Tuesday, July 26, 2011

मजदूरों की कमी से धान रोपनी प्रभावित

जोकीहाट (अररिया) : क्षेत्र से लगातार हो रहे मजदूरों के पलायन का कुप्रभाव अब यहां के खेती पर दिखना शुरू हो गया है। अब यहां के किसानों को अपना फसल लगाने व काटने के अलावा अन्य कार्यो के लिए मजदूर नहंी मिल रहे हैं। फिलहाल मजदूरों की कमी के कारण क्षेत्र में धान की रोपनी प्रभावित हो रही है। अनुकूल मौसम के बावजूद मजदूरों की कमी के कारण यहां समय पर धान रोपनी का काम नहीं हो पा रहा है। घर में ही रोजगार देने के उद्देश्य से चलायी गयी मनरेगा योजना प्रखंड क्षेत्र में अधिकारियों की उदासीनता व बिचौलियों की भेंट चढ़ गयी जिस कारण योजना का कार्यान्वयन यहां ठीक ढंग से नहीं हो पाया। फलत: मजदूर रोजी रोटी की तलाश में अन्य प्रांतों को कूच कर गये। ज्ञात हो कि यहां रोजगार का एक प्रमुख साधन आज भी खेती है। खेती के बल पर ही यहां के किसानों की गृहस्थी चलती है। क्षेत्र का मुख्य फसल धान, गेहूं और पटुवा है। इसी खेती के बल किसान अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई से लेकर शादी एवं अन्य कार्य करते हैं। लेकिन उनकी यह खेती अब मजदूरों के अभाव के कारण मार खा रही है। केसर्रा, हरदार, सिसौना, दभड़ा, पथराबाड़ी, सिमरिया, काकन, बगडहरा आदि गांवों में मजदूरों की कमी के कारण धान की रोपनी गति नहीं पकड़ पायी है। एक किसान निजामुद्दीन बताते हैं- पहले गेहूं पत्थर में खतम भैलि। आब धान रोपनी में मजदूरी नै मिलै छै। जे मिलै छै त 150-250 तक मजदूर सीनी मांगे छै। किरंग के धान रोपनी हेतै अ पटुवा कटतै। यही हाल अन्य प्रखड क्षेत्रों में भी है।

विशेष विकास शिविर 28 जुलाई से


पलासी (अररिया) : मुख्य सचिव ग्रामीण विकास विभाग व उप विकास आयुक्त अररिया के निर्देशानुसार प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में विशेष विकास शिविर का आयोजन किया जायेगा। जिसमें वित्तीय वर्ष 2011-12 में इंदिरा आवास योजना के लाभुकों का चयन, आवास की स्वीकृति तथा अनुदान का भुगतान किया जायेगा। यह जानकारी बीडीओ उपेन्द्र सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि विशेष विकास शिविर 28 जुलाई से आरंभ होगा। जिसमें प्रत्येक दिन दो पंचायतों में शिविर का आयोजित होंगे।

कालेज में भूमि की पैमाइश व चहारदीवारी की मांग


अररिय : अररिया कालेज के प्रिंसिपल डॉ. मोहम्मद कमाल ने बिहार के राज्यपाल सहित प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र भेज कर कालेज की भूमि की पैमाइश व बाउंड्रीवाल निर्माण करने की मांग की है।
सोमवार को उन्होंने बताया कि कालेज की भूमि पर कई लोग दावा करते रहते हैं। विगत सालों में चार पांच बार लोगों ने कालेज की जमीन पर दावेदारी की है। इस संबंध में महामहिम राज्यपाल को पत्र दिया गया है। उन्होंने बताया कि पत्र की प्रति डीएम, एसपी, एसडीओ, सीओ व अन्य को भी दी गयी है। प्रिंसिपल के अनुसार पत्र में जहां जमीन की पैमाईश के लिए अनुरोध किया गया है वहीं, जमीन की सुरक्षा को ले परिसर दीवाल बनवाने की भी मांग की गयी है।

युवक को ठोकर मार जख्मी किया


फारबिसगंज (अररिया) : शहर की भीड़-भाड़ वाली सड़कों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक के बावजूद इसके परिचालन पर प्रतिबंध नही लगाया जा रहा है। जिस कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही है। सोमवार को एक बार फिर शहर के बीचो बीच स्थित ग्रामीण बैंक के समीप भारी वाहन ने एक मोटर साइकिल चालक को ठोकर मार दी जिससे मझुआ निवासी उक्त युक्त गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

राम जानकी मठ की दासी तारा गिरफ्तार


अररिया : नगर थाना क्षेत्र के रामपुर कोदरकट्टी पंचायत स्थित राम जानकी मठ की दासी तारा को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक पूछताछ के बाद पुलिस ने दासी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मामला मठ की जमीन पर आदिवासियों को कब्जा दिलाने एवं मंदिर का समान चोरी छिपे बेचने का बताया जा रहा है।
ज्ञात हो कि चार दशक पूर्व उक्त मठ में 50 एकड़ से ज्यादा जमीन थी। मठ के महंत के देहांत होने के बाद तारा दासी हीं मंदिर की देखभाल करने लगी थी। पांच वर्षो के दौरान दासी ने उक्त जमीन को औने-पौने भाव में बेचकर आदिवासी समुदाय के लोगों को जमीन का कब्जा दिलाना शुरू कर दिया। पिछले वर्ष ही दो दर्जन से अधिक आदिवासियों को रातों रात उक्त जमीन पर दासी ने कब्जा दिला दिया था। ग्रामीणों के विरोध एवं किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए नगर थाना पुलिस ने काफी सूझबूझ के साथ जमीन को खाली कराया था। इसके बाद आरोप है कि दासी ने मंदिर के अंदर रखे कई सामानों को चोरी-छिपे बेच डाला। मंदिर का समान चोरी होने का खुलासा हुआ तो नये महंत कमल दास ने दासी के विरुद्ध थाना कांड संख्या 301/11 दर्ज करायी। दर्ज प्राथमिकी में दासी के अलावा तीन नामजद एवं 20-25 अज्ञात लोग शामिल किये गये।
इस दौरान पुलिस ने दो अन्य अभियुक्त राधे ऋषिदेव साकिन बनगामा एवं शिव कुमार साह को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस की सक्रियता से शराब माफियों में खलबली


फारबिसगंज (अररिया) : शराब माफिया व अधिकारियों के गठजोड़ के कारण क्षेत्र में शराब का अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। चाय-पान की दुकानों से लेकर किराना और लस्सी की दुकानों तक में देशी-विदेशी शराब खुले आम बेची जा रही है। हालांकि पुलिस की सक्रियता इधर बढ़ी है जिसके सकारात्मक नतीजे सामने आ रहे हैं तथा शराब माफियों में खलबली मची है।
कपड़ा व्यवसायी सुशील भसाली की गोली मारकर हत्या कर दिये जाने के बाद व्यापारियों तथा स्थानीय लोगों के अत्यधिक दबाव के बाद पुलिस की सक्रियता बढ़ी जिसके बाद फारबिसगंज पुलिस ने शहर के काली मेला रोड स्थित मेला चौक पर चाय-नास्ता की एक दुकान में छापामारी कर भारी मात्रा में देशी-विदेशी शराब बरामद करने में सफलता पाई तथा दुकान मालिक प्रकाश सहनी को भी गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से शराब माफियाओं में खलबची हुई है। फारबिसगंज एसडीपीओ विकास कुमार ने कहा कि शराब के अवैध कारोबारियों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा। यही कार्रवाई यदि नियमित होती रहे तो संभव है कि शराब का अवैध कारोबार पर रोक लगाई जा सके। हालांकि देखने वाली बात होगी कि पुलिस की यह सक्रियता कितने समय तक रहता है।
लेकिन अहम सवाल है कि किसी बड़ी घटना के बाद ही पुलिस की सक्रियता क्यों दिखती है?

एसडीओ आवास के गेट पर हुआ महिला का प्रसव


अररिया : सोमवार को दोपहर बाद मंडल कारा रोड में एक अजीबोगरीब घटना घटी। बाजार करने आई एवं गर्भवती महिला को सदर एसडीओ आवास के मुख्य गेट पर हीं दर्द उठ गया और उसने एक बच्ची को जन्म दिया। महिला फारबिसगंज प्रखंड के डोरिया सोनापुर के अताबुल की पत्‍‌नी हमीदा खातुन है।
बताया जात है कि हमीदा खातुन सोमवार को अररिया बाजार करने आयी थी। एसडीओ आवास गेट पर उक्त महिला को दर्द उठ गया और एसडीओ गोपनीय कार्यालय के कर्मियों तथा प्रतिनियुक्त गार्ड के सहयोग से उक्त महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। बाद में अस्पताल प्रशासन का सूचित किया गया। जहां से एंबुलेंस भेजकर उक्त महिला को अस्पताल ले जाया गया।

बाइक के धक्के से छात्र जख्मी


कुसियारगांव (अररिया) : अररिया-रानीगंज मार्ग बिजली पावर हाउस के समीप साइकल से अररिया वार्ड न. 8 निवासी छात्र सोनू कुमार वर्मा ट्यूशन पढ़ने जाने के क्रम में मोटर साइकल सवार द्वारा ठोकर मार देने के कारण बुरी तरह जख्मी हो गया। तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक डा. बीके सिंह ने चिंताजनक स्थिति में पूर्णिया रेफर कर दिया। हालांकि मोटर साइकल को ग्रामीणों ने दबोच लिया है।

भ्रष्टाचार का सुपरपावर बनने की ओर भारत अग्रसर: अभाविप


अररिया : केन्द्र में कांग्रेस के मंत्रियों द्वारा भ्रष्टाचार के कारण आज सारा देश सकते में है। लोगों में भ्रष्टाचार के खिलाफ आक्रोश उभरता दिखाई दे रहा है। नित नये घोटालों की परते खुलने से भारत भ्रष्टाचार का सुपरपावर बनने की ओर अग्रसर दिख रहा है। यह बात अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बिहार प्रदेश मंत्री प्रवीण कुमार ने सोमवार को जिला प्रमुख के आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहीं।
प्रदेश मंत्री श्री कुमार ने कहा कि केन्द्र की यूपीए सरकार के मंत्रियों की बेईमानी एवं लूट के कारण देश की छवि को धक्का लगा है। उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ परिषद द्वारा चलाये जाने वाले आंदोलन के बारे में बताया कि भ्रष्टाचारी केन्द्र की सरकार के हटाने के लिए आगामी 27 जुलाई को राष्ट्रव्यापी मौन तोड़ो- हल्ला बोलो जिला रैली से संघर्ष की शुरूआत होगी। श्री कुमार ने कह कि रैली से पूर्व देश में व्याप्त भ्रष्टाचार को नियंत्रित करने एवं कालाधन वापस लाने के लिए राष्ट्रपति के नाम 18 सूत्री मांगों का ज्ञापन राष्ट्रपति को सौंपा जा रहा है। उन्होंने बताया कि रैली को सफल बनाने के लिए पूरे राज्य एक लाख पोस्टर, 2 लाख 50 हजार पर्चा, 50 हजार साहित्य जारी किया गया है। इससे पूर्व श्री कुमार ने रैली की सफलता को लेकर समीक्षा बैठक की। मौके पर जिला प्रमुख प्रो. महेन्द्र प्रताप सिंह, प्रदेश कार्य समिति सदस्य शैलेन्द्र झा, सुकांत आदर्श, नगर मंत्री कुणाल प्रियदर्शी, दिलीप कर्ण, अमित कुमार सिंह, विवेकानंद आदि मौजूद थे।

