पलट गयी। इस घटना में गाड़ी तो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, परन्तु उस पर सवार सुशील अग्रवाल व उनके परिजन बाल-बाल बच गए। सभी को हल्की चोटें आयी है। धरान निवासी श्री अग्रवाल ने बताया कि वे एक शादी समारोह में भाग लेने दिल्ली जा रहे थे। जोगबनी स्टेशन पर ट्रेन छूट जाने के बाद वे भाड़े की एक सूमो लेकर कटिहार राजधानी एक्सप्रेस पकड़ने जा रहे थे। इस घटना में श्री अग्रवाल की पत्नी को पैर में चोटे लगी है। जबकि उनके पुत्र ऋषभ, पुत्री बरखा, व गुड्डी को भी हल्की चोटें आयी। कांग्रेस नेता संजय मिश्रा ने सभी घायलों को अपने पेट्रोल पंप पर ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया। तत्पश्चात एक भाड़े के वाहन से सभी को कटिहार भेज दिया।
सीआरसी से कैश बुक, चेक बुक सहित कई महत्वपूर्ण कागजात गायब
अररिया। पलासी प्रखंड क्षेत्रान्तर्गत मध्य विद्यालय सह संकुल संसाधन केन्द्र कुम्हिया के कार्यालय से पिछले दो माह से कैश बुक, लेजर बुक, चेक बुक सहित कई महत्वपूर्ण कागजात गायब हैं। संकुल संचालक सह मवि कुम्हिया के प्रधानाध्यापक मो. हसीबुर्रहमान ने इसके पीछे गबन की साजिश होने की आशंका व्यक्त करते हुए सीआरसी समन्वयक को कटघरे में खड़ा किया है तथा जिला शिक्षा अधीक्षक को लिखित सूचना दी है। आश्चर्य तो यह है कि जानकारी के बावजूद निलंबित आरोपी समन्वयक को अधिकारियों ने निलंबन मुक्त कर दिया है। जबकि सीआरसी संचालक ने पलासी बीईओ को इस संबंध में पूर्व में लिखित सूचना दी थी बावजूद उनके द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी है।
सीआरसी संचालक ने कागजात गायब करने का आरोप सीआरसी समन्वयक कमल किशोर भौमिक पर लगाया है। इस आशय का एक पत्र श्री रहमान ने सोमवार को जिला शिक्षा अधीक्षक को भी सौंपा है। बताया जाता है कि कार्यालय को कागजात का मामला मालूम होने के बावजूद अचानक सीआरसी समन्वयक को निलंबन मुक्त कर दिया गया।
इस संबंध में मु. हसीबुर्रहमान ने बताया कि पांच सितम्बर एवं 17 सितम्बर को पत्र देकर भौमिक से कागजात प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। इसके बाद पांच अक्टूबर को पलासी बीईओ के नाम पत्र लिखकर पूरे मामले से अवगत करा दिया। सोमवार को डीएसई कार्यालय में दिए गए आवेदन पर गौर किया जाए तो इससे साफ जाहिर हो रहा है कि सीआरसी आफिस से चेक बुक, बैंक पासबुक, लेजर बुक, कैश बुक अब तक का उपयोगिता प्रमाण पत्र कार्यालय से डेढ़-दो माह से गायब है। मवि के हेडमास्टर का यह भी कहना है कि श्री भौमिक के घर पर ही सीआरसी कार्यालय संचालित होता है, जबकि श्री भौमिक ने दूरभाष पर इस आरोप को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि सीआरसी से संबंधित कागजात संचालक को देखने का अधिकार नहीं है। उन्होंने दबी जुबान से घर पर कागजात रहने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि कार्यालय लायक कागजात सीआरसी में ही है।
इधर, डीएसई द्वारा श्री भौमिक को निलंबन मुक्त करने पर कई सवाल खड़े हो गए हैं। जिस एमडीएम प्रभारी पदाधिकारी के प्रतिवेदन पर डीएस के आदेश के बाद डीएसई ने सीआरसी समन्वयक को निलंबित किया था। उसी एमडीएम पदाधिकारी ने श्री भौमिक के निलंबन मुक्त करने की अनुशंसा पर डीएसई ने डीएम को बिना अवगत कराए उन्हें निलंबन से मुक्त कर दिया। वो भी तब जब समन्वयक पर सीआरसी के महत्वपूर्ण कागजात गायब करने का आरोप लगा है। इस संबंध में डीएसई अहसन ने बताया कि एमडीएम पदाधिकारी मामले के जांच पदाधिकारी थे, उनके प्रतिवेदन के आधार पर भौमिक को विभागीय कार्रवाई केअधीन रखते हुए निलंबन मुक्त किया गया है।
चौकता पंचायत के सभी 27 पंचायत शिक्षक पदमुक्त
अररिया। जिला शिक्षक नियोजन अपीलीय प्राधिकार के आदेश पर जिला शिक्षा अधीक्षक ने चौकता पंचायत में प्रथम चरण में नियोजित सभी पंचायत शिक्षकों को पदमुक्त कर दिया है। प्राधिकार ने यह आदेश चौकता पंचायत शिक्षक नियोजन समिति द्वारा उनके निर्देशों का अनुपालन नहीं किये जाने के बाद दिया है। जोकीहाट प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चौकता में प्रथम चरण शिक्षक नियोजन में नियोजित हुए सभी 27 पंचायत शिक्षकों को पदमुक्त कर दिया गया है। यह आदेश जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा प्राधिकार के फैसले के आलोक में दिया गया है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार अपीलीय प्राधिकार के सदस्य हसनैन आलम ने छह अगस्त को ही एक आदेश जारी कर चौकता पंचायत शिक्षक नियोजन समिति को क्रमांक एक से 13 तक के अपिलकर्ता को शामिल करते हुए पुन: मेधा अंक के आधार पर पैनल बनाकर 30 सितम्बर तक नियोजन पूर्ण करने को कहा था। जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा नियोजन समिति के सचिव व अध्यक्ष को बार-बार पत्र लिखकर प्राधिकार के आदेश का अनुपालन करने का निर्देश दिया। परन्तु समय सीमा बीत जाने के बाद भी नियोजन इकाई ने नियोजन प्रक्रिया शुरू तक नहीं किया। जिस कारण जिला शिक्षा अधीक्षक अहसन द्वारा प्राधिकार के फैसले के आलोक में पंचायत के सभी शिक्षकों के नियोजन रद किये जाने संबंधी आदेश जारी कर दिया। जिन पंचायत शिक्षकों का नियोजन रद किया गया है उनमें खलीलुर्रहमान, नाहदा प्रवीण, सोफिया हासीन, बीबी गुलशन आरा, तस्लीम कौसर, रजिया बेगम, मो. मसूर आलम, इमरानुलहक, बीबी चमन आरा, अनिता कुमारी, सुनीता कुमारी, प्रवीण कुमार, उस्मेसलमा जमाल, शाहिस्ता प्रवीण, अख्तर आलम अंसारी, रिजवान आलम, इजहार आलम, मो. मुसा, कुमारी रीना, इस्तियाक आलम, मुसर्रफ प्रवीण, मनोज कुमार, राजेश कुमार, नासरा प्रवीण, तारिक अनवर, प्रवीण कौसर व तनवीर रजा शामिल हैं।
मोटर साइकिल लुटेरा गिरोह का उद्भेदन, तीन गिरफ्तार
अररिया। बरदाहा थाना पुलिस ने विगत फरवरी माह में नेमुआ गांव के निकट हुई मोटर साइकिल लूट घटना का उद्भेदन कर एक बड़ी सफलता हासिल किया है। पुलिस ने मोटर साइकिल लूट गिरोह में शामिल तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिसे पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में अररिया जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी अनुसार पहले गुप्त सूचना के आधार पर मोटर साइकिल लूट की घटना में संलिप्त कौआकोह नवटोली के संतोष ततमा उर्फ विमल लाल ततमा को बरदाहा थाना पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ के बाद गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों का भी पुलिस को पता चल गया। इसके बाद रणनीति के तहत सिकटी थाना व कुआड़ी ओपी पुलिस संयुक्त रूप से छापामारी अभियान चलाया तथा घटना में संलिप्त सिकटी थाना क्षेत्र के कुंआ पोखर गांव निवासी रोशन सरदार और कुआड़ी ओपी क्षेत्र के नवटोली गांव के शंभू पासवान को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के समक्ष गिरफ्तार अपराधियों ने मोटर साइकिल लूट में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है तथा। अपराधियों ने कुआड़ी ओपी क्षेत्र के राजेश पासवान को भी गिरोह में शामिल होने की बातें बतायी। जो फिलहाल पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान चला रही है।
