Monday, January 31, 2011

पुण्यतिथि पर याद किये गये बापू


अररिया : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर जिले में कई कार्यक्रम आयोजित किये गये।
जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से रविवार को पार्टी कार्यालय गांधी आश्रम में पूज्य बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर बापू के चित्र पर कांग्रेसियों ने पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शो पर चलने की कसमें खायी। वक्ताओं ने गांधी के सत्य, अहिंसा के पैगाम को जन-जन तक पहुंचाने एवं उनके पद चिह्नों पर चलने का भी आह्वान किया। इस अवसर पर
कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मो. ताहा, अधिवक्ता विजय कु.मार यादव, अब्दुस
सलाम, शशिभूषण झा, टिपू आदि नेता उपस्थित थे।
वहीं दूसरी ओर नेहरू युवा केन्द्र अररिया के द्वारा सिसौना स्थित नेहरू युवा क्लब की ओर से गांधी जी की पुण्य तिथि मनाई गयी। जिसमें शाहजहां अंसारी, अर्जुन पासवान, सुधीर यादव, गोपाल प्रसाद आदि युवक मौजूद थे।

शिवपुरी में कल से बरसेगा रामकथा का अमृत


अररिया : शिवपुरी की धरती योग गुरु बाबा रामदेव के योग कार्यक्रम के बाद एक बार फिर सजधज कर तैयार है। सोमवार से नौ फरवरी तक इसी मैदान में श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ कार्यक्रम को लेकर दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के कार्यकर्ता तन-मन धन से लगे हैं। जिला ही नहीं वरन पूरा राज्य के अलावा अन्य प्रदेशों से भी हजारों की संख्या में भक्त इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
कथामृत कार्यक्रम में व्यास पीठ पर भारत विख्यात भागवत भास्कर भगवताचार्य आशुतोष जी महाराज की शिष्या विदुषी विश्वम्भरा भारती मुख्य वाचिका के रूप में शामिल होगी। इसके अतिरिक्त वाचिका के रूप में सर्वसुखी भारती, हरितृप्ता भारती, प्रिया भारती, हरि अर्चना, मीनाक्षी भारती, कृतिका भारती, पूर्णिमा भारती व किरण भारती भी पधार रही हैं। भक्ति संध्या कार्यक्रम के लिए गायक हारेश जी, हरसल जी, अप्रतिम माल्या, तबलावादक राजदीप व हिमांशु तथा बांसुरीवादक के रूप में मधुर जी दर्शकों का मन मोहेंगे। एक से नौ फरवरी तक चलने वाले इस कार्यक्रम में दोपहर एक बजे से सांय पांच बजे तक कथा का समय होगा। एक फरवरी को बड़ी संख्या में महिलाओं द्वारा शोभा यात्रा व मंगल कलश यात्रा निकाली जायेगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्णिया के सांसद उदय सिंह, विशिष्ट अतिथि अररिया सांसद प्रदीप सिंह, सिकटी विधायक आंनदी प्र. यादव, बायसी विधायक संतोष कुशवाहा कार्यक्रम उद्घाटन के मौके पर मौजूद रहेंगे।
बाक्स के लिये
कार्यक्रम की सफलता के लिए समिति सक्रिय
अररिया, संसू: दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा शिवपुरी में होने वाले श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ की सफलता को लेकर पूर्व से बनी 25 सदस्य आयोजन समिति काफी सक्रिय है। जिसमें समिति अध्यक्ष महावीर अग्रवाल, उपाध्यक्ष विजय कुमार सिंह, सचिव अरुण शर्मा, सह सचिव मोतीलाल शर्मा, पवन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, सह कोषाध्यक्ष स्वामी कपिलदेवानंद के अतिरिक्त कार्यकारिणी सदस्यों की सूची में राजू बाठियां, मूलचंद गोलछा, शांतिलाल जैन, संजय मिश्रा, दीपक पराशर, दयानंद झा, अजय झा, समर सिंह, श्याम सुन्दर अग्रवाल, जय कुमार अग्रवाल, रामकुमार गोयल, मनोज भगत, विधासागर केसरी, अशोक झा, संतोष केसरी, अखिलेश मिश्र, इन्द्र कुमार टहलागी व अभय सिंह शामिल है।

महिलाओं को रोजगार को ले प्रशिक्षण शिविर

कुसियारगांव (अररिया) : अररिया टाउन हाल में महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराकर उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए हयूमेन डवलपमेंट सेंटर द्वारा प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। जिसमें ग्राम स्तर पर निशुल्क सर्वे करने की जानकारी दी गयी तथा महिला साक्षरता दर बढ़ाने के लिए व पंचायत स्तर पर स्वयं सहायता समूह का गठन, छह माह महिला प्रशिक्षण, स्वरोजगार केन्द्र की स्थापना, घरेलू हिंसा से महिलाओं को संरक्षण का प्रयास, लिंग अनुपात में पर्याप्त असमानता के क्षेत्र में कार्य व समय-समय पर नुक्कड़ नाटक का सामाजिक आयोजन तथा अन्य सामजिक विकास से जुड़े कार्य करने का प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें पटना से आये हुए स्टेट डायरेक्टर बृजेश वर्मा, जिला समन्वयक हलीम, रामबाबू रमण, मो. मिनहाज अनवर, अनीकुल सलाम, निरंजन कुमार आदि मौजूद थे।

वीएन मिश्रा मेमोरियल ब्रिज टूर्नामेंट के आयोजन से हर्ष

अररिया : अररिया के रहने वाले व विख्यात ब्रिज प्लेयर स्व. वीएन मिश्रा की स्मृति में पटना में राज्य स्तरीय ब्रिज टूर्नामेंट के आयोजन से अररिया वासियों में हर्ष है। विदित हो कि स्व. मिश्र इंजीनियर, ब्यूरोक्रैट व बिहार के चुनिंदा ब्रिज प्लेयरों में से एक थे। उनकी स्मृति में न्यू पटना क्लब में रविवार से आयोजित राज्य स्तरीय टूर्नामेंट का उद्घाटन जस्टिस मिहिर कुमार झा द्वारा, पुरस्कार वितरण प्रदेश के चीफ इलेक्शन आफिसर सुधीर कुमार राकेश द्वारा किया जायेगा। इस टूर्नामेंट में बिहार, यूपी, झारखंड व बंगाल के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। टूर्नामेंट का प्रायोजन स्व. मिश्रा के पुत्र व नाबार्ड के वरीय अधिकारी रोहित मिश्रा द्वारा किया जा रहा है।

डेहटी पैक्स: सरकारी सेवकों ने भी जम कर उड़ाई मलाई


अररिया : जिले के बहुचर्चित डेहटी पैक्स घोटाले की चर्चा जहां सबकी जुबान पर है तो उक्त पैक्स के ऋणधारियों की सूची में कई सरकारी सेवक भी हैं। इसका खुलासा गिरफ्तार पैक्स प्रबंधक रुद्रानंद झा ने अदालत में पेश लिखित बयान में किया है।
धारा 164 के तहत न्यायालय में दर्ज कराये गये ब्यान में मुख्य आरोपी रुद्रानन्द झा ने कुल 72 ऋणधारियों की सूची लिखित रूप में अदालत के समक्ष प्रस्तुत की है। जिसमें उसने पलासी प्रखंड के नाजिर मतीर्उरहमान के यहां एक लाख रुपये, पलासी के प्रखंड सहायक अशोक कुमार पाठक के यहां एक लाख, सिकटी के प्रखंड सहायक अम्बा प्र. यादव के पास डेढ़ लाख, अररिया सीडीपीओ कार्यालय के सुपरवाईजर रूपम झा के पास डेढ़ लाख, प्रखंड सहायक पलासी मो. शहरयार- पचास हजार, ग्राम पंचायत मालद्वार की पंचायत शिक्षिका मीरा देवी 50 हजार, पलासी के शिक्षक- संजय मांझी 1.3 लाख, पिपरा विजवार के शिक्षक अशोक कुमार विश्वास तीस हजार रुपये आदि सरकारी सेवकों के पास पैक्स का पैसे होने की बात सूची में दर्ज करायी है।

डेहटी पैक्स घोटाले में तीन गिरफ्तार

पलासी (अररिया) : पलासी थाना पुलिस ने डेहटी पैक्स घोटाले से संबंधित तीन अभियुक्तों को शनिवार संध्या गिरफ्तार कर लिया है। इस बाबत थानाध्यक्ष आरपी सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में मो. बसर इकबाल, मो. तसबीर आलम व मो. एजाज खां शामिल हैं।

समन्वयन समिति की बैठक

बथनाहा (अररिया) : शुक्रवार को बथनाहा स्थित एसएसबी 24वीं बटालियन मुख्यालय के प्रांगण में जिला प्रशासन द्वारा एक समन्वयन समिति की बैठक आहूत की गयी जिसमें रेलवे पुलिस बल, कस्टम, जिला एवं अनुमंडल प्रशासन व पुलिस के अधिकारी एसएसबी व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

डेहटी पैक्स: बैंकों की भूमिका पर भी उठ रहे सवाल


अररिया : करोड़ों रुपये के डेहटी पैक्स घोटाले में कई बैंकों की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ रही है। पलासी थाने में दर्ज सात प्राथमिकी में विभिन्न बैंकों की आठ शाखाओं को नामित किया गया है। इन शाखाओं में कथित रूप से फर्जी चेक जमा निकासी का धंधा धड़ल्ले से हुआ बताया जाता है।
पलासी थाने में शनिवार को दर्ज प्राथमिकी में स्टेट बैंक की मैना व कनखुदिया शाखा, सेंट्रल बैंक पलासी, बैंक आफ बड़ौदा अररिया व तारण, कोआपरेटिव बैंक की अररिया व फारबिसगंज शाखा तथा पंजाब नेशनल बैंक की फारबिसगंज शाखा का यह कह कर उल्लेख है कि इन शाखाओं के माध्यम से ही फर्जी चेक को जमा व रुपयों की निकासी का काम किया गया।
सूत्रों की मानें तो विभिन्न सरकारी योजनाओं का पैसा अधिकारियों को पीसी देकर या अन्य उपायों से डेहटी पैक्स में जमा करवाया गया। फिर उस पैसे को मनचाहे तरीके से इस्तेमाल किया गया। इस दौरान योजनाओं के लाभुक अगर पैसा मांगते थे तो उन्हें बहाना बना कर टरका दिया जाता था। पैक्स में पैसों का फ्लो बनाये रखने के लिये ड्राफ्ट का धंधा भी किया जाता था। अधिकतर ड्राफ्ट इन्हीं बैंक शाखाओं से निर्गत बताये जाते हैं। ड्राफ्ट के लिये पैसों की उगाही पेट्रोल पंपों से भी की जाती थी।
विदित हो कि फर्जी तरीके से चेक जमा व निकासी करने के आरोप में एक पेट्रोल पंप कर्मी सलाखों के पीछे भी जा चुका हैं। ताजा मामले में भी वे आरोपी हैं।