आंगनबाड़ी केन्द्रों की 1.58 लाख राशि का गबन


जोकीहाट (अररिया), : प्रखंड के प्रसादपुर पंचायत में आंगनबाड़ी केंद्रों में बड़े पैमाने पर अनियमितता का खेल चल रहा है। प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्रों से सीडीपीओ कार्यालय द्वारा जहां प्रतिमाह एक-एक हजार नजराना वसूला जा रहा है वहीं अब तक एक लाख 58 हजार की राशि गबन कर लिया गया है। यह खुलासा हुआ है सोमवार को मदरसा नोमानिया परिसर में आयोजित सोशल आडिट में। यह आडिट जनजागरण शक्ति संगठन के बैनर तले आयोजित किया गया है। सोशल आडिट का कार्य देर शाम तक जारी था। सोशल आडिट के दौरान पंचायत के विभिन्न आंगनबाड़ीे केन्द्रों के लिए वित्तीय वर्ष 2010-11 के लिए आये पोषाहार एवं टीएचआर की लगभग एक लाख 58 हजार की राशि गबन का खुलासा हुआ। गबन के दोषी पाये गये सेविकाओं ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। गबन की राशि में केन्द्र सं. 24 प्रावि छोटा प्रसादपुर में 17,423 रुपये, केन्द्र संख्या 219 तार मुक्तार टोला में 25,130, केन्द्र सं. 230 मुक्तार टोला में 26110, केन्द्र सं. 22 घोड़मारा में 23,383, केन्द्र सं. 27 प्रावि वाजिदपुर में 18,857, केन्द्र सं. 25 प्रावि चिकनियां में 13483, केन्द्र सं. 23 प्रसादपुर डुमरिया में 21,582, केन्द्र सं. 26 डुमरिया टोला में 16,555, केन्द्र सं. 218 सरदार टोला में 3,357 रुपये शामिल है। सेविकाओं ने अपनी गलती के लिए सीडीपीओ कार्यालय द्वारा प्रतिमाह एक हजार नजराना के तौर पर लेने की बात सार्वजनिक मंच पर स्वीकार किया। सर्वेक्षण में मौजूद डीपीओ चन्द्रप्रकाश ने सभी सेविकाओं को कार्यशैली में सुधार का निर्देश दिया। मौके पर जनजागरण शक्ति संगठन की कामायनी स्वामी एवं आशीष रंजन ने ग्रामीणों को अपने अधिकार के प्रति जागृत रहने का आग्रह किया। सोशल आडिट में जिन युवाओं ने महत्वपूर्ण भागीदारी निभायी उनमें रंजीत पासवान, सानियां अग्रवाल, मो. रिजवान, चन्दन निराला, आयोना बारदोलोई, खेमू राम सहित अन्य युवा एवं ग्रामीण शामिल थे।

स्वतंत्रता दिवस: कार्यालयों में होगा एक साथ ध्वजारोहण


अररिया : गणतंत्र दिवस की तरह इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भी सभी सरकारी कार्यालयों में एक साथ सुबह आठ बजे झंडोत्तोलन होगा। इसका निर्णय सोमवार को समाहरणालय स्थित आत्मन कक्ष में आयोजित बैठक में हुआ। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी डीएम सह अपर समाहत्र्ता कपिलेश्वर विश्वास ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि मुख्य समारोह नेताजी सुभाष स्टेडियम में होगा। स्टेडियम में सुबह 9 बजे प्रभारी मंत्री या डीएम के द्वारा झंडोत्तोलन किया जायेगा। मुख्य समारोह स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था दुरूस्त रखने का निर्देश एसपी को दिया गया जबकि ध्वजारोहण स्थल समेत शहर के प्रत्येक वार्ड की सफाई कराने का जिम्मा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को सौंपा गया। 13 अगस्त को डीआरडीए सभा भवन में कक्षा दस तक के छात्रों के बीच नारी सशक्तीकरण तथा वर्ग 10 से उपर प्राकृतिक आपदा चुनौती व समाधान विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित कराने का निर्णय हुआ। इसे अतिरिक्त 14 अगस्त को हड़ियाबाड़ा स्कूल निकट से टाल प्लाजा तक बालिका साइकिल रेस कराने पर भी सहमति बनी। 15 अगस्त के सुबह प्रभात फेरी होगी तथा झंडोत्तोलन के बाद फैंसी फुटबाल मैच आयोजित किया जायेगा। बैठक में एसडीओ डॉ. विनोद कुमार, डीएसपी बदरे आलम, डीएम के ओएसडी संजय कुमार, एनजीपीओ मो. कासिम, डीटीओ सदनलाल जमादार, एडीएसई जयकांत मिश्र, डीपीओ विधानंद ठाकुर, एडीपीआरओ योगेन्द्र कुमार लाल, मसूम रेजा, अब्दुल कादिर, अनवरी खातुन आदि मौजूद थे।

Monday, July 25, 2011

विभाग व बैंक के पेंच में फंस गया अल्पसंख्यक छात्रों के 60 लाख


अररिया : अल्पसंख्यक छात्रों के उत्थान के लिए सरकार द्वारा चलाई गई मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक प्रोत्साहन योजना का हाल जिले में खास्ता है। प्रथम श्रेणी में मैट्रिक पास करने वाले अल्पसंख्यक छात्रों को उक्त योजना के तहत सरकार ने 10 हजार व इंटर प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण करने वाले को चार हजार की नकद राशि देने का निर्णय लिया है। लेकिन वर्ष 2010 में मैट्रिक की परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण अल्पसंख्यक छात्र-छात्राओं को यह वजीफा राशि अब तक प्राप्त नहीं हो पायी है। कल्याण विभाग के अधिकारी का कहना है कि उन्होंने 60 लाख का चेक एडीबी ब्रांच एसबीआई को दिया है। जबकि बैंक ने स्टाफ की कमी बता कर ड्राफ्ट बनाने से इंकार कर दिया है। जिले में राशि को आये करीब एक माह हो गये हैं किंतु अधिकारियों की उदासीनता से इसके लाभ से छात्र वंचित हैं। इस संबंध में जिला कल्याण पदाधिकारी सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि 2461 छात्र-छात्राओं तथा 18 विद्यालयों के लिए डीएम एम. सरवणन के निर्देश पर एसबीआई एडीबी ब्रांच को 60 लाख रुपये ड्राफ्ट बनाने के लिए दिये गये थे। श्री मिश्रा ने बताया कि बैंक ने स्टाफ की समस्या व सिक्युरिटी पेपर का अभाव बताकर ड्राफ्ट बनाने से इंकार कर दिया तथा चेक को बैरंग वापस लौटा दिया है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2010 में मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक प्रोत्साहन योजना के लिए मैट्रिक प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 386 छात्रों का चयन किया गया। जबकि प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए 2075 छात्रों के नाम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त इसी योजना के तहत 18 अल्पसंख्यक विद्यालय व मदरसों को भी अनुदान राशि दिया जाना है। परंतु विभाग व बैंक के आपसी खींचतान में छात्रों का हित ताक पर रख दिया गया है जिससे योजना के उद्देश्य पर ही प्रश्न चिन्ह लग गया है।

फसल चराने के सवाल पर मारपीट, चार जख्मी


कुसियारगांव (अररिया) : रानीगंज थाना क्षेत्र विशनपुर गांव में फसल चराने को लेकर शनिवार को दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में चार लोग जख्मी हो गये जिन्हें इलाज के लिए दो को सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना थाना में दे दी गयी है।
घायलों में निर्मल कुमार मंडल, पारस कुमार मंडल व आसमनी मंडल को रेफरल अस्पताल रानीगंज में भर्ती कराने की बात कही गयी है जबकि शंभू मंडल को पूर्णिया रेफर किया गया है।

मारपीट में आधा दर्जन जख्मी

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज थाना क्षेत्र के ढोलबज्जा तथा भाग कोहलिया गांव में रविवार को हुई अलग-अलग मारपीट की घटना में करीब आधा दर्जन लोग जख्मी हो गये। घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ढोलबज्जा के ईदगाह टोला में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में इसरत जहां, कुलसूम, जुबेर सहित अन्य लोग जख्मी हो गये। जबकि भाग कोहलिया गांव में आपसी विवाद में हुए मारपीट में शाह टुनटून सहित अन्य जख्मी हो गये।

जांच पूरी कर वापस लौटी आयोग की टीम


अररिया : राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की टीम भजनपुर मामले की जांच पूरी करने के बाद रविवार को वापस दिल्ली लौट गयी।
लौटने से पहले डीएसपी एसकेएस बंसल के नेतृत्व में टीम ने भजनपुर गांव का दो तीन बार दौरा किया तथा सौ से अधिक लोगों के बयान कलमबंद किये। आयोग की टीम तीन दिनों तक जिले में रही और दर्जनों लोगों से मिली।
टीम ने पुलिस व नागरिक प्रशासन के अधिकारियों, पुलिस जवानों, निर्माणाधीन स्टार्च फैक्ट्री के लोगों व अन्य नागरिकों के बयान दर्ज किये तथा घटना स्थल का सघन मुआयना किया।
टीम के नेतृत्वकर्ता श्री बंसल ने बताया कि मामले के हर पहलू पर सघन जांच की गयी है तथा दिल्ली लौट कर आयोग के अध्यक्ष को पूरे मामले की रिपोर्ट समर्पित कर दी जायेगी।

पार्षद ने किया विद्यालयों का निरीक्षण


फारबिसगंज (अररिया) : नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के जिला पार्षद कलानंद बिराजी ने शनिवार को कई विद्यालयों का निरीक्षण किया जहां उन्होंने कई अनियमितताएं पकड़ी तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी से उसकी जांच की अनुशंसा की है। उन्होंने घुरना थाना क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय उर्दू, प्राथमिक विद्यालय लखन सिंह टोला, मध्य विद्यालय घूरनी पथराहा, राम कृपाल मेहता टोला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने बताया कि विद्यालयों में कई अनियमितताएं देखी गयी हैं। एमडीएम सहित भवन निर्माण कार्य में भी काफी घाल-मेल किया गया है। उन्होंने डीईओ अररिया सहित संबंधित अधिकारियों से उक्त विद्यालयों की जांच करने की मांग की है।

प्रेमिका ने किया आत्मसमर्पण

कुसियारगांव (अररिया) : नगर थाना क्षेत्र के महिला कोल गांव से प्रेम प्रसंग के कारण एक साल पूर्व अपने प्रेमी के साथ भागी एक प्रेमिका ने शनिवार को नगर थाना पहुंच कर आत्म समर्पण कर दिया। प्रेमिका (काल्पनिक नाम) सपना देवी का पुलिस ने मेडिकल जांच सदर अस्पताल में कराया है। सपना ने बताया कि वह अपनी मर्जी से अपने प्रेमी से शादी कर ली है तथा वे अपने पति के साथ दिल्ली में रह रहे हैं। उसने अपनी मां कला देवी द्वारा अपहरण का मामला दर्ज करवाये जाने की बात को गलत बताया है।

