Monday, December 6, 2010

ग‌र्ल्स हाई स्कूल की प्रधानाध्यापिका सम्मानित

अररिया, संवाद सहयोगी: मुख्यालय स्थित ग‌र्ल्स हाईस्कूल अररिया को जिले में मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम के लिए वहां की प्रधानाध्यापिका सम्मानित की गयी हैं। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनवरी खातून को इसके लिए प्रथम राष्ट्रपति डा. राजेन्द्र की जयंती पर गत तीन दिसंबर को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति पटना द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री पीके शाही के हाथों पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। ग‌र्ल्स हाईस्कूल अररिया से वर्ष 2010 के माध्यमिक वार्षिक परीक्षा में 84 प्रतिशत छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं। यह परिणाम जिले में सबसे बेहतर है। 2006 में भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए अनवरी खातून को सम्मानित किया जा चुका है।
पटना में पिछले तीन दिसंबर को आयोजित सम्मान समारोह में उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, शिक्षा सचिव आरके खंडेलवाल, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति पटना के सचिव डा. प्रो. एके पाठक भी मौजूद थे। अनवरी खातून को सम्मान मिलने पर जिलेवासियों में हर्ष का माहौल है तथा उन्हें बधाई दी है। उन्हें बधाई देने वालों में डा. नवल किशोर दास, प्रो. वासुकी नाथ झा, प्रो. अब्दुल रउफ, डा. फरहत आरा, प्रो. रकीब अहमद, प्रो. शम्स जावेद, मो. नेमतुल्लाह, कैसर इसलाम, कमर मसूद, प्रो. अफजाल सिद्दीकी, सदरे आलम अधिवक्ता, अब्दुल सलाम, अकील अहमद आदि शामिल हैं।

आग लगने से छह घर जले, हजारों की क्षति

अररिया, संस: अररिया प्रखंड के बोची गांव अंतर्गत मरना टोला में सोमवार को अचानक आग लगने से छह घर जलकर राख हो गये। अगलगी की इस घटना में बेटी की शादी के लिए घर में रखे सामान के साथ अनाज व हजारों के अन्य कीमती सामान भी राख हो गये। लगी आग में मो. जामुन, मो. सोहराब, कमरूल, शमशुल एवं रजानुर का घर बुरी तरह जलकर राख हो गया। ग्रामीणों के प्रयास से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। सबसे ज्यादा नुकसान रजानुल का हुआ बताया गया है। उनकी बेटी की शादी इसी सप्ताह होने वाली थी। लेकिन आग में दहेज व शादी के लिए रखे सभी सामान जलकर राख हो गये।

जोकीहाट: अब परियोजना के माध्यम से चलेगी पेंशन योजना

अररिया, संवाद सहयोगी : जोकीहाट प्रखंड में मुख्यमंत्री कन्या सुरक्षा योजना की सफलता के लिए भरपूर प्रयास किये जा रहे हैं। यहां 1100 लक्ष्य के विरूद्ध 2380 फार्म भरे गये हैं। विदित हो कि इस योजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी बाल विकास परियोजना को दी गयी थी। जोकीहाट प्रखंड की बाल विकास परियोजना पदाधिकारी शबाना परवीन ने बताया कि यह काम आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यरत सेविकाओं के सहयोग से पूरी तन्मयता के साथ की जा रही है। शबाना परवीन ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से ही इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन, लक्ष्मी बाई विधवा पेंशन, नि:शक्त पेंशन और बिहार नि:शक्त पेंशन योजना भी चलायी जायेगी। पूर्व में यह काम प्रखंड कार्यालय द्वारा संचालित किया जाता था। लेकिन अब यह चारों काम परियोजना के माध्यम से संचालित होगा। उन्होंने यह भी बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के लिए पोशाक योजना जल्द ही केंद्रों को भेज दी जायेगी। विधानसभा चुनाव और आदर्श आचार संहिता के कारण इसमें विलंब हुआ है। जिसे जल्द पूरा कर लिया जायेगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका, सहायिका को भी उनके पोशाक के लिए राशि उपलब्ध करायी जायेगी। जोकीहाट प्रखंड में आम जीवन बीमा योजना का क्रियान्वयन भी बाल विकास परियोजना द्वारा बड़े पैमाने पर किया जा रहा है।

आग लगने से आधा दर्जन से अधिक घर जलकर राख

कुर्साकाटा(अररिया),निसं: प्रखंड के जागीर परासी पंचायत के बीरबन रजैय टोला वार्ड नंबर दस में सोमवार को दोपहर लगी आग से आधा दर्जन से अधिक घर जलकर राख हो गये। इस घटना में अनाज, कपड़ा, बर्तन एवं नकदी समेत करीब डेढ़ लाख का नुकसान बताया जा रहा है। मिली जानकारी अनुसार दोपहर को खाना बनाने के दौरान एक घर से आग की लपटें उठी जो देखते ही देखते चार लोगों के सात घरों को अपनी चपेट में ले लिया। अग्नि पीड़ितों में शोभानंद मंडल, महानंद मंडल, बलराम मंडल व शोभानंद मंडल शामिल हैं। अग्नि पीड़ितों ने बताया कि घर में रखा अनाज सहित अन्य सभी घरेलू सामान जलकर राख हो गये। अग्निकांड में शोभानंद मंडल के घर में रखे 17 हजार नकदी एवं दस भर चांदी भी जल गया है। घटना में करीब डेढ़ लाख से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। घटना की सूचना अंचल कार्यालय को दे दी गयी है।

संध्याकालीन कोर्ट शुरू, अधिवक्ताओं ने लिया बहिष्कार का निर्णय

अररिया, विसं : माननीय हाई कोर्ट के निर्देशानुसार सोमवार से संध्याकालीन कोर्ट प्रारंभ कर दिया गया है। जिसमें स्थानांतरित किये गये विभिन्न सी.सी मामले की सुनवाई होगी। वहीं इस कोर्ट से स्थानीय अधिवक्तागण अपने को अलग रखने का निर्णय लिया है।
विदित हो कि माननीय हाई कोर्ट के निर्देश पर अररिया व्यवहार न्यायालय में संध्याकालीन कोर्ट सोमवार से प्रारंभ हो गया है। संध्या पांच बजे से सात बजे यानी दो घंटे तक चलने वाली इस कोर्ट में कई निर्धारित एक्ट की सुनवाई होनी है। परंतु प्रारंभिक अवस्था में उक्त कोर्ट में अररिया की अदालत में विभिन्न तरह के लंबित करीब 160 सी.सी मामले निष्पादन के लिए स्थानांतरित हुए हैं। जिसकी सूचना स्थानीय अधिवक्ता संघों को भी मुहैया कराये जाने की बात सामने आयी है।
इस कोर्ट में कार्य के लिए स्थानीय अदालत में पदस्थापित प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी राजेश कुमार राम को प्रभारी बनाया गया है। जो संध्याकालीन कोर्ट की कार्य व्यवस्था संभालेंगे।
उधर संध्याकालीन कोर्ट से अलग रहने का निर्णय अररिया के अधिवक्ताओं ने स्टेट बार काउंसिल पटना के अध्यक्ष से किये गये टेलीफोन वार्ता के बाद लिया है। जिला बार एसोसिएशन के सचिव चंद्रशेखर ठाकुर ने कहा कि इस मामले में बाद में अगली रणनीति पर भी विचार किया जायेगा।

कोषागार के फेसिलिटेशन सेन्टर का डीडीसी ने किया उद्घाटन

अररिया, संसू: सरकारी कर्मचारियों के वेतन विपत्र में गड़बड़ी को रोकने के लिए तथा डीडीओ की जवाबदेही निर्धारण के लिए रास्ता निकाल लिया गया है। अब वेतन विपत्र फेसिलिटेशन सेन्टर के माध्यम से पारित होगा। वित्त विभाग के निर्देशानुसार अररिया कोषागार कार्यालय में इस सेंटर का उद्घाटन सोमवार को उपविकास आयुक्त उदय कु. सिंह ने फीता काटकर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अब वेतन संबंधी विपत्र में किसी भी प्रकार की गलती नहीं होगी तथा हल्की सी चूक होने पर भी उनका विपत्र अस्वीकृत कर दिया जायेगा। इस सेंटर के संबंध में कोषागार पदाधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि जनवरी माह से इस व्यवस्था को लागू कर दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि अब एक वेतन विपत्र में सौ से अधिक कर्मियों का वेतन तैयार नहीं हो पायेगा। श्री कुमार ने कहा कि वेतन विपत्र अब कार्यालय में तैयार न होकर सेंटर में ई. गर्वनेंस सुविधा के तहत आनलाइन होगा। इसके बाद विपत्र की प्रति प्राप्त कर संबंधित कार्यालय के प्रधान सहायक व डीडीओ सम्यक जांच कर अपना प्रमाण पत्र देंगे। उनके अनुसार यह व्यवस्था वेतन तथा एरियर बिल पर भी लागू होगी। बिना जीपीएफ न. खाता सं. तथा प्राण. सं. के विपत्र पारित नहीं हो पायेगा। सेंटर उद्घाटन के मौके पर एमडीएम कपिलेश्वर विश्वास, सहायक निदेशक गोपाल प्रसाद, ओएसडी संजय कुमार, एनडीसी नरेन्द्र कुमार, डीएसओ रविन्द्र राम, उप निर्वाचन पदा. विनय कुमार सिंह, डीपीआरओ कुमार सिद्धार्थ, एडीपीआरओ योगेन्द्रकुमार लाल, कोषागार के प्रधान सहायक जय प्रकाश पासवान, सहित तमाम कर्मी उपस्थित थे।

पुण्यतिथि पर याद किये भीम राव अम्बेडकर

अररिया, निप्र: बाबा साहेब डा. भीम राव अम्बेडकर के 54 वें परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला अनुसूचित जाति, जनजाति कर्मचारी संघ के तत्वावधान में बस स्टैंड स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर एक समारोह आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी।
अपर समाहर्ता कपिलेश्वर विश्वास ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए डा. अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने अपने संबोधन में डा. अम्बेडकर के आदर्शो को अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया। मुख्य अतिथि प्रो. कमल नारायण यादव ने बाबा साहेब द्वारा समता मूलक समाज बनाने की दिशा में किये गये संघर्षो व प्रयासों के बारे में चर्चा की। इस मौके पर उपस्थित वक्ताओं ने सामाजिक विषमताओं को दूर कर समरस समाज बनाने हेतु डा. अम्बेडकर के अमूल्य योगदान की चर्चा की। दलित, शोषित एवं उपेक्षित वर्गो के उत्थान के साथ ही संविधान निर्माण में उनकी अहम भूमिका पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि डा. अम्बेडकर द्वारा बताये गये मार्गो पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मंच संचालन डा. सुशील कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर कार्यपालक दंडाधिकारी देवेंद्र राम, अनुसूचित जाति, जनजाति कर्मचारी संघ के जिला सचिव अखिलेश्वर कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रवींद्र कुमार राम, लाल बाबू महतो, जदयू महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सविता सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अब्दुल कुद्दुस, डा. नवल किशोर दास, संजय मिश्रा, अमर यादव, रामलखन राम, शशिनाथ दास, बालकृष्ण ऋषिदेव, जगदीश राम, रामदेव पासवान सहित दर्जनों व्यक्ति उपस्थित थे। इधर अभाविप नगर इकाई के तत्वावधान में स्थानीय शिवपुरी मुहल्ला में बैठक आयोजित कर डा. भीम राव अम्बेडकर के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित की गयी। बैठक में जिला प्रमुख एमपी सिंह, कुणाल प्रियदर्शी, सुकांत आदर्श, प्रो. एसके झा, प्रो. अनिल मिश्रा आदि शामिल थे।

बेहतर कार्य करने वाली 50 आशा कार्यकत्र्ता सम्मानित

अररिया, संसू : ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा दिलाने तथा अच्छे कार्य करने वाली जिले की 50 आशा कार्यकत्र्ताओं को प्रशासन ने सोमवार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। डीआरडीए सभा भवन में सोमवार को जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा आयोजित एक सादे समारोह में आशा कार्यकत्र्ताओं को सम्मानित कर उनका हौंसला बढ़ाया गया। इस मौके पर उपस्थित डीडीसी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ आशा कार्यकत्र्ता हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अब अच्छे कार्य करने वाले कर्मियों को पुरस्कृत करेगी। श्री सिंह ने कहा कि सरकार का विशेष ध्यान शिक्षा और स्वास्थ्य की ओर है। उन्होंने आशा कार्यकत्र्ताओं से सेवा भावना के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकत्र्ता क्षेत्र में कड़ी मेहनत करती है। उनके उत्कृष्ट कार्यो का फल तो मिलना ही चाहिए। मौके पर डीपीएम रेहान अशरफ, भरगामा की उषा रानी, फतेहपुर की नूतन देवी आदि ने अपने कार्यो के अनुभव को बताया। इस मौके पर डीएचएम के डीआरएम अंजूलता भी मौजूद थी।

अगलगी की दो घटनाओं में दस लाख से अधिक की क्षति

जोकीहाट(अररिया),निज प्रतिनिधि: जोकीहाट प्रखंड में रविवार की रात अगलगी की अलग अलग घटनाओं में दो दर्जन से अधिक घर जल कर राख हो गये। जिसमें दस लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। पहली घटना डुमरिया के चिकनिया टोला में घटी जिसमें अब्दुल हफीज, सरवर, शनिचरा, इसलाम, बदरून्निया, तैयब, कारू एवं मायूल के घर जलकर राख हो गये। मुखिया मुर्शिदा खातून ने बताया कि अग्निकांड में चावल, धान, कपड़ा सहित पीड़ितों के करीब पांच लाख की संपत्ति जलकर नष्ट हो गयी है। मुखिया श्रीमती खातून ने बताया कि प्रत्येक अग्निपीड़ितों को पांच पांच सौ नकद रूपये राहत के तौर पर वितरण किये गये हैं। वहीं दूसरी घटना डूबा गांव में हुई जिसमें ताहिद, सुफियान, वसीक, मोसमात अमरून, सउद, हामिद निसार एवं मोज्जमिल के घर स्वाहा हो गये। अगलगी की इस घटना में छह दुधारू गाय 25 बकरी समेत पांच लाख से अधिक की संपत्ति के नुकसान की आशंका है। ग्रामीणों ने बताया कि आग उस समय लगी जब गृह स्वामी सो रहे थे। ग्रामीणों ने अग्निपीडि़तों को राहत एवं इंदिरा आवास दिलाने की मांग की है।

