Saturday, May 5, 2012

शिक्षा में आगे बढ़ेंगे तो घटेगी बेचारगी: शगुफ्ता


अररिया : आधी आबादी के विकास के लिए शिक्षा बेहद जरूरी है। शिक्षा के मामले में आगे बढ़ने से महिलाओं की बेचारगी घटेगी। यह बात जिप अध्यक्ष शगुफ्ता अजीम ने गुरुवार को अररिया कालेज में छात्राओं के बीच पोशाक राशि वितरण समारोह में कही।
उन्होंने कहा कि इस जिले में आधी आबादी अब भी बेहद पिछड़ी है। उनका तब तक विकास नहीं हो सकता जब तक कि वे पूर्ण रूप से शिक्षित नहीं हो जाती। शिक्षा की कमी के कारण ही महिलाओं का शोषण हो रहा है। आप अपनी ताकत को पहचाने और अपने साथ लगे बेचारी के विशेषण को दूर करें। उन्होंने छात्राओं से नियमित रूप से कालेज आने को कहा। उन्होंने अररिया की लड़कियों को अत्यंत प्रतिभाशाली बताया।
वहीं, मौके पर अपने संबोधन में प्राचार्य डा. मुहम्मद कमाल ने मुख्यमंत्री पोशाक योजना की प्रशंसा करते हुए उसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। छात्राओं को नियमित रूप से कालेज आने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि देश का निर्माण कक्षाओं में ही होता है।
इस अवसर पर प्रो.एएच सिद्दीकी, प्रो. सीएन झा, डा.एसएन महतो, डा. एसके ठाकुर प्रो. ए मतीन आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन प्रो.एनके सिंह ने किया।
कार्यक्रम में कालेज शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मी व बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थे।

0 comments:

Post a Comment