Sunday, January 30, 2011

डेढ़ माह से एमडीएम बंद देख चौंके प्रधान सचिव

रानीगंज (अररिया) : मानव संसाधन विभाग के प्रधान सचिव अंजनी कुमार सिंह ने शनिवार को प्रखंड क्षेत्र के पहुंसरा पंचायत में मध्य विद्यालय संग्रामपुर का औचक निरीक्षण किया। स्कूली बच्चों को गत डेढ़ माह से मध्याह्न भोजन बंद की शिकायत किये जाने पर प्रशासन सचिव हतप्रभ रह गये। महादलित बाहुल क्षेत्र के इस विद्यालय में मध्याह्न भोजन बंद के कारणों की जांच एवं दोषी के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात मौके पर उन्होंने की। बिहार सरकार के मानव संसाधन विभाग के प्रधान सचिव अंजनी कुमार सिंह पहुंसरा गांव से पूर्णिया जाने के क्रम में मध्य विद्यालय संग्रामपुर का निरीक्षण किया। विद्यालय में प्रभारी प्रधानाचार्य सुमित्रा कुमारी से विद्यालय से संबंधित सारी जानकारी लेने के उपरांत जब प्रधान सचिव बच्चों की ओर मुखातिब हुये तो बच्चों ने स्कूल में गत डेढ़ माह से मध्याह्न भोजन बंद होने की शिकायत की। उन्होंने तत्काल इस बाबत कई अधिकारियों से जवाब-तलब दूरभाष पर हीं किया। इसे गंभीर बताते हुये प्रधान सचिव ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। वहीं, ग्राम वासियों ने पंचायत में एक उच्च विद्यालय खोलने की स्वीकृति प्रदान करने की मांग प्रधान सचिव के सम्मुख रखी। ग्रामीणों का नेतृत्व सीताराम मेहता कर रहे थे। इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य कलानंद सिंह, मुखिया उपेन्द्र मरांडी,निर्मल मेहता, ओमप्रकाश मेहता, मणी लाल ऋषिदेव, शंकर सिंह, शिक्षक सुभाष चन्द्र प्रसाद आदि मौजूद थे।

दूसरों के लिए जीने वाले सदा रहते अमर : दुगड़


जोगबनी(अररिया) : नेत्रदान महादान है। ऐसे लोग सौभाग्यशाली है जिसके सहयोग से सुन्दर संसार देखने का मौका मिलता है। ये बातें स्व. घासीराम तापड़िया सेवा ट्रस्ट जोगबनी द्वारा शनिवार को बालिका उच्च विद्यालय में दो दिवसीय नि:शुल्क नेत्रदान शिविर के उद्घाटन के बाद नेपाल के सांसद मोती लाल दुगड़ ने कही।
श्री दुगड़ ने कहा कि स्वर्गीय घासीराम तापड़िया ने समाज में दबे कुचले लोगों का जीवन स्तर सुधारने तथा हर वर्ष नि:शुल्क नेत्रदान शिविर का आयोजन करवाया।
इस मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष भीखम चंद तापड़िया ने कहा कि नि:शुल्क नेत्रदान शिविर स्वर्गीय तापड़िया द्वारा विगत 28 वर्षो से अपने नेतृत्व में चलाते आये थे। उनके निधन के बाद सेवा ट्रस्ट बना। उन्होंने कहा कि इस कार्य में दिल्ली के प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक डा. बीएन खन्ना का योगदान लगातार रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता गंगा किसन राठी ने की। जबकि मंच पर सनातन सेवा समिति के अध्यक्ष शिवदत्त राठी, इन्द्रा रिजाव, माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष जय किशन जी राठी, अखिल नेपाल माहेश्वरी परिषद के अध्यक्ष गंगा प्रसाद राठी आदि मौजूद थे। वहीं सेवा ट्रस्ट के नारायण तापड़िया, प्रेम रतन डागा, कमल तापड़िया, श्याम तापड़िया, मनीष काबड़ा तथा डा. खन्ना के सहायक के रूप में डा. सुनील सुराना उपस्थित थे।

पाट व्यवसायी को अपराधियों ने गोली मारी, 60 हजार से अधिक लूटे


अररिया/रेणुग्राम : सिमराहा थाना क्षेत्र के फारबिसगंज से पटेगना जाने वाली सड़क स्थित परमान नदी किनारे कौआ चांड़ घाट (खवासपुर) के निकट शनिवार को सशस्त्र अपराधियों ने एक पाट व्यवसायी कलानन्द सिंह को गोली मार दी तथा उसके पास से साठ हजार से अधिक नगदी लूट ली। वे फारबिसगंज से पाट बेचकर घर लौट रहे थे। लूटने के बाद अपराधी मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग निकले। उसके बाद आस-पास के ग्रामीण एवं उनके सहयोगी घायल व्यवसायी को चिकित्सा के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है। घटना संध्या के चार बजे की है। घायल व्यवसायी काफी सहमे हुए हैं जिस कारण वे लूटी गयी रकम कभी साठ हजार तो कभी छह लाख बता रहे हैं। पुलिस फिलहाल जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार व्यवसायी श्री साह फारबिसगंज से पटुआ बेचकर अपने घर पटेगना लौट रहे थे। वे जब परमान नदी के किनारे पहुंचे तो वहां बने चचरी पुल के निकट पूर्व से तीन सशस्त्र अपराधी घात लगाये बैठे थे तथा वहां एक मोटर साइकिल भी लगी थी। श्री साह जैसे ही वहां पहुंचे अपराधियों ने उसे पिस्तौल दिखा कर रोक लिया। व्यवसायी कुछ समझ पाते उससे पहले ही एक अपराधी ने उसके पैर में गोली मार दी जिससे वह वहीं गिर गया। तब अपराधी उसके पास रखे नगदी व एक मोबाइल लूट लिये तथा वहां खड़ी मोटरसाइकिल पर सवार हो पश्चिम दिशा की ओर भाग गये। भागने से पूर्व अपराधियों ने व्यवसायी की मोटर साइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। अस्पताल में घायल व्यवसायी कभी 60 हजार तो कभी छह लाख लूटे जाने की बात बता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि गोली लगने के कारण व्यवसायी अभी दहशत में हैं जिस कारण पूरी बात बताने में अक्षम हैं। उनके स्वस्थ होने के बाद ही लूट की सही रकम का पता चल पायेगा। घटना की सूचना मिलते ही अररिया के विधायक जाकिर अनवर, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक कुमार भगत एवं अन्य कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचकर पीड़ित की सूधी ली और पुलिस कप्तान से शीघ्र अपराधियों को गिरफ्त में लेने की मांग की है।

प्रशिक्षण

अररिया : द्वितीय चरण की जनगणना को लेकर अररिया प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय लहना रामपुर में आयोजित प्रगणकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शनिवार को समाप्त हो गया। इस प्रशिक्षण में ट्रेनर के रूप में रामानंद यादव, गयानंद दास, प्रवीण कुमार दास, संजय ठाकुर आदि ने द्वितीय चरण के जनगणना की जानकारी दी। तीन दिवसीय प्रशिक्षण में 111 प्रगणक व 19 पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। उक्त आशय की जानकारी मास्टर ट्रेनर गयानंद दास ने दी।

बरदाहा व भुतहा में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन


सिकटी(अररिया) : बिहार सरकार के निर्देशानुसार स्वास्थ्य चेतना कार्यक्रम के तहत प्रखंड के एपीएचसी बरदाहा में शुक्रवार एवं भुतहा में शनिवार को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों को स्वास्थ्य व स्वच्छता संबंधी जानकारी दी गयी तथा रोगियों की जांच कर मुफ्त दवा वितरण किया गया। इसके अलावा बच्चों का टीकाकरण, कृमि व आयरन की गोली तथा परिवार नियोजन संबंधी सामग्री का भी वितरण किया गया।
शिविर का पर्यवेक्षण यूनिसेफ के एसएमसी परमानंद ठाकुर द्वारा किया गया। प्रभारी चिकित्सक डा. जमील अहमद ने बताया कि 17 जनवरी तक क्रमानुसार प्रखंड के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर शिविर का आयोजन किया जायेगा। शिविर में स्थानीय मुखिया गगन देवी, मुखिया सविता देवी, बीएचएम मसूद अख्तर, बीसीएम विश्वजीत कुमार, चिकित्सक डा. सुरेन्द्र कु., डा. स्वामी नंदन वर्मा, बीएमसी नीरज ठाकुर, एएनएम पुष्पलता कुमारी, आलोका कुमारी, डाटा ऑपरेटर मनोज कुमार एवं दोनों केन्द्रों के सेविका व आशा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

शिक्षा से ही मुल्क की तरक्की संभव: मौ. कासमी

अररिया : शिक्षा के क्षेत्र में बेदारी लोग से ही किसी का मुल्क व मिल्लत की तरक्की मुमकिन हो सकती है। साथ ही एखलाकी तौर पर भी हमें आगे आना होगा। ये बातें इमारते शरिया बिहार, झारखंड व उड़ीसा के नाजिम व बिहार स्टेट हज कमेटी के चेयरमैन मौलाना अनिसुर्रहमान कासमी ने शुक्रवार को कही। अररिया स्थित इमारते शरिया के दफ्तर दारूल कजा में उलमाओं व दानिशवरों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मुल्क की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए बच्चों को जरूर शिक्षित करें। साथ ही हमारा एखलाक भी बुलन्द होना चाहिए। श्री कासमी ने कहा कि हमें आपसी विवाद व रंजिश से बचने की जरूरत है। उन्होंने दूसरों के साथ हमेशा हमदर्दी से पेश आने की बात कही। साथ जनगणना 2011 जो कौमी सतह पर 9 फरवरी से 28 फरवरी तक चलेगा। इसमें बढ़चढ़ हिस्सा लेने एवं सहयोग करने की अपील की। मुल्क के उलमा व मस्जिदों के इमाम और मुल्क के नौजवानों को इस सर्वेक्षण कार्य में सहयोग करने की बात कही। साथ ही एमएसडीपी की राशि का दुरूपयोग एवं माईनोरिटी हास्टल अब तक चालू नहीं किये जाने पर चिंता व्यक्त की। इस मौके पर काजी नजीर अहमद, मौलाना कमर अनीस आदि उपस्थित थे।

मनरेगा में जनप्रतिनिधि निभायें भूमिका: शगुफ्ता

अररिया : मनरेगा को सरजमीन पर उतारने एवं ग्रामीण मजदूरों को इससे लाभ दिलाने में जनप्रतिनिधि महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। ये बातें शनिवार को नेहरू युवा केन्द्र अररिया के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय सम्मेलन में जिप अध्यक्ष शगुफ्ता अजीम ने कही। नेजाजी सुभाष स्टेडियम में आयोजित इस सम्मेलन में पंचायती राज प्रतिनिधि, रोजगार सेवक, प्रोग्राम पदाधिकारी एवं युवा क्लब के प्रतिनिधि मौजूद थे। जिप अध्यक्ष शगुफ्ता ने कहा कि मनरेगा को लेकर नेयुके क्षेत्र में सर्वेक्षण कार्य व स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा रही है। इस मौके पर डीआरडीए के निदेशक विजय कुमार, जिला युवा समन्वयक शिवजी पांडे, पीओ स्वतंत्र कुमार आदि ने भी मनरेगा पर विस्तार से जानकारी दी।

सौरा पर 24 लाख की लागत से बनेगा पुल

अररिया : रानीगंज प्रखंड के विनोदपुर निवासियों का सपना लंबे इंतजार के बाद साकार हुआ। सैकड़ों वर्षो से टापूनुमा बस्ती में रहने वाले हजारों ग्रामीण चेहरों पर शनिवार को लंबी मुस्कान थी व गांव में जश्न का माहौल था। मौका था सौरा नदी पर मुख्यमंत्री सेतु के शिलान्यास समारोह का। जिला परिषद क्षेत्र संख्या 21 की जिला पार्षद बेनजीर शाकीर के अथक प्रयास से यह संभव हो पाया। शनिवार को 24 लाख की लागत से बनने वाले इस पुल का शिलान्यास करने के बाद उन्होंने बताया कि सैकड़ों साल से यहां के लोग इस नदी में तैरकर पार करते थे। लेकिन अब पुल बन जाने के बाद ये गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ जायेगा। शिलान्यास समारोह के मौके पर ईई मनोज कुमार , एई बबन सिंह, रजी अहमद, राजू, मो. इसराइल, आबिद हुसैन, अकमल यजदानी साजिद, राजेन्द्र ततमा, नूरउद्दीन के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