मोक्ष के लिए ध्यान व ध्यान के लिए सदाचार का पालन का आवश्यक :

भरगामा(अररिया),जासं: भरगामा थाना क्षेत्र के महर्षि मेॅंही विद्यालय महथावा के प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय संतमत सत्संग का समापन सोमवार को हो गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संतमत के आचार्य स्वामी श्री हरिनंदन जी महाराज थे। सत्संग में दूर दराज से आये कई संत महात्माओं संग धर्मावलंबियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम स्थल पर सत्संगियों के रहने खाने आदि की भी पुख्ता व्यवस्था की गयी थी। वहीं कार्यक्रम में अंतिम दिन सत्संगियों की अपार भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम के अंतिम दिन संतमत के आचार्य व कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वामी श्री हरिनंदन जी महाराज ने संतमत के गुरू ब्रह्मलीन पुज्यपाद स्वामी श्री महर्षि मेंॅही परमहंस जी महाराज के जीवन वृतांत पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विभिन्न महात्माओं कबीर साहब, तुलसी साहब आदि संतों के जीवन पर भी प्रकाश डालते हुए उनके बताये मार्ग का अनुकरण करने की अपील लोगों से की। उन्होंने अंतिम दिन ध्यान, अध्यात्म तथा मोक्ष आदि विषयों पर विस्तार पूर्वक चर्चा करते हुए मोक्ष के लिए ध्यान को अहम बताया। उन्होंने कहा कि मोक्ष के लिए ध्यान आवश्यक है जबकि ध्यान के लिए सदाचार का पालन अर्थात झूठ, चोरी, नशा, हिंसा और व्याभिचार का त्याग अनिवार्य है। कार्यक्रम में वर्तमान आचार्य के साथ सहयोगी अन्य महात्माओं ने भी विभिन्न विषयों पर अपने प्रवचन किये। जबकि धर्मावलंबी पूरे कार्यक्रम तक एकाग्रित भाव से श्रवण ज्ञान गंगा में गोता लगाते रहे। कार्यक्रम के आयोजकों ने कार्यक्रम की सफलता में समस्त ग्रामीणों के सहयेाग को सराहनीय बताया।

धूमधाम से मनाया गया गृह रक्षा वाहिनी का स्थापना दिवस समारोह

अररिया, जाटी: बिहार गृह रक्षा वाहिनी का स्थापना दिवस समारोह सोमवार को कार्यालय में धूमधाम से मनाया गया। कार्यालय में होमगार्ड इंस्पेक्टर जीएस निराला ने झंडोत्तोलन कर समारोह की शुरूआत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री निराला ने कहा कि आज हमारे पास संसाधनों की काफी कमी है। इसके बावजूद हमारे जवान सरकार व प्रशासन के निर्देशों का पालन कर अपने दायित्वों का बखूबी निर्वहन करते हैं। श्री निराला ने कहा कि विस चुनाव में होमगार्ड जवानों की अहम भागीदारी रही है। उन्होंने जवानों से सहयोग की अपील की। होमगार्ड संघ के जिलाध्यक्ष अभय कुमार झा उर्फ बबलू ने कहा कि गरीबी झेलने के बाद भी हम निष्ठापूर्वक कर्तव्यों का निर्वहन करते आ रहे हैं। इससे पूर्व सोमवार की सुबह जवानों ने जिलाध्यक्ष बबलू झा के नेतृत्व में बैंड बाजा के साथ जलूस निकाला जो कार्यालय से निकलकर चांदनी चौक, काली मंदिर चौक होते हुए समाहरणालय पहुंची। कार्यक्रम में कंपनी कमांडर गुलाम सरवर, फायर आफिसर शिवशंकर पासवान, हवलदार हरिद्वार, जवान यमुना प्रसाद मंडल, कृष्णदेव, दयानंद, उमेश, सदानंद, संतलाल, मदन मिश्रा, मो. शाहिद, मास्टर योगानंद समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे

Sunday, December 5, 2010

बिजली को लेकर आंदोलन कोरेंगे ग्रामीण

जोकीहाट(अररिया),निप्र: जोकीहाट प्रखंड अंतर्गत दर्जनों गांव आज भी बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। प्रखंड के चरघरिया, थुभड़ी, डकैता, केसर्रा, खुट्टी, थाकी, नौआननकार, कजलेटा, बारा इस्तम्बरार, दभड़ा, ललुवाबाड़ी आदि गावों में बिजली नहीं मुहैया कराये जाने से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। ग्रामीणों ने बताया कि पोल, तार एवं ट्रांसफार्मर के लिए नजराना दिये जाने के बावजूद बिजली की सुविधा से हमलोग वंचित हैं। राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत गांवों को बिजली उपलब्ध कराने के मामले में जिले भर से सबसे खराब स्थिति जोकीहाट की है। जहां अब तक मात्र 25-30 फीसदी गांवों में बिजली बहाल की गयी है। उक्त गांव के लोगों ने बताया कि जल्द हमें बिजली नहीं मुहैया करायी गयी तो हम धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

भूमि विवाद में भाई को घोंपा छूरा

भरगामा(अररिया),जासं: महज एक कट्ठा जमीन के बंटवारे को लेकर छिड़े विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई को छुरा घोंप दिया। घटना भरगामा थाना क्षेत्र के वीरनगर पश्चिम पंचायत की बतायी जाती है। मामले में दो नामजद अभियुक्त को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि उप सरपंच पति मो. मसिउर्रहमान शनिवार को विवादित जमीन की मापी निजी अमीन के द्वारा करवा रहे थे। जहां बड़े भाई जियाउर्रहमान ने पीछे से छूरा से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले के बाद जियाउर्रहमान फरार हो गया तथा मौके पर मौजूद लोगों ने घायल उप सरपंच पति मो. मसिउर्रहमान को भरगामा लाया। इधर घटना की तत्काल सूचना पर स्थानीय सरपंच राविया बेग ने हमलावर जियाउर्रहमान तथा गांव के ही एक अन्य व्यक्ति को बंधक बनाकर न्यायिक पुलिस को सुपुर्द कर दिया। जहां पुलिस ने तत्काल चिकित्सा के लिए मसिउर्रहमान को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरगामा भेज दिया तथा गिरफ्तार मो. जियाउर्रहमान आदि को जेल भेज दिया। थाना सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार मामले को लेकर स्थानीय थाना भरगामा कांड संख्या 127/10 में घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है।

बाबा रामदेव के कार्यक्रम को लेकर जागरूकता रैली

अररिया,निसं : आगामी नौ दिसम्बर को अररिया के शिवपुरी मोहल्ला में आयोजित होने जा रहे योग गुरू बाबा रामदेव के कार्यक्रम को लेकर रविवार को जिले के योग शिक्षकों एवं पंतजलि योग समिति के सदस्यों ने जागरूकता रैली निकाली। रैली स्थानीय सहारा इंडिया के सभा भवन से निकल कर शहर के विभिन्न मार्गो पर भ्रमण किया। इस दौरान रैली में शामिल सदस्यों ने करे योग,रहे निरोग आदि का नारा बुलंद करते हुए लोगों से बाबा के कार्यक्रम में शामिल होने का आह्ववान किया। रैली का नेतृत्व ओम प्रकाश सोनू कर रहे थे। इस दौरान सदस्यों ने पंतजलि योग की महत्ता पर भी प्रकाश डाला। रैली में मुख्य रूप से महिला प्रभारी शांति देवी, इन्दू कुमारी, लीलावती देवी, सत्यभामा देवी, रूणा देवी, शशी कुमारी, डोली कुमारी, आशा कुमारी, मिडिया प्रभारी राजेश कुमार यादव, विवेकानन्द यादव, आशा कुमारी, रामनारायण जी, महेन्द्र प्रसाद यादव,प्रफुल्ल जी, उपेन्द्र यादव समेत कई अन्य लोग मौजूद थे।

ध्यान के सहारे ब्रह्मा की प्राप्ति संभव: हरिनंदन बाबा

भरगामा(अररिया),जासं: गुरूनाम है ज्ञान का, शिष्य सीख ले सोई, ज्ञान मरजाद जाने बिना गुरू अरू शिष्य न कोई..। अर्थात गुरू ज्ञान का भंडार हैं। जिसके सहारे शिष्य मुकाम पा सकते हैं। उक्त बातें संतमत के वर्तमान आचार्य स्वामी श्री हरिनंदन जी महाराज ने भरगामा में रविवार से प्रारंभ दो दिवसीय संतमत के प्रखंड स्तरीय वार्षिक अधिवेशन के प्रथम दिन धर्मानुरागियों को संबोधित करते हुए कही।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: गुरू वंदना तथा स्तुति से की गयी। जिसमें गीता, रामायण तथा अन्य धर्मग्रंथ का पाठ किया गया। सत्संग में स्वामी कृष्णबल्लभ बाबा, स्वामी रमेश व बाबा परमानंद बाबा ने भी शिरकत की। तत्पश्चात कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संतमत सत्संग के वर्तमान आचार्य स्वामी श्री हरिनंदन जी महाराज ने संतमत के गुरू व सदी के महानसंत ब्रह्मालीन पूच्यपाद महर्षि मेंहीं परमहंस जी महाराज के जीवन पर चर्चा करते हुए गुरू की महिमा व उनकी महत्ता पर व्याख्यान दिये। उन्होंने कहा कि एक मात्र गुरू ही जन को सद्मार्ग पर ले जा सकते हैं। उन्होंने ध्यान को अहम बताते हुए कहा कि यह एक ऐसी प्रक्रिया है जिससे ब्रह्मा को प्राप्त किया जा सकता है। इस सद्मार्ग का ज्ञान केवल गुरू ही बता सकते हैं। कार्यक्रम के आयोजक प्रो. गुूरूदेव यादव ने स्थानीय सरपंच निर्मला देवी समेत शिवानंद साह, कृष्णदेव मलाकार तथा से.नि. वि.प्र. महेन्द्र बैठा समेत ग्रामीणों के सहयोग को सराहनीय बताया।

कागजों में ही सिमटी वृक्षारोपण योजना

भरगामा(अररिया),जासं: मनरेगा के तहत वृक्षारोपण की महत्वाकांक्षी योजना भरगामा में विभिन्न कारणों से फलीभूत नहीं हो सका। बताया जा रहा है कि यह वृक्षारोपण का कार्य पंचायत के बीपीएल तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के परिवारों के सहयोग से करवाया गया था जिसमें देखरेख तथा बाकी का कार्य भी वार्ड के ही जॉब कार्ड धारियों से लिया जाना था। किंतु जैसा कि बताया जा रहा है कि यह योजना धरातल से परे केवल कागजों में होकर रह गयी। अगर एकाध जगहों पर यह योजना चलाया ही गया तो वहां भी केवल खानापूर्ति की गयी। कार्यक्रम पदाधिकारी रामगंगा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना भरगामा प्रखंड में वर्ष 2008 में ही चलायी जा रही है। उन्होंने खुद यह भी स्वीकार किया कि कुछ पंचायत इस तरह की योजना से अनजान है तथा अपरिहार्य कारणों से यहां यह योजना नहीं चलायी जा सकी है। चर्चा पिछले कुछ वर्षो की करें तो भरगामा प्रखंड एक विशाल वन क्षेत्र वाला प्रखंड समझा जाता था। प्रखंड के बीचों बीच से निकलने वाली जेबीसी नहर के दोनों तटबंध पर कम से कम 45 किमी लंबाई वाले प्रखंड के सीमा से जुड़े नहर के तटबंध पर शीशम, सेमल, सागवान समेत अन्य बेशकीमती तथा दुर्लभ पेड़ों का झुंड था। किंतु विभागीय उदासीनता तथा वृक्षों की अवैध कटाई ने देखते ही देखते नहर के तटबंध को विरान कर दिया। और प्रखंड लगभग वन से विरान हो गयी। ऐसा नहीं है कि इस अवैध कटाई की भनक विभाग को या पुलिस प्रशासन को नहीं मिली। बताया तो यह भी जा रहा है कि वन विभाग के अधिकारियों ने प्रखंड के वृक्षों की कटाई में संलिप्त कुछ चेहरों को शिनाख्त की जिस पर मुकदमा भी किया गया। किंतु अज्ञात कारणों से स्थिति सामान्य ही रही। एक दुर्लभ वृक्ष को बचा पाने में प्रशासन नाकाम रहा।

जोगबनी से नई ट्रेनों के परिचालन की मांग

फारबिसगंज(अररिया),हमारे प्रतिनिधि: जोगबनी से बनारस, मुजफ्फरपुर, छपरा एवं बलिया त्रिसाप्ताहिक ट्रेन, जोगबनी से पटना दैनिक ट्रेन तथा जोगबनी से रांची, मुंबई और जयपुर के लिए साप्ताहिक ट्रेन चलाये जाने संबंधी प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी देते हुए रेल मुख्यालय एवं मंत्रालय भेज दिया गया है।
रेल सलाहकार समिति की कटिहार में संपन्न बैठक में आरयुसीसी सदस्य विनोद सरावगी द्वारा उपरोक्त नई रेलगाड़ियों के परिचालन संबंधी प्रस्ताव लाया गया था। जिसे सर्वसम्मत से स्वीकृति देते हुए एनएफ रेल द्वारा विचारार्थ रेल मंत्रालय भेजा गया। जानकारी देते हुए श्री सरावगी ने बताया कि इसके साथ ही सीमांचल एक्सप्रेस में 24 डिब्बे का नया रैक देने जिसमें स्लीपर क्लास के 9 डिब्बे, एसी थ्री के तीन डिब्बे, सेकेंड क्लास एक डिब्बा एवं पेंट्री कार के साथ अविलंब परिचालित किये जाने के प्रस्ताव को भी रेलवे बोर्ड के समक्ष भेजा गया है। बताया कि 3160 जोगबनी कोलकत्ता एक्सप्रेस में विभिन्न श्रेणियों में कटिहार एवं आगे के स्टेशनों का कोटा समाप्त कर इसे सभी स्टेशनों पर पूर्णत: उपलब्ध कराये जाने का सुझाव में मुख्यालय को अग्रसारित किया गया है। उन्होंने बताया कि समिति के ही अन्य सदस्य बछराज राखेचा द्वारा 3159-60 जोगबनी कोलकत्ता एक्सप्रेस ट्रेन में एसी थ्री का एक और डब्बा लगाये जाने संबंधी सुझाव को पूर्व रेलवे मुख्यालय को भेजा गया है। जबकि इस ट्रेन की जोगबनी से खुलने के समय में परिवर्तन संबंधी सुझाव को रेलवे विभाग ने तकनीकी कारणों से खारिज कर दिया है। श्री राखेचा द्वारा फारबिसगंज स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 1,2,3 के शेड के विस्तार का सुझाव को भी मंजूरी दी गयी तथा फारबिसगंज स्टेशन स्थित पीआरएस से डुप्लीकेट टिकट जारी करने हेतु स्पेशल आईडी कार्यरत कर्मचारियों को दे दिया गया है।