ज्ञात हो कि नेमुआ पिपरा निवासी संतोष मंडल की हीरोहाण्डा मोटर साइकिल बीआर 37बी 1674 अपराधियों ने छीन ली थी। इस संबंध में पीड़ित ने बरदाहा थाना में कांड संख्या 07/10 दर्ज कराया था। छापामारी अभियान में थानाध्यक्ष एनएम मिश्रा, सिकटी थानाध्यक्ष पुष्कर कुमार, कुआड़ी ओपीअध्यक्ष अजय कुमार सिंह तथा सिकटी थाना के पीएसआई राजन कुमार व सैप तथा पुलिस के जवान शामिल थे।
एसडीओ ने की खाद दुकान में छापामारी,जांच के लिए लिया सेम्पल
अररिया। नकली खाद व कीटनाशक बेचे जाने की शिकायत पर फारबिसगंज के अनुमंडल पदाधिकारी जीडी सिंह ने मंगलवार की संध्या शहर के अस्पताल रोड स्थित हिन्दुस्तान एग्रो खाद की दुकान सहित कई जगहों पर छापामारी की। एसडीओ श्री सिंह ने उक्त खाद दुकान से कीटनाशक दवा का सेम्पल लिया है। जिसकी जांच लैब में कराई जायेगी। एसडीओ गिरिवर दयाल सिंह ने कहा कि रबी की फसल को लेकर किसानों को राहत देने के लिए एतिहाती कदम के रूप में यह कार्रवाई की जा रही है। ताकि किसानों को सही बीज, खाद व कीटनाशक दवा मिल सके। इसके लिए खाद दुकानों की जांच की जा रही है। इधर, एसडीओ की छापामारी से शहर की अधिकांश खाद की दुकानें अचानक बंद हो गयी तथा खाद की कालाबाजारी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस पर कार्यक्रम
अररिया। स्थानीय अदालत परिसर स्थित विधिक सहायता सह सुलह केन्द्र में मंगलवार को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस मनाया गया। जिसकी अध्यक्षता मुंसिफ चंद्रमौली प्रसाद ने की।
यह आयोजन मुख्य रूप से आर्थिक अथवा अन्य अक्षमताओं के कारण किसी भी व्यक्ति को न्याय से वंचित नहीं किये जाने को ले किया गया था। कार्यक्रम में महिला एवं बच्चों को दी जाने वाली सहायता,श्रमिकों, अनुसूचित जाति एवं जन जाति आदि को नि:शुल्क सेवाएं, सामरिक कानूनी सहायता, नि:शुल्क कानूनी सहायता तथा लोक अदालत आदि की चर्चा की गयी। कार्यक्रम में कानूनी सहायता के जरिये समान अवसर और सामान्य न्याय सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।आयोजित इस कार्यक्रम में केन्द्र के सदस्यों समेत प्रथम श्रेणी, न्यायिक दंडाधिकारी देवेश कुमार समेत जिला बार एसोसिएसशन के सचिव चंद्रशेखर ठाकुर व वरीय अधिवक्ता विनोद प्रसाद, राज कुमार राही आदि अधिवक्तागण उपस्थित थे।
शिक्षक संघ की कैबिनेट बैठक में कई प्रस्ताव पारित
अररिया। विभिन्न मुद्दों को ले मंगलवार को जिला प्राथमिक शिक्षक संघ भवन में जिला कैबिनेट की एक बैठक जिलाध्यक्ष अब्दुल कुद्दुस की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में चार प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में सर्वसम्मति से शिक्षक संघ से अलग होकर संगठन विरोधी कार्य करने एवं फर्जी संगठन बनाकर शिक्षकों एवं विभाग को दिगभ्रमित करने के आरोप में शिक्षक अजहर हुसैन, रामानन्द यादव, मेहदी हसन अंसारी तथा शैलेन्द्र कुमार राय को बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है। साथ ही प्रोन्नति एवं प्रवरण वेतनमान के मुद्दे को ले विभागीय लापरवाही के विरोध में आगामी 29 नवम्बर को जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किये जाने का फैसला भी लिया गया। बैठक में शिक्षकों को नियम के विरुद्ध बिना कारणपृच्छा दिये निलंबित किये जाने का आदेश दिये जाने के विरोध में भी प्रस्ताव पारित किया तथा आगामी 21 नवम्बर को जिले के सभी राज्य व जिला प्रतिनिधि, अनुमंडल, अंचल प्रतिनिधि सचिव व अध्यक्ष सहित जिला कैबिनेट की संयुक्त बैठक करने का निर्णय लिया गया। जिसमें बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के वरीय उपाध्यक्ष नूनूमुनि सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल रहेंगे।
बैठक में प्रधान सचिव राजेन्द्र प्रसाद सिंह, आबिद हुसैन, जय प्रकाश विश्वास, अमर यादव, पंकज कुमार सिंह, गफ्फार, अब्दुल रहीम, मुजाहिद आलम व सज्जाद आलम आदि शामिल थे।
30 वें पायदान पर खिसका अररिया, सीएस ने बुलायी बैठक
अररिया। स्वास्थ्य मामले में अररिया जिला फिसड्डी साबित हो रहा है। व्यवस्था के मामले में राज्य में जिले का स्थान 30 वें पायदान पर है। हालांकि बेहतर व्यवस्था के लिए सिविल सर्जन डा. धनुषधारी प्रसाद ने मंगलवार को जिले के तमाम पीएचसी प्रभारी, चिकित्सा पदाधिकारी, हेल्थ मैनेजर आदि की बैठक डीआरडीए सभा भवन में आयोजित की। किंतु इस समीक्षात्मक बैठक में भी जिला स्वास्थ्य समिति, सीएस कार्यालय एवं पीएचसी के बीच आपसी समन्वय की कमी खुलकर सामने आयी। जहां तकरीबन चिकित्सा पदाधिकारियों ने सीएस कार्यालय में व्याप्त बाबुओं की मनमानी की शिकायत खुलेस्तर आम की तो कई प्रभारी ने पोलियो कार्यक्रम में कार्य करने से इंकार तक कर दिया है। कई चिकित्सा पदाधिकारी ने कहा कि पीएचसी के कर्मियों को जिला स्वास्थ्य समिति व सीएस कार्यालय में प्रतिनियुक्त कर दिया गया है। सभी चिकित्सा पदाधिकारियों ने सीएस से तमाम कर्मियों की प्रतिनियुक्ति एक सप्ताह के भीतर तोड़ने तथा डीएचएस कार्यालय के लिए मानदेय पर स्टाफ रखने का सुझाव दिया। इसके अलावा दवा स्टोरेज के लिए भाड़े पर मकान रखने की अनुमति भी मांगी। हालांकि तमाम चिकित्सा पदाधिकारी ने सीएस व डीपीएम को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही अररिया को ऊंचा स्थान प्राप्त कराने में उनका पूर्ण सहयोग होगा। इस मौके पर सिविल सर्जन डा. प्रसाद ने कहा कि समस्याओं से निजात के लिए शीघ्र ही सभी पीएचसी प्रभारी व कार्यालय कर्मियों के साथ बैठक की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कार्य के प्रति तमाम स्वास्थ्य कर्मियों को सजग रखने की जरूरत है। जबकि डीपीएम रेहान अशरफ ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने में तमाम लोगों से सहयोग की अपील की। मौके पर राजीव कुमार, सनोज कुमार आदि भी मौजूद थे।
उग हो सुरजदेव.. गीत से गुंज रहे हाट बाजार
अररिया। लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर फारबिसगंज तथा आस पड़ोस के हाट बाजारों की रौनक बढ़ी हुई है। शहर में फैंसी मार्केट, फुलवरिया हाट, कोठीहाट, गोरियाढ़े चौक समेत ग्रामीण हाट बाजारों में लोग जमकर खरीददारी में जुटे हुए हैं। कहीं मिट्टी के दीप एवं कलश तो कहीं केले व नारियल की खरीददारी में लोग जुटे हैं। सूप और डाला की बिक्री परवान पर है।
इधर सीडी और कैसेट के दुकानों में बजती छठ गीत उग-उग हो सुरजदेव.. आदि से पूरा शहर भक्तिमय बना हुआ है। छठ गीत के कैसेट की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। यूं कहे कि लोक आस्था के महापर्व छठ के आगे महंगाई भी बौनी पड़ गयी है। जबकि बाजारों के आकलन के पश्चात पता चलता है कि पूजन सामग्री की कीमतें गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष दोगुनी हो गयी है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष जो चम्पा केला के धड़ 120 से 150 रुपये था परन्तु इस वर्ष उसकी कीमत तीन सौ तक पहुंच गयी है। दस से पन्द्रह रुपये का नारियल इस वर्ष 25 से तीन रुपये के भाव बिक रहे हैं। यहां तक कि ईख दो रुपये की जगह पांच रुपये गोटा बिक रहा है। मिट्टी के दीप और बर्तन तथा सूप डाला भी इस वर्ष दोगुनी कीमत पर बेचे जा रहे हैं।
Tuesday, November 9, 2010