कांग्रेस व भ्रष्ट्राचार एक सिक्के के दो पहलू : अभाविप


अररिया : केन्द्र सरकार की नीतियों एवं हाल के दिनों में हुए टूजी स्पेक्ट्रम घोटाला, आदर्श सोसायटी घोटाला व राष्ट्रमंडल खेल में गड़बड़ी को लेकर अभाविप ने देश व्यापी आंदोलन के तहत शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना दिया। इसके पश्चात परिषद द्वारा महामहिम राष्ट्रपति के नाम डीएम को मांगों का ज्ञापन सौंपा। धरना की अध्यक्षता जिला प्रमुख प्रो. महेन्द्र प्रताप सिंह ने किया। जबकि मंच का संचालन नगर अध्यक्ष प्रो. अनिल मिश्र ने किया। धरना में मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद नव निर्वाचित प्रदेश मंत्री प्रवीण कुमार ने कहा कि आदर्श सोसायटी, राष्ट्रमंडल व 2 जी स्पेक्ट्रम घोटाला कांग्रेस नीत यूपीए सरकार की भ्रष्ट कार्यशैली को उजागर किया है। श्री कुमार ने ने कहा कि भ्रष्टाचार के विरूद्ध केन्द्र सरकार की नीति संदेश के घेरे में हैं। प्रदेश मंत्री श्री कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी व भ्रष्टाचार एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने केन्द्र सरकार पर भ्रष्टचारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि 2 जी स्पेक्ट्रम घोटाले में सिर्फ अधिकारी ही नहीं बल्कि प्रधानमंत्री कार्यालय भी दोषी हैं।
धरना को जिला संयोजक मनोरंजन मेहता, नगर मंत्री कृणाल प्रियदर्शी, आरएसएस के जीवछ ठाकुर ने भी संबोधित किया। मौके पर मुख्य रूप से प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सत्यवान मालाकार, सुकांत आदर्श, जय कुमार, सुनील यादव, प्रीतम गुप्ता, अतिक आर्यन, रविन्द्र झा, रूपेश यादव, पवन, रौशन सहित कई कार्यकत्र्ता उपस्थित थे।

भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के लिए निकाला जुलूस

अररिया : दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के तत्वावधान में अररिया के शिवपुरी मैदान में एक से नौ फरवरी तक आयोजित होने वाले श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ की सफलता को लेकर संस्थान के कार्यकत्र्ताओं ने शनिवार की शाम मोटर साइकिल जुलूस निकाला। जुलूस कार्यक्रम स्थल से लेकर बस स्टैंड, एडीबी चौक, चांदनी चौक होते हुए पुन: कार्यक्रम स्थल पर जाकर समाप्त हुआ। जुलूस में दर्जनों चार व दो पहिया वाहन के अतिरिक्त साइकिल सवार भी शामिल थे। जुलूस में शामिल लोग जय श्री राम का नारा लगा रहे थे। इस जुलूस में पूर्व नप अध्यक्ष विजय मिश्र, विरेन्द्र मिश्र, सुधीर मंडल समेत सैकड़ों गणमान्य लोग शामिल थे।

सदर अस्पताल: आउट सोर्सिग के भुगतान पर रोक का आदेश


कुसियारगांव(अररिया) : नेशनल रूरल हेल्थ मिशन दिल्ली के स्टेट प्रोग्राम मैनेजर आर रतन ने शनिवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में व्याप्त गंदगी व कुव्यवस्था को देख वे भड़क उठे। श्री रतन ने तुरंत आउट सोर्सिग के भुगतान पर अगले आदेश तक के लिए रोक लगाने का निर्देश सीएस को दिया। उन्होंने इस दौरान उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को भी कड़ी फटकार लगायी। श्री रतन करीब चार घंटे तक अस्पताल में रूके तथा प्रसव कक्ष, ब्लड बैंक, एक्स-रे कक्ष आदि का गहन निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को कई निर्देश दिये। अस्पताल में व्याप्त गंदगी को देख श्री रतन ने नाराजगी जतायी तथा वहां उपस्थित डीएम डा. हुस्नआरा को अगले आदेश तक के लिए आउट सोर्सिग के भुगतान पर रोक लगाने का आदेश दिया। इस अवसर पर डा. हुस्नआरा के अलावा प्रबंधक विकास कुमार आदि उपस्थित थे।

डेहटी पैक्स: सरगना तक पहुचेंगे कानून के हाथ?


अररिया : बहुचर्चित डेहटी पैक्स गबन के मामले में पुलिस की गिरफ्त में आने वाले प्रबंधक रुद्रानंद झा द्वारा किया गया खुलासा कुछ अचंभित करने वाला नहीं है। क्योंकि जिले के प्राय: लोग डेहटी पैक्स के कर्ता-धर्ता को जान रहे हैं। लोगों के जेहन में बस एक ही सवाल उठ रहा है कि क्या कानून व पुलिस का हाथ पैक्स गबन के मूल कर्ता-धर्ता तक पहुंच पायेंगे? 26 करोड़ से अधिक के हेराफेरी के मामले में जिले के विभिन्न थाना में कई मामले पूर्व से दर्ज हैं। अब रुद्रानंद झा के बयान पर उजागर किये गये सफेदपोशों के नाम से राजनीतिक हल्कों में खलबली मच गई है। पैक्स प्रबंधक के बयान पर पलासी थाना में भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री समेत सौ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधि से लेकर कई सफदपोशों के होश उड़ गये हैं।
पैक्स घोटाले में अब तक सिर्फ सरकारी मुलाजिमों पर ही कार्रवाई हो पाई है। जबकि ग्रामीण विकास विभाग के उप सचिव राम बाबू सिंह ने जांचोपरांत 2008 में सौंपे गये रिपोर्ट में कई जनप्रतिनिधि के नाम उजागर किया था। लेकिन प्रशासन आज तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं कर पाई।

वाहन पलटने से महिला की मौत, आधा दर्जन घायल


फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज-रानीगंज मुख्य सड़क मार्ग पर मालपट्टी हरिपुर गांव के समीप तीव्र गति से आ रही टेम्पो के पलट जाने से उसपर बैठी 50 वर्ष की महिला की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये। सूचना पर फारबिसगंज थाने के अनि अली अंसारी घटना स्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। घायलों में बसंत कुमार ठाकुर (25) व हरिनंदन दास (35) का इलाज रेफरल अस्पताल में किया गया। जहां से श्री दास को अन्यत्र रेफर कर दिया गया है। जबकि अन्य घायलों को इलाज विभिन्न निजी अस्पतालों में होने की बात बतायी जा रही है। बताया जाता है कि टेम्पो बिना नंबर वाली थी और महथबा से फारबिसगंज आ रही थी। मृत महिला की पहचान की जा रही है।
वहीं, एक अन्य घटना में किशनगंज से जोगबनी आ रही चीनी से लदी ट्रक रामपुर चौक के पास पलट गयी, जिससे ट्रक का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे रेफरल अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

अधिकारियों से नहीं मिल रहा सहयोग : अशोक

फारबिसगंज (अररिया) : निवेशकर्ताओं की राह में नौकरशाह हावी है। उद्योग लगाने के लिए बियाडा द्वारा जमीन तो आवंटित कर दी गई लेकिन अधिकारियों से अभी भी समुचित सहयोग नहीं मिल रहा है। यह बात फारबिसगंज के बियाडा औद्योगिक क्षेत्र में करीब एक सौ पंद्रह करोड़ रुपये की लागत वाली बिहार की पहली निर्माणाधीन स्टार्च (ग्लूकोज) फैक्ट्री के निर्देशक अशोक चौधरी ने शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उक्त बातें कहीं। श्री चौधरी ने कहा कि फैक्ट्री की स्थापना में बियाडा की उदासीनता और असामाजिक तत्वों द्वारा लगातार दी जा रही धमकी तथा उपद्रव से यहां दूसरे राज्यों से आये अभियंता, कर्मचारी, मजदूर भयभीत है। कई अभियंताओं व कर्मचारियों ने काम करने से मना कर दिया है। श्री चौधरी ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए गुहार की गई थी।

अच्छा प्रदर्शन करने वाले अभिकर्ता सम्मानित

फारबिसगंज (अररिया) : जीवन बीमा निगम के फारबिसगंज शाखा के अभिकर्ताओं का एक दिवसीय सम्मेलन शनिवार को नगर परिषद कार्यालय परिसर स्थित सभा भवन में आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में एलआईसी भागलपुर वरीय प्रमंडलीय प्रबंधक पी जयपुरिया, प्रबंधक सेलर्स एमएसए खान, अतिथि के रूप में फारबिसगंज शाखा प्रबंधक एके झा प्रबंधक सेल्स एनएन प्रियदर्शी मुख्य रूप से उपस्थित थे। सम्मेलन में अतिथियों ने बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अभिकर्ता एसएल देव, लक्ष्मण प्रसाद, मानिक चंद्र जैन, राम बाबू, कुमोद कुमार भगत, मनोज कुमार, श्रीमती कबीना झा, अंजेश सिंह, नरेश प्रसाद यादव की बुके भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में वित्तीय वर्ष 2010-11 में नया कीर्तिमान बनाने वाले तथा नई पालिसी की जानकारी वक्ताओं द्वारा दी गई। मंच का संचालन एनएन प्रियदर्शी ने किया। वहीं अशरफ फरहा अली, अजय मंडल, अशोक कुमार, कुमार मनोज सहित भारी संख्या में अभिकर्ता उपस्थित थे।

रोगी कल्याण समिति की बैठक में लिए कई निर्णय


रानीगंज (अररिया) : शुक्रवार को रेफरल अस्पताल के प्रागंण में रोगी कल्याण समिति की बैठक अररिया अनुमंडलाधिकारी डा. विनोद कुमार की अध्यक्षता में आयेाजित की गयी।
बैठक में अस्पताल में रोगियों के सुविधा एवं कल्याणार्थ चलायी जा रही स्वास्थ्य योजना का क्रियान्वयन पूर्णरूप से नहीं होने के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को जिम्मेदार ठहराया गया। अध्यक्ष सहित सदस्य गण उस वक्त आश्चर्य में रह गये जब गत 2 सितंबर 10 को हुई बैठक की कार्यवाही पर अनुमोदन हस्ताक्षर के लिये संचिका अध्यक्ष के पास तक नहीं भेजी गयी। इस तरह की लापरवाही के लिये समिति के सचिव सह चिकित्सा पदाधिकारी अवधेश कुमार को जिम्मेदार ठहराया गया। बैठक में उपस्थित जिला स्वास्थ्य प्लानिंग काडिनेटर मानवेद्र कुमार ने स्थिति को संभालते हुये कई अहम सुझाव बैठक में रखे। अस्पताल परिसर में स्वच्छ जल की व्यवस्था एक सप्ताह के अंदर करने एवं अस्पताल के शल्य कक्ष का जीर्णोद्धार एक माह के अंदर कराने का निर्णय लिया गया।
बैठक में समिति के सचिव प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. अवधेश कुमार, कैप्टेन एसएन सिंह, विद्यानंद टुडू सहित स्वास्थ्य कर्मी आदि उपस्थित थे।