पैक्स के माध्यम से नहीं हो रहा खाद-बीज का कारोबार

भरगामा(अररिया),जाप्र : अनुदानित पर पर खाद बीज उपलब्ध होने की उम्मीद पर बैठे प्रखंड के किसान पैक्स अध्यक्ष की निष्क्रियता के कारण अंतत: नाउम्मीद सी हो गयी है। एक आध पैक्स अध्यक्ष को बांकी किसी पैक्स के माध्यम से खाद, बीज व कीटनाशक, उपलब्ध नहीं हो पाया है।
इधर, किसानों में अशोक कुमार दास, भुनेश्वर यादव, तारणी यादव, ब्रह्मादेव यादव, खुटहा बैजनाथपुर निवासी हरी दास, हेमंत दास, सुधीर, सुनील मेहता, धनेश्वरी पं. निवासी निर्मल वर्मा, बटुक लाल दास, मो. रफीक समेत अन्य किसानों का कहना है कि पिछले कई वर्षो से प्राकृषिक आपदाओं का दंश झेल रहे किसान अबकि बेहतर पैदावार की उम्मीद में आर्थिक रूप से कमजोर होने के बाद भी जैसे तैसे खेतों को तैयार किया। उम्मीद थी कि पैक्स सरकार के सहयोग से पैक्स द्वारा अनुदानित दर पर खाद बीज उपलब्ध होगी। किंतु खाद बीच की अनुपलब्धता ने किसानों को अंतत: ना उम्मीद ही किया। व किसान एक बार फिर खुले बाजार से आसमान छूते कीमत पर खाद बीज खरीद कर गेहूं, मकई व तेलहन फसल सुर्यमुखी फसल लगाने पर मजबूर हैं।

मकई बीज को लेकर किसान संशय में

रानीगंज(अररिया),जाप्र: पिछले मौसम में फसल की कम पैदावार का दर्द किसान भुले भी नहीं थे कि रबी के मौसम में मक्के की खेती के लिए बुआई में प्रयुक्त बीज को लेकर किसान सशंकित हैं। बुआई का समय आते ही बाजार में बड़ी कंपनियों के साथ-साथ छोटे छोटे बीज वितरक भी आकर्षक विज्ञापनों के साथ बाजार में आये है। खेतों को तैयार किये हुए किसान इन बीजों की खरीदारी एवं बोआई को लेकर काफी असमंजस में है। मक्के के बालियों में दाना नहीं होने से अपनी जमा पूंजी लूटा चुकने के बाद आहत किसान अब संशय में हैं कि मक्के की नयी फसल लगाने के लिए कौन से बीज की खरीदारी करें। वैसे तो कृषि विभाग बार बार किसानों के लिए आवश्यक कार्यशाला का आयोजन कर प्रमाणित बीज ही खेतों में लगाने को कह रहा है। परंतु सुदूर ग्रामीण क्षेत्र के किसान अभी इस संशय से उबर नहीं पाये है। कोशिकापुर घरबंधा गांव के विमल सिंह, बेलसारा गांव किसान विजेन्द्र यादव, उफरैल गांव के संजय मंडल आदि अधिकांश लोगों का कहना है कि विज्ञापनों को देखकर एवं दुकानदारों के कहने पर ही अधिकतर किसान बीज की खरीदारी करते हैं।

श्रीविधि से गेहूं की खेती करने पर बल

पलासी(अररिया),निज संवाददाता: प्रखंड मुख्यालय के प्रांगण में शनिवार को प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रशांत के देखरेख में कृषि विकास उत्सव शिविर का आयोजन किया गया। मौके पर कृषि वैज्ञानिक अशोक कुमार, कृषि परामर्शी मृत्युंजय चौबे, जिप सदस्य शब्बीर अहमद, हारूण रशीद, पशु चिकित्सक डा. नंदलाल चौधरी, कृषक अनुरंजन ठाकुर, सुनील यादव, युवराज यादव, राधेश्याम यादव, मुन्ना ठाकुर, सिंहेश्वर झा, मो. नजीम आदि सैकड़ों की संख्या में किसान मौजूद थे। कृषि विकास उत्सव में वैज्ञानिक व परामर्शी ने कृषकों को गेहूं के बीच, खाद बुआई आदि के तरीकों से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। इन्होंने छोटे कृषकों को श्रीविधि से गेहूं की खेती करने के लिए प्रेरित किया। कृषकों के द्वारा बीते वर्ष प्रखंड से उपलब्ध कराये गये गेहूं के बीज बोने के बाद बालियों में दाना नहीं होने की भी शिकायत की। इस संबंध में वैज्ञानिक श्री कुमार ने विलंब से बुआई का हवाला दिया। वहीं मिट्टी के नमुने नहीं लेने के बाबत कृषकों के प्रश्न पर परामर्शी ने कहा कि जिला में मिट्टी जांच की सुविधा नहीं है। इस क्रम में धीरज कुमार ने बागवानी स संबंधित जानकारी कृषकों को दी। प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने बताया कि पंपसेट, थ्रेसर व वर्मी कम्पोस्ट अनुदान के लिए करीब 250 आवेदन लिये गये। पशु चिकित्सक ने पुशओं में होने वाली विभिन्न बीमारियों के लिए कृषकों के बीच दवा वितरित की।

लोडेड पिस्टल के साथ अपराधी गिरफ्तार

पलासी(अररिया),निसं: पलासी थाना पुलिस ने शुक्रवार की रात गश्ती के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पिपरा विजवार में चल रहे चैरिटी शो से एक व्यक्ति को खदेड़कर लोडेड पिस्टल के साथ दबोचा। इस बाबत थानाध्यक्ष आरबी सिंह के फर्द बयान पर पलासी थाना में आ‌र्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं गिरफ्तार अभियुक्त मो. सर्वेश सा. बरहट को शनिवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया। इस बाबत थानाध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात वह अपने सहयोगी अ.नि. प्रशांत कुमार भारद्वाज, संतोष कुमार मंडल व सशस्त्र बल के साथ रात्रि गश्ती करते हुए विधि व्यवस्था का जायजा लेने पिपरा विजवार पहुंचा। इस क्रम में गुप्त सूचना मिली कि कुछ अपराध कर्मी हथियार से लैश होकर आये है। पूछताछ के क्रम में दो व्यक्ति को भागते हुए देखा। संदेह होने पर खदेड़कर एक व्यक्ति कको पकड़ा। तलाश के क्रम में उसके साथ एक लोडेड देशी पिस्टल बरामद हुआ। आ‌र्म्स के संबंध में पूछे जाने पर उसने बताया कि वह आग्नेयास्त्र भागने वाले व्यक्ति बरहट गांव के मो. मोहित का है। वहीं उसने अपना नाम सर्वेश सा. बरहट बताया। इस बाबत नामजद प्राथमिकी दर्ज किया गया है।

बिजली को लेकर ग्रामीणों ने की सड़क जाम

बथनाहा(अररिया),जाटी: दशकों से नेपाल से आपूर्ति हो रही बिजली सप्लाई को विभाग द्वारा जोगबनी नगर पंचायत क्षेत्र तक ही चालू रखने के विभाग के दोहरे नीति से क्षुब्ध ग्रामीणों ने सरकार तथा विभाग के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कई घंटे तक मुख्य सड़क मार्ग बथनाहा रेलवे स्टेशन चौक के समीप जाम कर दिया।
सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार दशकों से विद्युत विभाग द्वारा नेपाल से मिल रहे विद्युत सप्लाई को जोगबनी, बथनाहा समेत सीमावर्ती फारबिसगंज तथा नरपतगंज अंचल के ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध कराया जा रहा था। पिछले दिनों सप्लाई को बंद कर दिये जाने के बाद से ग्रामीणों के बीच आक्रोश व्याप्त हो गया था। शनिवार को सुबह आठ बजे संघर्ष समिति के आह्वान पर क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा बथनाहा रेलवे स्टेशन चौक के निकट सड़क पर धरना पर बैठ गये जिससे आवागमन कई घंटों तक बाधित रहा। वहीं ग्रामीणों द्वारा जगह जगह टायर जलाते हुए नारेबाजी कर रहे थे। जाम के कारण फारबिसगंज जोगबनी सड़क मार्ग में वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। पुलिस पदाधिकारी रामदिनेश मंडल(अ.नि.) प्रशांत कुमार झा आदि ने सैप जवानों के साथ जाकर धरना पर बैठे आंदोलनकारियों से आंदोलन वापस लेने तथा प्रशासन के उच्चाधिकारियों से वार्ता कराने का मशक्कत किया।
फारबिसगंज अनुमंडल के प्रभारी पदाधिकारी मुकेश कुमार सिन्हा तथा अनुमंडल आरक्षी पदाधिकारी शिव कुमार झा द्वारा दिये गये आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे संयोजक पियुष मिश्र तथा सह संयोजक अनिल कुमार मंडल कर रहे थे। इस अवसर पर आंदोलन को सफल बनाने में राकेश शर्मा, डा. प्रेमनाथ झा, हरि मेहता, मनोज साह, विद्यानंद मंडल, दिनेश मोहन झा, रामानंद मिश्र, सचेन्द्र झा, सियाराम सिंह, दीपू तिवारी, वीरेन्द्र यादव, सुमित, अमित, सुशील ठाकुर, अशोक कुमार मंडल, मो. जलील, राजू कामत, मंगल राम आदि ग्रामीण उपस्थित थे। संयोजक श्री मिश्रा ने बताया कि अगर उनकी मांगों के प्रति विभाग के द्वारा सकारात्मक पहल नहीं किया गया तो संघर्ष का अगला चरण और भी आक्रामक होगा।

अररिया में वक्त की जरूरत बन रहा जल संरक्षण

अररिया, जागरण प्रतिनिधि: खेतों में सिंचाई व पीने के पानी की कमी का सामना कर रहे अररिया जिले में जल संरक्षण वक्त की जरूरत बनता जा रहा है। जिले में बड़ी संख्या में बन रही सड़कों के लिये मिट्टी भराई के क्रम में निर्माण कंपनियों ने नदी की मृत धाराओं में छोटे छोटे तालाब बना कर एक नई राह दिखाई है।
अब भूल जाइये इस बात को कि अररिया में जल संकट नहीं होता है। इसी साल गर्मियों में नरपतगंज, भरगामा व रानीगंज प्रखंड में एक दर्जन से अधिक नदियां सूख गयी थी तथा हजारों चापा कलों में पानी का लेयर कई फीट नीचे चला गया था। पानी को ले कर जिले के पश्चिमी हिस्से में हाहाकार जैसी स्थिति थी। जब बरसा आयी तो कहीं जाकर स्थिति में सुधार हो पाया।
पानी का यह संकट केवल पश्चिम क्षेत्र में ही नहीं है। अगर आप ध्यान से देखें तो संपूर्ण जिले में संकट दिखाई पड़ेगा। जोकीहाट व अररिया प्रखंड के गांवों में पहले ढेर सारे जलकर थे। कुर्साकाटा व फारबिसगंज के गांवों में भी की बड़ी संख्या में कुदरती जलाशय थे। इन जलाशयों के जल का उपयोग जूट सड़ाने, गेहूं व मक्का की फसल की सिंचाई व मछली उत्पादन के लिये होता था।
लेकिन बाढ़ के पानी के साथ आने वाली गाद व सिल्ट के कारण तकरीबन सारे कुदरती जलाशय भथ गये। इसका परिणाम सिंचाई के लिये पानी के अभाव तथा मछली उत्पादन में कमी के रूप में सामने आया।
प्राकृतिक जलाशयों के समाप्त हो जाने व हरित क्रांति के आगमन के बाद किसान अपने क्राप की सिंचाई के लिये भूगर्भीय जल पर अधिक निर्भर हो गये। इसका परिणाम जिले में लगभग पचास हजार बांस बोरिंग के रूप में सामने आया। लेकिन अंडरग्राउंड जल के अत्यधिक दोहन के कारण अब हर साल गर्मी के सीजन में जल संकट सामने आ जाता है।
ऐसे में जिले में कार्यरत सड़क निर्माण कंपनियों ने जल संरक्षण के मामले में एक नई राह दिखाई है। अररिया कालेज के निकट बूढ़ी कोसी की मृत धारा में सड़क निर्माण कंपनी चढ्डा एंड चढ्डा ने मिट्टी निकाली। इसी मिट्टी को व्यवस्थित तरीके से निकाला गया तो धारा में दो तीन जलाशय बन गये। उसके बाद जब बारिश आयी तो जलाशय में भरपूर पानी और उसमें भरपूर मछली। किसानों ने इस पानी का उपयोग गेहूं पटवन के लिये किया। इस प्रकार के कई जलाशय फोरलेन बना रही पीसीएल तथा गैमन इंडिया द्वारा भी बनाये गये है।
किसानों की मानें तो ऐसे जलाशय बनाने के लिये सरकार व प्रशासन की ओर से पहल व वित्तीय मदद की जाये तो किसानों की माली हालत में बेहद सुधार हो सकता है।