मानव व्यापार: सभ्य समाज पर लगा सबसे बड़ा कलंक




अररिया : मानव व्यापार न केवल अनैतिक है, बल्कि सभ्य समाज के माथे पर लगा सबसे बड़ा कलंक है। यह बात अररिया के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश वायुनंदन सिंह ने रविवार को संघ भवन में आयोजित एक कार्यशाला में कही। कार्यशाला का आयोजन डीडीडब्लुएस के सौजन्य से किया गया तथा इसमें कई न्यायाधीश, पुलिस अधिकारी, अधिवक्ता व प्रबुद्ध जन शामिल हुए।
न्यायाधीश श्री सिंह ने कहा कि मानव व्यापार को रोकना हर हाल में जरूरी है। क्योंकि इससे नैतिकता का ह्रास होता है तथा पूरा समाज छिन्नभिन्न हो जाता है। उन्होंने कहा कि यह व्यापार तथाकथित इंटलेक्चुअल लोगों द्वारा शुरू किया गया व्यापार है तथा सामाजिक दृष्टि से इससे अधिक घृणित कुछ हो ही नहीं सकता।
इसका कारण ढूंढ कर उसका निवारण करना जरूरी है। श्री सिंह ने कहा कि मानव व्यापार रोकने के लिए हमें अपनी हद से बाहर निकलना होगा तथा नैतिकता के स्तर को उठाना होगा।
वहीं, एडीजे शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मानव व्यापार के पीछे पैसे की लालच प्रमुख कारण है तथा सामाजिक विषमताओं की वजह से यह परवान चढ़ता है। इस पर नियंत्रण के लिए पुलिस व स्वयंसेवी संगठनों को सक्रिय होने की जरूरत है।
वरिष्ठ अधिवक्ता देव नारायण सेन ने कहा कि मानव व्यापार नियंत्रण के लिए अफसरशाही नहीं मानवीय दृष्टि जरूरी है।
कार्यक्रम की शुरूआत डीडीडब्लुएस के स्टेट प्रोग्राम मैनेजर कन्हैया सिंह ने की। वहीं, जिला समन्वयक
साकेत कुमार श्रीवास्तव ने जिले में मानव व्यापार नियंत्रण को ले चलाए जा रहे विभिन्न कार्यो की रूपरेखा रखी। जबकि संस्था की लीगल एडवाइजर तथा बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष श्रीमती रीता घोष ने बाल श्रम, बाल कल्याण सहित मानव व्यापार के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर एडीजे जितेंद्र सिंह, अधिवक्ता अशोक मिश्र,डीपीओ चंद्र प्रकाश, कानूनी सलाहकार कन्हैया सिंह आदि ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में
एडीजे राधेश्याम सिंह,
पुलिस इंस्पेक्टर अनिल कुमार, आरपीएफ के सैयद एहसान अली सहित कई युवा पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

अपहरण का मामला दर्ज,एक गिरफ्तार


रेणुग्राम (अररिया) : सिमराहा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर कोठी निवासी पिंकी देवी ने अपने पति ओम प्रकाश मेहता का अपहरण किये जाने का मामला थाना में दर्ज कराया है। इस संबंध में पीड़िता ने आलोक मेहता, विमल मेहता, शंभू मेहता, उदय मेहता को नामजद किया है। इसको लेकर काड संख्या 355/11 दर्ज की गई है। वही सिमराहा थाना पुलिस ने इस मामले में नामजद आलोक मेहता को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया है।

आधा दर्जन जुआड़ी पकड़ाए


फारबिसगंज : फारबिसगंज डीएसपी विकास कुमार व थाना प्रभारी सुबोध ठाकुर के नेतृत्व में शनिवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर छापामारी कर आधा दर्जन जुआड़ियों को हिरासत में लिया गया है।

हजारों की सम्पत्ति राख


रेणुग्राम (अररिया) : प्रखंड के तिरसकुंड गांव में शनिवार की रात कुलानंद बैठा के घर में अचानक आग लग जाने से हजारों की सामान जल कर राख हो गये। अगलगी में श्री बैठा के किराना दुकान का भी सामान जल गया। समिति सदस्य उमेश पांडे ने इसकी सूचना प्रखंड कार्यालय को दी है।

सड़क हादसे में घायल युवक की मौत


कुर्साकांटा (अररिया) : अररिया से घर लौट रहे कुर्साकांटा निवासी केएन राम के सत्रह वर्षीय पुत्र मनोहर आजाद की मौत मोटरसाइकिल दुर्घटना में हो गयी। ज्ञात हो कि बुधवार को अररिया से घर लौटने के क्रम में उसकी मोटरसाइकिल तेगछिया के निकट एक भैंस से टकरा गयी थी जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया था। घायल अवस्था में कुर्साकांटा सिलीगुड़ी में उसने दम तोड़ दिया।

सड़कें हुई कीचड़मय, आवागमन प्रभावित


पलासी (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं विभिन्न गांवों को प्रखंड से जोड़ने वाली सड़कों के कीचड़मय हो जाने के कारण आवाजाही में आमजनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्राप्त जानकारी अनुसार, पलासी से भाया मालद्वार धर्मगंज पथ, मेहरू चौक से धर्मगंज, हनुमान चौक मालद्वार से कोढ़ैली अरड़बाड़ी आदि पथों के कीचड़मय हो जाने के कारण इस होकर दो पहिया व चारपहिया वाहन तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। हालांकि धर्मगंज से भाया मालद्वार होते हुए बरहट चौक तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन है, किंतु संबंधित ठेकेदारों के सुस्ती के कारण महादलित टोला मालद्वार से लक्ष्मी स्थान मालद्वार तक बेडमिसाली नहीं दिये जाने के कारण व ट्रैक्टरों की आवाजाही से इन पर दो से तीन फीट गड्ढा हो गया है। जबकि इस सड़क से होकर प्रतिदिन दर्जनों गांवों के लोगों की आवाजाही होती है। गौरतलब है कि इन गांवों के लोगों को रोजमर्रे की चीजें क्रय-विक्रय का एक मात्र बाजार पलासी प्रखंड मुख्यालय ही है।

इंदिरा आवास एवं स्मार्ट कार्ड के लिए लगाए गए शिविर


फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के मलुआ, अम्हारा एवं किरकिचिया पंचायत में शनिवार को इंदिरा आवास योजना के लिए पासबुक बनाने हेतु शिविर का आयोजन किया गया। वहीं शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से बीपीएल परिवारों को स्वास्थ्य सुविधा के तहत स्मार्ट कार्ड भी बनवाये गये हैं। इस मौके पर शिविर में भारी भीड़ उमड़ रही है। प्रखंड कर्मी, बैंक कर्मी सहित जनप्रतिनिधि गण इन शिविरों में उपस्थित होकर व्यवस्थित तरीके से लाभुकों को पासबुक खुलवाने के कार्य में लगे दिखे। शिविरों में पुरुषों के अलावा बड़ी संख्या में महिला लाभुको ने निर्धारित कागजात जमा कर खाते खुलवाने के उत्सुकता के साथ कतारों में खड़ी देखी गई। इस मौके पर किरकिचिया पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय कटहरा के शिविर में मुखिया परमानंद यादव सहित कई सरकारी कर्मी उपस्थित थे। गौरतलब हो कि प्रखंड के सभी पंचायतों में इंदिरा आवास योजना में सूचीबद्ध लाभुकों का पासबुक खोलने के लिए गत 18 जुलाई से प्रत्येक दिन तीन पंचायतों में शिविर का आयोजन किया जा रहा है जो आगामी 18 अगस्त तक चलेगा। तदोपरांत 27 अगस्त को प्रखंड मुख्यालय में शिविर लगाकर लाभुकों के बीच पासबुक बांटे जाने का कार्यक्रम निर्धारित है।

रैली की सफलता को ले अभाविप की बैठक


अररिया : भ्रष्टाचार-महंगाई व कालाधन के विरोध में आगामी 27 जुलाई को होने वाली छात्र रैली की सफलता को लेकर शनिवार को कुसियारगांव मध्य विद्यालय के प्रागंण अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद शाखा अररिया की बैठक आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रमुख एमपी सिंह ने की। जबकि कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश मंत्री प्रवीण कुमार ने द्वीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने आगामी रैली में अधिक से अधिक छात्रों को भागिदारी निभाने की अपील की। मौके पर कुसियारगांव छात्र ईकाई का गठन किया गया। कमिटि में अरुण कुमार सिंह अध्यक्ष, संयोजक विवेकानंद, सह संजोयक पद पर मुशकिल कुशा, सूरज, संजय, अमित, अमरजीत, ज्ञान चंद, सुिमत चयनित किये गये हैं। वहीं कार्यकारिणी सदस्य में विनायक, रीतेश, नीतेश, ज्ञानदेव, विकास, प्रशांत, अशोक, गौतम, इन्द्रजीत, हैदर अली, चन्द्रशेखर, धीरज, दीपक, रवि, भोला यादव एवं पप्पू यादव को शामिल किया गया है। बैठक को कुणाल प्रियदर्शी एवं सुकांत आदर्श ने भी संबोधित कर रैली को सफल बनाने में बल दिया।

पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार


अररिया : सिमराहा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर कोठी की रहने वाली लक्ष्मी देवी ने फारबिसगंज थाना कांड संख्या 354 एवं 355 का अनुसंधान पुलिस कप्तान अररिया से स्वयं करने की मांग करते हुये न्याय की गुहार लगायी है। पुलिस कप्तान को सौंपे अनुरोध पत्र में प्रार्थी ने बताया है कि कांड संख्या 355 के वादी पिंकी देवी के पति ओम प्रकाश मेहता, भाई जय प्रकाश मेहता एवं उमाकांत मेहता के पक्ष में शिवपुरी की जमीन बिना मूल्य चुकाये निबंधन कराना चाह रहे थे। लेकिन वह इंकार कर गयी। इसी रंजिश में उनलोगों के साथ मारपीट करते हुए उनके दामाद का अपहरण कर लिया था। जब वह पुलिस के पास कांड संख्या दर्ज कराकर न्याय की गुहार लगायी तो उनके विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज करायी गयी। उन्होंने दोनों मामले की जाच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

दहेज नहीं लाने पर विवाहिता को घर से निकाला, पति गिरफ्तार


पलासी (अररिया) : प्रखंड क्षेत्र के मजलिसपुर गांव में दहेज के रूप में दो लाख रुपये नहीं लाये जाने के कारण एक विवाहिता को ससुराल वालों ने मारपीट व प्रताडि़त कर घर से निकाल दिया है। साथ ही पति भवेश मंडल ने दूसरी शादी भी कर ली है। इस बाबत पीड़िता गूंजा देवी ने पलासी थाना में शनिवार को पति सहित सात व्यक्तियों के विरुद्ध एक नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है। हालांकि पीड़िता के मायके वालों ने शनिवार को भवेश मंडल को पलासी बाजार में पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया है। जिसे पलासी थाना पुलिस ने रविवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया। दर्ज मामले में पीड़िता ने कहा है कि उनकी शादी करीब 6 वर्ष पूर्व मजलिसपुर गांव के लक्ष्मी मंडल के पुत्र भवेश मंडल के साथ यथा संभव दहेज देकर हुई थी। जिससे उन्हें पांच वर्ष का एक पुत्र भी है। शादी के एक साल बाद ही दुकान करने हेतु दो लाख, मोटर साइकिल, सवा एकड़ जमीन आदि की मांग की जाने लगी। नहीं लाने पर जहर खिलाकर मार देने अथवा पेट्रोल छिड़कर जिंदा जलाने की धमकी ससुराल वालों द्वारा दी जाती थी। इसी का विरोध करने पर पति, ससुर, सास, भैंसूर आदि ने करीब एक वर्ष पूर्व मारपीट कर भगा दिया। तब से वह अपने मायेके पकरी गांव में अपने पिता नागेश्वर मंडल के यहां रह रही है। इधर जानकारी मिली कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है। बाध्य होकर पीड़िता ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगायी है। इस बाबत थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।