कृषि यांत्रीकरण मेला आज से

अररिया : सरकार के निर्देश पर आईसोपोम योजना मद से दो दिवसीय कृषि यांत्रीकरण मेला रविवार से सुभाष स्टेडियम में आयोजित होगा। यांत्रीकरण मेला में अनुदानित दर पर कृषि यंत्र किसानों को दिया जायेगा। जिला कृषि पदाधिकारी वैद्यनाथ यादव ने बताया कि मेले में कम्बाईन हार्वेस्टर, रीपर, ट्रेक्टर, लैंड लेजर लेवलर, पावर टीलर, रोटावेटर, जीरोटील सीड ड्रील, हैपी सीडर, पम्पसेट पावर थ्रेसर पैडी ट्रांसप्लान्टर, पावर स्प्रेयर आदि यंत्रों पर अनुदान मिलेगा। श्री यादव ने बताया कि जिन कृषि यंत्रों पर 10 हजार से अधिक अनुदानित राशि है उन यंत्रों को अनुदानित पर खरीदने के लिये कृषि कार्यालय से स्वीकृति की जरूरत होगी।

अलग-अलग घटनाओं को ले दो ने किया विषपान


कुसियारगांव (अररिया) : विगत 24 घंटे के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घरेलू विवाद के कारण एक महिला समेत दो लोगों ने विषपान कर लिया। परिजनों द्वारा उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना थाना को दे दी गयी है। पीड़ितों में जोकीहाट थाना क्षेत्र के लड़ुवाबाड़ी निवासी मो. सरफराज आलम व कुर्साकांटा बलचंदा निवासी प्रमोदसाह की पत्‍‌नी प्रीति देवी शामिल हैं।

Saturday, January 29, 2011

डेहटी पैक्स के माध्यम से 26 करोड़ से भी अधिक का हुआ घोटाला


अररिया : डेहटी पैक्स घोटाला से संबंधित दर्ज कराये गये कई प्राथमिकी के अभियुक्त मैनेजर रूद्रानंद झा की गिरफ्तारी तो हो गयी किंतु पैक्स अध्यक्ष सचिव व अन्य आरोपी अब भी पुलिस गिरफ्त से दूर है। सरकारी रिपोर्ट पर यकीन किया जाये तो डेहटी पैक्स में इंदिरा आवास, अपग्रेडेशन, बाल विकास परियोजना, सर्व शिक्षा अभियान आदि योजनाओं के लिए 26 करोड़ से अधिक की राशि जमा करायी गयी थी। लेकिन पिछले वर्ष डीएम एम. सरवणन द्वारा डीआरडीए का निरीक्षण करने के बाद 72 करोड़ रूपये घोटाला का अनुमान होने की बात बतायी थी।
ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जांच अधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त उप सचिव रामबाबू सिंह ने 31 दिसंबर 08 को जो प्रतिवेदन सरकार को सौंपा था उसके अनुसार पैक्स में 26 करोड़ 42 लाख 45 हजार रूपये जमा हुए। जिसमें 25 मई 07 से 21 अगस्त 07 तक अररिया प्रखंड का 1. 75 करोड़, 3 फरवरी को 06 से 13 अगस्त 07 तक सिकटी का 11.55 करोड़, 22 सितंबर 2007 को जोकीहाट का 1. 35 करोड़ तथा 17 सितंबर 2004 से 21 अगस्त 07 तक 11.77 करोड़ की राशि जमा करायी गयी। पुलिस सूत्रों के अनुसार पैक्स मैनेजर की गिरफ्तारी जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा दर्ज कराये पलासी थाना कांड संख्या 30/09 के तहत की गयी। इस केश के अनुसार सर्व शिक्षा अभियान द्वारा पलासी प्रखंड के 18 व सिकटी प्रखंड के 09 नवसृजित प्राथमिक विद्यालयों के भवन व चहारदिवारी निर्माण मद में 1 करोड़ 23 लाख 25 हजार 250 रूपये का चेक संबंधित स्कूल के शिक्षा समिति, प्रधानाध्यापक के नाम निर्गत हुए। लेकिन ये चेक समिति सचिव व हेडमास्टर द्वारा डेहटी पैक्स में जमा कराये गये। जिसमें पलासी के 83 लाख 84 हजार साढ़े सात सौ रूपया व सिकटी का 39 लाख 40 हजार 500 रूपया के विरूद्ध पलासी का 40 लाख 72 हजार 500 रूपया तथा सिकटी का 11 लाख 2 हजार 150 रूपया निकासी किया गया। डीएसई ने गबन की आशंका जताते हुए 69.42 लाख रूपये गबन की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी। जिसमें पैक्स मैनेजर, अध्यक्ष, सचिव, पैक्स कर्मी व अन्य लोगों को अभियुक्त बनाया गया था। अब पैक्स मैनेजर की गिरफ्तारी के बाद शिक्षा माफियाओं के होश उड़ गये हैं।

शाहनवाज के दौरे से भाजपा की राजनीति गरमायी


अररिया : भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व भागलपुर के सांसद सैयद शाहनवाज हुसैन के अररिया दौरे के बाद एक बार फिर जिला भाजपा की अंदरुनी राजनीति गर्मा गयी है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन गुरुवार को अररिया पहुंचे तथा विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उनके साथ सिकटी के भाजपा विधायक आनंदी यादव, रानीगंज विधायक परमानंद ऋषिदेव, नरपतगंज विधायक देवयंती देवी आदि तो उनके साथ उपस्थित हुए किंतु न तो भाजपा सांसद व न ही उनके समर्थक, न जिलाध्यक्ष और न ही संगठन के जिला स्तरीय अधिकारी ही उनके इर्द गिर्द नजर आये।
राष्ट्रीय प्रवक्ता व सांसद सैयद शाहनवाज हुसैन गुरुवार को अररिया पहुंचे। इस दौरान वे गत विस चुनाव में अररिया से भाजपा के प्रत्याशी रहे नारायण झा के आवास पर कार्यकर्ताओं से मिले। इसके बाद वे अमर कथा शिल्पी फणीश्वर नाथ रेणु की दिवंगत पत्‍‌नी लतिका को श्रद्धांजलि देने उनके रेणुग्राम स्थित निवास स्थान पर पहुंचे तथा शोक संवेदना प्रकट किये। वे पूर्व भाजपा विधायक लक्ष्मी नारायण मेहता के आवास व भरगामा में भी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
इस दौरान भाजपा नेता के बागडोगरा से आने के क्रम में उनके स्वागत को ले चरघरिया से ही भाजपा के कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा। लेकिन यहां भी जिला स्तर के पार्टी पदाधिकारी नजर नहीं आये।
हालांकि यहां के भाजपा सांसद शहर से बाहर थे। लेकिन उनके किसी निकट समर्थक को पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के आसपास नहीं देखा गया। इतना ही नहीं, जिलाध्यक्ष की अनुपस्थिति को लेकर उपस्थित कार्यकर्ताओं में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। साथ ही संगठन के कोई वरीय कार्यकर्ता भी शाहनवाज के काफिले में नजर नहीं आये। हालांकि श्री हुसैन एक दिवसीय दौरे के बाद लौट गये हैं, लेकिन भाजपा की राजनीतिक हलचल बढ़ गयी है।

निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त


अररिया, : आगामी पंचायत चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला पदाधिकारी एम. सरवणन ने सभी प्रखंडों के लिए निर्वाची व सहायक निर्वाची पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति कर दी है।
डीएम द्वारा जारी किये गये आदेश के अनुसार सदर एसडीओ डा. विनोद कुमार को अररिया अनुमंडल निर्वाची व कार्यपालक पदाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, देवेन्द्र राम को सहायक निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं फारबिसगंज एसडीओ गिरिवर दयाल सिंह को अनुमंडल का निर्वाची तथा कार्यपालक दंडाधिकारी शोभा रानी को सहायक निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। आदेश के मुताबिक वरीय उप समाहत्र्ता संजय कुमार को अररिया प्रखंड, रविन्द्र राम को जोकीहाट, रंजन कुमार चौहान को पलासी, विधान चंद्र यादव को कुर्साकांटा, डीसीएलआर ताकीर अकरम को सिकटी, मुकेश कुमार सिन्हा को भरगामा, वरीय उप समाहत्र्ता नलिन कुमार को रानीगंज, नूर अहमद शिवली को फारबिसगंज एवं नरेन्द्र कुमार सिंह को नरपतगंज का निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। जबकि सभी बीडीओ व सीओ अपने प्रखंड के सहायक निर्वाची पदाधिकारी बनाये गये हैं।

गणतंत्र दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम

सिकटी (अररिया) : गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर आदर्श मध्य विद्यालय बरदाहा स्थित कस्तूरबा विद्यालय में छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कस्तूरबा वार्ड में अर्चना कुमारी की भूमिका अहम रही। इस मौके पर आ.म.वि. प्रधानाध्यापक काशीनाथ मिश्र, राजेश मिश्र, मो. सुलेमान, मनोज भारती, विहारी बैठा, लक्ष्मीकांत चौधरी, देवानंद विश्वास आदि मौजूद थे।

अस्पतालों में स्वास्थ्य चेतना शिविर आयोजित


जोकीहाट/कुर्साकांटा : जोकीहाट के गांवों में स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने के लिए प्रखंड के कुल 27 स्वास्थ्य उपकेन्द्रों में स्वास्थ्य चेतना शिविर आयोजित किया जा रहा है। शुक्रवार को सिमरिया पंचायत के काशीबाड़ी में स्वास्थ्य चेतना यात्रा का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख मुर्शिदा बेगम ने किया। शिविर की अध्यक्षता कर रहे रेफरल प्रभारी डा. सिफतैन आलम ने बताया कि शिविर के माध्यम से टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं का प्रसव पूर्व चेकअप, ब्लड टेस्ट, बंध्याकरण का रजिस्ट्रेशन आदि किया जा रहा है। कार्यक्रम में बीडीओ सिकंदर, स्वास्थ्य प्रबंधक ओवेश अहमद डा. के अंसारी, डा. प्रेम कुमार, मुखिया इसरती खातून, गोपाल कुमार, फैय्याज अहमद आदि मौजूद थे।
कुर्साकांटा निसं के अनुसार प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में स्वास्थ्य चेतना यात्रा के तहत स्वास्थ्य शिविर की शुरूआत खेसरैल गांव में शुक्रवार को बीडीओ पृथ्वीनाथ पांडेय द्वारा फीता काटकर किया गया। इस मौके पर डा. राजेन्द्र कुमार, अंचलाधिकारी विजय किशोर सिंह, हिमांशु प्रकाश, मदन पासवान, प्रेम प्रकाश, राजेन्द्र कुमार, शंभू सादा, राजेन्द्र पासवान, राजेश कुमार रंजन, प्रीतम कुमार, मनीषा माला, निकिता एवं पिंकी सहित स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।

पैसा जमा करने वाले पाते थे पांच प्रतिशत पीसी


अररिया : डेहटी पैक्स में किसी भी योजनाओं की राशि जमा करवाने वाले अधिकारियों को पांच प्रतिशत अग्रिम दिया जाता था। घोटाले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी रूद्रानंद झा ने बताया कि अधिकारियों द्वारा चेक निर्गत कर पैक्स में जमा कराने पर उन्हें बतौर अग्रिम पांच प्रतिशत अग्रिम तो देना ही पड़ता था। इसके बाद चेक भुगतान होने पर कुछ दिन बाद भारी रकम चुकानी पड़ती थी। अधिकारियों के नजर में यह राशि लाभुकों के लिए नहीं वरन घोटाले बाजों के लिए ही होती थी।
वहीं एसपी श्री कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी होने के बाद इस तथ्य खुलासा हुआ है कि डेहटी पैक्स में जमा करायी गयी 30 करोड़ की राशि मुख्य रूप से घोटाला करने के लिए ही जमा करायी गयी थी। आरोपी श्री झा के स्वीकारोक्ति के बाद यह स्पष्ट हुआ है कि दबंगों व राजनीतिक बाहूबलियों के दबाव में विभिन्न योजनाओं की राशि का चेक अधिकारियों से प्रबंधक को मिलता था और फिर उस राशि को सभी के बीच बंदर बांट किया जाता रहा।