डीएम ने रोका डीडब्ल्यूओ का वेतन

अररिया, संसू: नयी सरकार गठन के पश्चात मिल रहे निर्देशों के आलोक में जिला में भी लगातार बैठकों का दौर जारी है। इसी क्रम में शनिवार को डीएम कार्यालय में जिला पदाधिकारी एम. सरवणन की अध्यक्षता में विकास योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी। बैठक में डीएम के द्वारा इंदिरा आवास, कन्या विवाह योजना, पेंशन योजना, एमएसडीपी योजना, डीजल अनुदान आदि योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गयी। बैठक के दौरान डीएम ने अररिया व पलासी बीडीओ को योजनाओं की जानकारी नहीं होने के कारण जमकर फटकार लगायी। उन्होंने रानीगंज बीडीओ को प्रखंड मुख्यालय में आवास रखने का आदेश दिया तथा इंदिरा आवास योजना में खराब स्थिति होने के कारण फारबिसगंज बीडीओ के विरूद्ध प्रपत्र क गठित करने का निर्देश डीडीसी को दिया। वहीं छात्रवृति योजनाओं की राशि वितरण नहीं करने के कारण डीएम ने जिला कल्याण पदाधिकारी का वेतन रोकने तथा उनसे स्पष्टीकरण पूछने का आदेश दिया।
बैठक के दौरान श्री सरवणन ने कहा कि इंदिरा आवास योजना के तहत तय किये गये लक्ष्य को शीघ्र पूरा करें तथा प्रतीक्षा सूची में शामिल लाभुकों का आवास योजना स्वीकृत करने का निर्देश सभी बीडीओ को दिया। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस से पूर्व हर हाल में सभी बीडीओ 100 आवास का निर्माण करावे। वहीं पेंशन योजनाओं को शत प्रतिशत पूरा करने, कबीर अत्येष्ठी, पारिवारिक लाभ योजना की राशि बांट कर उपयोगिता भेजने का निर्देश दिया गया। एमएसडीपी योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि हर हाल में 10 दिसंबर तक सारे आंगनबाड़ी केन्द्र भवन निर्माण कार्य आरंभ कर दें अन्यथा कार्रवाई की जायेगी। बैठक में डीडीसी यूके सिंह, डीआरडीए निदेशक जफर रकीब, सहायक निदेशक गोपाल प्रसाद, संजय कुमार, डीपीआरओ कुमार सिद्धार्थ, डीएसओ रविन्द्र राम, एडीपीआरओ योगेन्द्र कुमार लाल आदि मौजूद थे।

किसानों को पढ़ाया गया उन्नत कृषि का पाठ

अररिया, निज प्रतिनिधि: राष्ट्रीय कृषि विकास योजना अंतर्गत जिला कृषि पदाधिकारी के निर्देशानुसार चार पंचायतों में शनिवार को किसान पाठशाला प्रारंभ की गयी। इन पंचायतों में बोची, पोखरिया, बटुरबाड़ी तथा के. खबासपुर शामिल हैं।
गेहूं फसल आधारित इन किसान पाठशालाओं में किसानों को बेहतर खेती के गुर सिखाये गये। मौके पर विषय वस्तु विशेषज्ञ ज्ञान शंकर सिंह, परामर्शी राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन कुमारी रजनी के अलावा पाठशाला संचालक जुबेर आलम, अब्दुल कुद्दुस, असलम व बहादुर सिंह के साथ ही प्रशिक्षु किसान मौजूद थे।

लाभुकों ने लगाया दलाली का आरोप

अररिया, निसं: अररिया प्रखंड अंतर्गत बनगामा पंचायत के आधा दर्जन से अधिक लाभुकों ने गांव के ही कुछ लोगों पर आवास की राशि मामले में दलाली करने का आरोप लगाया है। शनिवार को इन लाभुकों ने मुखिया के सहयोग से नगर थाना पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाते हुए न्याय की गुहार लगायी है।
नगर थाना पुलिस के समक्ष लाभुकों में बिन्देश्वरी यादव, पंचानंद यादव, सदानंद यादव, कारेलाल यादव आदि ने बताया कि वे लोग अररिया स्थित सेन्ट्रल बैंक राशि का भुगतान लेने आये थे। लेकिन गांव के दलाल तीर्थानंद साह, मो.फकरु एवं मो. अलाउद्दीन उन्हें जल्द भुगतान का सब्जबाग दिखाने लगे। लेकिन उन्होंने तवज्जो नहीं दी। लेकिन जब उन्होंने अपने पासबुक बैंक काउंटर पर रखा तो दलाल वहां से पासबुक ही लेकर चला गया। इस दौरान बैंक कर्मी समेत वे लोग भी अपने पासबुक के लिए परेशान हो गये। दलाल ने दो घंटा बाद पासबुक लाकर दिया। लाभुकों ने बताया कि घटना के बाद इन सब बातों की जानकारी पंचायत के मुखिया अब्दुल मतीन को दे दी गयी।
वहीं मुखिया श्री मतीन ने बताया कि उनके पंचायत में कई दलाल सक्रिय हैं और बदनामी उन्हें झेलनी पड़ती है।

किसान ऊंचे दामों पर उर्वरक खरीद को विवश

अररिया, निज प्रतिनिधि: जिले में चालू रबी फसलों की बुआई पीक पर चल रही है। इधर किसान असली नकली खाद बीजों से अनभिज्ञ ऊंची कीमतों पर उर्वरक खरीदने को विवश है। जिला कृषि पदाधिकारी का मानना है कि जिले में मांग के अनुरूप उर्वरकों की आपूर्ति कम ही नहीं बल्कि ससमय उपलब्धता भी नहीं हो पाती। फलस्वरूप किसानों के बीच त्राहिमाम की स्थिति बनी हुई है। एक ओर सरकार उन्नत खेती को बढ़ावा देने को ले किसानों को ससमय बुआई करने के लिए प्रचार प्रसार व शिविर आयोजित कर रही है। वहीं दूसरी ओर संबंधित विभाग का आलम यह है कि आवश्यकता से कम ही नहीं बल्कि विलंब से आपूर्ति होने पर किसान दोहरी मार झेलने को अभिशप्त है। बाजारों में विक्रेताओं द्वारा कृत्रिम अभाव दिखाकर किसानों से अनाप शनाप दाम वसूल रहे है। बताया जाता है कि बिना अनुज्ञप्ति के भी दुकानदार खाद बीज को धड़ल्ले पूर्वक बेच रहे है। मांगे जाने के बावजूद किसानों को कैशमेमो भी नहीं दिया जाता। इन फर्जी विक्रेताओं के ऊपर निर्भर रहना कृषकों की विवशता बनी हुई है। कालाबाजारी चरम पर है। इस संबंध में पूछे जाने पर जिला कृषि पदाधिकारी वैद्यनाथ यादव मांग के अनुसार उर्वरकों की कम हो रही आपूर्ति को स्वीकारते है तथा उर्वरकों के आगत के लिए रैक लगने में हो रही विलंब का ठीकरा भारत सरकार के रेल परिवहन के ऊपर फोड़ते है। हालांकि उन्होंने इस कमी को दूर करने के लिए विभागीय पत्राचार व पहल किये जाने की भी बातें कही। डीएओ श्री यादव ने फर्जी दुकानदारों पर नकेल कसने व कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए शीघ्र ही ठोस उपायों को कार्यरूप देने की बातें बताई।

Saturday, December 4, 2010

सीएम कन्या विवाह योजना के तहत बटेंगे डेढ़ करोड़ रुपये

अररिया, संसू: अगर आप मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के लाभ के लिए प्रखंड कार्यालय में आवेदन जमा किये है तो बहुत जल्दी इसकी राशि आपको प्राप्त हो जायेगी। प्रखंड कार्यालयों में सैकड़ों की संख्या में कन्या विवाह योजना के लाभ के लिए आवेदन जमा पड़े है। सरकार ने इसके लिए जिला प्रोग्राम कार्यालय को करीब एक करोड़ 52 लाख रूपये उपलब्ध कराया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र प्राप्त होते ही पुन: राशि आवंटित की जायेगी। इधर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी चंद्र प्रकाश ने उक्त राशि को सभी नौ प्रखंड में उपआवंटित कर दिया है। जिला प्रोग्राम कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना मद में जिला को एक करोड़ 51 लाख 89 हजार 200 रूपये प्राप्त हुए है। सरकारी निर्देश के अनुसार एक लाभुक को 5000 का चेक देना है। डीपीओ चंद्रप्रकाश के अनुसार अररिया व जोकीहाट प्रखंड को 30-30 लाख, फारबिसगंज रानीगंज व कुर्साकाटा को 20-20 लाख भरगामा व पलासी को 7-7 लाख सिकटी को आठ लाख तथा नरपतगंज प्रखंड को 9 लाख 89 हजार रूपये उपावंटित किये गये है। उन्होंने बताया इस योजना के लिए प्रचार प्रसार कराने एवं प्रशासनिक व्यय के नाम पर भी तकरीबन डेढ़ लाख की राशि प्रखंड में बांटी गयी है। उन्होंने बताया कि चेक देते समय शादी प्रमाण पत्र व उम्र का सत्यापन करना जरूरी है। इधर डीएम एम सरवणन ने सभी बीडीओ को इस राशि का वितरण हर हाल में 20 दिसंबर तक करने का आदेश दिया है।

लाभुकों के बीच तीन लाख के ऋण वितरित

फारबिसगंज(अररिया),जासं : शनिवार को एसबीआई द्वारा बीस लाभुकों के बीच 15-15 हजार रूपये का ऋण वितरण किया गया। समता भवन रोड स्थित एसबीआई के निर्माणाधीन भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अररिया सीजेएम के द्वारा लाभुकों को दिया गया। यह ऋण महिलाओं को स्व रोजगार के लिए चार फीसदी ब्याज पर दिया गया है। मौके पर सीजेएम ने कहा कि ऋण लेने वाले लाभुकों द्वारा शुरू किये जाने वाले रोजगार का सत्यापन करने वे स्वयं आयेंगे। इस मौके पर बैंक के मुख्य शाखा प्रबंधक एसएमक्यू वारसी, एसडीपीओ एसके झा, नप की मुख्य पार्षद वीणा देवी, संजय शर्मा सहित कई लोग मौजूद थे।

लंबित वादों के निष्पादन को लेकर डीएम सख्त

अररिया, संसू: उच्च न्यायालय के लंबित वादों का निबटारा नहीं करने को लेकर जिला पदाधिकारी एम. सरवणन ने सख्ती दिखाई है। सी.डब्लू.जे.सी. लोकायुक्त एवं एमजेसी मामलों के संबंध में रिपोर्ट प्राप्त नहीं होने पर जिन अधिकारियों के पास मामला लंबित है वैसे सभी अफसरों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश शनिवार को दिया है। विधि प्रशाखा के उप समाहर्ता प्रभारी विजय कुमार सिंह को बैठक के दौरान दिये गये निर्देश में डीएम ने कहा है कि न्यायालय एवं लोकायुक्त के किसी मामले में डीएम की पेशी का आदेश जारी होता है तो संबंधित विभाग के अधिकारी पर कार्रवाई होगी तथा उन्हें आर्थिक रूप से दंडित किया जायेगा। अररिया बीडीओ, सीडीपीओ, फारबिसगंज सीओ, डीपीआरओ, अररिया पीओ, डीईओ, डीएसई आदि के पास सीडब्लूजेसी के 12, एमजेसी के 10 तथा लोकायुक्त के वाद लंबित हैं। इन सभी अधिकारियों से डीएम ने स्पष्टीकरण पूछने तथा हर हाल में 6 दिसंबर तक प्रतिवेदन प्राप्त कराने का निर्देश दिया है।

Friday, December 3, 2010

नारायण झा बने सीनेट सदस्य

अररिया, संसू: विस चुनाव में अररिया से भाजपा प्रत्याशी रहे नारायण झा को कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत यूनिवर्सिटी का सीनेट सदस्य बनाया गया है। यह नियुक्ति राज्य सरकार के आदेश पर की गयी है।
अधिकृत सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार श्री झा को युनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार की ओर से इस आशय का पत्र भी निर्गत कर दिया गया है।
विदित हो कि श्री झा संस्कृत सहित अन्य भारतीय विद्याओं के प्रचार प्रसार में सदैव संलग्न रहे हैं। उन्हें सीनेट सदस्य बनाये जाने से अररिया के लोगों व बुद्धिजीवियों में हर्ष है।

साक्ष्य के अभाव में 11 रिहा

अररिया, विसं: फास्ट टै्रक कोर्ट तृतीय के न्यायाधीश वाई.एल श्रीवास्तव की अदालत ने करीब दस वर्ष पूर्व मारपीट कर जख्मी कर देने के मामले में अपना फैसला सुनाया। जिसमें साक्ष्य के अभाव में 11 लोगों केा रिहा कर दिया।
उक्त मामला सत्रवाद संख्या 927/03 से संबंधित है। जानकारी अनुसार उक्त घटना 19 जून 01 को बतायी जाती है। कई लोगों ने नाजायज मजमा बनाकर महलगांव थाना क्षेत्र के उदा गांव में घर बनाने को लेकर उत्पाद किये तथा मो. मोहसीन तथा उसके भाई मो. रिजवान तथा उसके भतीजा शाहनवाज को आरोपियों ने मारपीट कर जख्मी कर दिया।
इस मामले में मो. शकील, मो. वासील, मो. साहील, मो. सोयेब, मो. ओवेश, मो. सनबाज, मो गुडडू को आरोपित किया गया।
इस मामलेमें सेसन कोर्ट में विचारण प्रारंभ हुआ। परंतु साक्ष्य के अभाव के कारण इन सभी लोगों को अदालत ने रिहा कर दिया। इसमें सरकार क ओर से एपीपी राजेन्द्र शर्मा तथा बचाव पक्ष से वरीय अधिवक्ता योगेन्द्र नाथ दास तथा मो. साबिर आलम ने प्रतिनिधित्व किया था।

जयंती पर चित्रगुप्त परिवार ने किया देशरत्‍‌न को नमन


फारबिसगंज(अररिया),हप्र: भारत के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्‍‌न डा. राजेन्द्र प्रसाद की 126 वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को चित्रगुप्त महा परिवार के सदस्यों ने राजेन्द्र चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर चित्रगुप्त महापरिवार की अध्यक्ष रेणु वर्मा, संरक्षक कर्नल अजीत दत्त, उपाध्यक्ष वीरेन्द्र प्रसाद वीर और अनिल कुमार सिन्हा, महासचिव कल्याण कुमार वर्मा, सचिव डा. अरविंद कुमार वर्मा और तरूण कुमार सिन्हा, कोषाध्यक्ष जय कुमार वर्मा, माघव दास, किशोर कुमार दास, अशोक कुमार दास, प्रदीप कुमार कर्ण, योगानंद लाल दास, प्रभाकर लाल दास आदि उपस्थित थे।