पंचायत समिति की बैठक में योजनाओं पर चर्चा


कुर्साकांटा (अररिया) : पंचायत चुनाव के बाद पंचायत समिति की पहली बैठक रविवार को प्रखंड मुख्यालय स्थल सभागार में आयोजित की गयी। बैठक में सदस्यों की उपस्थित के सवाल पर दो पक्षों के बीच काफी देर तक विवाद चला। कोरम पूरा करने के उपरांत विलंब से बैठक की कार्यवाही प्रारंभ हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रखंड प्रमुख धनजीत सिंह ने सभी सदस्यों का अभिवादन किया। बैठक में उपस्थित पीओ मनोज कुमार ने मनरेगा के तहत 8 परियोजना एवं उसके क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी सदस्यों को दी। वहीं मध्य एवं प्राथमिक विद्यालयों में मध्याह्न भोजन के सुचारू रूप से नहीं चलने को लेकर बीईओ राम दयाल शर्मा से जवाब-सवाल किये। बैठक में बीडीओ राजी कुमारी, प्रभारी चिकित्सा प्रभारी डा. राजेन्द्र कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी मोहन प्रजाहिज, आपूर्ति पदाधिकारी बजरंगी चौधरी, भोला मेहता, उप प्रमुख अख्तरी बेगम, वीरेन्द्र दास, मनोज सिंह, उमेश विश्वास, वीना देवी, मीरा देवी आदि अनेकों समिति सदस्य एवं मुखियागण मौजूद थे।

Sunday, July 24, 2011

एसएसबी: इंटर बटालियन एथलेटिक्स प्रतियोगिता शुरू


बथनाहा(अररिया) : शनिवार को बथनाहा स्थित एसएसबी 24 वीं बटालियन मुख्यालय में इंटर बटालियन एथलेटिक्स कम्पीटिशन का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता की शुरूआत 24 वीं बटालियन के प्रभारी सेनानायक बीआर चौहान द्वारा ध्वजारोहण कर की गयी। प्रतियोगिता में पूर्णिया सेक्टर के कुल पांच बटालियन यथा 35 वीं बटालियन राजनगर, 14 वीं बटालियन जयनगर, 28 वीं बटालियन अररिया, 24 वीं बटालियन बथनाहा एवं 18 वीं बटालियन वीरपुर के एथलीटों ने भाग लिया। खेल में मुख्य रूप से 1500 मीटर दौड़, 400 मीटर की दौड़, लंबी कूद एवं उंचीकूद आदि शामिल हैं।
प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रभारी सेनानायक बीआर चौहान ने किया। मौके पर उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में हर प्रतिस्पर्धी की यह इच्छा होती है कि वह सफल हो किंतु असफलता से निराश न होकर अगले प्रतियोगिता में सफल होने के लिए प्रयास में जुट जाना चाहिए। इस अवसर पर सहायक सेनानायक ओ. आकेन्द्र सिंह, अजय यादव, एसआई चैतन्य शर्मा, नरेन्द्र सिंह आदि पदाधिकारी मौजूद थे।

सदर अस्पताल में मरीजों का हंगामा


कुसियारगांव(अररिया) : प्रशासनिक लापरवाही के कारण सदर अस्पताल अररिया के आउटडोर की व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। शनिवार को दो रुपये शुल्क देने के बावजूद कुछ रोगियों को देखा नहीं जा सका। जिससे क्षुब्ध मरीजों व उनके परिजनों ने अस्पताल में जम कर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार अधिक संख्या में रोगी होने के कारण डयूटी पर तैनात चिकित्सक डा. देवनारायण प्रसाद साह ने पर्ची काटना बंद कर दिया, जिस कारण अस्पताल में भगदड़ जैसी स्थिति हो गयी। हो हंगामा को देख अस्पताल प्रबंधक विकास कुमार आनंद ने वैकल्पिक व्यवस्था कर पुन: पर्ची काटने की शुरूआत करवायी। जानकारी अनुसार जिले के दूर दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से इलाज कराने अस्पताल पहुंचे मरीजों के परिजनों ने दो रूपये शुल्क देकर पर्ची कटवाये। समय समाप्त होने के बाद डाक्टर चले गये। पुन: चार बजे के आउटडोर में मरीज डाक्टर का इंतजार करने लगे। चार बजे के लगभग एक चिकित्सक के आते ही मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। जिससे डाक्टर बौखला गये और पर्ची काटना बंद करा दिया। इसके बाद आक्रोशित मरीजों के परिजनों ने हो हंगामा शुरू कर दिया। इसकी सूचना मिलने पर अस्पताल प्रबंधक विकास कुमार आनंद अतिरिक्त चिकित्सक की व्यवस्था कर मरीजों को दिखवाया गया। और पुन: पर्ची काटने के लिए कहा। आधा घंटा से अधिक समय बीत जाने पर अस्पताल में लगे सुरक्षा कर्मियों द्वारा किसी तरह मामला शांत कराया गया।

450 अग्निपीड़ितों को मिली मुआवजा राशि


जोकीहाट(अररिया) : अंचल कार्यालय जोकीहाट में विशेष शिविर आयोजित कर विधायक सरफराज आलम ने लगभग 450 अग्निपीड़ितों के बीच वर्ष 2010-11 का राशि वितरण किया। प्रत्येक अग्नि पीड़ितों को 2250 रूपये की दर से दिया गया।
विधायक श्री आलम ने कहा कि शिविर के माध्यम से अगर योजनाओं का लाभ लाभुकों को दिया जाये तो दलाली प्रथा खत्म की जा सकती है। श्री आलम ने जोकीहाट एवं पलासी प्रखंड को दलाल मुक्त बनाने के लिए आवाम का समर्थन की जरूरत बताया। भ्रष्टाचार के विरूद्ध बोलते हुए उन्होंने कहा मुझे कुर्सी छोड़ना पसंद है लेकिन भ्रष्टाचारियों से समझौता मंजूर नहीं। उन्होंने प्रखंड के विकास के लिए अंचल एवं प्रखंड के बीच तालमेल को आवश्यक बताया। शिविर की अध्यक्षता सीओ अबुल हुसैन ने तथा मंच संचालन रफीक आलम ने किया। मौके पर प्रधान अंचल सहायक प्रमोद सिन्हा, अंचल निरीक्षक रवींद्र प्रसाद, नाजिर गजेन्द्र प्रसाद, नौशाद आलम, एकराम, आफताब, अबु हसन आदि मौजूद थे।

छापामारी मेंएक लाख का शराब बरामद


फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज के मेला चौक पर शनिवार की देर संध्या पुलिस ने छापामारी कर एक चाय नाश्ता की दुकान से करीब एक लाख रूपये से अधिक मूल्य का शराब बरामद किया। उक्त शराब को चोरी छिपे बेचे जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद यह कार्रवाई हुई है। पुलिस ने छापामारी के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने की भी सूचना है। दुकान में दर्जनों कार्टून में बीयर की बोतलें, विदेशी शराब की विभिन्न ब्रांडों की बोतले छिपाकर रखी गयी थी। इधर पुलिस द्वारा की गयी कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है। मालूम हो कि अररिया एसपी गरिमा मल्लिक के निर्देश पर फारबिसगंज नगर सहित ग्रामीण इलाकों में फारबिसगंज एसडीपीओ विकास कुमार के नेतृत्व में दिन भर कई जगहों पर छापामारी की गयी।

प्रारंभिक शिक्षक संघ ने डीइओ को सौंपा ज्ञापन

अररिया : जिला प्रारंभिक शिक्षक संघ ने शनिवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद को छह सूत्री मांगों को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में प्रवरण कोटि में प्रोन्नति की मांग, स्नातक कला, विज्ञान कोटा से बचे शिक्षकों की प्रोन्नति, रिक्त निकासी एवं व्य्यन पदाधिकारी का पदस्थापन, बीआरसी व सीआरसीसी का निर्वाचन ससमय कराने आदि मुख्य मांग दर्शायी गयी है। ज्ञापन सौंपने वक्त संघ के सरंक्षण सूर्यकिशोर झा, प्रधान सचिव रामानंद यादव, उप प्रधान सचिव शैलेन्द्र कुमार राय आदि शामिल थे।

टेंपू पलटा, आधा दर्जन जख्मी

कुसियारगांव (अररिया) : जोकीहाट मार्ग पर जीरोमाइल के समीप शनिवार को पलासी से लौट रही टेंपू के अचानक पलटी खा जाने के कारण आधा दर्जन से ज्यादा लोग जख्मी हो गये। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया है। वहीं कुछ अति गंभीर रूप से जख्मी मरीजों को निजी नर्सिग होम में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचे मरीजों में मो. फैयाज आलम सिकटिया काकन, लक्ष्मन प्रसाद चांदीपुर पलासी, कोमल कुमारी, रामपुर के आसिब आदि शामिल हैं।

पति पत्‍‌नी को घायल कर राशि लूटी, महिला ने लगाया दुष्कर्म का आरोप

अररिया : नगर थाना क्षेत्र के चंद्रदेई हटिया पर शुक्रवार की रात व्यवसायी युसूफ कुरैशी एवं उनकी पत्‍‌नी बीबी शमीना के साथ दो बदमाशों ने धारदार हथियार से मारकर बुरी तरह जख्मी कर दिया। जख्मी हालत में व्यवसायी दंपत्ति से बदमाशों ने साढ़े तीन हजार नगदी व अन्य समान छीन ली। हो हल्ला सुनकर जब तक आस-पास के लोग दौड़कर आते तब तक बदमाश भागने में सफल रहे। घटना के बाद घायल दंपत्ति को इलाज के लिये सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया है। जख्मी हालत में पीड़ित ने दो लोगों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है जबकि पुलिस के समक्ष मारपीट एवं लूट का बयान अंकित करायी है। घटना की पुष्टि स्थानीय मुखिया मो. आसिफुर्रहमान ने भी किया है। घायल अवस्था में व्यापारी दंपत्ति में बताया कि रात के करीब नौ बजे मांस बेचकर वे दोनों अपने घर लौट रहे थे। हटिया पर पहुंचते ही जोर की बारिस शुरू हो गयी। वर्षा शुरू होते हीं वे दोनों हटिया पर रूक गये। रात के करीब बारह बजे हबीब एवं चुन्ता नामक दो व्यक्ति ने बीबी शमीना के साथ जोर-जबरदस्ती करने लगा। पीड़ित व्यापारी ने बताया कि जब वह विरोध किया तो उन्हें धारदार हथियार से वार कर जख्मी कर दिया। हो हल्ला मचाने पर दोनों बदमाशों ने उनकी पत्‍ि‌न को भी मारकर बुरी तरह जख्मी कर दिया। पीडि़ता ने बताया कि पत्‍ि‌न के घायल होने के बाद उनके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