मानव धर्म सबसे बड़ा धर्म: अंबिका


जोगबनी(अररिया) : हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई से पहले हम मानव हैं। मानव धर्म सबसे बड़ा धर्म है। क्योंकि हम सभी ईश्वर के संतान हैं। इसलिए हम सबों का धर्म मानव धर्म है।
उपरोक्त बातें मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय सत्संग समागम में महात्मा अंबिका बाई ने कहा। सत्संग समागम का आयोजन सिकटिया में किया गया। उन्होंने कहा कि मानव धर्म सबसे बड़ा धर्म है। इस मौके पर महात्मा गोवर्धन वाईजी, श्रीकांता नंद जी के अलावा मानव उत्थान सेवा समिति के सिंहेश्वर सिंह, गुलाब चंद यादव, शिव नाथ पासवान जहां मंच पर उपस्थित थे। वहीं ध्रुव पटेल, शंभू सिंह, जग बहादुर सिंह, जगत लाल सिंह सक्रिय नजर आये।

मानव व्यापार पर हुई मीडियाकर्मियों की कार्यशाला

फारबिसगंज (अररिया) : मानव व्यापार की रोकथाम के उद्देश्य से गुरुवार को स्थानीय एक होटल में एक दिवसीय इंडो-नेपाल क्रास बार्डर मीडिया वर्कशाप का आयोजन किया गया। मानव व्यापार पर काम कर रहे एनजीओ आद्रा द्वारा आयोजित इस वर्कशाप में भारत के अररिया जिला तथा नेपाल के विराटनगर के करीब दो दर्जन से अधिक पत्रकारों, एसएसबी के अधिकारी शामिल हुये। कार्यक्रम में मानव व्यापार खासकर लड़कियों की खरीद-बिक्री कर इन्हें देह व्यापार में धकेलने को रोकने के लिये मीडिया की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला गया। सीमावर्ती क्षेत्र में खासकर नेपाल से नाबालिग लड़कियों का बहला-फुसलाकर भारत तथा खाड़ी के देशों में भेजे जाने पर चिंता व्यक्त की गई। पत्रकारों ने अपने-अपने अनुभव बांटे। वक्ताओं ने मीडिया कर्मी सहित कार्यरत एनजीओ, पुलिस-प्रशासन, एसएसबी के बीच समन्वय स्थापित करने पर बल दिया जाने पर बल दिया। आद्रा के प्रोजेक्ट डायरेक्टर राकेश कुमार ने कहा कि शीघ्र हीं डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एटी ट्रेफिकिंग सेल का गठन किया जायेगा। जबकि भारत-नेपाल के बीच एक समन्वय समिति को सक्रिय किया जायेगा। मानव व्यापार रोकने के लिये मीडियाकर्मियों से सहयोग की अपील की गई। वहीं मीडिया कर्मियों ने खबरों को कवरेज में होने वाली समस्या पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में समाजसेवी रेणु वर्मा, एसएसबी अधिकारी एमसी पंडित, नेपाल के पत्रकार- कमल धीमाल, समानंद चौधरी, तारा आचार्य, कुमोद अधिकारी, अमित तिवारी, शंभू आदि भारतीय क्षेत्र के पत्रकार मौजूद थे।

वाहन ने मोटर साइकिल सवार युवकों को रौंदा, एक की मौत

बथनाहा (अररिया) : फारबिसगंज से जोगबनी की ओर जा रहे मोटर साइकिल सवार दो युवकों को फराबिसगंज-जोगबनी मार्ग पर भद्रेश्वर मध्य विद्यालय के समीप शुक्रवार की शाम को एक अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी जिससे एक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घायल दूसरे युवक को स्थानीय लोगों ने रेफरल अस्पताल फारबिसगंज में भर्ती कराया है जहा उसका इलाज चल रहा है। मोटर साइकिल पर सवार दो युवक जोगबनी की ओर जा रहे थे कि भद्रेश्वर में किसी अज्ञात वाहन ने उसे ठोकर मार दी जिससे जोगबनी निवासी गौरव कुमार पांडे (26 वर्ष)की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी। जबकि दूसरा युवक जोगबनी निवासी मनीष कुमार पांडे(25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल है। बथनाहा थानाध्यक्ष राम दिनेश मंडल व प्रशिक्षु दरोगा प्रशांत कुमार झा ने घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मृत युवक को पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेजे जाने की तैयारी की जा रही थी।

मुसहरी टोला के गरीबों को नहीं मिल रहा काम

बसैटी(अररिया) : एक ओर जहां सरकार मजदूरों का पलायन रोकने के लिए मनरेगा योजना के तहत योजना चलाकर काम देने का प्रयास कर रही है। वहीं रानीगंज प्रखंड के बसैटी पंचायत स्थित मिल चौक मुसहरी टोला के गरीबों को काम नहीं मिलने से उनके समक्ष भुखमरी की समस्या उत्पन्न हो रहा है। गुरूवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान मुसहरी टोला के ग्रामीण मथुरानंद ऋषिदेव, विजय ऋषिदेव, मनाया ऋषिदेव, सुरेश ऋषिदेव, परमानंद ऋषिदेव, गुलाब दास, महानंद आदि ने बताया कि पिछले छह माह से मनरेगा के तहत काम नहीं दिया जा रहा है। जाबकार्ड शोभा की वस्तु बनकर रह गया है। नरेगा कर्मी व प्रतिनिधियों के दरबारी करते-करते थक गये हैं। घर में खाने को अन्य उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पंजाब जैके बीना कोनो रास्ता नै देख रहल छीयै। इधर प्रखंड प्रोग्राम पदाधिकारी अवधेश कुमार ने दूरभाष पर बताया कि बसैटी पंचायत में ढाई सौ मजदूरों को प्रतिदिन काम दिया जा रहा है। बांकी लोगों को शीघ्र काम दिया जायेगा। मजदूरों ने शीघ्र जिला प्रशासन से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण योजना से काम दिये जाने की मांग सरकार व प्रशासन से की है।

बैठक में सदस्यों ने जतायी प्रशासन के प्रति नाराजगी

अररिया : विभिन्न एजेंडों पर गुरुवार को डीआरडीए सभा भवन में आहुत की गई जिला परिषद की विशेष बैठक में जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन के तौर-तरीकों पर नाराजगी व्यक्त की। इतना ही नहीं जिला परिषद अध्यक्ष, सासंद प्रतिनिधि समेत तमाम जिप सदस्यों ने डीएम का नाम लिये बगैर उनपर सीधा निशाना साधा। बैठक में जिला परिषद की अध्यक्ष शगुफ्ता अजीम ने कहा कि गत एक वर्ष में जिले के विकास में काफी गिरावट आदि है। जिसका मुख्य कारण है कि वरीय अधिकारी बंद कमरे में पालिसी का निर्धारण करते हैं और उस योजना को अनुमोदन के लिए जिला परिषद की बैठक में भेजा जाता है। जिप को सूचित किये बगैर जिले के 360 राजस्व ग्राम में मनरेगा का पायलट प्रोजेक्ट को बैठक में पारित नहीं किया गया इसके अतिरिक्त बैठक से अनुपस्थित रहने पर जिला कृषि पदाधिकारी वैद्यनाथ यादव से स्पष्टीकरण पूछने तथा बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ उर्जा मंत्री को पत्र लिखने का निर्णय लिया गया। साथ हीं 2006 से अब तक 18 जिप बैठकों में से मात्र 8 बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा करने का प्रस्ताव पारित किया गया। कब्रिस्तान घेराबंदी करने का प्रस्ताव पारित किया गया। कब्रिस्तान घेराबंदी योजना की जांच के लिये पांच सदस्यीय जांच कमिटी बताई गई। बैठक में एनईसी निदेशक विजय कुमार, जिप उपाध्यक्ष शंभु प्र. साह, सांसद प्रतिनिधि संजय कुमार मिश्र, डीईओ दिलीप कुमार, डीएसई अहसन, डीडब्ल्यूओ सुनील कुमार मिश्र समेत सभी जिप सदस्य व अधिकारीगण मौजूद थे।

पतंजलि योग समिति का धरना कल


अररिया : स्विस बैंक में रखा देश का पैसा वापस लाने को ले योगगुरु स्वामी रामदेव जी महाराज के आह्वान पर आयोजित देश व्यापी कार्यक्रम के तहत आगामी तीस जनवरी को जिला मुख्यालय के चांदनी चौक पर 11 बजे दिन से धरना दिया जायेगा। यह जानकारी पतंजलि योग समिति के जिलाध्यक्ष प्रो. कमल नारायण यादव ने दी।
उन्होंने बताया कि पतंजलि योग समिति के साथ भारत स्वाभिमान न्यास भी इस कार्य में सहयोग कर रहा है। इसके तहत स्विस बैंकों में रखा भारत का 400 लाख करोड़ रुपया वापस लाने को ले हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है। प्रो. यादव ने बताया कि धरना के उपरांत जिला पदाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा जायेगा।

लतिका को श्रद्धांजलि देने शाहनवाज पहुंचे रेणुग्राम


रेणुग्राम(अररिया) : भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन अमर कथाशिल्पी फणीश्वरनाथ रेणु की दिवंगत पत्‍‌नी लतिका रेणु को श्रद्धांजलि देने गुरुवार की देर शाम सदलबल औराही हिंगना पहुंचे। उनके साथ कई विधायक व भाजपा नेता भी उपस्थित थे।
मौके पर श्री हुसैन ने लतिका रेणु के विधायक पुत्र पद्म पराग राय वेणु सहित अन्य परिजनों से हाल चाल पूछा व संवेदना व्यक्त की। उन्होंने रेणु जी की कालजयी कृति मैला आंचल के लेखन तथा प्रकाशन में लतिका के योगदान की सराहना की। शाहनवाज ने कहा कि लतिका जी की स्मृति को चिरस्थायी बनाये रखने के लिये वे हर संभव प्रयास करेंगे। वे रेणु जी की बड़ी पत्‍‌नी पद्मा रेणु से भी मिले तथा उनसे आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर फारबिसगंज के विधायक सह रेणु जी के पुत्र वेणु, रानीगंज के विधायक परमानंद ऋषिदेव, सिकटी विधायक आनंदी यादव, नरपतगंज विधायक देवयंती देवी, अररिया से भाजपा प्रत्याशी रहे नारायण झा, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह बबन, पीपी केएन विश्वास सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

एनएसएस के कार्यक्रम में झूमे दर्शक


अररिया : गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में अररिया महाविद्यालय परिसर में एनएसएस के सौजन्य से शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य डा. मुहम्मद कमाल द्वारा राष्ट्रीय ध्वजारोहण के उपरांत कालेज के छात्र छात्रा हाल में इकट्ठे हुए और फिर देशभक्ति आधारित व लोक गीतों का ऐसा खूबसूरत शमा बंधा कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गये।
इस कार्यक्रम में कालेज के कुल तीस छात्र छात्राओं ने हिस्सा लिया। उन्हें प्राचार्य द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
एनएसएस के प्रोग्राम आफिसर डा. अशोक पाठक के मुताबिक मालाश्री को प्रथम, फरहीन अंजुम को द्वितीय, संतोष कुमार को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, कलाकारों में शेखर, नगमा, अन्नु, लाल मोहन, सुनीता, सज्जन, श्यामदेव बकलेल आदि ने अपने गायन से खूब तालियां बटोरी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व प्राचार्य डा. बीएन शर्मा व विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व प्राचार्य मो. इरफान के अलावा कालेज के शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित थे।
स्वयंसेवक अमित, पप्पू, रौशन, विवेक कुमार, गोपाल कुमार, तारिक अनवर, सिंटू यादव ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सराहनीय योगदान किया।

