Tuesday, June 12, 2012

नि:शुल्क कंप्यूटर शिक्षा केन्द्र का उद्घाटन


फारबिसगंज (अररिया) : अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर काम करने वाली स्वयं सेवी संस्था अपने आप वुमेन व‌र्ल्ड वाइड द्वारा नि:शक्त किशोरी एवं वंचित महिलाओं के लिए सम्मानजनक आजीविका के साथ उनके सशक्तिकरण के उद्देश्य से नि:शुल्क कंप्यूटर शिक्षा केन्द्र का शुभारंभ किया गया। मंगलवार को संस्था के जगदीश मिल परिसर स्थित कार्यालय में अररिया कालेज के भौतिकी विभाग के अध्यक्ष डा.अशोक कुमार झा ने फीता काटकर इस नि:शुल्क कंप्यूटर शिक्षा केन्द्र का उद्घाटन किया।
इस मौके पर संस्था के प्रदेश समन्वयक मनीष झा ने जानकारी देते हुए बताया कि अपने आप वुमेन व‌र्ल्ड वाईड विगत दस वर्षो से देह व्यापार क दलदल में फंसी हुई या इससे संभावित खतरे में रहने वाली महिला को किशोरियों के सशक्तिकरण तथा स्वावलम्बन हेतु एसएचजी का गठन कर उनके सम्मानजन उत्थान हेतु प्रयासरत है। बताया कि संस्था के इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु अमेरिका के एसेट फाउंडेशन द्वारा बीस कंपयूटर उपलब्ध कराए गए हैं। जहां रामपुर उत्तरी पंचायत स्थित संस्था के सामुदायिक केन्द्र एवं कस्तूरबा गाधी विद्यालय, सिमराहा से संबंध कुल 70 बालिका एवं किशोरियों को नि:शुल्क कंप्यूटर का प्रशिक्षण दिया जायेगा।
वहीं उद्घाटन कर्ता डा.झा ने संस्था की इस पहल का स्वागत करते हुए बताया कि वर्तमान युग में रोजगार की क्षेत्र में कंप्यूटर का ज्ञान होना आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षु किशोरियों के उज्वल एवं सुरक्षित भविष्य की शुभकामनाएं दी।
मौके पर कर्नल अजीत दत्त, प्रो.वासुकीनाथ झा, टिंकु खन्ना, कृष्ण कुमार, परवीन कुमार, कल्पना, मार्टिन, मो. कलाम, विजय कुमार, फातमा सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।

0 comments:

Post a Comment