कालाबलुआ मेले में युवाओं ने जमकर उठाया आनंद
अररिया। रविवार रात्रि के दस बज रहे थे। प्रखंड के कालाबलुआ गांव में कालीपूजा मेला में हजारों की भीड़, उसमें आदिवासी गानों के धुन पर थिरकते युवक-युवतियां मेले में चार चांद लगा रहे थे। वहीं देशी शराब के नशे में मदमस्त स्त्री-पुरुष, युवक-युवतियों के हंसी ठिठोली की गूंज भी लोगों को आकर्षित कर रहा था। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी-धजी युवतियों व युवक भी आकर्षण का केंद्र बने हुए थे। मेले में फैला मध्यम प्रकाश मानो युवाओं को सुकून प्रदान कर रहा था। मेले में प्राय: सभी अपने अपने जोड़े के साथ नजर आये। मेले में देशी व महुआ शराब की दुकानें भी सजी थी जहां युवकों कही भीड़ लगी थी। मेला के बीचोबीच महिला प्रसाधन की दुकान लगी थी, जहां से युवतियां व महिलाएं अपनी पसंदीदा सामानों की खरीददारी करने में मशगुल दिखी। पच्चीस हजार वर्ग मीटर में फैले इस मेले में लोगों ने भरपूर आनंद उठाया। एक-तरफ आदिवासी नृत्य पेश करती युवक-युवतियां तो दूसरी तरफ शराब का आनन्द उठाते लोग। इसी बीच युवा अपने जीवन साथी के चयन करने में जुटे थे। फारबिसगंज से अपने परिजनों के साथ आयी सोनी वासुकी ने साथ चल रहे युवक की ओर इशारा करते हुए बताया कि संग्रामपुर वासी राम लाल बेसरा को उसने पहली ही नजर में पसंद कर लिया है। उसी प्रकार जमुनिया गांव के संजय सत्तार ने बताया की लीला नामक युवती को उसने पसंद किया है। पीरपैंती के साठ वर्षीय भत्तर किस्कू ने बताया कि इस मेले में पचास जोड़े युवक-युवतियों ने अपना जीवन साथी का चयन किया है। प्रशासन की ओर से मेले में सुरक्षा का भी पुख्ता इंतजाम किया गया था। ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
प्रेम में असफल नेपाली युवक ने किया आत्महत्या का प्रयास, दोनों पैर गंवाया
अररिया। प्यार में असफलता मिलने से अवशादग्रस्त नेपाल युवक ने रविवार की देर रात फारसिबगंज में रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन से कटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। इस घटना में युवक की जान तो बच गयी, लेकिन वह अपने दोनों पैर गवां बैठा। घायल युवक को रेल पुलिस ने गंभीर हालत में फारसिबगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत अब स्थिर बतायी जाती है। घायल तीस वर्षीय युवक अपना नाम घनश्याम नेपाली बताया है जो पड़ोसी देश नेपाल इटहरी पानी टंकी निवासी टीका प्रसाद नेपाली का पुत्र है। वह एक सप्ताह पूर्व ही फारबिसगंज आया था और एक होटल में काम करता था।
मिली सूचना के अनुसार रविवार की देर रात फारबिसगंज रेलवे स्टेशन तथा पटेल चौक रेलवे के बीच सिग्नल के समीप जोगबनी से कटिहार जा रही डाउन सवारी गाड़ी के समाने आत्महत्या करने की नियत से युवक कूद गया। इस घटना में घनश्याम का बायां पैर घुटने के नीचे से तथा दायां पैर नीचे से कट गया। जख्मी युवक ने बताया कि इटहरी के चाकरघट्टी निवासी ममता (काल्पनिक नाम) नामक युवती से प्रेम करता था। परन्तु युवती ने उससे शादी करने से इंकार कर दिया। जिस कारण वह अपनी इहलीला समाप्त करने का प्रयास किया। युवक ने बताया कि दो दिन पूर्व ही वह फाररबिसगंज में भेंट हुई थी। इधर, फारबिसगंज चिकित्सा पदाधिकारी डा. जेएन प्रसाद ने बताया कि रोगी कल्याण समिति की खर्च पर एंबुलेंस द्वारा जख्मी युवक को इटहरी भेजा जा रहा है जहां धोपा मेडिकल कालेज अस्पताल में उसे भर्ती कराया जायेगा।
रेल अधिकारियों की लापरवाही का फायदा उठा सकते हैं नक्सली
जोगबनी रेलखंड पर रेल परिचालन की सुदृढ़ व्यवस्था का दावा खोखला साबित हो रहा है। ऐसे में सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा जिस तरह पैर पसारने की खुफिया रिपोर्ट मिल रही है उससे उक्त रेलखंड पर बरती जाने वाली लापरवाही कथित नक्सलियों को फायदा पहुंचा सकता है। नक्सली वारदातों से अछूते इस क्षेत्र में वरीय अधिकारियों की उदासीनता नक्सलियों के लिए आसान बन सकता है। रेलखंड पर रेलवे गुमटियों पर बरती जाने वाली लापरवाही के प्रति कटिहार रेल मंडल के अधिकारियों की उदासीनता खतरनाक संकेत दे रहा है। एस.ई.पी.के. अश्रि्वनी कुमार सहित रेलवे के अन्य अधिकारियों द्वारा रेल गुमटी के मामले में बरती गयी उदासीनता ने व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। जोगबनी सीमावर्ती क्षेत्र से लेकर पूर्णिया तक नक्सलियों के धीरे-धीरे पैर पसारने की बात सामने आने के बाद भी रेल प्रशासन के द्वारा किसी प्रकार एहतियात कदम उठाते नहीं दिखा। उधर, रेल गुमटी पर लापरवाही बरतने के मामले में रेलवे द्वारा जांच टीम तो गठित कर दी गयी लेकिन इस जांच सिर्फ कर्मचारियों या अधिकारी को भी घेरा जायेगा यह देखने वाली बात होगी।
पहले प्रकृति का कहर अब नकली खाद व्यवसायियों की नजर
अररिया। प्रकृति की कोप के कारण किसानों की गरमा फसल पहले ही मार खा चुकी है अब रबी फसल की बोआई शुरू होते ही एक बार फिर रसायनिक खाद के काला बाजारियों व दो नंबरी धंधेबाज सीमांचल में सक्रिय हो गये हैं। फिर नकली खाद-बीज बाजारों में बेचने की साजिश चल रही है। वर्षा के अभाव में किसानों के धान की फसल मार खा गयी। जिन खेतों में धान के पौधे लगे भी उसमें दाना नहीं आया, जिस कारण किसान हताश हैं। धान की क्षतिपूर्ति के लिए किसान गेहूं और मक्का से आश लगाए बैठे हैं। लेकिन सूचना अनुसार खाद के दो नंबरी धंधेबाज एक बार फिर सीमांचल क्षेत्र में सक्रिय हो गए हैं।
नकली खाद बेचकर ये धंधेबाज लखपति बनने की फिराक में हैं तथा उनके निशाने पर यहां के गरीब किसान हैं। भारत-नेपाल की सीमा पर स्थित अररिया, फारबिसगंज व सीमावर्ती कई बाजारों से रसायनिक खादों की कालाबाजारी चर्चा में रही है। सीमा पर एसएसबी व पुलिस द्वारा गत वर्ष भी कालाबाजारी के लिए जाते लाखों के रसायनिक खाद पकड़े गए थे। बावजूद कालाबाजारी पर रोक नहीं लगाया जा सका है। लेकिन हाल में नकली खाद बाजार में आने की सूचना से किसान पशोपेस में है। अररिया-पूर्णिया जिला की सीमा पर पूर्णिया पुलिस ने कुछ दिनों पूर्व ही नकली खाद बनाने की एक बड़ी फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। बायसी के पास इस फैक्ट्री में मिट्टी व रसायन मिलाकर नकली खाद तैयार किए जाते थे तथा उसे पूर्णिया के अलावा अररिया व फारबिसगंज में भेजे जाते थे। पुलिस फिलहाल जांच में जुटी है कि इस नकली खाद फैक्ट्री के संचालक के तार किस-किस से जुड़े हुए हैं।
ज्ञात हो कि गेहूं, मक्का व आलू की बोआई का समय लगभग एक साथ शुरू हो गया है। किसान बोआई की तैयारी में जुटे हुए हैं लेकिन शुरूआत में ही अररिया के खाद दुकानों पर से आवश्यक रसायनिक खाद नदारद हो गए हैं। किसानों को ब्रांडेड कंपनी के डीएपी और पोटाश खाद नहीं मिल पा रहा है, सो खाद के लिए मारमारी शुरू हो गयी है। लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक कोई एहतियाती कदम नहीं उठाया जा सका है। जानकार आशंका व्यक्त कर रहे हैं कि खाद दुकानदारों द्वारा जानबूझकर बाजार से ऐसे खाद को गायब कर दिया गया है ताकि बाद में उसकी कालाबाजारी की जा सके। खाद की किल्लत के कारण बाद में खाद के दो नंबरी व्यापारियों द्वारा नकली खाद की बिक्री किए जाने की योजना जानकारी सूत्रों ने दी है। हालांकि इस संबंध में जिला कृषि पदाधिकारी के जिला मुख्यालय से बाहर होने के कारण उनसे संपर्क नहीं हो पाया है, लेकिन खाद के दो नंबरी धंधेबाजों पर लगाम लगाने की आवश्यकता है।