रामपुर-मोहनपुर में किसान पाठशाला शुरू

अररिया, निप्र: राष्ट्रीय कृषि विकास योजनान्तर्गत जिला कृषि पदाधिकारी के निर्देशानुसार शुक्रवार को प्रखंडाधीन पंचायत रामपुर-मोहनपुर पूर्वी के मदरसा भवन में तथा पंचायत रामपुर-मोहनपुर पश्चिम स्थित मध्य विद्यालय में किसान पाठशाला की शुरूआत की गयी। छह सप्ताह तक चलने वाले इस फार्म स्कूल में 25-25 किसानों को शामिल किया गया है। गेहूं आधारित उक्त किसान पाठशाला में किसानों केा प्रथम सत्र का प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें प्रशिक्षु कृषकों को बुआई से पूर्व मिट्टी जांच, बेंच मार्क सर्वेक्षण समेकित फसल प्रबंधन आदि विषयों की विस्तृत जानकारी दी गयी। इस मौके पर विषय वस्तु विशेषज्ञ ज्ञान शंकर सिंह, परामर्शी, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन कुमारी रजनी, पाठशाला संचालक मो. मुस्ताक व कमालउद्दीन आदि मौजूद थे।

अज्ञात लोगों ने तोड़े दो सौ पौधे

फारबिसगंज(अररिया),जासं: पेड़ों की अवैध कटाई अब तक वन माफिया के लोगों द्वारा ही कालाबाजारी के लिए किये जाने की बात कही जाती थी। लेकिन इससे इतर कुछ सिरफिरे लोगों द्वारा नये और छोटे पौधों को रातों रात काट दिये जाने का मामला सामने आया है।
फारबिसगंज प्रखंड के मटियारी पंचायत में वृक्षारोपण योजना के तहत लगाये गये सैकड़ों पौधों में करीब 200 छोटे छोटे पौधों को गुरूवार की रात अज्ञात लोगों ने तोड़कर फेंक दिया। पंचायतों में वृक्षारोपण योजना के तहत अलग अलग योजना राशि से विभिन्न सड़कों के किनारे तीन माह पूर्व ही नये पौधे लगाये गये थे। पौधा अभी बड़ा होकर चार पांच फीट हुआ था। मटियार पंचायत के पंचायत सचिव हरेन्द्र कुमार ने पौधों को तोड़कर फेंक दिये जाने को लेकर फारबिसगंज थाना में लिखित आवेदन दिया है। तोड़े गये पौधों को लाकर पुलिस को दिखाया गया। पंचायत क्षेत्र के कोठीहाट नहर से धनपुरा होते हुए हसकोसा जाने वाली सड़क तथा भागकोहलिया जाने वाली सड़क के किनारे योजना के तहत वृक्षारोपण किया गया था। सड़कों के किनारे लगे कदम, आम सहित अन्य प्रजातियों के पौधों को रात के अंधेरे में नष्ट कर दिया गया। पंचायत में कई अन्य सड़कों के किनारे भी वृक्षारोपण किया गया है। इधर पौधों को काटे जाने जाने की शिकायत लेकर थाना पहुंचे पूर्व मुखिया सह वर्तमान में मुखिया के पुत्र प्रदीप देव ने कहा कि इससे गांव को हरा भरा करने के प्रयास को धक्का लगा है। कहा कि इन जगहों पर दोबारा वृक्षारोपण किया जायेगा।

अजगरा धार लूटकांड मामले में दो गिरफ्तार

जोकीहाट(अररिया), निप्र: जोकीहाट एवं महलगांव थाना क्षेत्र में डकैती एवं लूटपाट की लगातार हुई दो घटनाओं ने पुलिस की नींद हराम कर दी थी। जोकीहाट थाना क्षेत्र के तुर्केली गांव के निकट अजगरा धार में दो शिक्षक सहित लगभग एक दर्जन राहगीरों के लूटकांड मामले में पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर गुरूवार को जेल भेज दिया। अभियुक्तों में महलगांव थाना क्षेत्र के महाजाली गांव के अब्दुल हफीज का पुत्र शमशाद उर्फ लड्डु तथा बैरगाछी थाना क्षेत्र के सूर्यापुर गांव निवासी मौलवी सुफियान का पुत्र सलमान शामिल है। पुलिस ने बताया कि शमशाद उर्फ लड्डु पूर्व में भी मोटरसाइकिल लूट मामले में पूर्व में जेल जा चुका है। पुलिस का मानना है कि जोगिन्दर गांव में मो. बकरीद के घर पंद्रह दिन पहले हुई डकैती मामले में इनका हाथ होने की आशंका है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पुलिस सामने अन्य कई राज का खुलासा किया है।

पुलिस ने अपराधियों को खदेड़ा

रानीगंज(अररिया),जाप्र: अंतरराज्यीय अपराधी गिरोह के दो सरगनाओं की ्िरगरफ्तारी से रानीगंज पुलिस का मनोबल काफी बढ़ा है। पुलिस ने अपराधियों को खदेड़ कर लूट की एक और घटना को विफल कर दिया है। मंगलवार को अपराहन बैंक से 25 हजार की निकासी कर घर जा रहे डुमरिया निवासी तवरेज नामक वृद्ध का रूपयों से भरा थैला छीन कर मोटरसाइकिल सवार दो अपराधी भागने का प्रयास किया। लेकिन अपराधी का पीछा प्रशिक्षु अवर निरीक्षक देवराज राय एवं प्रदीप कुमार सिंह सहित थानाध्यक्ष अरूण सिंह ने किया जिससे अपराधी घटना को अंजाम नहीं दे सके। परंतु अपराधी भागने में सफल रहे।

मनरेगा: रूपया निकासी के बाजवूद मिट्टी की भराई नहीं

बसैटी(अररिया),संसू: रानीगंज प्रखंड के धामा पंचायत से अररिया आर.एस जाने वाली सड़क में मनरेगा योजना के तहत रूपये के निकासी के बाजवूद मिट्टी भराई कार्य नहीं हुआ है। इससे ग्रामीणों में काफी आक्रोश है।
ग्रामीण मंजूर आलम, मो. मुमताज, परवेज आलम आदि ने बताया कि एक वर्ष पूर्व महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना के तहत पंचायत समिति योजना से रूपये की निकासी कर ली गयी है। परंतु आज तक मिट्टी भराई कार्य नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि धामा पंचायत में अधिकांश योजना कागजों पर ही चलती है। गरीबों का जॉब कार्ड शोभा की वस्तु बनकर रह गयी है। मजदूरों को काम नहीं मिलने के कारण दिल्ली, पंजाब, भदोही आदि स्थानों में मजदूरी करना मजबूरी बन गयी है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जांच कर उक्त सड़क निर्माण कार्य पूरा करने तथा मजदूरों को मजदूरी दिलाने की मांग की है।

डीडीसी ने दिया जाब कार्ड सत्यापन का निर्देश

अररिया, संसू: मुख्यमंत्री की घोषणा के साथ ही जिले के तमाम पीओ व पीआरएस को जॉब कार्ड सत्यापन करने का निर्देश उप विकास आयुक्त उदय कुमार सिंह ने दिया है। बुधवार को डीआरडीए सभा भवन में आयोजित मनरेगा की बैठक में डीडीसी श्री सिंह ने कहा कि जॉब कार्ड का सत्यापन कर फर्जी नाम वाले कार्ड को शीघ्र जब्त करें। उन्होंने बैठक के दौरान एमआईस इंट्री की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2009-10 एवं चालू वर्ष के तमाम मास्टर रोल की इंट्री शीघ्र कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बना इंट्री कराने वाले पंचायतों के रोजगार सेवक को पदच्युत कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। बैठक में डीआरडीए निदेशक जफर रकीब, परियोजना अर्थशास्त्री मनोज कुमार आदि उपस्थित थे।

मारपीट की अलग-अलग घटना में आधा दर्जन जख्मी

कुसियारगांव(अररिया),संसू: भूमि विवाद को लेकर अलग अलग थाना क्षेत्रों में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में एक महिला समेत आधा दर्जन से ज्यादा लोग बुरी तरह जख्मी हो गये। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना थाना को दे दी गयी है।
जानकारी अनुसार नगर थाना क्षेत्र के करहरा गांव में भूमि विवाद के पुरानी रंजिश को लेकर खेत पर किसान मो. जैनुल को धारदार हथियार से वार कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। दूसरी घटना सिमराहा थाना क्षेत्र के औराही पश्चिम बंगाली टोला में पुर्नवास की जमीन बिहार सरकार द्वारा 21/4/82 को दिया गया था। जो कोर्ट में मामला विचाराधीन है। गुरूवार को उक्त जमीन पर हल जोतते समय गांव के ही गौरंग चंद्र दास, गौतम, गोपाल, विजय, सुनील आदि दर्जनों लोगों ने विरोध करते हुए धारदार हथियार से वार कर नारायण चौहान, मुन्ना चौहान, शिवकुमार चौहान, लखिया देवी को बुरी तरह जख्मी कर दिया। वहीं तीसरी घटना जोकीहाट थाना क्षेत्र के गिरदा गांव में चचेरा भाई ने मो. मोजमिल को तेज धार से वार कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

रानीगंज में भी एड्स ने पसारा पांव

रानीगंज(अररिया),जासं: जिले में जहां एड्स रोगियों की संख्या में लगातार बढ़ रही है तथा रानीगंज जैसे सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी यह रोग पांव पसार चुका है। ऐसे रोगी को चिह्नित भी किया जा चुका है। उस परिस्थिति में भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस क्षेत्र में कोई कार्यक्रम इस विशेष अवसर पर भी नहीं किया गया। क्षेत्र में स्वास्थ्य जांच व इलाज का एक मात्र रेफरल अस्पताल के द्वारा भी कोई खास कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए नहीं किया गया। इस क्षेत्र के गरीब मजदूर काम व रोजगार के सिलसिले में वे बाहर के प्रदेशों में जाते है तथा जानकारी के अभाव में इस रोग का सौगात ले आते है। इस सिलसिले में इस रोग के रोकथाम व उनसे बचने के उपाय बृहत रूप में ग्रामीण क्षेत्रों में दी जानी चाहिए।

दो भाई समेत तीन लोगों को सश्रम कारावास

अररिया, विसं: स्थानीय अदालत के फास्ट टै्रक कोर्ट पंचम सत्य प्रकाश के कोर्ट ने हत्या के पूर्व लंबित मामले में गुरूवार को अपना फैसला सुनाया। जिसमें दो सगे भाई समेत तीन लोगों को सश्रम उम्र कैद की सजा समेत जुर्माना भरने का आदेश दिया तथा जुर्माना अदा नहीं करने पर छह-छह माह का अतिरिक्त सजा काटने का भी फैसला सुनाया।
विदित हो कि उक्त मामला सत्रवाद संख्या 511/09 से संबंधित बताया जाता है। उल्लेखनीय है कि पिछले 24 मार्च 08 को कई लोगों ने नरपतगंज के मधुरा दक्षिण निवासी देवू पासवान की गंभीर पिटाई कर दी। तेज हथियार से किये गये प्रहार के कारण देबू काफी जख्मी हो गया। जिसकी मृत्यु घटना तिथि के दूसरे दिन ही हो गया।
इस मामले में मृतक के भाई भुटाई पासवान ने स्थानीय थाने
े में कांड संख्या 121/08 दर्ज कराया। जिसमें कई लोगों को आरोपित किये गये।
इसी मामले में सेसन ट्रायल के दौरान नरपतगंज के मधुरा दक्षिण निवासी दशरथ पासवान के दो पुत्र डोमी पासवान एवं कुलानंद पासवान समेत स्थानीय अखिलेश पासवान के विरूद्ध दोष साबित हुआ तथा इन तीनों आरोपियों को भादवि की धारा 302 के तहत सश्रम उम्र कैद की सजा समेत दस-दस हजार अर्थदंड का फैसला सुनाया। जुर्माना नहीं भरने पर छह-छह माह का अतिरिक्त कारावास भुगतने का भी आदेश दिया। इस मामले में सरकार की ओर से एपीपी महेश्वर शर्मा तथा बचाव पक्ष से दिलीप साह अधिवक्ता ने भाग लिया।

एड्स दिवस पर सेमिनार

रानीगंज(अररिया),जाप्र: विश्व एड्स दिवस पर बुधवार को कलावती स्नातक महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में सेमिनार का आयोजन किया गया। कॉलेज के प्राचार्य जयप्रकाश मल्लिक की अध्यक्षता में आयोजित सेमिनार में एनएसएस के प्रथम एवं द्वितीय इकाई के स्वयं सेवकों ने इस रोग के रोकथाम व बचाव के विषय पर चर्चा किया। विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए कहा गया कि ग्रामीण क्षेत्र में में जहां जानकारी इन विषयों की नहीं है उन्हें विशेष रूप से जानकारी दी गयी। सेमिनार में कार्यक्रम पदाधिकारी प्रथम अवधेश कुमार, द्वितीय प्रो. सुभाष कुमार, प्रो. दयानंद राउत, प्रो. गोविंद मेहता, प्रो. तवरेज आलम आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर सुरेन्द्र मंडल, तारकेश्वर साह, संजय, अर्जुन नायक, सत्यनारायण यादव, सोमा कुमारी, खुशबू आदि उपस्थित थे।

बीएसएनएल: हड़ताल से संचार सेवा चरमराई

फारबिसगंज(अररिया),जासं: बीएसएनएल अधिकारियों व कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से गुरूवार को दूसरे दिन संचार सेवा बुरी तरह प्रभावित हुई। दूरसंचार एक्सक्यूटिव तथा नान एक्सक्यूटिव एसोसिएशन ने अपने राष्ट्रव्यापी आंदोलन को लेकर तीन दिवसीय हड़ताल के दूसरे दिन गुरूवार को भी हड़ताल पर रहे। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर फारबिसगंज बीएसएनएल कर्मचारी अपने को अलग रखा। हड़ताल के कारण बीएसएनएल मोबाइल तथा टेलीफोन सेवा बुरी तरह प्रभावित रहा। जिससे मोबाइल उपभोक्ता परेशान थे। हड़ताल को लेकर बीएसएनएल कार्यालय परिसर में धरना पर बैठे दूरसंचार कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाये। केंद्र सरकार पर शोषण एवं दोहन करने का आरोप लगाया। यूनियन के ग्यारह सूत्री मांगों में बीएसएनएल द्वारा 3 जी एवं बीडब्लू ए स्पेक्ट्रम चार्ज के विरूद्ध जमा 13500 करोड़ रूपये की वापसी, एक जनवरी 2007 से 78.2 फीसदी आडीए वेतन में जोड़ना, आईटीएस गु्रप ए, बीएसएनएल में अविलंब समायोजन, बीएसएनएल का विनिवेश नहीं, मोबाइल यंत्र की अविलंब आपूर्ति, दोष रहित सीडीआर को लागू रखना सहित अन्य मांगें शामिल है। धरना पर बैठे कर्मचारियों में कंचन कुमार विश्वास, शंकर साह, विनोद बाल्मिकी, चंद्रमा राम, वीरेन्द्र झा, दीनानाथ मंडल, महानंद मंडल, अरूण कुमार शुक्ला, धर्मेन्द्र शर्मा, जे. दास, मंदाकिनी देवी, एके साह, नलिन कुमार, सेवानिवृत कर्मचारी जंगल शर्मा, छट्ठु लाल प्रसाद, एम पाठक सहित कई कर्मचारी शामिल थे।