थानाध्यक्ष के विरुद्ध कोर्ट ने भेजा डीजीपी को पत्र

अररिया : हत्या के प्रयास से संबंधित एक लंबित वाद में अररिया कोर्ट द्वारा कारण बताओ नोटिस के बावजूद केश प्रस्तुत नहीं करने के कारण एडीजे उमेश चंद्र मिश्रा ने शनिवार को सिमराहा थानाध्यक्ष के विरुद्ध डीजीपी, पटना एवं डीआईजी पूर्णिया समेत अररिया के पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा है।

पुत्र को मुक्त कराने की गुहार

अररिया : सोनामनी गोदाम थाना क्षेत्र के गहनू यादव ने पटना पहुंचकर राज्य श्रमायुक्त से मिलकर पंजाब से अपने पुत्र को मुक्त कराने की गुहार लगायी है। श्रमायुक्त को दिये गये आवेदन में गहनू यादव ने दर्शाया है कि उनका 28 वर्षीय पुत्र बौकू यादव जो गूंगा है को पंजाब प्रांत अंतर्गत पटियाला जिले के शंभू थाना क्षेत्र में बलदेव सिंह के कब्जे में है। आवेदक में श्रमायुक्त से न्याय की गुहार लगायी है।

महिला के साथ दुष्कर्म, मामला दर्ज


फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज थाना क्षेत्र के रामपुर दक्षिण पंचायत की एक महिला बीबी हसीना खातून(45,काल्पनिक नाम) ने गांव के ही तीन लोगों पर दुष्कर्म करने के आरोप में कांड संख्या 356/11 दर्ज करायी है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार बीते 20 जुलाई की संध्या महिला अपने घर लौट रही थी तो रास्ते में बसबिट्टी के समीप मो. आमिर, मो. ताहिर तथा एक अन्य ने जबरन उसे पकड़कर दुष्कर्म किया।

अभाविप के छात्रों ने निकाली रैली


फारबिसगंज(अररिया) : देश में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ 27 जुलाई को आयोजित राष्ट्रव्यापी जिला रैली प्रदर्शन के समर्थन में शनिवार को स्थानीय द्विजदेनी हाईस्कूल मैदान से अभाविप के छात्रों ने एक साइकल जुलूस निकाली जो शहर का भ्रमण करते हुए स्टेशन चौक पर जाकर संपन्न हुआ। छात्रों ने यूपीए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रैली का शुभारंभ प्रदेश मंत्री प्रवीण कुमार ने परिषद का ध्वज दिखाकर किया। रैली का नेतृत्व जिला संयोजक मनोरंजन मेहता ने की।
इस मौके पर रविशंकर यादव, सुबोध मोहन ठाकुर, पिंटू यादव, आशीष सिंह, गुडडु कुमार, अवधेश कुमार, पवन कुमार, दिलीप कर्ण आदि मौजूद थे।

खबासपुर में 16 केवी के दो ट्रांसफार्मर चोरी


रेणुग्राम (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के खबासपुर गांव में लगे 16 केवी का दो ट्रांसफार्मर चुरा ली गई। इस बाबत मुखिया कुमार नाथ झा ने बताया कि इसकी सूचना विद्युत विभाग को दे दी गई है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों से गांव में जल्द ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की।

दिल्ली रैली की सफलता को ले भाजयुमो की बैठक


रेणुग्राम (अररिया) : बढ़ती महंगाई एवं भ्रष्टाचार के मामले को लेकर आगामी 9 अगस्त को दिल्ली के रामलीला मैदान में आहूत रैली व संसद भवन घेराव को लेकर भाजयुमो कार्यकर्ताओं की एक बैठक खवासपुर में आयोजित की गई। जिसमें काफी संख्या में जिले से युवाओं की भागीदारी पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता युवा मोर्चा के प्रदेश कार्य समिति सदस्य एवं जिला कार्यक्रम संयोजक दिलीप कुंवर ने की। बैठक में भाजपा नेता दिलीप मेहता, पैक्स अध्यक्ष तरूण झा, प्रमोद चौधरी, रामानंद झा, प्रदीप चौरसिया आदि दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

बिजली चोरी: दो के खिलाफ प्राथमिकी

रानीगंज (अररिया) : विशेष अभियान के तहत अवैध रूप से बिजली की चोरी करने के आरोप में दो व्यक्तियों के विरुद्ध रानीगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। बिजली विभाग के सहायक अभियंता किरण कुमार के नेतृत्व में चलाये जा रहे इस विशेष अभियान से विद्युत उर्जा की चोरी करने वालों में हड़कंप है। सहायक अभियंता किरण कुमार द्वारा दर्ज प्राथमिकी कांड संख्या 154/11 में कहा गया है कि बुधवार की शाम रानीगंज बाजार में विभाग द्वारा चलाये जा रहे विशेष अभियान में राजेश पंजियार एवं विनोद कुमार नामक दोनों व्यक्ति पर अवैध रूप से बिजली चोरी करते पाया गया। विद्युत अधिनियम 2003 के धारा 135 के तहत दर्ज प्राथमिकी में क्रमश: 71730 रुपये एवं 1 लाख 79 हजार 565 रुपये के राजस्व हानि की बात कही गयी है। इधर इस घटना को लेकर रानीगंज क्षेत्र में विद्युत की अवैध रूप से चोरी करने वालों में हड़कंप है।

बोलबम यात्रा पर चला शिवभक्तों का कारवां


अररिया : बाबा के प्रति श्रद्धा व समर्पण की भावना ने शिवभक्तों की डोर खींचनी शुरू कर दी है। घर से गंगाधाम तक वाहन में और वहां से बाबा धाम तक पांव पैदल..। सावन आते ही शिवभक्तों का सैलाब एक बार फिर उमड़ने लगा है।
जिले के विभिन्न रेलवे स्टेशनों व बस पड़ावों पर केसरिया वस्त्रों में सजे कांवरियों का बोल बम की यात्रा पर लगातार प्रयाण जारी है।
अररिया कोर्ट स्टेशन पर एक शिवभक्त ने बताया कि बाबा भोले की कृपा से ही उन्हें बेटे की प्राप्ति हुई। इसी की कृतज्ञता स्वरूप वे पत्‍‌नी के साथ हर साल बाबाधाम जाकर भगवान भोलेशंकर पर गंगाजल का रिसाल करते हैं। अब बेटा भी बड़ा हो गया है और वह भी जा रहा है।
इधर, शहर के जीरो माइल पर केसरिया सैलाब लगातार दिख रहा है। उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी सहित अन्य शहरों के अलावा नेपाल, सिक्किम व भूटान के भी कांवरिये एसएच 63 के रास्ते अररिया जीरो माइल होकर भागलपुर सुल्तानगंज की ओर प्रस्थान कर रहे हैं।
सावन के कारण अब जिले के विभिन्न बाजारों में केसरिया पैंट, गंजी, गमछा, टार्च, झोले, प्लास्टिक की चादर आदि की बिक्री बढ़ गयी है। कुछ जगहों पर दुकानदारों ने अपने स्टाल पर सजीधजी कांवरें भी बिक्री को ले लगा रखी हैं।

टेंपू स्टैंड से जाम की समस्या हुई विकराल

फारबिसगंज(अररिया) : शहर के अस्पताल रोड में फुलवरिया हाट से मेला रोड चौक तक सड़क के किनारे मनमाने ढंग से टेंपू व अन्य यात्री वाहन पड़ाव करने के कारण लोगों को यातायात में काफी कठिनाई हो रही है। वाहनों के अवैध रूप से पड़ाव करने के चलते इस खंड पर हमेशा ही सड़क जाम की स्थिति बनी रहती है। फलस्वरूप रेफरल अस्पताल, अनुमंडल न्यायालय, बस पड़ाव आदि स्थानों पर जरूरी काम से जाने-आने वाले लोगों का काफी समय नाहक ही बर्बाद हो जाता है। जबकि स्थानीय नागरिकों ने करीब एक माह पूर्व ही एक बैठक आयोजित कर यहां लगने वाले टेंपू एवं अन्य वाहनों के स्टैंड को अन्यत्र हटवाने की मांग नगर परिषद एवं स्थानीय प्रशासन से किया था। लेकिन एक माह गुजर जाने के पश्चात भी वाहनों का यहां लगने एवं इस कारण सड़क जाम की समस्या बदस्तूर जारी है। जबकि इस मार्ग होकर प्रशासनिक पदाधिकारियों का प्रतिदिन जाना-आना रहता है। बावजूद इसके भी कोई कार्रवाई नहीं किया जाना नागरिकों के समझ से पड़े है। वहीं जब इस सबंध में न. परिषद के मुख्य पार्षद से वीणा देवी से सवाल किया गया तो उन्होंने बताया कि इस विषय में स्थानीय थाना को सूचित किया गया है और उनके सहयोग से वाहनों को नगर परिषद द्वारा निर्धारित टैक्सी स्टैंड में शिफ्ट किया जाएगा।

सांप्रदायिक हिंसा अधिनियम अलोकतांत्रिक: केसरी


फारबिसगंज(अररिया) : केंद्र सरकार द्वारा सांप्रदायिक और लक्षित हिंसा अधिनियम 2011 को मंजूरी हेतु संसद के मानसून सत्र में लाये जाने के विरोध में आगामी 26 जुलाई को सभी जिला मुख्यालयों में होने वाले धरना प्रदर्शन की सफलता को लेकर विश्व हिंदू परिषद धर्म प्रसार विभाग की बैठक प्रदेश मंत्री विद्या सागर केसरी उर्फ मनचन केसरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में परिषद के उत्तर बिहार इकाई ने संबंधित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए श्री केसरी ने कहा सांप्रदायिक और लक्षित हिंसा अधिनियम 2011 एक अलोकतांत्रिक और अभूतपूर्व कानून है। जिसे अंग्रेज एवं मध्यकालीन धर्माध शासकों ने भी लागू नहीं किया। उन्होंने बताया कि यह विधेयक देश के लोकतांत्रिक ढांचे को ध्वस्त करने वाला तथा संप्रदाय के आधार पर विभेदकारी है। यह कानून अल्पसंख्यक समुदाय को खुश कर वोट बैंक बनाने की राजनीति है। कानून के विरोध में अररिया सहित उत्तर बिहार के सभी जिला मुख्यालयों में आगामी 26 जुलाई को धरना प्रदर्शन कर महामहिम राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री को जिला स्तरीय पदाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में उपस्थित होकर धरना को सफल बनाने का आह्वान किया।
मौके पर प्रांतीय प्रमुख धर्म प्रसार मोहन दास जी, अररिया जिलाध्यक्ष शिवसुंदर भारती, कार्यकारी अध्यक्ष सरयू मंडल, जिला मंत्री अरूण यादव, जिला प्रभारी विंदेश्वरी मेहता, डा. काशी प्रसाद, गुरु बिहारी, संतोष केसरी, संजय साह आदि उपस्थित थे।

मारपीट: सात के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी

रेणुग्राम(अररिया) : सिमराहा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी मसोमात लक्ष्मी देवी ने थाना में आवेदन देकर अपने ही गांव के जयप्रकाश मेहता, उमाकांत मेहता सहित अन्य पांच लोगों पर उनके दामाद आलोक कुमार को घर में बंद कर मारपीट करने का आरोप लगाया है। दिये गये आवेदन में बताया गया है कि उनके दामाद अररिया से मिर्जापुर आये और घर से पान खाने के लिए बाहर गये उसी बीच उक्त लोगों ने उनको उठा कर जबरन उमाकांत मेहता के घर में ले जाकर मेरे दामाद को बुरी तरह से पीटा है। इस संबंध में सिमराहा थाना में कांड संख्या 354/11 दर्ज की गयी है।