विषाक्त भोजन खाने से एक दर्जन से अधिक बीमार
अररिया। बीते रविवार की रात्रि फारबिसगंज नगर में आयोजित एक भोज में शामिल एक दर्जन से अधिक लोग फूड प्वाजनिंग के शिकार हो गये। जिसमें तीन लोगों को सोमवार को रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिनका इलाज जारी है। रेफरल अस्पताल टिंकू सिंह, प्रमोद कुमार कस्टम आफिस चौक निवासी तथा सदर रोड निवासी अशोक गुप्ता का इलाज चल रहा है। हालांकि पुलिस ने उक्त मामले की जानकारी होने से इंकार किया है।
इस बाबत पीड़ित अशोक गुप्ता ने बताया कि बीते रात्रि सूरजमल घोसल व सुशील घोसल के घर पोते के विदेश से लौटने तथा उसकी शादी के उपलक्ष्य में भोज का आयोजन रखा गया था। जिसमें करीब दो सौ लोग शामिल हुए थे। लेकिन भोज के बाद एक दर्जन से अधिक लोगों को पेट दर्द, बुखार, सिरदर्द तथा दस्त की शिकायत होने लगी। उन्होंने बताया कहा कि घोसल परिवार के सदस्यों सहित अन्य पीड़ित अन्य जगहों पर इलाज करा रहे हैं। इधर रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. जेएन प्रसाद ने बताया कि जांच के बाद ही विषाक्त भोजन होने या नहीं होने की पुष्ट जानकारी हो पायेगी।
पिकअप वैन की चपेट में आने से किशोर की मौत
अररिया। रानीगंज-सरसी मार्ग पर कालाबलुआ चौक के समीप सोमवार को एक मोबाइल कंपनी की पिकअप वैन की चपेट में आने से तमघट्टी निवासी 12 वर्षीय मनोज कुमार टुड्डूू की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए अररिया भेज दिया है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार किशोर गांव से कालाबलुआ मेला घूमने अपने बहनोई राजेश कुमार मरांडी के यहां आया था। घटना के दिन वह चौक पर सड़क पार कर रहा था। तभी वह एक मोबाइल कंपनी की पिकअप वैन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत घटना स्थल पर ही हो गयी।
मोबाइल दुकान से एक लाख की चोरी
अररिया। शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। बढ़ती चोरी की घटना से आमजन परेशान हैं। रविवार की रात चोरों ने छुआपट्टी स्थित गुप्ता मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर का ताला तोड़कर एक लाख रुपये मूल्य का सामान चुरा लिया। पीड़ित ने इस संबंध में लिखित सूचना स्थानीय थाना को दी है।
सोमवार को दुकान मालिक अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि चोरों ने उनकी दुकान से एक एलसीडी मानीटर, कीमती मोबाइल सेट, ग्राहकों द्वारा मरम्मत के लिए दिए गए दो दर्जन मोबाइल आदि चुरा ले गये। दुकानदार ने बताया कि चोरी गयी सामानों का मूल्य करीब एक लाख दस हजार रुपये से अधिक है। श्री गुप्ता ने इसकी सूचना फारबिसगंज थाना पुलिस को दी है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गयी है। इधर, फारबिसगंज शहर व आसपास के क्षेत्रों में लगातार घट रही लूट व चोरी की बढ़ी घटनाओं से लोग चिंतित है। नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद राज कुमार अग्रवाल ने पुलिस प्रशासन से इस पर अंकुश लगाने की मांग की हैI
एक ही रात चार दुकानों का ताला तोड़ डेढ़ लाख की चोरी
अररिया। प्रखंड क्षेत्र के कलियागंज बाजार में अज्ञात चोरों ने जमकर तांडव मचाया तथा एक साथ चार दुकानों का ताला तोड़कर नकदी सहित करीब डेढ़ लाख रूपये की संपत्ति चुरा ली। क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यवसायी व आम लोग दहशत में हैं। वहीं थानाध्यक्ष ने बताया है कि अभी तक किसी ने उन्हें चोरी की लिखित सूचना नहीं दी है। मिली जानकारी अनुसार प्रखंड के कलियागंज बाजार स्थित नाका के समीप शनिवार रात्रि अज्ञात चोरों ने धावा बोल कर एक साथ चार दुकानों को अपना निशाना बनाया। चोरों ने पहले विद्यानंद साह के आर.सी. कम्प्यूटर दुकान का ताला तोड़कर भीतर रखा कम्प्यूटर सेट व विडिओ कैमरा आदि चुरा लिया। इसके बाद चोरों ने महेन्द्र यादव की दवाई दुकान को निशाना बनाया तथा ताला तोड़कर दवाई व नकदी सहित करीब 20-25 हजार रूपये की सपंत्ति उड़ा ली। उसके बाद चोरों ने सिद्धो साह के किराना दुकान से किराना सामग्री व नगदी सहित करीब 20 हजार रूपये का सामान चुराया। उसी दुकान से सटे एक जूता दुकान से चोरों ने करीब दस हजार रूपये के जूते व नकदी आदि चुरा ली। चारों दुकानों से चोरों ने करीब डेढ़ लाख की नकदी व संपत्ति चुरा ली। चोरी की घटना से व्यवसायियों में दहशत व्याप्त है। वहीं स्थानीय मो. शकील, भोला साह सहित अन्य ने स्थानीय प्रशासन से पुलिस गश्त तेज करने की मांग की है। घटना की पुष्टि थानाध्यक्ष ने करते हुए बताया कि उक्त मामले में अब तक उन्हें लिखित सूचना पीड़ितों द्वारा नहीं दी गयी है।
सड़क दुर्घटना में पोलियो कर्मी की मौत
अररिया। सोमवार की सुबह पोलियो कार्य से जा रहे एक पोलियो कर्मी की दर्दनाक मौत रानीगंज-फारबिसगंज मार्ग पर डूमरिया गांव के निकट बस द्वारा कुचल दिए जाने के कारण हो गयी। शव को एम्बुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटना के बाद बस फरार हो गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जानकारी के अनुसार नरपतगंज प्रखंड के पलासी डुमरिया निवासी पोलियो कर्मी अजीत मंडल (22 वर्ष) निर्धारित स्थल फारबिसगंज कालेज अपनी साइकिल से जा रहा था। इसी बीच फारबिसगंज से रानीगंज की ओर जा रही एक तेज गति बस ने उन्हें कुचल दिया। जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। अजीत डुमरिया के सुरेन्द्र मंडल के इकलौता पुत्र बताया गया है। उसके पिता मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं तथा अजीत पढ़ाई के साथ पोलियो ड्राप पिलाने का भी काम करते थे। इकलौते बेटे की आकस्मिक मौत से पूरा परिवार शोक में डूबा हुआ है। मृतक के साथी भवेश ने पुलिस को बताया कि वह सड़क पर बांयी ओर से जा रहा था कि बस पीछे से ठोकर मारकर फरार हो गयी। पुलिस ठोकर मारने वाले यात्री बस को तलाश रही है।
सड़क दुर्घटना में मोटर साइकिल चालक की मौत, तीन जख्मी
अररिया। अररिया-फारबिसगंज उच्च मार्ग पर सोमवार की संध्या हड़ियाबाड़ा के निकट मोटर साइकिल एवं टेम्पो की टक्कर में मोटर साइकिल चालक खोखा फरियानी निवासी अमरजीत कुमार उर्फ मंगला की मौत हो गयी। जबकि चालक के एक अन्य सहयोगी नन्दन कुमार तथा टैम्पो पर सवार दो महिला यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी घायलों को चिकित्सा के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां से एक महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए पूर्णिया रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही आरएस ओपी अध्यक्ष धनंजय शर्मा, हड़िया पंचायत के सरपंच मो. अफरोज एवं अन्य ग्रामीण सभी घायलों एवं मृतक को अस्पताल पहुंचाकर उनके परिजनों को सूचना दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोटर साइकिल सवार भ्रातृ द्वितीया पर्व मनाकर फारबिसगंज की ओर से आ रहा था। हड़ियाबाड़ा बेरियर के निकट अररिया से यात्री लेकर जा रही एक टैम्पो से उसकी सीधी टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि मोटर साइकिल चालक की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। वहीं टैम्पो पर सवार मुड़बल्ला की अंजुमन एवं डोरिया की शबनम गंभीर रूप से जख्मी हो गयीI