मानुलहपट्टी में आग से हजारों की संपत्ति राख

भरगामा(अररिया),जाटी: भरगामा थाना क्षेत्र के मानुलहपट्टी पंचायत स्थित यादव टोला में बुधवार की रात हुई अगलगी की घटना में दो घर समेत हजारों रूपये की सपंत्ति जल गयी। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि दे रात उठी आग की लपटों ने गांव के राजकुमार यादव व प्रेम लाल यादव के घर व समान जलाकर राख कर दिया। ग्रामीणों के प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया। किंतु दोनों घर व समाज नहीं बच पाये।
घटना की सूचना पर बीडीओ मणिमाला ने वहां पहुंच कर पीड़ितों को पालीथिन, दिया सलाई आदि वस्तुएं दी।

एड्स से बचाव को लेकर जागरूकता जरूरी : हीरा

अररिया, संस: एड्स से बचने के लिए व्यापक रूप से जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। जानकारी प्रदान कर ही एड्स पर नियंत्रण संभव हो सकता है। ये बातें लिंक वर्कर स्कीम के स्टेट प्रोग्राम पदाधिकारी हीरानंद मिश्र ने बुधवार को प्रेस से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनियां के लिए एड्स एक चैलेन्ज बन गया है। आज पूरी दुनियां में 32 लाख लोग एचआईबी पॉजीटिव है। अगर इस पर समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया तो एक विकराल रूप ले सकता है। श्री मिश्र ने कहा कि अधिकांश लोग जानकारी के अभाव में इससे पीड़ित हो रहे हैं। शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार जरूरी है। अररिया में अभी तक 119 एचआईवी पॉजीटिव के मामले चिह्नित हुए हैं। जबकि दस प्रतिशत लोगों ने भी रक्त की जांच नहीं कराई है। जिले में निरक्षर व पलायन के कारण एड्स का ज्यादा खतरा है। यूएडीपी, नाको बसाक के संयुक्त तत्वावधान में जिले में लिंक वर्कर स्कीम चलाये जा रहे हैं। स्वयं सेवी संस्था राबिसकल्प जिले के 100 गांव में इस पर कार्य कर रही है। इस स्कीम के तहत चिह्नित गांव में जागरूकता मचिज रेड लेबुल क्लब की स्थापना की गयी है। जो निशुल्क कार्य कर रहा है। बिहार के पांच संवेदनशील ए ग्रेड में अररिया भी शामिल है। इसलिए यहां विशेष कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस वर्ष का फोकस है किशोरी व युवा को जागरूक करना। जिले में विश्व एड्स दिवस के मौके पर बुधवार को लगभग सवा लाख कंडोम वितरित किये गये तथा शहरी क्षेत्र में चार स्थानों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया गया। साथ ही हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। इस मौके पर डीआरपी मिथिलेश झा, आर.पी.ट्रेनिंग रंधीर कुमार, मूल्यांकन सह अनुश्रवण प्रभारी ब्रजेश ओझा, पर्यवेक्षिका रेणु कुमार भी मौजूद थाI

अग्निकांड में दो घर जले

पलासी(अररिया),निसं: प्रखंड के डेहटी पंचायत अंतर्गत कोढैली गांव में मंगलवार की मध्य रात्रि अचानक लगी आग में दो घर जल गये। इस अग्निकांड में कपड़ा, अनाज, नगदी व अन्य घरेलू सामान सहित करीब चालीस से पचास हजार रूपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। इस बाबत मिली जानकारी के अनुसार प्रखंड के उत्तर डेहटी पंचायत के कोढै़ली गांव में मंगलवार की मध्य रात्रि अचानक लगी आग में बटेशनाथ ठाकुर व बासुकी नाथ ठाकुर के घर जल गये। पीड़ितों ने इसकी सूचना प्रशासन को भी देने की बात बतायी। इस संबंध में स्थानीय मुखिया पति रामकृपाल वि.,अशोक ठाकुर आदि ने प्रशासन से अविलंब राहत समग्री मुहैया कराने की मांग की है।

दो पक्षों के बीच मारपीट, महिला समेत आधा दर्जन जख्मी

अररिया, निसं: ग्राम कचहरी सचिव संघ की एक दिवसीय बैठक बुधवार को स्थानीय गेस्ट हाउस में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित कर सचिवों को स्थायी नौकरी देने की मांग सरकार से की गयी। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष पंकज कुमार भारती ने की। बैठक में सदस्यों ने निर्णय लिया है कि यदि सरकार सचिवों को स्थायी सेवा प्रदान नहीं करती है तो वे लोग उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर अपने हक की मांग करेंगे। इस अवसर पर कई सचिवों को नियुक्ति के बाद मानदेय प्राप्त नहीं होने पर आक्रोश जताया गया। बैठक में सचिव माधव कुमार, कोषाध्यक्ष दिवाकर कुमार, व्यवस्थापक मो. रिजवान, उपाध्यक्ष विपिन मेहता, कृष्ण कुमार, अबुलेश, संतोष कुमार, रंजीत यादव आदि उपस्थित थे।

पंचायत समिति की बैठक में गूंजा आंगनबाड़ी केन्द्रों का मुद्दा

पलासी (अररिया),निसं: प्रखंड मुख्यालय स्थित कृषि भवन में बुधवार को विभिन्न मुद्दों को लेकर गहमागहमी के बीच पंसस की बैठक आहूत की गयी। जिसमें आंगनबाड़ी केन्द्रों के संचालन में अनियमितता व सीडीपीओ के क्रियाकलाप का मुद्दा गूंजता रहा। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख सदानंद यादव ने की। मौके पर बीडीओ अमिताभ, सीओ अरूण कुमार शर्मा, सीडीपीओ सरिता कुमारी, पीओ अनिल कु. दास, कृषि पदा. प्रशांत कुमार, डा. जहांगीर आलम, शाखा प्रबंधक मनोज कुमार गुप्ता, जप सदस्य शब्बीर अहमद, मुखिया मुर्शिद आलम, राम.प्र. चौधरी, हरिहर प्र. यादव, विजय झा, पंसस अबुबकर, मो. इम्तियाज आलम, आदि दर्जनों जनप्रतिनिधि मौजूद थे। वहीं बुधवार को हुई पंसस की बैठक में कई जनप्रतिनधियों के सगे-संबंधी भी देखे गये।
बैठक में आरंभ में कृषि से संबंधित बीज वितरण, ऋण के तहत पंपसेट, थ्रेसर, टै्रक्टर आदि मुद्दों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गयी। तत्पश्चात बाल विकास परियोजना से संबंधित मुद्दों पर चर्चा आरंभ होते ही जिप सदस्य शब्बीर अहमद, मुखिया मुर्शिद आलम, पंसस अबुबकर, सुलतान अहमद आदि दर्जनों जनप्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी केन्द्र महज कागजों पर चलने, ग्राम सभा द्वारा आंगनबाड़ी के लिए चयनित स्थल पर केन्द्र न चलने, जनप्रतिनिधियों की शिकायत की सीडीपीओ द्वारा अनदेखी करने सहित सीडीपीओ के क्रियाकलाप का मुद्दा बैठक में छाया रहा। इस क्रम में अन्य कल्याणकारी मुद्दों पर भी चर्चा की गयी। इस क्रम में अधिकांश जन प्रतिनिधियों द्वारा आरोप प्रत्यारोप का मुद्दा चलता रहा।

एड्स दिवस पर निकाली जागरूकता रैली

फारबिसगंज(अररिया),जासं : विश्व एड्स दिवस पर बुधवार को फारबिसगंज स्थित रेड लाइट एरिया सहित शहर के अन्य मार्गो पर गैर सरकारी संस्था द्वारा जागरूकता रैली निकाली गयी। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन द्वारा एड्स के रोकथाम के लिए प्रायोजित टीआई नामक प्रोजेक्ट को संचालित करने वाली संस्था के कर्मी सहित प्रोजेक्ट से संबंधित अधिकारियों, महिला कार्यकर्ताओं ने जागरूकता रैली में भाग लिया। रेफरल अस्पताल के समीप स्थित संस्था सह टीआई(टारगेटेड इंटीवेशन) प्रोजेक्ट कार्यालय से जागरूकता रैली रेड लाईट एरिया, मेला रोड, अस्पताल रोड होते हुए रेफरल अस्पताल रोड पर पहुंचकर समाप्त हो गया। रैली में प्रोजेक्ट डायरेक्टर सह संचालक संस्था जन कल्याण विकास समिति के अध्यक्ष अरुण सिंह, फारबिसगंज आईसीटीसी के सलाहकार उमाकांत शर्मा, प्रोजेक्ट मैनेजर कुमार भास्कर, सलाहकार रूपा कुमारी भी मौजूद थे। रैली में शामिल महिला, पुरुष कार्यकर्ता अपने हाथों बैनर तथा नारे लिखी तख्तियां लिये हुए थे। कार्यकर्ताओं ने जागरूकता को लेकर नारे भी लगाये। इस अवसर पर प्रोजेक्ट के तहत चयनित चार केंद्रों फारबिसगंज रेफरल अस्पताल, जोगबनी खवासपुर तथा अररिया में स्टाल लगाकर मुफ्त में कंडोम का वितरण किया गया। रैली में भाग लेने वालों में जयंती देवी, गौतम कुमार, मोहन सिंह, मनोज, संजय रजक, प्रवीण, अमना खातून, प्रकाश मरीक, मीना खातून, मुमताज शामिल थी।

आंगनबाड़ी केन्द्रों पर मीनू का बोर्ड लगाने का निर्देश

वीरपुर (बेगूसराय), निज प्रतिनिधि : प्रखंड शिक्षा समिति की एक आवश्यक बैठक मंगलवार को प्रखंड कार्यालय में आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता पंसस जितेन्द्र कुमार दास ने की। इस अवसर पर छात्रवृति, पोशाक, साइकिल वितरण, मध्याह्न भोजन योजना, आंगनबाड़ी केन्द्र के साथ-साथ विद्यालय गतिविधियों की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान एमडीएम साधनसेवी राजेश कुमार ने बताया कि प्रखंड के दो विद्यालयों को छोड़ सभी में एमडीएम नियमित रूप से संचालित की जा रही है। उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिकरहुला तथा प्राथमिक विद्यालय गढ़हरा नवीन में बुधवार से एमडीएम शुरू करवाया जाएगा। सीडीपीओ गीता कुमारी ने जानकारी दी कि प्रखंड के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर मीनू के अनुसार खाना दिया जा रहा है। बीडीओ विनोद कुमार चौधरी ने कहा कि हरेक आंगनबाड़ी केन्द्रों पर मीनू से संबंधित सूचनाएं अंकित रहनी चाहिए। बैठक में प्रखंड प्रमुख कृष्णदेव मिश्र, उप प्रमुख इसराईल अंसारी, पंसस श्रुति गुप्ता, रेखा कुमारी, मीना देवी, नीलम देवी, सफी अहमद के अलावे बीपीआरओ एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।

बिना एनओसी वाले मोबाइल टावरों पर कस सकता है शिकंजा

अररिया, संसू: शहर में स्थापित बिना एनओसी मोबाइल टावरों पर गाज गिर सकती है। प्रशासन की ओर से उस पर शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है। नगर परिषद क्षेत्रान्तर्गत 29 वार्डो वाले इस शहर में दर्जन भर टावर बिना एनओसी के स्थापित हैं। टावर स्थापित होने के समय कुछ रोक-टोक किया गया फिर बैखोफ होकर बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र के टावर गाड़ दिया गया। बताया जा रहा है कि शहर में 35 से 40 टावरों की सूची बार-बार तैयार की जा रही है। लेकिन सूत्रों के अनुसार तकरीबन दर्जन भर मोबाइल टावर अवैध रूप से स्थापित है।
इस संबंध में नप के कार्यपालक पदाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि बिना एनओसी वाले मोबाइल टावरों के लिए नप प्रशासन कार्रवाई के लिए ठोस रणनीति बनाई है। श्री कुमार ने बताया कि शहर के तमाम टावर के प्रतिनिधियों व जमीन मालिकों को नोटिस निर्गत किया गया है। लेकिन इतना सब कुछ होने के बावजूद लोग अपने छत के ऊपर, दुकान के ऊपर, व्यवसायिक रूप से कमाई कर रहे हैं। पर कार्रवाई शून्य है।

तेज रफ्तार ट्रक ने किशोर को कुचला

रेणुग्राम(अररिया),जाप्र: एनएच 57 पर दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को भी सिमराहा थाना अंतर्गत हलहलिया के निकट तेज गति से आ रही एक ट्रक ने एक किशोर को कुचल दिया जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। ग्रामीणों की तत्परता से गाड़ी तथा चालक को पकड़ लिया गया तथा पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मिली जानकारी अनुसार बुधवार कीे दोपहर एक ट्रक बीआर 11 एफ/7887 बालू खाली कर पूर्णिया की ओर जा रही थी। इसी बीच सिमराहा कालोनी के निकट बिद्धी पासवान का पुत्र शिवानंद सड़क पा कर रहा था कि विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही ट्रक ने उस किशोर को रौंद डाला। जिससे उसकी मौत घटना स्थल पर ही हो गयी। घटना स्थल के निकट मौजूद लोगों ने भाग रहे ट्रक का पीछा कर पकड़ लिया और चालक समेत सिमराहा पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। वहीं घटना को लेकर सड़क पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गये। कुछ देर के लिए ग्रामीणों ने हंगामा भी किया लेकिन बाद में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। ट्रक पूर्णिया के जेल चौक निवासी विकास सिंह की बतायी गयी है।