दो नवसृजित स्कूलों का उद्घाटन


पलासी (अररिया) : प्रखंड के भीखा पंचायत अंतर्गत नवसृजित प्राथमिक विद्यालय पासवान टोला बलुआ तथा नव सृजित प्राथमिक विद्यालय सेखड़ा टोला मोहनियां पश्चिम का उद्घाटन गुरुवार को फीता काटकर स्थानीय मुखिया वकीला खातुन तथा पूर्व मुखिया श्यामानंद ठाकुर ने संयुक्त रूप से किया।
मौके पर पूर्व मंत्री प्रतिनिधि हारूण रशीद, पंसस मो. मुतलीब, विवेकानंद ठाकुर, लखन लाल मंडल, दुलारी देवी, पंकज शर्मा आदि मौजूद थे।

सड़क हादसे में घायल युवक की मौत


कुर्साकांटा (अररिया) : अररिया से घर लौट रहे कुर्साकांटा निवासी केएन राम का पुत्र मनोहर आजाद(17) की मौत मोटर साइकल दुर्घटना में हो गयी।
ज्ञात हो कि बुधवार को अररिया से घर लौटने के क्रम में तेगछिया के निकट एक भैंस से टकरा जाने के कारण वह बुरी तरह जख्मी हो गया, घायल अवस्था में कुर्साकांटा अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से चिकित्सकों ने उसे सिलीगुड़ी अस्पताल भेज दिया। शुक्रवार की देर रात्रि उसने दम तोड़ दिया। वहीं मोटर साइकल पर सवार दो अन्य व्यक्ति आंशिक रूप से घायल हुआ।

Friday, July 22, 2011

इंदिरा आवास:आरोपी पंचायत सचिव गिरफ्तार


अररिया : अररिया बस्ती पंचायत के तीन दर्जन से अधिक लाभुकों को आवास की राशि हड़पने के आरोपी पंचायत सचिव कृष्ण चन्द्र चौपाल को बैरगाछी पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पंचायत सचिव से आवश्यक पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
ज्ञात हो कि वर्ष 2009 में पंचायत के 44 लाभुकों ने जिला पदाधिकारी के दरबार में पहुंचकर उनके लाभ की राशि हड़पने का आरोप लगाया था। आरोप के बाद जांच दल ने पंचायत में जाकर मामले की जांच की थी।
जांच के बाद पंचायत की मुखिया जुबैदा रईस, प्रखंड प्रमुख जुगनु प्रवीण एवं पंचायत सचिव के विरुद्ध अररिया थाना कांड संख्या 9/2009 दर्ज करायी गयी थी। प्राथमिकी दर्ज होने के कुछ दिन बाद मुखिया व प्रमुख ने न्यायालय से जमानत ले ली, लेकिन पंचायत सचिव पुलिस पकड़ से बाहर थे। पंचायत सचिव की गिरफ्तारी के लिये पुलिस ने कई बार उनके पैतृक निवास एवं पलासी प्रखंड स्थित कार्यक्षेत्र में दबिश दी थी। लेकिन हर बार वह पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर ओझल हो जाते थे। आज सुबह जब वे किसी काम से अररिया आ रहे थे तो पुलिस ने उन्हें दबोचने में सफलता पायी।

सभी पंचायतों के लिए इंदिरा आवास का लक्ष्य निर्धारित


रानीगंज (अररिया) : ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबों को मिलने वाली अति महत्वपूर्ण इंदिरा आवास योजना के लिए वर्ष 2011-12 के लिए प्रखंड के सभी 32 पंचायतों का लक्ष्य निर्धारित कर लिया गया है। जो लक्ष्य रखा गया है उसके अनुसार खरसाही पंचायत में सर्वाधिक 752 एवं सबसे कम लक्ष्य 25 मोहनी पंचायत के लाभार्थियों के लिए निर्धारित किया गया है। प्रखंड कार्यालय द्वारा जारी सूची के अनुसार सात पंचायतों के अलावा अन्य सभी का लक्ष्य का निर्धारण कर दिया गया है। प्रखंड कार्यालय से जारी सूची के अनुसार खरसाही- 752, कोशिकापुर उत्तर- 143, कोशिकापुर दक्षिण- 141, हसनपुर- 75, गुणवंती- 71, परसाहार- 192, परिहारी- 397, बेलसारा- 166, कालाबलुआ- 77, मझुआ पूरब- 531, भोड़हा- 108, पचीरा 166, विशनपुर- 241, बसैठी- 461, फरकिया- 207, बौंसी- 158, धोबनिया- 142, कुपाड़ी- 208, खरहट- 149, परमानन्दपुर- 366, हांसा- 51, मोहनी- 25, घघरी- 107, धामा- 162
लाभार्थियों को इंद्रा आवास देने की प्रक्रिया शिविर द्वारा अपनायी जा रही है। जबकि मझुआ पश्चिम, बरबन्ना, पहुंसरा, विस्टोरिया, मिर्जापुर, नन्दनपुर, पूर्व छतियौना पंचायत में लक्ष्य का निर्धारण नहीं किया गया है।

बूढ़ी मां को एक-एक सप्ताह रखें सभी पुत्र



अररिया : राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कहकशां परवीण ने अररिया के दो दिवसीय कैंप शिविर में वादों की सुनवायी के दौरान एक वाद में अभूतपूर्व फैसला सुनाया है। अपने चारों पुत्रों के द्वारा डकैती केस करने के बाद 95 वर्षीय वृद्ध हलीमा खातून ने राज्य महिला आयोग से न्याय की गुहार लगायी थी। महिला आयोग आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान बुधवार को अररिया पहुंची आयोग अध्यक्ष श्रीमती परवीन ने दो दिवसीय शिविर में कुल 70 वादों की सुनवाई की। इसी सुनवायी क्रम में गुरुवार को फारबिसगंज नगर थाना क्षेत्र के आलम टोला निवासी हलीमा खातुन का मामला भी सुना। इस दौरान सामने आया कि हलीमा खातुन को छह पुत्र व 4 पुत्री हैं। सभी पुत्र आपस में भूमि बंटवारा को लेकर विवाद चल रहा है। हलीमा खातुन के पुत्रों में महमूद, मसूद, मासूम व अन्य एक भाई ने अपनी मां पर डकैती व मारपीट का केस दर्ज कर दिया था जो अभी न्यायालय में लंबित है। हलीमा खातुन अपने पुत्र नसीम व समीम के साथ हीं रहना चाहती है। लेकिन आयोग की अध्यक्ष गुरुवार को फैसला सुनाया जिसमें कहा गया कि सभी पुत्र अपने मां को एक-एक सप्ताह अपने पास रखकर भरण-पोषण करें तथा जमीन का बंटवारा भी बराबर करें। आयोग ने इसके अलावे घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न आदि सहित कुल 70 मामलों की सुनवाई की। मौके पर आयोग की उप सचिव अनिमा सिन्हा, सदस्या मंजू देवी मौजूद थीं।

प्रखंड सरपंच संघ का गठन

कुर्साकांटा (अररिया) : गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय सिकटी में नवनिर्वाचित सरपंचों की एक बैठक आयोजित की गई जिसमें सभी सरपंचों ने सर्वसम्मति से प्रखंड अध्यक्ष पद पर मो. अजिमउद्दीन को उपाध्यक्ष पद पर, सुरेन्द्र पंजियार को सचिव पद पर, जानकी देवी को मनोनीत किया। इस बैठक मे ंप्रखंड के सभी सरपंच उपस्थित थे।

नाजिर के नहीं रहने से छात्रों को नहीं मिल रही स्कालरशिप


अररिया : जिला कल्याण पदाधिकारी के कार्यालय में पदस्थापित नाजिर के पिछले दो महीने से छुट्टी पर रहने के कारण जिले के छात्रों के कई छात्रवृत्ति योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। 25 मई 2011 से नाजिर महेश कुमार मेडिकल लीव पर हैं। उनके नहीं रहने से कार्यालय का नजारत अल्पसंख्यक कल्याण, अनुसूचित जाति छात्रवृत्ति, माडा, सूचना का अधिकार अधिनियम, अल्पसंख्यक प्रोत्साहन योजना आदि का कार्य पिछले दो माह से बंद है।
इधर जिला कल्याण पदाधिकारी सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रभारी डीएम के आदेश पर महेश कुमार को अविलंब योगदान करने के लिए डाक के माध्यम से नोटिस भेजा गया है।
कल्याण विभाग के नाजीर श्री कुमार 25 मई से छुट्टी पर गये। इस के बाद वे छुट्टी बढ़ाने का आवेदन कई बार दे चुके हैं। वर्तमान में उनका 26 जुलाई तक छुट्टी स्वीकृत है।

महिला ने दिया तीन बच्चि्यों को जन्म

कुसियारगांव (अररिया) : निजी नर्सिग होम अररिया में मंगलवार की रात खरहर पोखरिया निवासी शमशाद आलम की पत्‍‌नी अपने तीसरे बच्चे को जन्म देने सदर अस्पताल अररिया पहुंची थी, जिसे अस्पताल द्वारा आपरेशन का सलाह दिया गया, जहां महिला ने तीन लड़की को जन्म दिया। सांस की कठिनाई को लेकर तीनों बच्चों को डा. सत्यव‌र्द्धन के निजी गहन चिकित्सा कक्ष में रखा गया है। चिकित्सक के मुताबिक सभी बच्चे अब तक स्वस्थ्य हैं।

डेहटी पैक्स: अधिकारियों की जमानत अर्जी खारिज


अररिया : डेहटी पैक्स घोटाले से संबंधित दो अलग-अलग मामलों में अररिया के तत्कालीन जिला शिक्षा अधीक्षक दिनेश चौधरी तथा पलासी के तत्कालीन बीडीओ व वरीय उपसमाहत्र्ता अशोक तिवारी की ओर से दायर जमानत अर्जी को शुक्रवार को सुनवाई उपरांत मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सत्येन्द्र रजक ने रिजेक्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार तत्कालीन जिला शिक्षा अधीक्षक श्री चौधरी पलासी थाना कांड संख्या 30/09 में आरोपी हैं। उनके विरुद्ध स्कूल भवन व चारदीवारी की 69.42 लाख की सरकारी राशि के गबन का आरोप है।
वहीं पलासी के तत्कालीन बीडीओ अशोक तिवारी पलासी थाना कांड संख्या 14/11 में नामजद हैं। उनके विरुद्ध सरकारी योजना मद की तीन करोड़ की राशि डेहटी पैक्स में जमा करने व अन्य आरोप हैं।