एसडीओ की छापामारी से हड़कंप

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज नगर के विभिन्न स्थानों पर अनुमंडलाधिकारी के नेतृत्व में गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गयी तथा व्यवसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। छापेमारी के दौरान मार्केटिंग यार्ड स्थित कृष्णा ट्रेडर्स में एक्सपायरी तिथि वाली करीब आधा दर्जन सरसों तेल के टीन जांच के लिये जब्त किये गये। वहीं काली पूजा मेला में चल रहे बीडीओ हाल में अश्लील फिल्म दिखाये जाने के सूचना पर छापेमारी कर आवश्यक जांच पड़ताल की हालांकि यहां पर कोई आपत्ति जनक चीज नहीं मिल सका लेकिन बीडीओ हाल मालिक को चेतावनी दी गई। दूसरी ओर कुछ जनवितरण प्रणाली के दुकानों का भी निरीक्षण किया। इधर एसडीओ जीडी सिंह ने कहा कि खाद्यान्न की कालाबजारी, भंडारण नही हो इसके लिये तथा मेला में अवैध कार्यो पर रोक लगाने के उद्देश्य से छापामारी की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि मेले में होनेवाली गतिविधियों पर भी उनकी निगाहें है। इधर छापेमारी को लेकर कालाबाजारियों एवं भंडारण से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

संघर्ष समिति ने की माडल स्टेशन बनाने की मांग

अररिया : रेलवे संघर्ष समिति अररिया ने रेल मंत्री को एक मांग पत्र भेजकर कोर्ट स्टेशन पर आवश्यक सुविधाएं बहाल करने की मांग की है। समिति के अध्यक्ष एस. कादिर अहमद एवं सचिव मो. अशफाक आलम द्वारा भेजे गये मांग पत्र में कहा है कि अररिया कोर्ट रेलवे स्टेशन से पर्याप्त राजस्व की प्राप्ति के बाद भी यहां यात्रियों के लिये सुविधाओं का घोर अभाव है। उन्होंने कोर्ट स्टेशन को माडल स्टेशन बनाने की मांग करते हुये जोगबनी से पटना एक इंटरसिटी एक्सप्रेस एवं आम्रपाली ट्रेन को जोगबनी से खोलने की मांग की है। इनके मांगों में अररिया से गलगलिया तक प्रस्तावित रेल लाईन के निर्माण के लिये वजट स्वीकृत करने, पचास फीट का एक अतिरिक्त शेड का निर्माण इनक्वायरी सेंटर खोलने आदि शामिल है।

अभाविप के प्रदेश मंत्री के आगमन पर स्वागत

फारबिसगंज (अररिया) : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश मंत्री पद पर प्रवीण कुमार के निर्वाचित होने के पश्चात फारबिसगंज पहुंचने पर अभाविप के छात्रों व शहर के गणमान्य नागरिकों ने रेलवे स्टेशन पर पहुंच फूल मालाओं से लादकर उनका स्वागत किया। भारत माता की जय, वंदे मातरम के जयघोष के साथ उनके सम्मान में मोटर साइकिल जुलूस निकाला जो शहर के मुख्य मार्गो से गुजरता हुआ स्थानीय सार्वजनिक पुस्तकालय में पहुंचकर एक समारोह में तब्दील हो गया। इस मौके पर समारोह को सम्बोधित करते हुये परिषद के नव निर्वाचित प्रदेश मंत्री प्रवीण कुमार ने कहा कि छात्रों को राष्ट्रीय भावना से जोड़ने का परिषद को अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 के लिये गठित बिहार प्रदेश इकाई में अररिया जिला के 10 कार्यकर्ताओं को स्थान दिये जाने की जानकारी देते हुये कहा कि अररिया जिला प्रमुख के पद पर प्रो. एमपी सिंह, जिला संयोजक मनोरंजन मेहता, विभाग प्रमुख सुबोध मोहन ठाकुर को बनाया गया है। एसके झा, रवि शंकर यादव, प्रीतम गुप्ता, आशिषदेव राजा, कौशल कुमार, सत्यवान मालाकार, पवन पावक को प्रदेश कार्य समिति का सदस्य मनोनित किया गया है। इस अवसर पर परिषद राज प्रकाश चौधरी, अजय मंडल, राहिल खान, अभिषेक यादव, अरविंद राज, पिंटू यादव, अर्जुन राय, सतीश कुमार, संदीप कुमार, शैशव कुमार, दीनानाथ शमा, संजय जयसवाल, आशिष के अलावा भाजपा नगर अध्यक्ष रघुनंदन साह, जिला महामंत्री मो. मसीमुद्दीन, गोपाल सोनू, वार्ड पार्षद अरविंद यादव, मोती खान, धीरज पासवान, विहिप के मोहन दास, भाजपा के शंकर चौखानी, मुख्य पार्षद वीणा देवी, सुनील मिश्रा, प्रो. केएन झा, प्रो. अनिल सिंह, डा. अरविंद वर्मा ने श्री कुमार को फूलों की माला पहनाकर बधाई दी।

एनडीए की दूसरी पाली में व्यवस्थित होगी बिजली : शाहनवाज


भरगामा (अररिया) : बिहार में एनडीए की दूसरी पाली में बिजली की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जायेगा। आने वाले दिनों में निश्चय ही जगमग हो उठेगा बिहार। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने गुरुवार को भरगामा में कहीं।
उन्होंने केंद्र सरकार पर बिहार के प्रति उपेक्षापूर्ण रवैया रखने व विकास में बाधक होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि घोषणा के बाद भी केन्द्र सरकार द्वारा बाढ़ का पैसा नहीं दिया गया। सुखाड़ की राशि भी नहीं दी गई तथा बिहार को विशेष राज्य का दर्जा पुरजोर मांग के बाद भी नहीं दिया गया। भाजपा प्रवक्ता श्री हुसैन ने कहा कि एनडीए की सरकार में बिहार का विकास पटरी पर आ गया है और अब बारी संरचना को बेहतरीन बनाने के साथ-साथ बिजली की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने जिले को अपने गृहक्षेत्र से जोड़ने एवं प्रतिनिधित्व कर रहे उर्जा मंत्री विजेन्द्र यादव से क्षेत्र विशेष बिजली की व्यवस्था में परिवर्तन के दिशा में अपेक्षित सहयोग की अपील करने की बात कही। उन्होंने केन्द्र द्वारा संचालित राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना में व्यापक छेद होने की बात कहीं साथ ही योजना को पूरे तौर पर फ्लाप बताया। मौके पर भाजपा विधायक देवंती देवी, परमानंद ऋषिदेव, आनन्दी यादव, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर सिंह, पैक्स यूनियन के प्रखंड अध्यक्ष राजेश सिंह, मुखिया जय कृष्ण साह, जदयू प्र.अ. राजीव कुमार, बीस सूत्री प्रभारी सुधीर सिंह, प्रवक्ता चन्द्रानंद झा चाणक्य, युवा जदयू प्रअ रामदेव सिंह, भाजपा प्रअ अशोक सिंह, दीपक कुमार समेत बड़ी संख्या में एनडीए के स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद थे। भाजपा नेता श्री हुसैन भरगामा के भाजपा कार्यकर्ता महानंद यादव के घर भोजन पर आये हुये थे।

योग समिति का हस्ताक्षर अभियान शुरू

अररिया : समिति के द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन आगामी 30 जनवरी को महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर जिला पदाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को भेजा जायेगा। यह जानकारी समिति के जिला अध्यक्ष कमल नारायण यादव ने दी।

स्टार्च फैक्ट्री में ग्रामीणों ने मचाया उत्पात


फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड कार्यालय के समीप बियाडा की जमीन पर निर्माणाधीन स्टार्च फैक्ट्री परिसर में आसपास के ग्रामीणों ने शुक्रवार को जमकर उत्पात मचाया। उन लोगों ने कंपनी के कार्यरत कर्मचारियों के साथ मारपीट की तथा तोड़ फोड़ भी की। घटना में छ: कर्मचारियों को चोट लगी है। बाद में सूचना पर पहुंची फारबिसगंज थाना की पुलिस ने स्थिति को संभाला और ग्रामीणों को समझा-बुझा कर शांत किया। ओरो सुंदरम इंटरनेशनल प्रालि द्वारा फारबिसगंज में करीब एक अरब रुपये के निवेश से ग्लूकोज बनाने वाली फैक्ट्री स्थापित की जा रही है जो कि बिहार में स्टार्च की पहली फैक्ट्री है। भजनपुर गांव के प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का कहना है कि बियाडा की जमीन के बीच से गुजरने वाली सड़क ग्रामीणों के आने-जाने का रास्ता है जिसे कंपनी द्वारा बंद करने का प्रयास किया जा रहा है। उधर कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि बियाडा के द्वारा सड़क उन्हें लीज के साथ दी गयी है। फैक्ट्री परिसर में गुरुवार की रात तथा इससे तीन दिन पूर्व रात को कुछ लोग यहां पहुंचकर काम रोकने के लिये कर्मचारियों को गाली-गलौज तथा धमकिया दी थी। करीब एक माह पूर्व भी 3-4 अज्ञात अपराधियों ने रात को धमकी देते हुये काम बंद करने को कहा था।
इधर शुक्रवार को हुई घटना के बाद यहां कार्यरत पुणे से आये इंजीनियरों ने वापस लौटने की चेतावनी दे दी है। कंपनी प्रबंधनव ग्रामीणों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।

Thursday, January 27, 2011

जिले के सबसे बड़े घोटाले में शुमार है डेहटी पैक्स


अररिया : जिले के सबसे बड़े घोटाले में शुमार हो चुका डेहटी पैक्स घोटाले के मुख्य आरोपी पैक्स प्रबंधक रूद्रानंद झा की गिरफ्तारी के बाद पूरे जिले में खलबली मच गयी है तथा माफियाओं के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पैक्स की राशि पचाने वाले सफेदपोशों के घर में देर रात तक बैठकों का दौर जारी है।
सहरसा से गिरफ्तार होने वाले पैक्स प्रबंधक के बयान पर कई दिग्गजों का भविष्य टिका हुआ है। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रबंधक पर तकरीबन 20 मुकदमों के आरोप सत्य पाये गये हैं। अगर वे सरकारी गवाह बन कर जांच में सहयोग करें तो घोटाले के चीफ सरगना तक पुलिस के हाथ पहुंच सकते हैं। दरअसल डेहटी पैक्स में राशि जमा करने का सिलसिला 2004 से ही शुरू हुआ था। डेहटी पैक्स घोटाला उजागर होने के बाद राज्य सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के उप सचिव रामबाबू सिंह के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच दल अररिया भेजा। जांच दल ने पूरे मामले की जांच करने के उपरांत 31 मार्च 2008 को तकरीबन 26 करोड़ से ज्यादा की राशि डेहटी पैक्स में जमा होने का उल्लेख अपने रिपोर्ट में किया था। जांच प्रतिवेदन में उन्होंने राशि पैक्स में जमा करवाने के लिए कुछ जिला स्तरीय व जिला परिषद के नेताओं के दबाव की आशंका जतायी थी। इस घोटाले में सरकार ने अब तक छह बीडीओ, पूर्व के डीडीसी, दर्जन भर सहायक व नाजिर पर कार्रवाई की है।
सूत्रों के अनुसार सरकारी राशि के एक लाख का चेक के तौर पर 10 हजार नगद दिया जाता था। इस मामले के आरोपी सिर्फ जिले में नहीं बल्कि अन्य जिले सुपौल में भी कार्यरत हैं। हालांकि सुपौल में कार्यरत सहायक पर कार्रवाई के लिए डीएम ने सुपौल डीएम को पत्र लिखा है। इस पूरे घोटाले में सिर्फ 10 हजार गरीबों के आशियाने बनाने के सपने चूर हो गये। सिर्फ पलासी व सिकटी के आठ हजार से अधिक लोगों के इंदिरा आवास की राशि पैक्स में जमा करायी गयी थी।