एचआईवी पाजीटिव मरीजों में पुरूषों की संख्या अधिक

अररिया, संसू: बुधवार को एक फिर विश्व एडस मनाया गया। एड्स रोग को दूर करने के लिए भारी भीड़ के सामने संकल्प लिया गया। स्वास्थ्य विभाग एवं एड्स कंट्रोल सोसायटी के द्वारा जागरूकता कार्यक्रम एवं कापर टी टीका, कंट्रोल विवरण आदि किया गया है। इसके बावजूद एड्स पीड़ित मरीजों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हो रही है। जिले के 119 पाजीटिव केस में पुरूष की संख्या सबसे अधिक है। मिली जानकारी के अनुसार 25 से 34 आयु वर्ग के पुरूष इस रोग से अधिक ग्रस्त हैं। जिला एड्स कंट्रोल कार्यालय से मिली रिपोर्ट के अनुसार उम्रवार पॉजीटिव संख्या निम्नवत है।
आयुवर्ग- पुरूष- महिला
्र0-14- 4 6
15-24 3 11
25-34 28 24
35-49 30 10
50 से ऊपर 3 शून्य
------------------
कुल 68 51

मनरेगा में अनियमितता साबित होने पर होगी राशि की रिकवरी

अररिया, संसू: महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के तहत किये जा रहे कार्यो में अगर अनियमितता साबित होती है तो संबंधित पंचायत से राशि की रिकवरी हो सकती है। इस मामले को ले डीएम एम. सरवणन काफी सख्त हैं।
इधर एक ताजा घटना क्रम में सामाजिक अंकेक्षण में अनियमितता की पोल खुलने पर कई पंचायतों में मररेगा की राशि वापस भी ली गयी है। डीएम के आदेश पर फौरी कार्रवाई के तहत दो सहायक अभियंता समेत कई अभिकत्र्ताओं से लाखों क राशि वापस की गयी है।
कुर्साकांटा प्रखंड क्षेत्रान्तर्गत सौरगांव पंचायत से योजना में गड़बड़ी पाये जाने पर मनरेगा पीओ संजीव मिश्र ने 3 लाख 01 हजार की राशि अभिकत्र्ता से वापस ले ली है। वहीं जोकीहाट के मनरेगा पीओ सुनील कुमार ने चौकता पंचायत अंतर्गत चल रही मनरेगा योजनाओं में अंकेक्षण के बाद खुलासा होने पर अभिकत्र्ता के रूप में नियुक्त सहायक अभियंता वीर प्रकाश सिंह से 3 लाख 55 हजार तथा वार्ड सदस्य से 20 हजार की राशि वापस ले ली है। जबकि भरगामा के पीओ रामगंगा ने डीएम के आदेश पर जिला परिषद मद से संचालित पैकपार में चल रही योजना में 01 लाख 10 हजार की सरकारी राशि रिकवर की है। पीओ के अनुसार और योजनाओं की राशि वापस प्राप्त करने की कार्रवाई की जा रही है। अररिया प्रखंड के जमुआ पंचायत में पंसस योजना से अभिकत्र्ता पंकज झा से 100872 रूपये तथा ग्राम पंचायत योजना के एजेंसी पीआरएस से 53202 रूपये रिकवरी हुई है। बताया जा राह है कि नरपतगंज से भी तकरीबन तीन लाख की राशि वापस हो सकती है। जानकारी अनुसार योजना में राशि लग चुकी है। अगर अनियमितता दिखती है तो राशि रिकवरी के आदेश निर्गत है।

अग्निकांड में आठ घर, दो दर्जन मुर्गे व आधा दर्जन बकरियां जली

भरगामा(अररिया), जाप्र: जाड़े के मौसम में भी शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में अगलगी की घटना थम नहीं रही है। बुधवार को भरगामा थाना क्षेत्र के धुनिया टोला चरैया में हुई अगलगी की घटना में आधा दर्जन से अधिक जलकर राख हो गये। इस अग्निकांड में गरीब मजदूरों के सभी सामान जलकर राख हो गये। घटना में आधा दर्जन से अधिक मुर्गे मुर्गी व बकरियां भी स्वाहा हो गयी है। अगलगी के कारण चार मजदूरों के परिवार खुले आसमान के नीचे आ गये है। जिन्हें प्रशासनिक मदद की दरकार है। मिली जानकारी अनुसार बुधवार को दोपहर धुनिया टोला के अधिकांश पुरूष व महिला सदस्य मजदूरी करने खेतों पर गये हुए थे। महिलाएं भी घरों में इक्का दुक्का ही थी। इसी बीच मो. वासिय मियां के घर से आग की लपटें उठी जो देखते ही देखते मो. वाजिद, मो. जब्बार और उसो मियां के आठ घरों को अपने चपेट में ले लिया। जब तक ग्रामीण दौड़कर आग बुझाने जमा होते तब तक उन मजदूरों के आठ घर व सारा सामान व मुर्गा, मुर्गी व बकरियां स्वाहा हो गयी। बाद में ग्रामीणों में जैसे तैसे आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि आग में हजारों के अनाज, फर्नीचर, कपड़े, नगदी व दो दर्जन मुर्गे, आधा दर्जन बकरियां जल गयी है। अग्निकांड के सभी पीड़ित गरीब परिवार के है तथा मजदूरी कर जीविका चलाते है। घटना के बाद सभी खुले आसमान के नीचे आग गये है। उन्हें प्रशासनिक सहयोग की आवश्कता है।

किसान पाठशाला की शुरूआत

अररिया निप्र: राष्ट्रीय कृषि विकास योजना अंतर्गत जिला कृषि पदाधिकारी के निर्देशानुसार बुधवार को प्रखंड के अररिया बस्ती पंचायत के पैक्स भवन तथा पंचायत बेलवा के सामुदायिक भवन में किसान पाठशाला प्रारंभ की गयी
आधुनिक तकनीक के हस्तांतरण पर आधारित इस फार्म स्कूल में किसानों को गेहूं की बुआई से पूर्व तथा फसल की कटाई एवं उनके वैज्ञानिक रख-रखाव तक का प्रशिक्षण दी जायेगी। छह सप्ताह तक चलने वाले उक्त पाठशाला में पंचायत के 25 किसानों को शामिल किया गया है। गेहूं आधारित इस फार्म स्कूल कार्यक्रम के प्रथम सत्र में किसानों को बेंच मार्क सर्वेक्षण, प्रशिक्षु कृषकों का पंजीकरण, समेकित फसल प्रबंधन, मिट्टी जांच आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। इस अवसर पर विषय वस्तु विशेषज्ञ ज्ञान शंकर सिंह, तकनीक विशेषज्ञ अशोक कु. यादव, डा. एम.एल. चौधरी, मुखिया प्रतिनिधि मो. रईशउद्दीन, पाठशाला संचालक परवेज आलम समेत किसान रियाजउद्दीन, इकबाल अख्तर, हलीमउद्दीन, यासीन, आरीफ, नीरज यादव व कैलाश साह आदि उपस्थित थे।

यात्री नशाखुरानी गिरोह का शिकार

फारबिसगंज(अररिया),जासं: यूपी के वृंदावन से फारबिसगंज की रेल यात्रा कर रहे एक पत्रकार सोमवार की देर संध्या नशा खुरानी गिरोह का शिकार हो गये। वृंदावन के स्थानीय निवासी चंद्रमोहन जायसवाल सीमांचल से फारबिसगंज के लिए निकले थे। इलाहाबाद के समीप नशीला पदार्थ मिला चाय पीने के बाद पत्रकार श्री जायसवाल बेहोश हो गये। जिसके बाद उनका मोबाइल, सामानों से भरा अटैची, हजारों रूपया नगदी सहित प्रेस कार्ड की चोरी कर ली गयी। श्री जायसवाल ने बताया कि नींद टूटी सारा सामान गायब पाया। उन्होंने स्थानीय क्लिनिक में अपना इलाज कराया। वे फारबिसगंज मेला रोड स्थित परिजन के यहां आये थे।

एड्स जागरूकता को ले नाटक का मंचन

अररिया, निसं: विश्व एड्स दिवस के अवसर पर मंगलवार को अररिया पुलिस नाटक मंच अररिया के कलाकारों ने बेलवा पंचायत के विभिन्न बस्तियों में नाटक जरा बच के रहना का मंचन किया। नाटक के माध्यम से कलाकारों ने एड्स जैसे खतरनाक बीमारी से सावधानी बरतने की अपील की। कलाकारों ने बताया कि एड्स एक लाइलाज बीमारी है। इस रोग से जहां परिवारों को भरपूर क्षति पहुंचती है, वहीं सामाजिक दृष्टिकोण से भी इसका बुरा प्रभाव पड़ता है। कलाकारों ने नाटक के माध्यम से यह भी कहा कि एड्स पीड़ित लोगों को दुत्कारने की जरूरत नहीं वरण उन्हें भी स्नेहिल माहौल में रखने की जरूरत है। कलाकारों में मुख्य रूप से संस्था के सचिव ओम प्रकाश सोनू, शशि शेखर, ओझा, भवेश कुमार, संतोष सांवत, राजेश कुमार सिंह, नरेन्द्र कु. झा, माला श्री, बबली कुमारी, पूजा कुमारी आदि शामिल थे।

स्थापना दिवस व गणतंत्र दिवस को लेकर बैठक

अररिया, संसू: आगामी जिला स्थापना दिवस एवं गणतंत्र दिवस की तैयारी को लेकर बुधवार को डीएम एम सरवणन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी। बैठक के दौरान 14 जनवरी को मनाया जाने वाला जिला स्थापना दिवस एवं गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाने के लिए एक रणनीति बनायी गयी। बैठक में जिला स्थापना दिवस से पूर्व तमाम अधिकारियों को टास्क दिये गये। डीएम श्री सरवणन ने दोनों एसडीओ को 14 जनवरी से पूर्व शत प्रतिशत विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, विकलांग पेंशन लाभुकों को स्वीकृत करने का निर्देश दिया। वहीं एमडीएम प्रभारी पदाधिकारी को 100 वैसे स्कूल चिंह्ति करने का निर्देश दिया। जहां मध्याह्न भोजन योजना सुचारू रूप से चलता हो। डीएम ने बताया कि ऐसे स्कूल को प्रोत्साहित किया जायेगा
बैठक में वर्ष 2010 में मैट्रिक व इंटर के सफल छात्रों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि 14 जनवरी से पूर्व प्रत्येक नौ प्रखंड से 100-100 इंदिरा आवास पूर्व निर्माण कर लाभुकों के हवाले किया जायेगा। 14 जनवरी को विकास शिविर भी लगाने पर सर्वसम्मति बनी। मनरेगा योजना के तहत प्रत्येक प्रखंड से 100 मजदूरों को रोजगार स्वीकृत किया जायेगा। बैठक में एडीएम कपिलेश्वर विश्वास, डीडीसी यूके सिंह, सदर एसडीओ डा. विनोद कुमार, ओएसडी संजय कुमार, डीआरडीए निदेशक जफर रकीब, एसडीपीओ मो. कासिम, शिव कुमार झा, डीपीआरओ कुमार सिद्धार्थ, डीएसई अहसन, एडीपीआरओ आदि मौजूद थे।

लीड पलक झपकते ही आग ने लूट लिया सब कुछ

अररिया, जागरण प्रतिनिधि: अररिया शहर के डेढ़ सौ साल पुराने बसंतपुर हाट में मंगलवार की देर शाम तक सब कुछ ठीकठाक था। सब्जी व्यवसायियों ने अपना कारोबार समेट कर घर का रुख कर लिया था। फिर कपड़ा, किराना, मनिहारा, पान व अन्य कारोबार करने वाले लोगों ने भी अपना अपना हिसाब किताब कर दुकान बढ़ा दी थी। हाट की निगहबानी का काम अब चौकीदार के जिम्मे आ गया था। किसी व्यवसायी को यह तनिक भी गुमान नहीं था कि आज की रात आग उनका सब कुछ लूट लेगी।
ठीक आधी रात के बाद दबे पांव आग आयी और क्षण भर ही संपूर्ण मंडी में धुंआ भर गया। आग की तेज लपटों ने आलू, प्याज, मिर्च व हरी सब्जी के अलावा किराना, मनिहारा आदि सामानों को राख बनाना शुरू कर दिया। मछली मुर्गा जैसी चीजें भी न बची।
मछली व्यवसायी लालू ने बताया कि मंगलवार की वजह से मछली की कम बिक्री हुई थी। सब लोगों ने बुधवार के लिये अपना मछली सुरक्षित कर लिया था। लेकिन आग ने लगभग 10 क्विंटल मछली को बरबाद करके रख दिया। वहीं, पांच क्िवटल से अधिक मुर्गा जीते जी जल भुन गया। सब्जी व्यवसायी महेश गुप्ता की मानें तो अधिकतर व्यवसायियों ने नये आलू व प्याज का लोड मंगाया था। सब कुछ आग में खाक हो गया। कुल मिला कर सौ क्विंटल से ज्यादा आलू व प्याज, बीस क्विंटल मिर्च व किराना तथा रेडिमेड सामग्री के जल कर राख हो जाने का अनुमान लगाया जा रहा है।
आग की सुचना पाकर दो अग्निशमन दस्ते घटना स्थल पर पहुंचे तथा लगभग तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, अहले सुबह बड़ी संख्या में लोग भी घटना स्थल पर पहुंच कर आग लगने के कारणों पर कयास लगा रहे थे। कोई इसे शार्ट सर्किट के कारण तो कोई सिगरेट बीड़ी की वजह से घटित हुआ बता रहा था।
घटना में लगभग पचास दुकानें बरबाद हो गयी हैं। हालाकि प्रशासन ने कुल छत्तीस दुकानदारों के प्रभावित होने की पुष्टि की है।