कालेज को अंगीभूत करने की मांग

रेणुग्राम (अररिया) : फारबिसगंज के भाजपा विधायक पदम पराग राय वेणु ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को एक पत्र लिखकर जिले के फारबिसगंज स्थित एक मात्र डिग्री महिला महाविद्यालय को अंगीभूत इकाई घोषित करने की मांग की है। दिये गए पत्र में बताया गया है कि एक मात्र डिग्री कालेज होने के नाते जिले के सभी प्रखंडों एवं गांवों से छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए यहां आती है इतना ही नहीं पड़ोसी राष्ट्र नेपाल से भी छात्राएं उच्च शिक्षा ग्रहण के लिए यहां पहुंचती है। उन्होंने बताया कि यहां के अधिकांश लोग कृषि पर निर्भर है जिससे जिले के अधिकांश अभिभावक अपनी बच्चियों को उच्च शिक्षा प्रदान करने के लिए बाहर के कालेजों में नही भेज पाते हैं, साथ बाढ़ पीडि़त क्षेत्र होने के कारण भी यहां की स्थिति दयनीय है। उन्होंने जेडीएसएस महिला कालेज को एक सुविधायुक्त डिग्री महाविद्यालय बनाये जाने की मांग की है।

चमगोड़ा धार में डूब कर युवक की मौत

रेणुग्राम (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के हल्दिया गांव निवासी अफजाल अंसारी (34) की मौत गांव स्थित चमगोड़ा धार में डूबने से हो गई। इसकी जानकारी मृत युवक के बड़े भाई मंसुर आलम एवं पंचायत के मुखिया मो. सलाउद्दीन ने दी। इस घटना से गांव में गहरा शोक व्याप्त है।

ठनका गिरने से महिला की मौत

कुर्साकाटा(अररिया) : गुरुवार की संध्या लगभग आठ बजे प्रखंड के परबता निवासी स्व. भुवनेश्वर यादव की पत्‍‌नी मसो. शर्मिला देवी की मौत ठनका गिरने से हो गयी। जानकारी अनुसार शाम को वह अपने मायके हलधरा गांव से परबत्ताक लौट रही थी। उसी समय जोरदार बारिस होने लगी। इटाही के निकट ठनका गिरने से उनकी मौत घटना स्थल पर ही हो गय। इस आशय की जानकारी प्रखंड अध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने दी। उन्होंने बताया कि मृतका का पुत्र पंजाब में मजदूरी कर कर रहा है। ग्रामीणों के सहयोग से दाह संस्कार किया गया।

बंद होने लगे फर्जी चिकित्सकों के क्लिनीक व पैथोलॉजी

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज में अवैध तरीके से इलाज कर रहे कथित फर्जी चिकित्सक एवं पैथलॉजिस्ट में जांच टीम के आने की खबर से हड़कंप मचा हुआ है। पिछले दो-तीन दिनों से नगर स्थित अधिकांश पैथोलॉजी में जहां ताले लटक गये हैं वहीं फर्जी चिकित्सक भी भूमिगत हो गुप-चुप तरीके से ही इलाज कर रहे हैं। बताया जाता है कि कुछ ने तो अपना साइन बोर्ड भी हटवा लिया है तथा कुछ बोर्ड पर लिखे फर्जी योग्यता को मिटवा रहे हैं। संभव है भोले-भाले मरीज अब उनके चंगुल में फंसने से बच सकेंगे। इधर प्रभारी सीएस अररिया डॉ. जेएन प्रसाद ने बताया कि फर्जी तरीके से अस्पताल तथा पैथोलॉजी चला रहे लोगों पर कार्रवाई की जायेगी। इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों के ऐसे अस्पताल एवं पैथोलॉजी का लिस्ट भेजने के निर्देश दिये गये हैं। जिसके बाद कार्रवाई की जायेगी।

दस घर बकरा नदी में विलीन

जोकीहाट (अररिया) : प्रखंड अंतर्गत कुर्सेल पंचायत के बलुवा गांव में गुरुवार को बकरा नदी के कटाव से एक सप्ताह के अंदर लगभग दस घर नदी में विलीन हो गये हैं। स्थानीय सरपंच प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि खुर्शीद, हबीब, फरमान, मोहम्मद, सिरमान, नौशाद, शमशाद, खुर्शीद आदि के घर नदी में विलीन हो गये हैं। सरपंच श्री यादव ने जिला प्रशासन से कटान पीडि़तों को मुआवजा देने की मांग की है।

डेहटी पैक्स घोटाले के एक अन्य मामले में तत्कालीन डीएसइ को मिल चुका है


अररिया : करोड़ों के डेहटी पैक्स घोटाले के आरोपी अररिया के तत्कालीन जिला शिक्षा अधीक्षक दिनेश चौधरी गिरफ्तारी से पूर्व भी अररिया की अदालत में पेश हो चुके हैं। डेहटी पैक्स घोटाले में ही दर्ज पलासी थाना कांड संख्या 15/11 में वे पिछले 13 मई 11 को अररिया सीजेएम कोर्ट में उपस्थित होकर बेल बांड प्रस्तुत किया जहां न्यायाधीश सत्येन्द्र रजक ने उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया। लेकिन डेहटी पैक्स घोटाले में ही दर्ज एक अन्य मामला
पलासी थाना कांड संख्या 30/09 में अररिया पुलिस ने उन्हें जहानाबाद से गत मंगलवार को गिरफ्तार किया था। उन्हें बुधवार को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इस मामले में उन पर 69 लाख 42 हजार सरकारी राशि गबन का आरोप है।

निश्शुल्क होमियोपैथिक चिकित्सा शिविर 28 को

फारबिसगंज(अररिया) : डेवलपमेंट आफ एडवांस्ड साइंटीज्म इन क्लासिकल होमियोपैथी संस्था के तहत आगामी गुरुवार को संस्था के गौशाला रोड स्थित कार्यालय में निश्शुल्क होमियोपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जायेगा। संस्था के निदेशक डॉ. डीएल दास 'दिव्यांशु' ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में सर्वाधिक तीस क्रोनिक मरीजों का निश्शुल्क इलाज किया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस शुभ कार्य में स्थानीय कई होमियोपैथी चिकित्सकों का भी योगदान रहेगा। जबकि प्रमुख योग प्रशिक्षक मोहन लाल जी भी शिविर में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर डॉ. दास के साथ संस्था के संरक्षक डॉ. (प्रो.) साबिर इदरिश, अध्यक्ष डॉ. मोती लाल शर्मा एवं उपाध्यक्ष डॉ. हलधर प्रसाद भी मौजूद थे।

पिटाई से आक्रोशित छात्रों ने डीएम के जनता दरबार में शिकायत की

अररिया : मध्य विद्यालय पुरन्हादा के प्रधान शिक्षक एवं सहायक शिक्षक द्वारा पिछले दस जुलाई को छात्रों की पिटाई से आक्रोशित छात्रों ने गुरुवार को डीएम के जनता दरबार में पहुंचकर इसकी शिकायत की है। छात्रों ने कहा कि अकारण हमलोगों के साथ मारपीट की गई। छात्रों ने दिए गये आवेदन में कहा कि पूरी घटना की जानकारी इसी दिन जिला शिक्षा पदाधिकारी को दी गई। लेकिन उन्होंने कहा कि लिखित शिकायत करें। पुन: छात्रों ने अगले दिन लिखित शिकायत भी की। लेकिन दोषी शिक्षक के खिलाफ कोई कार्यवाई नही की गई। ऐसी परिस्थिति में छात्रों ने डीएम के जनता दरबार में आवेदन देकर दोषी शिक्षक के खिलाफ कार्यवाई की मांग की है।

इंदिरा आवास शिविर में मारपीट, दोनों ओर से प्राथमिकी

जोकीहाट(अररिया) : प्रखंड के गैरकी मसुरिया पंचायत के सामुदायिक भवन में इंदिरा आवास शिविर में न्याय सचिव गुफरान साबिर एवं मुखिया प्रत्याशी इकबाल के भाई अरशद जमील के बीच बुधवार को जमकर मारपीट हुई। मारपीट को लेकर दोनों पक्षों की ओर से जोकीहाट थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। कांड संख्या 179/11 के अनुसार न्याय सचिव गुफरान उर्फ चुन्ना ने मो. अरशद जमील, अशफाक, इम्तियाज, कुन्नु, शाहनाज, हसीब एवं सालफीन को अभियुक्त बनाया है। दूसरी ओर मुखिया प्रत्याशी इकबाल की ओर से कुन्नु ने न्याय सचिव गुफरान उर्फ चुन्ना, मुखिया इमरान साबिर, साकिब, एजाज उर्फ पिंकू अफरोज आदि को अभियुक्त बनाया है। मामले को लेकर गांव में तनाव व्याप्त है।

पथराबाड़ी से अपहृत लड़की बरामद

जोकीहाट(अररिया) : जोकीहाट थाना क्षेत्र के पथराबाड़ी गांव से एक सप्ताह पूर्व अपहृत मो. अजीम की पुत्री अफसरी(काल्पनिक नाम) एवं अपहृता मो. इम्तियाज को जोकीहाट पुलिस ने छापामारी कर इम्तियाज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं अफसरी को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया गया। यह जानकारी सअनि नुरूल होदा खान ने दी।

जीआरपी के खिलाफ रेल यात्रियों ने ट्रेन पर की पत्थरबाजी


फारबिसगंज(अररिया) : सहरसा से फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पहुंची छोटी लाइन की ट्रेन पर बुधवार की रात रेल यात्रियों ने जीआरपी जवानों पर अवैध वसूली करने और अपराधियों को संरक्षण देने के आरोप में पत्थरबाजी की। रात के करीब बारह बजे ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही उस ट्रेन में सवार यात्री प्लेटफार्म पर उतरकर जीआरपी वाली बोगियों पर पत्थर फेकने लगे और जमकर हंगामा किया। स्टेशन पर करीब आधा घंटा तक अफरा तफरी का माहौल रहा। बाद में आरपीएफ के जवानों द्वारा आक्रोशित रेल यात्रियों को समझा बुझाकर शांत किया गया।
घटना का कारण बताया जाता है कि रात को नरपतगंज से ट्रेन खुलने के बाद देवीगंज हाल्ट के समीप कुछ अपराधियों द्वारा रेल यात्रियों से लूटपाट की जा रही थी जिसकी जानकारी जीआरपी जवानों को दी जाने के बावजूद जवानों द्वारा किसी प्रकार की कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ नहीं करने का आरोप लगाया था। जीआरपी द्वारा सुरक्षा नहीं दिये जाने के कारण रेल यात्री भड़क उठे और फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पहुंचते ही जीआरपी के खिलाफ उबल पड़े। इधर आरपीएफ प्रभारी एहसान अली ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि जीआरपी जवान राघोपुर जीआरपी कार्यालय क्षेत्र के थे। उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी प्रकार की लिखित शिकायत नहीं की गयी है। शिकायत आने पर कार्रवाई की जायेगी।