Monday, November 8, 2010
अररिया रानीगंज : फिल्म कलंक की शूटिंग देखने उमड़ी भीड़
अररिया। रानीगंज प्रखंड के बसैटी गांव में एक हिन्दी फिल्म की शूटिंग कलाकारों ने की। जिसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। जब तक फिल्म की शूटिंग होती रही तब तक लोग वहां जमा रहे। फिल्म की शूटिंग के दौरान कोई बाधा उत्पन्न न हो इसके लिए बौंसी थाना पुलिस ने पुख्ता इंतजाम कर रखा था। फिल्म की शूटिंग से पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन नारियल फोड़ कर किया गया।
ज्ञात हो कि विवेक फिल्मस एण्ड म्यूजिक कंपनी दिल्ली के द्वारा निर्माणाधीन फिल्म कलंक के लिए बसैटी में सिरवा पोखर में स्नान करने तथा दुर्गा मंदिर प्रांगण में मारपीट का दृश्य फिल्माया गया। विवेक फिल्म एण्ड म्यूजिकल कंपनी दिल्ली तथा काजला दरबार नेपाल की संयुक्त यूनिट के निर्देशन पर फिल्म की शूटिंग किया गया। फिल्म में मुख्य खलनायक का किरदार बसैटी गांव के निवासी कालू आनन्द निभा रहे हैं। जबकि नेपाल की अभिनेत्री दिव्या कुंवर, चंद्रादहाल व हीरो की भूमिका लक्ष्मण देव निभा रहे हैं। वहीं समझाना दहाल ने आइटम डांस प्रस्तुत किया। आइटम डांस की शूटिंग पैक्स अध्यक्ष विमल किशोर सिंह के निवास स्थान पर फिल्माया गया। फिल्म कलंक का एक्सट्रा शाट का निर्देशन एके यादव व संतोष सरकार ने की। फाइट मास्टर राजेश लिप्चे, कैमरा मैन नरेश चौधरी, पावर कट्रोलर पवन शाह, मिथलेश आदिल सहित अन्य कलाकार उपस्थित थे। पिछले दो दिनों से चल रहे शूटिंग में बौंसी पुलिस के साथ-साथ स्थानीय युवक भी भीड़ को नियंत्रित करते देखे गये।
इधर, फिल्म के निर्देशक संतोष सरकार व एके यादव ने बताया कि फिल्म कलंक एक सामाजिक पिक्चर है। जिसमें यह दिखाया गया है कि जब किसी लड़की के माथे पर कलंक का टीका लगता है तो इस जमाने के लोग उसे किस नजरिया से देखते हैं। उन्होंने बताया कि इस फिल्म का मुख्य हीरो एमएस ठाकुर तथा साइड हीरो लक्ष्मण देव है। फिल्म में नायिका को जबरन तवायफ के कोठे पर भेज दिया जाता है। इसके बाद लड़की का क्या हश्र होता है उसे दर्शाया गया। इधर, फिल्म में काम कर रहे स्थानीय कलाकार बसैटी निवासी कालू आनन्द ने बताया कि उनकी हाल में सनम हिन्दी तथा लाजो, बेटा रखिहो अचरवा के लाज आदि भोजपुरी फिल्म रिलीज होने वाली है। इसके साथ ही उन्होंने कई बीडीओ एलबम भी बनाए जाने की बातें कही।
सदर अस्पताल: ऑपरेशन के अभाव में फिर गई एक गर्भवती की जान
अररिया। सरकार व प्रशासन के दावों के बावजूद सदर अस्पताल अररिया में व्यवस्था नहीं सुधर पाई है। एक बार फिर रविवार को अस्पताल में आपरेशन नहीं किये जाने के कारण एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा मचाया। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस व अस्पताल में तैनात पुलिस जवानों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी के अनुसार प्रखंड क्षेत्र के बटुरबाड़ी निवासी मो. नसीम अख्तर की पत्नी बीबी नाहिदा रविवार को सुबह अस्पताल पहुंची। अस्पताल में डयूटी पर तैनात नर्स बार-बार उसे यह कहकर टालती रही कि थोड़ी देर में प्रसव हो जाएगा और न ही उसे भर्ती किया। जब महिला की स्थिति काफी नाजुक हो गयी तब नर्स ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। देखने के बाद डयूटी पर तैनात चिकित्सक डा. सुदर्शन झा ने तुरंत उसके परिजनों को महिला चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दिया। जब परिजन उसे महिला चिकित्सक के पास ले गए तो उन्होंने एक फिर उसे टालने के प्रयास किया। इस बीच काफी समय बीत गया तथा पीड़िता की स्थिति खराब होने लगी। बाद में किसी तरह महिला को सदर अस्पताल लाया गया लेकिन प्रसव कक्ष में जाने से पूर्व ही उसकी मौत हो गयी। महिला की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन आग बबूला हो उठे तथा अस्पताल में हंगामा मचाना शुरू कर दिया। तब पुलिस को सूचना दी गयी तथा उनके हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
पुलिस ने बरामद की लूटी गयी ट्रैक्टर
अररिया। सिमराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगल विभाग के निकट शनिवार की संध्या तीन सशस्त्र अपराधियों द्वारा शिवपुरी मोहल्ला निवासी रवि कुमार राय की ट्रैक्टर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसी रात बरामद कर ली। प्राप्त जानकारी अनुसार अपराधियों ने गाड़ी संख्या बीआर 38बी 8477 लूट ली। घटना के बाद चालक जय प्रकाश नगर निवासी अनिल ऋषिदेव ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापामारी कर शनिवार की रात ही सिमराहा कालोनी के निकट पोखर के पास से लावारिश हालत में बरामद कर लिया। घटना के संबंध में चालक ने बताया कि तीन व्यक्ति ने उनके ट्रैक्टर को सिमराहा से सामान लाने के लिए भाड़ा पर लिया। सिमराहा जाने पर तीनों देर संध्या तक टाल मटोल करते रहे और गाड़ी वापस ले जाने के लिए कहा। जाने के क्रम में जंगल के निकट उक्त तीनों अपराधियों ने आग्नेयास्त्र दिखाकर गाड़ी को रोकवाया और उसे मारपीट कर उलट दिया तथा गाड़ी लेकर फरार हो गये।
छापामारी में एक दर्जन शराबी धराये
अररिया। अनुमंडल पदाधिकारी जीडी सिंह ने शनिवार की देर शाम कई होटलोंमें छापामारी कर एक दर्जन शराबियों को हिरासत में लिया जिसे पूछताछ के बाद पीआर बांड पर छोड दिया गया। एसडीओ श्री सिंह के छापामारी अभियान से शराबियों तथा अवैध रूप से शराब बेचने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार अनुमंडल पदाधिकारी श्री सिंह शनिवार को देर संध्या बिना थाना को सूचित किए जोगबनी पहुंचे तथा विभिन्न होटल एवं चाय नाश्ता की दुकानों में छापामारी कर शराब की चुस्की ले रहे लगभग एक दर्जन लोगों को दबोचा। हिरासत में लिए गए युवाओं को एसडीओ के डंडे भी खाने पड़े। पूछताछ के बाद पीआर बांड बनाकर सभी को जोगबनी थाने से ही छोड़ दिया गया। छापामारी अभियान में एसडीओ के साथ फारबिसगंज अंचलाधिकारी भी मौजूद थे।
भू-विवाद में मारपीट,दो महिला सहित आधा दर्जन जख्मीं
अररिया। प्रखंड के पिपरा पंचायत में भू-विवाद को लेकर रविवार को दो पक्षों में हुए मारपीट में दो महिला सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गये। घायलों में एक पक्ष के तीन लोगों को रेफरल अस्पताल मे भर्ती करवाया गया है। दोनों ही पक्षों द्वारा जोगबनी थाने में इसकी सूचना देने की बात बतायी गयी है। घायलों में एक पक्ष की रेबून मुस्मात (55वर्ष), उनका पुत्र मो. फिरोज(30 वर्ष) तथा पुतोहू नाजमा खातून(25वर्ष) का इलाज रेफरल अस्पताल में चल रहा है। इस बाबत पीड़ितों ने बताया कि अपने खेत में धान की फसल कटने के बाद हल चलवा रहे थे कि इसी बीच रियाज मन्नान बेचन मियां अपने परिजनों के साथ आकर उन लोगों के साथ जमकर मारपीट की। कहा कि मारपीट करने वाले करीब एक दर्जन लोगों में महिलाएं भी शामिल हैं। उक्त घटना पिपरा पंयायत के वार्ड नं. 13 की है। इधर दूसरे पक्ष के भी कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है।