हत्या की आशंका, पुलिस थी चौकस

अररिया, : डेहटी पैक्स घोटाला के मुख्य आरोपी प्रबंधक रूद्रानंद झा को न्यायालय में पेशी से पूर्व उनकी हत्या की आशंका थी। हत्या की आशंका को लेकर हीं दो दिनों से अररिया में पुलिस चौकसी बढ़ गयी थी। यहां तक की आरोपी के न्यायालय पहुंचने के एक घंटा पूर्व से ही पुलिस ने जगह-जगह मोटर सायकिल चेकिंग अभियान चला रखी थी। हालांकि इस आशंका को पुलिस सिरे से खारिज कर रही है। लेकिन सूत्रों की मानें तो गिरफ्तारी के बाद हीं पुलिस को इस बात की भनक लग गयी थी कि न्यायालय में पेशी के दौरान किसी दबंग के इशारे पर आरोपी की हत्या करायी जा सकती है। ताकि डेहटी पैक्स घोटाले का राज कभी भी नहीं खुल पाये। लेकिन पुलिस की कड़ी सतर्कता व्यवस्था के आगे कोई भी अप्रिय घटना नहीं घट सकी। बताया यह भी जा रहा है कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी झा को रखने का ठिकाना पुलिस लगातार इसी आशंका को देखते हुए बदलती हरी और इसकी भनक किसी अन्य को नहीं लगी। पूर्णिया प्रक्षेत्र के डीआईजी अमित कुमार भी आरोपी से पूछताछ अररिया जिला मुख्यालय में नहीं वरण रानीगंज थाना में की। रानीगंज थाना में पूछताछ के बाद फिर उन्हें अन्यत्र रखा जा रहा था।

डेहटी पैक्स घोटाले का मुख्य आरोपी भेजा गया जेल


अररिया : बहुचर्चित डेहटी पैक्स घोटाले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी पैक्स प्रबंधक रूद्रानंद झा को अररिया के सीजेएम कोर्ट में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गुरूवार को पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। अदालत में उन्होंने दंप्रस की धारा 164 के तहत प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी देवेश कुमार के के समक्ष बयान दर्ज कराया है। मुख्य आरोपी श्री झा ने अदालत में अपना बयान दर्ज कराते हुए कहा कि डेहटी पैक्स में सितंबर 1995 को पैक्स अध्यक्ष शिवानंद यादव के वक्त उन्होंने प्रबंधक पद पर पदभार ग्रहण किया था। वर्ष 2000 में अध्यक्ष शिवानंद यादव व सहयोगी राम पुकार चौधरी ने जिला मुख्यालय स्थित डीडीसी तलहा साजिद से प्रखंड स्तरीय खाता पैक्स में खुलवाने एवं संचालन के लिए स्वीकृति ली।
इस एवज में प्रखंड विकास पदाधिकारी को बतौर कमीशन चार से पांच प्रतिशत दिया जाता था।
उन्होंने अपने बयान में पलासी के कई तत्कालीन बीडीओ के नाम लियेहैं। इनमें मो.शमीम,अशोक कुमार तिवारी, सुरेन्द्र राय, गयानंद यादव, रमेश झा आदि शामिल हैं। श्री झा ने कहा है कि वे प्रबंधक थे इसलिए अध्यक्ष के आज्ञा का पालन करना पड़ता था।
श्री झा ने पैक्स में कुल जमा राशि का 30 से 40 प्रतिशत ऋण वितरण किये जाने की बात भी कही है।
अभियुक्त रूद्रानंद झा ने अपने बयान में यह भी कहा है कि अध्यक्ष श्री यादव की मृत्यु के बाद वर्ष 2005 में पंचानंद विश्वास अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। जो अभी उक्त पद पर हैं। परंतु उनके प्रभावशाली नहीं होने के कारण बाहुबलियों के दबाव में डेहटी पैक्स आ गया। उसके बाद बाहुबलियों के दवाब के कारण ऋण स्वीकृत होने लगे। उन्होंने छोटे-बड़े 72 ऋण धारकों की सूची अदालत में प्रस्तुत की।

एसजीएसवाई: दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न


जोगबनी(अररिया), : स्वर्ण जयंती ग्रामीण स्वरोजगार योजना के तहत नरपतगंज के विभिन्न पंचायतों में स्वयं सहायता समूह के महिलाओं का दो दिवसीय प्रशिक्षण स्नेह वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में 21 जनवरी से जारी है। प्रशिक्षण का उद्घाटन स्नेह वेलफेयर सोसायटी के सचिव अनवर राज ने किया। इस मौके पर प्रशिक्षक के रूप में कमर आलम, फारूक खान एवं चंचल कुमारी मौजूद थे।
प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए श्री राज ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में स्वयं सहायता समूह मील का पत्थर साबित होंगे। महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वाबलंबी बनाने की दिशा में सरकार का यह प्रयास काफी सराहनीय है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में वंचित महिलाओं को इस योजना के माध्यम से सरकार द्वारा चलाये जा रहे योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा। फारूक खान ने पंजी संधारण और बैकिंग की जानकारी एवं प्रशिक्षिका चंचल कुमारी ने सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाये जा रहे कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर राजीव सिंह, धीरज कुमार, मिथुन कुमार एवं परवेज आलम ने सराहनीय भूमिका निभाई।

दस लोगों के विरूद्ध जारी हो चुका है गिरफ्तारी वारंट

अररिया : इंदिरा आवास, जवाहर रोजगार योजना तथा सुनिश्चित रोजगार योजना समेत कई योजनाओं में करोड़ों रूपये के डेहटी पैक्स घोटाले में निगरानी की विशेष अदालत ने तत्कालीन डीडीसी समेत दस के विरूद्ध गैर जमानतीय वारंट जारी कर रखा है। 13 दिसंबर को जारी किये गये वारंट में निगरानी के विशेष न्यायाधीश रवीन्द्रनाथ सिंह द्वारा घोटाले के इस मामले में अभियुक्त तत्कालीन डीडीसी एसएम तलहा साजिद, सिकटी के तत्कालीन बीडीओ अनिल कुमार, जोकीहाट के तत्कालीन बीडीओ रमेश झा, अररिया के तत्कालीन बीडीओ परवेजउल्लाह के अलावा सोएब आलम, एहसान रसूल, इमरान अजीम, अफसर आलम, सदानंद यादव व रंजीत यादव के नाम शामिल हैं।

प्रभात फेरी में सीसीए व झांकी में एसएसए-एमपीएस अव्वल

अररिया : गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रात: काल विभिन्न शिक्षण संस्थानों द्वारा निकाली गयी प्रभात फेरी में चिल्ड्रन च्वाइस एकेडमी व झांकी प्रस्तुतीकरण में संयुक्त रूप से सर्व शिक्षा अभियान व मिथिला पब्लिक स्कूल ने अव्वल स्थान प्राप्त किया। प्रभात फेरी में द्वितीय स्थान शिशु सदन, तृतीय मिडलैंड स्कूल तथा सांत्वना पुरस्कार आदर्श मध्य विद्यालय बाजार व आदर्श मध्य विद्यालय ककुड़वा को दिया गया। वहीं स्टेडियम में प्रस्तुत किये गये झांकी में द्वितीय स्थान का पुरस्कार संयुक्त रूप से महिला कालेज अररिया व राजकीयकृत बालिका उवि को तथा तृतीय पुरस्कार ठाकुरबाड़ी गुरूकुल व उमवि रामपुर कोदरकट्टी को दिया गया। इस श्रेणी में सांत्वना पुरस्कार उमवि बेला बसमतिया तथा पीएलए पब्लिक स्कूल को मिला। सभी को प्रभारी मंत्री के हाथों पुरस्कार दिया गया। इसके अतिरिक्त जामिया आमना एकेडमी, आक्सफोर्ड एकेडमी, कैरियर एकेडमी, अस्सबील एकेडमी, प्रावि आजादनगर, ग‌र्ल्स आईडियल एकेडमी, मॉडल पब्लिक स्कूल, प्रावि खरैय्या बस्ती, किड्स केयर, एबीएम स्कूल, सन शाईन बोडिंग, कन्या प्रावि काली बाजार के छात्रों ने प्रभात फेरी निकाली। जबकि झांकी में कृषि विभाग, जन शिक्षा, विजन पब्लिक स्कूल, एनवाईके, सोशल वेलफेयर सोसायटी, डीएचएस सहित कई संस्थानों ने प्रदर्शन किया।

डेहटी पैक्स घोटाले से जुड़े हैं कई सफेदपोश: एसपी

अररिया : डेहटी पैक्स घोटाले में कई सफेदपोशों के नाम उजागर हुए हैं। यह जानकारी अररिया के पुलिस कप्तान विनोद कुमार ने पैक्स प्रबंधक रूद्रानंद झा से दो दिनों तक गहन पूछताछ के बाद कही है। पुलिस कप्तान ने बताया कि श्री कुमार कि घोटाले के मुख्य अभियुक्त ने स्वीकार किया है कि उनके पैक्स में तीस करोड़ की राशि विभिन्न योजनाओं के मद से जमा करायी गयी थी। जो कई सफेदपोशों एवं आपराधिक प्रवृति के लोगों ने उनसे डरा धमका कर या ऋण के रूप में ले ली। हालांकि एसपी श्री कुमार ने फिलहाल किसी भी व्यक्ति का नाम उजागर नहीं किया है। लेकिन बताया जा रहा है कि इस मामले में राजनीति से जुड़े कई चर्चित हस्तियों ने पैक्स प्रबंधक को अपने कब्जे में में लेकर योजनाओं की राशि बंदरबांट कर ली। वहीं पुलिस कप्तान ने बताया कि पैक्स प्रबंधक ने अररिया में एक मकान एवं पलासी में सात बीघा जमीन अपने नाम खरीदी है। शेष राशि माफियाओं के हत्थे चढ़ गयी। जिसमें कई सफेदपोश ऋण के रूप में उनसे हथिया ली। उन्होंने बताया कि आरोपी श्री झा द्वारा जितने भी व्यक्तियों के नाम बताये गये हैं जांच के बाद सभी के विरूद्ध जल्द ही वहां कार्रवाई की जायेगी।

मनरेगा: डीएम ने की ग्रामीणों के साथ बैठक

अररिया : गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रखंड अंतर्गत पंचायत कुसियारगांव स्थित मुसहरी टोला प्राथमिक विद्यालय में जिला पदाधिकारी एम. सरवणन ने मनरेगा कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों के साथ एक बैठक की। नेहरू युवा केन्द्र अररिया के राष्ट्रीय युवा कोर के सदस्यों द्वारा ग्रामीण स्तर पर मनरेगा को लेकर सर्वेक्षण, जॉब कार्ड एवं जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। जिले के सभी प्रखंडों के 40-40 गांव में यह कार्य शुरू की जा रही है। इस मौके पर डीएम ने कहा कि योजनाओं का सफल क्रियान्वयन के लिए लोगों को साक्षर होना जरूरी है। अन्यथा लोगों को योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पाएगा। उन्होंने जागरूक बनने व अपने आचरण में सुधार लाने की बातें कही। कार्यक्रम में नेयुके के जिला समन्वयक शिवजी पांडे, जिला शिक्षा अधीक्षक अहसन, मुख्यालय पीओ स्वतंत्र कुमार, पीओ दिलीप कुमार व अन्य मौजूद थे।