सुपाड़ी के साथ ड्रग्स की खेप भारत भेजता था मजहरूल


जोगबनी (अररिया) : सुपाड़ी तस्करी की आड़ में मजहरूल भारत के महानगरों में भेजता था ड्रग्स। नेपाल में पकड़े गये ड्रग्स व सुपाड़ी तस्कर किंग मजरूल हक के संबंध भारत तथा नेपाल की कई बड़ी हस्तियों से हैं।
ज्ञात हो कि एक सप्ताह पूर्व नेपाल पुलिस ने नाटकीय ढं़ग से मजहरूल को नेपाल के झापा से गिरफ्तार किया था। मजहरूल मूलत: भारत के किशनगंज जिले का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में उसने नेपाली पुलिस को कई अहम सुराग दिये हैं। हालांकि नेपाल की पुलिस उन सूचनाओं को अभी गौण रखे हुए है। मोरंग (नेपाल) के डीएसपी दीपक धापा ने बताया है कि पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए पुन: रिमांड पर लिया है। उन्होंने स्वीकार किया कि गिरफ्तार तस्कर से पुलिस को कई महत्वपूर्ण सूचनाएं मिली है जिस पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। नेपाल पुलिस के अनुसार मजरूल हक मादक पदार्थो की तस्करी का मुख्य सरगना है तथा उसने भारत तथा नेपाल में अपना नेटवर्क बना रखा है। मादक पदाथरें के साथ साथ वह सुपाड़ी की तस्करी का भी सरगना था। वह नेपाल में आयशा ट्रेडर्स के नाम से व्यापारिक प्रतिष्ठान बनाकर थर्ड कंट्री के सुपाड़ी को नेपाल उत्पादित बता कर उसे भारत के बड़े महानगरों में भेजता था। पुलिस को संदेह है कि मजरूल हक इसकी आड़ में नशीली दवाओं व गांजा आदि की तस्करी को बखूबी अंजाम देता रहा है। डीएसपी श्री थापा ने बताया है कि सीमा क्षेत्र में अपराध व मादक पदार्थो की तस्करी रोकने की दिशा में नेपाल पुलिस प्रयासरत है तथा इस दिशा में काफी हद तक पुलिस को सफलता भी हाथ लगी है। उम्मीद है कि नेपाल पुलिस मादक पदार्थो की तस्करी में संलिप्त लोगों तक पहुंचने में कामयाब होगी।

एनएच 57 पर मकई सुखाने वालों पर होगी कार्रवाई

नरपतगंज (अररिया) : नरपतगंज के अंचलाधिकारी जय राम सिंह ने उच्च न्यायालय पटना के निर्देश पर एनएच 57 पर से अतिक्रमण हटाने के आदेश दिया है। इसको लेकर अंचलाधिकारी के निर्देश पर लाउडस्पीकर से अतिक्रमणकारियों को सूचना भी दी गयी है। उन्होंने एनएच 57 पर मक्का सुखाने, जलावन रखने तथा मवेशियों को रखने वालों को सख्त हिदायत दी है तथा सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

बिजली चोरी करते दो व्यवसायी धराये,1.69 लाख का जुर्माना

अररिया : विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को रानीगंज में छापेमारी अभियान चलाया जिसमें बिजली चोरी करते दो व्यापारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। दोनों के विरुद्ध विद्युत विभाग के एसडीओ किरण कुमार ने रानीगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। बिजली चोरी में शामिल एक सिनेमा हाल मालिक विनोद भगत के विरूद्ध एसडीओ श्री कुमार ने एक लाख 69 हजार का जुर्माना भी ठोका है। दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि सिनेमा हाल के मालिक विनोद भगत का लाइन पूर्व में काट दिया गया था। बावजूद वे अवैध रूप से हाल में बिजली ले रहे थे। जबकि विद्युत चोरी करते धराये एक अन्य व्यापारी राज कुमार शामिल हैं।

उप मुख्यमंत्री को जीएसटी के चेयरमेन बनाने पर बधाई

अररिया : बिहार के उप मुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सुशील कुमार मोदी को जीएसटी का चेयरमैन बनाये जाने पर अररिया भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी व्याप्त है। कार्यकर्ताओं ने इस उपलब्धि के लिये उप मुख्यमंत्री को बधाई संदेश भेजा है। खुशी व्यक्त करते हुए जिला अध्यक्ष आलोक कुमार भगत ने बताया कि बिहार में हुए आर्थिक सुधारों के मद्देनजर उप मुख्यमंत्री को यह जिम्मेदारी सौंपी गयी है। श्री भगत ने बताया कि केन्द्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय से ही बिहार की आर्थिक स्थिति और भी सुदृढ़ होगी।

लोक सेवा का अधिकार अधिनियम की दी गई जानकारी

अररिया : 15 अगस्त को पूरे बिहार में लागू होने वाले लोक सेवा का अधिकार अधिनियम को लेकर आयोजित दो दिवसीय साफ्टवेयर प्रशिक्षण का समापन गुरुवार को हुआ। स्थानीय समाहरणालय स्थित आत्मन कक्ष में आयोजित प्रशिक्षण के दूसरे दिन नगर परिषद के सहायक, शिक्षा विभाग के हेडमास्टरों एवं सहायकों को प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में नियत समय सीमा पर सेवाओं को प्रदान करने से संबंधित जानकारी दी गयी। प्रशिक्षण देने वालों में जोकीहाट के आईटी सहायक मनीन्द्र कुमार, अररिया के मोहतशीन अरशद, फारबिसगंज के रंजीत कुमार, नरपतगंज के रविन्द्र कुमार, पलासी के जयप्रकाश जगत, रानीगंज के प्रियव्रत वर्मा आदि शामिल थे।

पुरानी रंजिश को ले बच्चे की गला दबा कर हत्या


पलासी (अररिया) : पलासी थाना क्षेत्र के कुजरी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक दस वर्षीय बालक इसहाक की कुछ लोगों ने बुधवार की देर संध्या गला दबाकर हत्या कर दी है।
सूचना पाकर पलासी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया तथा बुधवार को पोस्टमार्टम हेतु अररिया भेज दिया। घटना को लेकर मृतक बालक की मां मंहगी देवी ने पलासी थाना में गांव के ही गैनू, जली मोहम्मद, सलीम मोहम्मद तथा नेगड़ा के विरूद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है। दर्ज मामले में मृतक की मां ने कहा है कि व बुधवार की शाम घर से खेलने निकला था। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा तो सास अमरूमियां उसे खोजने निकली। इसी क्रम में जब वह विद्यालय की ओर गयी तो उसने सीढ़ी की ओर गांव के ही उपरोक्त नामजद लोगों को खड़ा देखा। जिससे उसे संदेह हुआ। तब वह घर आकर बालक की मां को अपनी शंका बतायी। उसके बाद वे लोग अपने देवर इतवारी के साथ विद्यालय की ओर गयी तो उन लोगों को देख गैनू व जली मोहम्मद भागने लगे। जब वे लोग विद्यालय भवन की छत की ओर गये तो देखा कि उनके बच्चे को सलीम मोहम्मद व नेगड़ा कंधे पर लादकर नीचे की ओर आ रहे थे। उन लोगों को देखते ही वे दोनों उनके पुत्र को छोड़ कर भाग गये। जब वे लोग बच्चे के पास पहुंचे तो वह मृत था तथा उसके नाक व मुंह से खून बह रहा था। तब हल्ला करने पर जुटे ग्रामीणों के सहयोग से शव को घर लाया। वादिनी ने दावा किया है कि पुरानी रंजिश के कारण उक्त लोगों ने मारपीट कर व गला दबाकर उसके पुत्र की हत्या कर दी है। थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी।

ढ़ाई वर्षो से विद्यालय से अनुपस्थित थी फर्जी चिकित्सक बनी शिक्षिका


अररिया/रानीगंज : पूर्णिया में गिरफ्तार फर्जी महिला चिकित्सक व अररिया के रानीगंज में पदस्थापित प्रखंड शिक्षिका की जांच शुरू कर दी गई है। अररिया के जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सह प्रारंभिक शिक्षा के प्रभारी विद्यानंद ठाकुर को पूरे मामले की जांच का जिम्मा सौंपा है। जांच के प्रथम चरण में जो मामला सामने आया हे वो बड़ा ही चौकाने वाला है। प्रथम चरण शिक्षक नियोजन 2006 में रानीगंज प्रखंड क्षेत्र के आदर्श मध्य विद्यालय हसनपुर में प्रखंड शिक्षिका के पद पर नियोजित ज्योति चौधरी 06 फरवरी 2009 से ही विद्यालय से गायब है। आश्चर्य तो यह है कि इसकी सूचना वहां के प्रधानाध्यापक को नहीं है। इधर डीपीओ श्री ठाकुर ने रानीगंज के बीईओ अनिरुद्ध प्रसाद तथा आदर्श मवि हसनपुर के प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण पूछा है तथा 24 घंटे के भीतर जवाब समर्पित करने को कहा है। डीपीओ द्वारा निर्गत पत्र में बीईओ की सलिंप्तता की आशंका जतायी गयी है। डा. ज्योति चौधरी गत 6 फरवरी 2009 से ही स्कूल से गायब हैं। फिलहाल वे जेल की हवा खा रही हैं।
इधर इस पूरे मामले पर डीईओ श्री प्रसाद ने बताया कि नियोजित प्रखंड शिक्षिका ज्योति कुमारी पर कार्रवाई करने या हटाने का अधिकार नियमावली के तहत शिक्षक नियोजन समिति को है। इसलिए रानीगंज बीईओ को नियमावली 2006 के कंडिका 17 में दिये गये प्रावधानों के तहत उक्त शिक्षिका पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

क्या यह तितली का महासम्मेलन है?


अररिया : क्या यह तितली का महासम्मेलन है? इसका उत्तर तो सिर्फ प्रकृति के पास है, लेकिन इतना तय है कि कुदरत एक अनपढ़ी किताब की तरह है। पन्ने उलटिये, रोज कुछ न कुछ नया मिलेगा।
इन दिनों जिले की प्रमुख नदी परमान में पानी चढ़ा हुआ है। इसके तट पर घूमिये तो जगह-जगह पीली तितलियां बड़ी संख्या में मिलती हैं, मानों उन्होंने अपनी प्रजाति विशेष का कोई महासम्मेलन बुलाया हो।
इस संबंध में बांबे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी के वैज्ञानिकों के अध्ययन के अनुसार तितलियां अमूमन साल्ट लीक्स, मवेशियों के गोबर, यूरिन, फलों आदि पर बैठ कर आहार तथा जरूरी मिनरल जुटाती हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि परमान तट पर हजारों की संख्या में जमा पीली तितलियां बरसात के मौसम में अपने लिए आहार जुटाने में लगी हैं, या यह उनके जीवन चक्र का कोई अन्य महत्वपूर्ण क्षण है?
जानकारों की मानें तो तितलियां खेती के लिए बेहद लाभकारी होती हैं। तितलियों द्वारा पर-परागण के कारण धान तथा अन्य फसलों के बेहतर उत्पादन में मदद मिलती है। वहीं तितलियां फल व फूल के बेहतर उपज में भी सहायता करती हैं।
इंडियन नेचुरल हिस्ट्री के विश्वकोष के मुताबिक पीली तितलियों का नाम केटोपसिलिया क्रोकेल है। अररिया-पूर्णिया इलाके में तितलियों की सामान्यतया एक हजार प्रजातियां पायी जाती हैं। इनमें भी राजा, रानी, नवाब, प्रिंस, टाइगर आदि होते हैं। इसके अलावा ग्रेट हेलेन, कोहिनूर, जंगल क्वीन, जय, ब्लू नवाब, ब्लू बेगम, बैरॉन, भारतीय परपल बादशाह, ब्लैक प्रिंस जैसी खूबसूरत प्रजातियां भी पायी जाती हैं।
हालांकि, इस इलाके में इनका विस्तृत अध्ययन अब तक नहीं किया जा सका है। लेकिन इतना तय है कि रंगों व खूबसुरती के बेताज सरताज इन तितलियों की जिंदगी उनकी ही तरह खूबसूरत है।