Sunday, November 7, 2010
नशेड़ियों के हवाले रेलवे गुमटी,अधिकारियों ने साधी चुप्पी
अररिया। रेलवे गुमटी पर पिछले दिनों जिस तरह की लापरवाही उजागर हुई है उससे रेलवे के अधिकारियों पर भी सवाल उठने लगे हैं। कटिहार-जोगबनी रेल खंड के फारबिसगंज सुभाष चौक स्थित केजे 65 तथा केजे 63 पर नशे की हालत में पकड़े गए दोनों गेटमैन में से एक केजे 65 के गेटमेन सुरेन्द्र पांडेय को निलंबित कर जांच टीम गठित की गयी है। रेलवे अधिकारियों द्वारा अपनायी गयी दोहरी नीति रेलवे कर्मचारियों व लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं काफी समय से केजे 65 गुमटी के गेटमेन द्वारा शराब पीने से लेकर बेटे से रेलवे का कार्य करवाया जा रहा था, जिसकी जानकारी रेलवे के अधिकारियों को भी थी। इसकी पुष्टि रेलवे के एसईपीके अश्रि्वनी कुमार ने की है। गेटमेन ने तो यहां तक कहा कि अश्रि्वनी कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारियों द्वारा उसकी बिगड़ती स्थिति को देखते हुए बेटे से सहयोग लेने और थोड़ी मात्रा में डयूटी के समय शराब पीने की मौखिक अनुमति दी गयी है। अश्रि्वनी कुमार ने फारबिसगंज एसडीओ के समक्ष कहा था कि गेटमेन के बेटे द्वारा रेलवे गुमटी पर काम करने की जानकारी उन्हें थी। तो क्या लापरवाही की जानकारी के बावजूद इस पर रोक नहीं लगाना सोची-समझी साजिश थी। सवाल उठता है कि रेलवे के अधिकारियों द्वारा जानकारी के बावजूद इसे रोकने के प्रयास क्यों नहीं किया गया? काफी समय से एक ऐसे युवक के द्वारा रेलवे फाटक लगाने से लेकर रेलवे के फोन को रिसीव किया जा रहा था, जिसे रेल कार्य का एबीसी तक नहीं आता। ऐसे में कभी कोई बड़ी रेल दुर्घटना हो जाती तो इसके लिए आखिर कौन जिम्मेवार होता? स्वाभाविक तौर पर ऐसे मामलों में छोटे कर्मचारी ही बलि का बकरा बनते हैं। गेटमेन के बेटे राजीव कुमार के द्वारा रेलवे गुमटी पर स्टेशनों से आने वाले फोन का रिसीव किए जाने के बावजूद स्टेशनों पर किसी ने यह सुधि नहीं ली कि आखिर कौन दूसरा व्यक्ति है जो फोन रिसीव कर रहा है। यहां तक कि सहायक स्टेशन मास्टर ने भी लापरवाही बरतते हुए संवेदनशील मामले से किनारा कर लिया। हैरत की बात है कि कटिहार से नियमित रूप से रेलवे के अधिकारी विभिन्न बिंदुओं की जांच इस रेलखंड पर करने के लिए दौरा करते हैं। कटिहार के अधिकारियों ने भी मामले पर विशेष ध्यान नहीं दिया। औपचारिकताओं तक ही रेल अधिकारियों का काम सिमट कर रह गया। यह स्थिति है भारतीय रेल के कटिहार मंडल की। हजारों रेल यात्रियों की जान के साथ लापरवाही पूर्वक खिलवाड़ किया जाता है। वरीय अधिकारी बच निकलते है और छोटे कर्मचारी की बलि चढ़ जाती है।
पटाखा बनाने के दौरान विस्फोट, युवक जख्मी
अररिया। फारबिसगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत परवाहा पंचायत में दीपावली की रात अवैध तरीके से पटाखा बनाने के दौरान विस्फोट होने का मामला प्रकाश में आया है। घटना में पटाखा बनाने वाला करीब पचीस वर्षीय एक युवक के गंभीर रूप से जख्मी होने की सूचना है। बताया जाता है कि उक्त युवक का दोनों हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया है। परवाहा गांव निवासी घायल युवक का इलाज पूर्णिया अस्पताल में किये जाने की सूचना है। इधर फारबिसगंज पुलिस ने मामले से अनभिज्ञता जाहिर की है। हालांकि बताया गया है कि पटाखा से उक्त युवक जख्मी हुआ है। घटना परवाहा हाट स्थित एक शराब दुकान के समीप हुई बतायी जाती है
गबन के आरोप में तीन प्रधानाचार्य समेत चार शिक्षक निलंबित
अररिया। सरकारी राशि गबन करने के आरोप में शिक्षा विभाग ने जिले के तीन प्रधानाध्यापकों तथा एक पूर्व हेडमास्टर सहित कुल चार शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। इन शिक्षकों पर विद्यालय भवन निर्माण की राशि गबन करने का आरोप है। इसके अलावा संबंधित बीईओ को आरोपी शिक्षकों पर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। जिला शिक्षा अधीक्षक अहसन द्वारा जारी आदेश के अनुसार रानीगंज प्रखंड क्षेत्र के प्रावि बैजनाथपुर के हेडमास्टर रमेश पासवान को विद्यालय चारदीवारी निर्माण की राशि गबन के मामले में सस्पेंड किया गया है। जबकि भरगामा प्रखंड क्षेत्रान्तर्गत प्राथमिक विद्यालय विषहरिया के प्रधानाध्यापक मनीष कुमार, पलासी प्रखंड क्षेत्रान्तर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय रुपैली श्यामपुर के शिक्षक सह पूर्व एचएम मो. इब्राहिम तथा नरपतगंज प्रखंड के मध्य विद्यालय देवीगंज के प्रअ मंगल चन्द्र साह को भवन निर्माण की राशि निकासी कर भवन नहीं बनाने के आरोप में निलंबित किया गया है। जारी आदेश के अनुसार सभी निलंबित शिक्षकों का मुख्यालय अलग-अलग प्रखंड के बीआरसी में बनाया गया है। इस संबंध में डीएसई अहसन ने बताया कि इस दायरे में और कई हेडमास्टर व शिक्षक आ सकते हैं।
दहेज के खातिर विवाहिता को जलाने का प्रयास,प्राथमिकी
अररिया। देहज उत्पीड़न का मामला जिले में थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुर्साकांटा थाना में विवाहिता कविता देवी ने एक आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है।
थाने में दिए आवेदन में पीड़िता कविता झा ने उल्लेख किया है कि उनकी शादी हिन्दू रीति-रिवाज के साथ मार्च 2009 में महेशखूंट गांव निवासी मिसरीलाल सिंह के पुत्र दिनेश सिंह से हुई थी। शादी के समय तेगछिया निवासी नरेश सिंह ने सामर्थ्य के अनुसार अपनी पुत्री को उपहार दिया था। लेकिन इधर पीड़िता एक मोटर साइकिल व रंगीन टीवी को लेकर ससुराल वालों द्वारा आये दिन उसे मारपीट व प्रताड़िता किया जा रहा था। पीड़िता ने बताया कि पति दिनेश सिंह अपने परिजनों के साथ मिलकर किरासन तेल छिड़कर जलाने का प्रयास किया। इस संबंध में पीड़िता कविता देवी ने पति दिनेश सिंह, सास बुचिया देवी, गोतनी गीता देवी, भगिनी बबिता देवी समेत आठ लोगों के खिलाफ कुर्साकांटा थाना में कांड संख्या 124/10 दर्ज कर न्याय की गुहार लगायी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पीड़िता ने पति पर अपने भाभी के साथ ही नाजायज संबंध होने का आरोप भी लगाया है। इधर, पीड़िता की सास बुचिया देवी ने भी उसे बदचलन होने का आरोप लगाते हुए कुर्साकांटा थाना में कांड संख्या 123/10 दर्ज करायी है। जिसमें पतोहू कविता देवी, व उसके माता-पिता समेत 13 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है। बुचिया देवी ने दर्ज प्राथमिकी में कहा है कि नामजद अभियुक्तों ने घर में घुस आये तथा मारपीट कर लूटपाट की।
इधर, थानाध्यक्ष राधा कृष्ण रजक ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला दहेज प्रताड़ना का लग रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।
मिलावट खोर हो रहे मालामाल और किसान बन रहे कंगाल