मनरेगा: 32 सौ योजनाओं में से मात्र 330 हुई पूर्ण

अररिया, संसू: मनरेगा क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन के तेवर सख्त हो गये हैं। अनियमितता की शिकायत होने पर डीएम स्वयं अपनी देखरेख में जांच करवाते हैं। इतना हीं नहीं निठल्ले पीओ व पीआरएस को पुलिस के हवाले भी किया जाता है। इतना सब कुछ होने के बाद भी मनरेगा लक्ष्य से कोसों दूर है। वित्तीय वर्ष 10-11 के आठ माह बीत गये लेकिन ली गयी योजनाओं में अब तक मात्र 10 फीसदी योजना ही पूर्ण हो पायी है। नवंबर माह का ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव को भेजे गये रिपोर्ट के अनुसार इस वर्ष में 3265 योजना ली गयी थी। लेकिन अब तक सिर्फ 330 मनरेगा योजना ही पूर्ण हो पायी है। इस योजना में डीआरडीए को 2675 लाख की भारी भरकम राशि प्राप्त है, जिसमें 1967 लाख रूपये योजना क्रियान्वयन के लिए आवंटित की गयी है। रिपोर्ट के अनुसार 11.02 लाख मानव दिवस सृजित हुए हैं तथा 380372 मजदूरों को जॉब कार्ड निर्गत किया जा चुका है।

अग्निकांड: मजदूरों के एक दर्जन घर राख

अररिया/जोकीहाट: अररिया बैरगाछी थाना क्षेत्र के मोमीन टोला में मंगलवार को हुई अग्निकांड में चार मजदूरों के सात घर जलकर खाक हो गये। इस घटना में मजदूरों के घर में रखा अनाज कपड़ा एवं फर्नीचर जलकर नष्ट हो गये।
ग्रामीणों ने करीब दो घंटे मशक्कत कर आग पर काबू पाया और आसपास के घरों को जलने से बचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोमीन टोला के नूर जहां, फरगूल, जाबुल व लुराई किसी के खेत में धान काटने गये थे। इसी बीच किसी के चूल्हे से आग उठी व नूर जहां के घर में लग गयी। जब तक आसपास के ग्रामीण आग पर काबू पाते तब तक आग ने चार परिवारों के घर को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों के मुताबिक आग पर नियंत्रण को ले चार अन्य घरों को भी तोड़ना पड़ा। इधर, इस अग्निकांड के कारण चारो मजदूरों के घर से कुछ भी नहीं निकाला जा सका। ग्रामीणों ंने बताया कि पीड़ितों को राहत उपलब्ध करवाने के लिये प्रखंड स्तरीय अधिकारियों से संपर्क किया गया, लेकिन अब तक राहत नहीं मिल पायी है।
इधर, जोकीहाट प्रखंड के भंसिया गांव में मंगलवार को अचानक लगी आग में दो लोगों का घर गया। अग्निकांड में धान, चावल, पकड़ा सहित दस हजार रूपया जलने की बात उप सरपंच मो. जफर आलम ने बताया। मो. जफर सहित ग्रामीणों ने अग्निपीड़ितों को कंबल, राहत सामग्री सहित इंदिरा आवास दिलाने की मांग एसडीओ डा. विनोद कुमार से की है।

विद्युत सप्लाई काटने आये अभियंता को ग्रामीणों ने बनाया बंधक

जोगबनी(अररिया),निप्र: जोगबनी में नेपाल द्वारा जारी विद्युत सप्लाई काटने आये फारबिसगंज विद्युत सहायक अभियंता शकील अहमद खान सहित हेड मिस्त्री गोपाल पासवान को मंगलवार को आक्रोशित नगर वासियों ने घंटों बंधक बनाये रखा। बाद में लोगों के बीच बचाव के बाद उन्हें मुक्त कराया जा सका। जोगबनी वासियों ने विद्युत विभाग के इस निर्णय के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन की धमकी दी है।
प्राप्त जानकारी अनुसार भारत-नेपाल सीमा पर अवस्थित जोगबनी में नेपाल द्वारा विद्युत आपूर्ति होती आयी है। लेकिन विभाग द्वारा मंगलवार को नेपाल से जोगबनी को मिल रही बिजली को विच्छेदित करने विद्युत सहायक अभियंता आ धमके। जैसे ही अभियंता और उनके कर्मी जोगबनी पहुंचे कि नगर वासियों को इसकी भनक लग गयी और आक्रोशित हो उन्हें बंधक बना लिया। बाद में कुछ लोगों के बीच बचाव पर उन्हें मुक्त कर दिया। जिससे उक्त अभियंता बिना विद्युत विच्छेदित किये ही वैरंग वापस लौट गये।
इस संबंध में सहायक अभियंता ने बताया कि नेपाल की बिजली को काट कर फारबिगंज से जोगबनी को जोड़ा जायेगा। लेकिन यह मानने को सीमावर्ती जोगबनी के नागरिक तैयार नहीं है। इन लोगों द्वारा विद्युत विभाग के विरोध में बुधवार को बाजार बंद का आह्वान कर चरणबद्ध आंदोलन छेड़ दिया है। नगर वासियों का कहना है कि हमें नेपाल से ही विद्युत आपूर्ति होती आयी है और आगे भी होगी। अगर विद्युत विभाग आपूर्ति रोकने का काम करेगी तो भारत-नेपाल सीमा को अनिश्चित काल के लिए सील कर दिया जायेगा। जिसकी सारी जवाबदेही विद्युत विभाग की होगी।

चोरी सहित अन्य मामले में नामजद अपराधी गिरफ्तार

कुर्साकांटा(अररिया),निसं : सोमवार की रात्रि कुर्साकांटा थाना पुलिस को चोरी सहित कई अन्य मामलों में नामजद अपराधी प्रखंड के बलचंदा निवासी स्व. सेखबुद्दन का पुत्र मो. इबरार को छापामारी के दौरान उनके घर से गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। कुर्साकांटा थाना कांड संख्या 117/10 में एक चोरी के मामले सहित पूर्व में भी तीन अन्य मामले में उक्त अपराधी प्राथमिक अभियुक्त था। थानाध्यक्ष राधाकृष्ण रजक ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले कई महीनों से पुलिस को इनकी तलाश थी। सोमवार की रात्रि गुप्त सूचना के आधार पर उनके घर पर सशस्त्र बलों के साथ छापामारी की गयी। पुलिस को देखते ही घर के पिछवाड़े होकर भागने लगा, परंतु उसे खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार इबरार को मंगलवार की सुबह न्यायिक हिरासत में अररिया जेल भेज दिया गया।

पोषाहार वितरण नहीं किए जाने की ग्रामीणों ने की शिकायत

कुर्साकाटा(अररिया),निसं: प्रखंड क्षेत्र में चल रहे विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर व्याप्त अराजकता की स्थिति अब भी बरकरार है। सेविका एवं सहायिका के मानदेय एवं पोषाहार की राशि में वृद्धि किये जाने के बावजूद स्थिति जस की तस की बनी हुई है। प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय लक्ष्मीपुर में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों के बीच कई महीनों से पोषाहार का वितरण नहीं किये जाने की शिकायत ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से संबंधित पदाधिकारी से की है। ग्रामीणों ने इस कार्यरत सेविका स्वीटी देवी के द्वारा मनमानी एवं पोषाहार वितरण नहीं किये जाने से संबंधित लिखित शिकायत प्रखंड विकास पदाधिकारी कुर्साकाटा बाल विकास परियोजना, जिलाधिकारी अररिया से जांच की मांग की है। ग्रामीण मनोज यादव, मणिदेव यादव, सूरज पासवान, विद्यानंद बहरदार, अनिल यादव, नरेश, उपेंद्र, आमोद आदि ने बताया कि पोषाहार की राशि उठाव के बावजूद बच्चों में वितरण नहीं किया जाता है। केंद्र पर दो चार से अधिक बच्चे नहीं होते। पोषाहार वितरण नहीं किये जाने से ग्रामीणों के बीच आक्रोश व्याप्त है।

एडस की रोकथाम के लिए नहीं हो रहे उपाय

कुर्साकाटा: एचआईवी एड्स के बढ़ते खतरों के बावजूद कुर्साकाटा एवं आसपास के क्षेत्रों में एचआईवी संक्रमण के रोकथाम के लिए ठोस कार्यक्रम की शुरूआत अब तक नहीं हो सकी है। एचआईवी संक्रमण के प्रसार के रोकथाम व बचाव के प्रति जागरूकता को लेकर प्रखंड में कोई ठोस एवं योजनावद्ध कार्यक्रम चलता हुआ नहीं दिख रहा है। जबकि अन्य जिलों में योजनाएं चल रही है। जागरूकता अभियान के तहत राज्य सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा कभी कभी कुछ कार्यक्रम चलाकर रस्म अदायगी की गयी है। इस अभियान को बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति भी तबज्जाों नहीं दे रहा है। दूसरे तरफ गैर सरकारी संगठन भी एचआईवी एवं एड्स जागरूकता को लेकर सक्रिय नहीं दिखायी दे रहा है।

मंडल कारा: अब तक वापस नहीं आये विस्थापित कैदी

अररिया, निसं: बिना बारात के विवाह आयोजन जैसा हाल है मंडल कारा का। चक्रवाती तूफान में आठ माह पूर्व क्षतिग्रस्त होने के बाद मरम्मत हो कर तैयार तो है मंडल कारा लेकिन अब तक यहां से विस्थापित कैदियों को वापस नहीं लाया जा सका है।
विदित हो कि आठ माह पूर्व के भीषण चक्रवाती तूफान में अररिया मंडल कारा की पश्चिम दीवार टूट कर गिर गयी थी। इसके बाद कैदियों को कटिहार कारागार में विस्थापित कर दिया गया था। इस बीच यहां का कारागार मरम्मत के बाद सजधज कर तैयार है, लेकिन कटिहार कारा से कैदियों को अररिया स्थानांतरित नहीं किया जा रहा है।
कैदियों का स्थानांतरण नहीं होने से जहां कारा कर्मियों के समक्ष समस्याएं बरकरार है वहीं मुलाकातियों व कैदियों दोनों को अनावश्यक परेशानी उठाना पड़ रही है।
कारा में कैदियों के स्थानांतरण के संबंध में पूछे जाने पर स्थानीय जेल प्रशासन चुप्पी साधे है, लेकिन सूत्रों की मानें तो कैदी स्थानांतरण की प्रक्रिया जेल आइजी की स्वीकृति की प्रतीक्षा में है।
वहीं स्थानीय एक जेल कर्मी ने नाम नहीं छापने के श‌र्त्त पर बताया कि कैदियों के स्थानांतरण नहीं होने से कारा कर्मियों को भी अनावश्यक परेशानी झेलना पड़ा है। क्योंकि न्यायालय ले आने आला जमानत अर्जी के अलावे कैदियों को सुरक्षित कटिहार कारा तक पहुंचाना पड़ता ही है साथ ही न्यायालय में कैदियों को उपस्थित करवाने में भी काफी मशक्कत झेलनी पड़ती है। वहीं कई मुलाकातियों का कहना है कि उन्हें अपने परिजनों से मिलने के लिए कम से कम दो दिनों का समय अनावश्यक रूप से व्यतीत करना पड़ता है। इन परिजनों का यह भी कहना है कि न्यायालय से जमानत मिलने के बाद भी कैदियों को जेल से छुड़ाने में दो दिनों का समय लगता है। क्योंकि जमानत अर्जी पहले मंडल कारा अररिया पहुंचता है फिर उनका कर्मी डाक को लेकर दूसरे दिन कटिहार पहुंचाता है। ऐसी परिस्थिति में समय के साथ-साथ अनावश्यक खर्च का भी वहन करना पड़ता है।
इधर, कई सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन एवं जेल प्रशासन से कैदियों के अररिया कारा में स्थानांतरण की मांग की है।

राशि आवंटन के बाद भी नहीं बन पाया आंगनबाड़ी केन्द्र का भवन

अररिया, संवाद सहयोगी: जिले के अररिया प्रखंड अंतर्गत विभिन्न पंचायतों में आंगनबाड़ी केन्द्र भवन के लिए एक वर्ष पूर्व राशि उपलब्ध करा दिये जाने के बावजूद एक भी भवन नहीं बन पाया है। केन्द्र सरकार द्वारा मुस्लिम बाहुल्य जिलो में मल्टी सेकटोरल डेवलपमेंट प्रोग्राम चलाया जा रहा है। इसी योजना के तहत अररिया प्रखंड के 170 आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए 5 करोड़ 10 लाख रूपये की स्वीकृत जिला प्रशासन से प्राप्त है। अग्रिम स्वरूप प्रखंड विकास पदाधिकरी अररिया को दो करोड़ 55 लाख रूपये एक वर्ष पूर्व ही उपलब्ध करा दिया गया है। प्रति आंगनबाड़ी केन्द्र के लिए 3 लाख रूपये का प्रावधान हैं। लेकिन विभागीय उदासीनता व लापरवाही के कारण अब तक इस योजना का क्रियान्वयन अररिया प्रखंड में नहीं हो पाया है। जबकि निर्देशानुसार इसे जुलाई 2010 में ही बन जाना था। जिला प्रशासन ने एक ओर जहां एमएसडीपी के तहत राशि तो उपलब्ध करा दी है परंतु भूमि नहीं रहने के कारण भवन बनाने में कठिनाई हो रही है। गांव के कोई भी व्यक्ति भवन निर्माण के लिए जमीन देने को तैयार नहीं है। क्योंकि जमीन बिहार सरकार को रजिस्ट्ररी कर देना है। अगर कोई देना भी चाहता है तो लंबी प्रक्रिया और रजिस्ट्ररी खर्च के कारण नहीं दे पाता है। इस भवन को लेकर आंगनबाड़ी केन्द्र की सेविका, सहायिका, पर्यवेक्षक व सीडीपीओ में भी बहुत ज्यादे रूचि नहीं है। यही कारण है कि इतने समय बीत जाने के बाद भी कोई सार्थक प्रयास नहीं किया गया। जिस कारण केन्द्र सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण की विशेष योजना एमएसडीपी से जिले में अब तक अपेक्षित विकास नहीं हो पा रहा है। अररिया प्रखंड के पंचायत समिति सदस्य अंजूमन आरा, अतिकुर्रहमान, मो. इजराइल, मो. तैयब अंसारी, गुलशन जहां, अंजू, अतीक आदि ने जिला प्रशासन से मांग की है कि भवन निर्माण हेतु राशि के साथ-साथ भूमि का आवंटन भी करना चाहिए। क्योंकि हर पंचायत में बिहार सरकार की जमीन उपलब्ध है। बहरहाल सरकारी प्रक्रिया जो भी हो फिलहाल आंगनबाड़ी केन्द्र के लिए एमएसडीपी के तहत आवंटित राशि बेमतलब साबित हो रहा है और एमएसडीपी योजना टांय-टांय फिस्स होती नजर आ रही है।