अररिया। यदि आप अपने खेतों में लहलहाते पौधों के साथ बलखाते दाना देखना चाहते हैं तो सावधान! सूत्रों की माने तो इस बार भी रब्बी सीजन में मुनाफाखोरों ने मिलावटी खाद-बीज व कीटनाशकों की एक बड़ी खेप को खपाने के लिए बाजारों में उतार रखी है। इस गोरखधंधे में शामिल मुनाफाखोर अनाप-शनाप दाम वसूल कर अपना तिजोरी भर खुद मालामाल हो रहे हैं तो दूसरी ओर किसान बेहाल व कंगाल बन रहे हैं। तब न कभी मक्का की बाली सूनी तो कभी धान के पौधों में दाना खाली। जो खाद-बीज में मिलावट या नकली होने की पुष्टि करता हैं। बताया जाता है कि इस धंधे में शामिल मुनाफाखोरों द्वारा नए बीज में पुराने बीज मिलाकर पैकिंग कर दिया जाता है। जिससे बीज का अंकूरण क्षमता कम हो जाती है। मिलावटी खाद भी बाजारों में खुलेआम बेची जाती है। डीएपी में पत्थरों के छोटे-छोटे गोल टुकड़े, यूरिया में नमक व पोटाश में लाल बालू मिलाकर उसे खपाया जाता है। इतना ही नहीं बल्कि जिले में सैकड़ों दुकानदार बिना अनुज्ञप्ति के इस गोरखधंधे में चांदी काट रहे हैं।
क्या कहते हैं किसान : रानीगंज प्रखंडाधीन पंचायत खरहट के प्रगतिशील कृषक डा. राजेश मंडल, अररिया प्रखंड अंतर्गत पंचायत कुसियारगांव के प्रगतिशील किसान, अशोक सिंह बताते हैं कि पिछले रब्बी सीजन में भी उन्होंने नियमानुकूल खेती की, लेकिन मक्का के बाली सूनी देख उनके साथ ही सैकड़ों किसानों के चेहरे पीले पड़ गये। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर बिना अनुज्ञप्ति के दुकानदार खाद-बीज अनाप शनाप मूल्यों पर धड़ल्ले से बेच रहे हैं। जो किसानों को कैसमेमो भी नहीं देते। इसके लिए किसान विभागीय अधिकारियों की सांठ-गांठ या उदासीनता को जिम्मेवार ठहराते हैं।
क्या कहते हैं जिला कृषि पदाधिकारी :- उक्त बाबत डीएओ वैद्यनाथ प्रसाद यादव बताते हैं कि शीघ्र ही जिले के सभी नौ प्रखंडों के कृषि पदाधिकारियों को ऐसे खाद-बीजों के नमूने एकत्रित करने व प्रयोगशाला में जांच कराने संबंधित प्रशिक्षण दिया जायेगा। शत-प्रतिशत गुणवत्ता नहंी पाए जाने पर उनके विरुद्ध ठोस व कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही छापा मारकर बिना अनुज्ञप्ति के खाद-बीज बेच रहे दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, डीएओ श्री यादव स्वीकारते हैं कि इस जिले के किसानों की मांग के अनुरूप सरकारी स्तरों पर खाद आपूर्ति कम मिल रही है। फलस्वरूप किसानों को बाजारों या बगल के जिलों पर निर्भर रहना पड़ता है। उन्होंने खाद की कालाबाजारी होने की बातें भी कही। इसे रोकने के लिए उन्होंने आवश्यक कार्रवाई करने की बातें भी कही।
धूमधाम से मनायी गयी चित्रगुप्त पूजा
अररिया। चित्रगुप्त महाराज की पूजा रविवार को शहर के कई स्थानों पर धूमधाम के साथ मनायी गयी। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने कलम-दवात की पूजा अर्चना की। शहर के थाना मोहल्ला, चित्रगुप्त नगर, खरैया बस्ती आदि स्थानों पर कायस्थ परिवारों ने प्रतिमा स्थापित कर विधि विधान के साथ पूजा-अर्चना की। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर पूजा अर्चना की। इस बीच थाना मोहल्ला में भगवान चित्रगुप्त महाराज की प्रतिमा स्थापित कर श्रद्धा भाव से पूजा की गयी। इस अवसर पर मंटु, सागर, राजा, कुंदन, विनीत प्रकाश, विवेक, अमर कु. वर्मा, बौआ, ऋषु, राकेश आदि कायस्थ परिवार आदि अन्य लोग पूजा को सफल बनाने में सक्रिय दिखे।
करंट लगने से निजी मिस्त्री की मौत
अररिया। गत शनिवार को नहर किनारे बिजली की पोल पर काम कर रहे एक निजी मिस्त्री चन्द्रदेई निवासी मो. वाजुद्दीन को करंट लग गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गए। घायल वाजुद्दीन को इलाज के लिए एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत शुक्रवार को हो गयी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। शनिवार की देर संध्या तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी थी। आरएस ओपी पुलिस के अनुसार इस मामले में किसी भी व्यक्ति को नामजद अभियुक्त नहीं दर्शाया गया है। बताया जाता है कि उक्त प्राइवेट मिस्त्री एक ठेकेदार के लिए पोल वायरिंग का काम कर रहा था।
हर्षोल्लास के साथ मनी दीवाली, रात भर रही पटाखों की गूंज
अररिया। प्रकाश पर्व दीपावली, कालीपूजा व लक्ष्मीपूजा को ले शुक्रवार को जिले में धूम मची रही। पारंपरिक उत्साह के साथ मिठाईयों का स्वाद, पटाखे की गूंज और दीपों की कतार, ऐसा प्रतीत हुआ कि यह त्यौहार हर रोज आये। वहीं, जिला मुख्यालय सहित दर्जनों स्थानों पर असुर विनाशिनी मैया काली व धन की अधिष्ठात्री जगन्माता लक्ष्मी की पूजा पूरी निष्ठा व श्रद्धा के साथ संपन्न की गयी। दीपावली की संध्या लोगों ने एक दूसरे को पर्व की बधाई दी तथा जम कर मिठाईयां खायीं। एसएमएस से बधाई देने का सिलसिला भी जोरों पर रहा। इस अवसर पर लोगों ने अपने अपने घरों की साफ सफाई के अलावा उसे रंगोली व दीप मालिका से सजाया। रेडीमेड रंगोलियों का आकर्षण भी खास रहा। शहर में दुकानें भी खूब सजी संवरी नजर आया। पर्व को ले मुस्लिम भाई भी अपने हिंदु भाईयों को बधाई देने पहुंचे। अररिया शहर में नानू दा के नेतृत्व में मां खड्गेश्वरी काली मंदिर में मैया की पूजा आराधना, भजन, हवन व बलि प्रदान खास आकर्षण रहे। भारी संख्या में भक्तों की भीड़ काली मंदिर में सुबह तक जमी रही।
इस आयोजन में लोकगायक रमेश गोस्वामी व विद्यानंद सिंह ने मैया की आराधना के गीतों के गायन से हजारों श्रोताओं को बांधे रखा।
नशेड़ी गेटमेन की जगह काम कर रहा बेटा धराया
अररिया। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार रेल मंडल अंतर्गत कटिहार-जोगबनी रेलखंड के फारबिसगंज सुभाष चौक स्थित रेलवे गुमटी के गेटमेन को नशे की हालत में स्थानीय एसडीओ ने गुरुवार की देर संध्या पकड़ लिया। गेटमेन सुरेन्द्र पांडेय के पुत्र राजीव कुमार पांडेय को भी रेल का काम करते पकड़ा गया। मामले की सूचना फारबिसगंज एसडीओ गिरिवर दयाल सिंह के द्वारा रेलवे के अधिकारियों को तत्काल दी गयी। जिसके बाद स्थानीय रेल पुलिस द्वारा गेटमेन तथा उसके पुत्र को अपने कब्जे में लेकर फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में मेडिकल कराने हेतु ले जाया गया। जहां रेलवे चिकित्सक के द्वारा दूसरे दिन गेटमेट की जांच करायी गयी। चिकित्सक के द्वारा किलन चीट दे दी गयी। जबकि अधिकारियों के समक्ष शराब पीने की बात स्वीकार की गयी। फारबिसगंज स्टेशन अधीक्षक वी. पी यादव ने चिकित्सीय रिपोर्ट की बात बताते हुए कहा कि गेटमेन सुेरन्द्र पांडेय को निलंबित कर दिया गया है। जबकि पूरे मामले की जांच के लिए कटिहार के वरीय रेल अधिकारियों की टीम गठित की गयी है। गेटमेन ने एसडीओ सहित आरपीएफ प्रभारी वीसी राकेश तथा एसईपीके अश्रि्वनी कुमार के समक्ष अपनी स्वीकारोक्ति में कहा है कि तबीयत खराब रहने के कारण रेलवे के अधिकारियों के आदेश पर वे डयूटी के समय शराब पीते हैं तथा अपने बेटे को रेल गुमटी का काम करने के लिए साथ में रखते हैं। कहा कि अश्रि्वनी कुमार सहित सभी रेल अधिकारियों को मेरा सेहत खराब रहने और बेटे से सहयोग लेने की जानकारी है। इधर एसएस श्री यादव ने ऐसे किसी लिखित आदेश की जानकारी उन्हें नहीं है। मालूम हो कि इससे एक दिन पूर्व भी गेटमेट शराब के नशे की हालत में एसडीओ ने पकड़ा था।
अपराधी के घर से देशी कट्टा व चार जिंदा कारतूस बरामद
अररिया। नरपगंज थाना क्षेत्र के फरही कुण्डीलपुर गांव में सात मवेशी सहित डेढ़ लाख की डाकेजनी की घटना को अंजाम देने वाले रानीगंज थाना क्षेत्र के
कुख्यात गंगा यादव के घर से पुलिस ने दीपावली की पूर्व संध्या छापामारी कर देशी कट्टा एवं चार जिंदा कारतूस बरामद कर लिया। इससे पूर्व पुलिस ने गुरुवार को गंगा यादव के घर से लूटी गयी सभी सात मवेशी को बरामद कर लिया था। हालांकि इन दोनों छापामारी में गंगा यादव पुलिस को चकमा देने में सफल रहा परंतु इस सक्रिय मवेशी चोर को जल्द दबोचने की बात थानाध्यक्ष अरूण सिंह ने कही है। विदित हो कि नरपतगंज थाना कांड संख्या 241/10 में दर्ज घटना में गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर सात मवेशी सहित डेढ़ लाख की संपत्ति महादलित परिवार से लूट ली थी। क्षेत्र में मवेशी चोर के रूप में आतंक बने गंगा यादव द्वारा घटना को अंजाम देने की गुप्त सूचना पुलिस को लगी। रानीगंज आरक्षी निरीक्षक ललन पांडे, थानाध्यक्ष अरूण सिंह सहित पुलिस बल ने छापामारी कर घटना के 24 घंटे के अंदर लूटी गयी मवेशी को बरामद किया। विदित हो कि जिले के कई थानों में दो दर्जन से अधिक मवेशी लूट, डकैती व चोरी के मामले इस बदमाश के विरूद्ध दर्ज है। अपराधी प्रवृति को इसका बड़ा बेटा भी ग्रामीणों के द्वारा मारा गया था। जिसके आतंक से लोग तंग थेI
अपराधियों ने मोटर साइकिल छीनी
अररिया। दीपावली के दिन प्रखंड क्षेत्र के 17 नंबर सड़क पर अपराधियों ने एक मोटर साइकिल छीन ली। इस संबंध में पीड़ित ने स्थानीय थाना को लिखित सूचना दी है। पुलिस मोटर साइकिल बरामदगी के लिए छापामारी अभियान चला रही है।
ज्ञात हो कि शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे छातापुर अंचल निवासी राजकुमार सिंह अपने काली रंग की टीवीएस स्टार सिटी मोटर साइकिल (बीआर-5927)से जा रहे थे। नरपतगंज प्रखंड के बेलसण्डी गांव के निकट जैसे ही पहुंचे कि पूर्व से खड़े चार बदमाशों ने आग्नेयास्त्र का भय दिखाकर रोका तथा मोटर साइकिल छीन कर फरार हो गए। ज्ञात हो कि पिछले दिनों फरही गांव में अपराधियों ने भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया था। प्रखंड क्षेत्र में ताबड़तोड़ आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर अपराधियों ने पुलिस की नींद हराम कर दी है।
सर्पदंश से लड़की की मौत
अररिया। प्रखंड क्षेत्र के पोखरिया टोला बेहंगी में शनिवार को सर्पदंश से सुबोध कुमार सिंह की चौदह वर्षीय पुत्री सोनी कुमारी की मौत इलाज के दौरान सदर अस्पताल में हो गयी। परिजनों ने बताया कि सोनी कपड़ा साफ करने बकरा नदी गयी थी। नदी किनारे ही वह गिर पड़ी तो उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। डा. सुदर्शन ने बताया कि रोगी को देर से अस्पताल लाया गया, जिसके कारण सोनी के सारे शरीर में सर्प का जहर फैल गया था।
बनकोड़ा की आधी आबादी ने उठाया श्वेत क्रांति का बीड़ा
अररिया। समाज के बदलते आर्थिक परिदृश्य में शहरी महिलाओं के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं भी शिक्षा, व्यवसाय की दिशा में आगे बढ़ रही है जो ग्रामीण अर्थ व्यवस्था के सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती नजर आ रही है। जोकीहाट प्रखंड क्षेत्र में महिलाएं दुग्ध उत्पादन एवं पशुपालन कर पुरुषों के कदम से कदम मिलाकर अर्थोपार्जन कर रही है। पथराबाड़ी पंचायत के बनकोड़ा में महिलाओं की एक टीम ने ज्योति महिला सेल्फ हेल्प गु्रप बनाकर स्थानीय उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक शाखा जोकीहाट से ऋण लेकर दुग्ध उत्पादन कर परिवार का भरण-पोषण कर रही है। सहेली एवं उजाला स्वयं सहायता समूह के माध्यम से दर्जनों महिलाएं जोकीहाट बाजार में दुग्ध उत्पादन कर परिवार के विकास में योगदान तो कर ही रही है साथ-साथ समाज एवं गांव की कई महिलाओं को इस दिशा में प्रोत्साहित भी कर रही है।
बैंक के शाखा प्रबंधक मो. एहसानुल इस्लाम ने बताया कि महिलाएं-पुरुषों की अपेक्षा बैंक ऋण चुकाने में अधिक संवेदनशील होती है। श्री इस्लाम ने बताया कि ये महिलाएं आज दुग्ध उत्पादन कर काफी मुनाफा कमा रही है तथा बैंक ऋण भी समयानुसार अदा कर रही है।
उक्त सहायता समूह के सचिव कल्पना देवी एवं बानो खातून ने बताया कि दुग्ध उत्पादन ग्रामीण महिलाओं के लिए उपयुक्त पेशा है। आप घर के चारदीवारी के अंदर भी दुग्ध उत्पादन पशुपालन कर सकती हैं। बाहर जाने की हमें कोई जरूरत नहीं पड़ती है। बाजार में दुग्ध की कमी से लोग दूर-दूर से गांवों से दूध एवं दुग्ध पदार्थ खरीदते हैं। दूध की मांग हमेशा उत्पादन से अधिक होती है। इसलिए हमें दूध बेचने की चिंता नहीं रहती है। कल्पना देवी ने बताया कि आर्थिक तंगी से परिवार में तनाव बढ़ता है। पुरुष प्रधान समाज में महिलाएं अर्थोपार्जन की दिशा में अब भी आगे नही बढ़ेगी तो औरत और कमजोर पड़ जायेगी। प्रखंड क्षेत्र के चकई, केसर्रा, बागनगर, महलगांव, सिसौना, काकन, तारण, डूबा आदि पंचायत में सैकड़ों महिलाएं पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन कर पारिवारिक अर्थ व्यवस्था को मजबूती देने में सराहनीय भूमिका निभा रही है। प्रखंड कृषि पदाधिकारी अभिनन्दन सिंह ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने के कारण परती भूमि की कमी यहां नहीं रहती है, जिससे पशुओं को प्रचुर मात्रा में चारा नहीं मिल पाता है। बुद्धिजीवियों का कहना है कि सरकार इस दिशा में और भी सहयोग करे तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था में तीव्र गति से विकास हो सकता है।
सड़क दुर्घटना में एक की मौत
अररिया। जोकीहाट-टेढ़ागाछ मार्ग पर मेहरू चौक के निकट शुक्रवार की देर संध्या एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर घर में घुस गया, जिससे चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल चालक कामेश्वर मंडल को इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गयी।
ट्रैक्टर चालक पलासी प्रखंड के धपड़ी गांव का निवासी बताया जाता है। वहीं इस घटना में मो. इसहाक के घर भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्यपरीक्षण के लिए भेज दिया हैI
आपसी विवाद को लेकर मारपीट, आधा दर्जन जख्मी
अररिया। प्रखंड के साहेबगंज गांव में दीपावली के दिन आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में आधा दर्जन लोग घायल हो गए, घायलों को इलाज के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सक ने दो को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया है। इस संबंध में दोनों ओर से नरपतगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। दर्जन प्राथमिकी में कहा गया है कि साफ-सफाई को लेकर दोनों ओर से मारपीट हुई थी। जिसमें दोनों पक्ष के आधा दर्जन लोग घायल हो गये। वहीं गीता देवी पति योगेन्द्र मंडल ने दिए आवेदन में आरोपियों द्वारा दो चक्र गोलियां दागने व साठ हजार की संपत्ति लूट लिए जाने व दो व्यक्ति को गंभीर रूप से जख्मी कर दिए जाने का आरोप लगायी है। गीता देवी ने आधा दर्जन से अधिक लोगों को नामजद किया है। जबकि दूसरे पक्ष ने थाना में दिए आवेदन में कहा है कि नामजद आरोपियों ने घर मे घूस कर लूटपाट किया तथा मारपीट कर परिवार के कई लोगों को जख्मी कर दिया। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।
Subscribe to:
Posts (Atom)