महंगाई व भ्रष्टाचार के विरोध में युवा जदयू का धरना


अररिया : बढ़ती महंगाई व भ्रष्टाचार समेत अन्य मुद्दों को ले पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिला युवा जदयू के तत्वावधान में गुरूवार को समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा राज्यपाल के नाम संबोधित विभिन्न 6 सूत्री मांगों का एक ज्ञापन जिला पदाधिकारी को सौंपा।
धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि केन्द्र में कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में चल रही यूपीए सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में महंगाई शीर्ष पर पहुंच गया है। आम लोगों को रोटी, कपड़ा और मकान जैसी जरूरत की चीजों को पूरा करना कठिन हो गया है।
इन वक्ताओं ने प्याज, लहसुन सहित अन्य खाद्य पदार्थो की बढ़ रही कीमतों पर रोक लगाने व पेट्रोलियम पदार्थो के मूल्य में कमी लाने की मांग उठायी। उन्होंने बीपीएल परिवारों को खाद्यान्न व किरासन तेल की मात्रा बढ़ाने, बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने, 2 जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच जेपीसी से करवाने तथा कॉमनवेल्थ गेम में हुए घोटाले की जांच कर दोषियों को दंडित किये जाने की मांग की। धरना की अध्यक्षता युवा जदयू के जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ने की। धरने में जिलाध्यक्ष नौशाद आलम, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सबिता सिंह, अविनाश सिंह, नसीम अहमद गाजी, उमेश चंद्र राय, रेशम लाल पासवान, रीता देवी, वकील सिंह यादव, खुशी लाल साह, जियाउल्लाह, नवीन कुमार श्रीवास्तव, शैलेश सुमन, किशोर राय, प्रभात रंजन आदि शामिल थे।

पिटाई से आक्रोशित छात्रों ने किया सड़क जाम


जोकीहाट(अररिया) : जोकीहाट थाना क्षेत्र के तारण पंचायत अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय मझुवा के छात्र-छात्राओं ने प्रधानाध्यापक मो. अनवारूल हक द्वारा की गयी पिटाई से आक्रोशित होकर बुधवार को तारण चौक पर अररिया बहादुरगंज मुख्य सड़क को घंटों जाम रखा। छात्र प्रधानाध्यापक के विरोध में नारे लगा रहे थे। इस बीच दर्जनों वाहन एवं यात्री सड़क जाम के कारण फंसे रहे। सूचना मिलते ही जोकीहाट थानाध्यक्ष मो. जुल्फिकार, सअनि नुरूल होदा एवं सैप जवानों नेजाम स्थल पर पहुंचकर आक्रोशित छात्रों को प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम हटाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गणतंत्र दिवस के मौके पर विद्यालय पहुंचे कुछ छात्र-छात्रों को प्रधानाध्यापक श्री हक ने झंडा वितरण किया। शेष बचे छात्रों ने भी झंडे की मांग की। झंडे की मांग पर प्रधानाध्यापक ने कई छात्र-छात्राओं को बुरी तरह पीटा। पिटाई से आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतर आये। इस संबंध में पूछने पर डीएसई अहसन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी होंगे उनके विरूद्ध कार्रवाई की जायेगीI

बेलगाम बोलेरो ने बच्चे को कुचला

भरगामा(अररिया) : अनियंत्रित बोलेरो ने भटगामा चौक के समीप बौआ कुमार नामक एक छह वर्षीय बच्चे को गुरूवार को रौंद डाला। जिससे बालक की मौत तत्काल ही हो गयी। मामले की सूचना पाते ही भरगामा थाना पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में ले लिया तथा अन्त्यपरीक्षण हेतु अररिया भेज दिया है। उक्त गाड़ी संख्या डब्लूबी 60बी- 7550 घटना स्थल से महज एक हजार गज दूरी आगे जाने पर पलट गयी।

मुखिया संघ के सचिव को धमकी


जोकीहाट(अररिया) : प्रखंड मुखिया संघ के सचिव सह गैरकी मसुरिया के मुखिया इमरान साबिर को उनके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने जान मारने की धमकी दी है।
बुधवार को मोबाइल नंबर 919996339089 से उनके मोबाइल पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने गाली-गलौज करते हुए घर घुसकर गोली मार देने की धमकी दी।
इस सिलसिले में मुखिया साबिर ने जोकीहाट थाना में लिखित आवेदन देकर जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगायी है। मामले की पुष्टि जोकीहाट थानाध्यक्ष जुल्फिकार ने की है। उन्होंने बताया कि जल्द ही मोबाइल धारक के नंबर का प्रिंट आउट निकाल कर शिनाख्त कर ली जायेगी।

मुखिया ने चलायी गोली, रिवाल्वर जब्त


अररिया : मदनपुर ओपी क्षेत्र के ब्राह्माण बस्ती में झंडोत्तोलन के बाद बुधवार को आपसी विवाद में मुखिया उद्यानंद झा ने गांव के ही साहेब लाल झा पर गोली चला दी। लेकिन वे बाल-बाल बच गये। घटना की खबर सुनते ही मदनपुर ओपी की पुलिस ने स्थल पर पहुंचकर मुखिया का रिवाल्वर जब्त कर लिया। जब्ती के बाद दोनों हीं पक्षों की ओर से लिखित आवेदन पुलिस को दिया गया है। लेकिन गुरूवार की संध्या तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पायी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस्ती स्थित कृष्ण मंदिर के निकट झंडोत्तोलन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद अमित कुमार ततमा नामक युवक से प्रसाद वितरण कराया जा रहा था, जिसका विरोध साहेब लाल झा व उनके भाई
ने किया तो मुखिया उन दोनों को पिटने लगा। मुखिया द्वारा गी गयी पिटाई के विरोध में कई ग्रामीण वहां आ पहुंचे और हो-हंगामा तेज हो गया। इसी दौरान मुखिया ने कथित रूप से साहेब लाल झा पर अपने रिवाल्वर से दो गोलियां चला दी। गोली साहेब लाल के बगल से गुजर गयी। इधर, मुखिया श्री झा ने बताया कि उन्होंने आत्मरक्षार्थ गोलियां चलायी। क्योंकि साहेब लाल झा एवं उसका भाई बेवजह हंगामा खड़ा कर मारपीट पर आमादा हो गये थे।

नप ने बांटी कम्बल व मिठाई

अररिया : गणतंत्र दिवस के अवसर पर नगर परिषद के सौजन्य से शहर के नब्बे सफाई कर्मियों के बीच कम्बल एवं मिठाई का वितरण किया गया। कम्बल वितरण नप अध्यक्ष अफसाना प्रवीण व मधु देवी के हाथों संपन्न हुआ। इस अवसर पर नप कार्यपालक पदाधिकारी अनिल कुमार, वार्ड पार्षद पारस भगत, संजय अकेला, रेशम लाल पासवान, सुकदेव ठाकुर, उमेश राय, तेतर पासवान, महताब आलम, रेखा देवी बसीर, शंकर यादव, सुदामा देवी, आदि मौजुद थे।

महानंदा पर बनेगा बैराज: ऊर्जा मंत्री


अररिया : महानंदा नदी पर बैराज बना कर विद्युत उत्पादन व बाढ़ नियंत्रण की महत्वाकांक्षी योजना को अंजाम दिया जायेगा। वहीं, अररिया जिले के बथनाहा सहित प्रदेश के चार पनबिजली उत्पादन केंद्रों का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ हो जायेगा। यह जानकारी प्रदेश के ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने यहां सोमवार को दी।
श्री यादव ने बताया कि परमान महानंदा बेसिन में बाढ़ नियंत्रण व जल प्रबंधन के लिये किशनगंज जिले से बहने वाली महानंदा नदी पर बैराज बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि अररिया जिले से बहने वाली परमान नदी भी महानंदा नदी सिस्टम का ही एक हिस्सा है। लिहाजा महानंदा बैराज का लाभ अररिया को भी मिलेगा।
उन्होंने बताया कि राज्य की पूर्ववर्ती सरकारों ने नदी व पानी से जुड़ी बातों के बारे में कोई सर्वे ही नहीं करवाया। इतना ही नहीं बाढ़ व पानी प्रबंधन संबंधी डाटा बेस भी विकसित नहीं किये गये। ऊर्जा मंत्री श्री यादव ने कहा कि हाइड्रोलाजी सर्वे करवाना केंद्र सरकार का दायित्व होता है, लेकिन केंद्र बिहार में यह सर्वे नहीं करवा रही है।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि एनडीए की सरकार ने अपने पहले कार्यकाल में कोसी इलाके में लगभग डेढ़ दर्जन स्थानों को चिंहित किया था। इनमें से अररिया जिले के बथनाहा में 8 मेगावाट, निर्मली में सात मेगावाट व अरारघाट में 12 मेगावाट के तीन मध्यम व डगमारा में एक बड़े प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया गया। चुनाव आचार संहिता के कारण इन परियोजना पर काम आगे नहीं बढ़ पाया। अब इन पर तेजी के साथ अमल करवाया जा रहा है। सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली गयी हैं, जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई की जा रही है। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि चीन के ह्वांगहो नदी पर रिसर्च के लिये एक दर्जन इंस्टीच्यूट हैं, लेकिन उससे कठिन मानी जाने वाली कोसी के बारे में आज तक कोई रिसर्च संस्थान नहीं स्थापित किया गया। सूबे में अभी भी चालीस पचास के दशक की जानकारियों के आधार पर काम किया जा रहा है। बगैर टेक्नीकल इनपुट के कोई कैसे काम कर सकता है।

बिहार में विकास पटरी पर अब तेज दौड़ेगी गाड़ी: शाहनवाज


अररिया : बिहार में विकास पूरी तरह पटरी पर आ गया है। एनडीए के दूसरे कार्यकाल में अब इसकी रफ्तार और तेज होगी। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने बुधवार को अररिया में कही। उन्होंने कहा कि बिहार में विकास की गति को अवरुद्ध करने के लिये केंद्र जानबूझ कर भेदभाव कर रहा है। पीएमजीएसवाई का पैसा रोका जाना इसका स्पष्ट प्रमाण है।
पत्रकारों से बात करते हुए शाहनवाज ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के राज में कोसी इलाके में विकास का जो बीजारोपण किया गया था, उसका प्रतिफल आज नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि फोरलेन सड़क वाजपेयी जी की ही देन है।
सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि नीतीश व मोदी के सक्षम नेतृत्व में बिहार हर मोर्चे पर तरक्की कर रहा है। मजदूरों का पलायन रुका है, इस कारण दिल्ली पंजाब में मजदूरों की घोर किल्लत होने लगी है।
श्री हुसैन के मुताबिक केंद्र बिहार के साथ भेदभाव कर रहा है। पहले बाढ़ का पैसा नहीं दिया, फिर सुखाड़ की सहायता पर रोक लगा दी, अब प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का पैसा रोक दिया। भाजपा-जदयु इस पर चुप नहीं बैठेगी। संसद के आगामी सत्र में बिहार के साथ केंद्र की नाइंसाफी के मुद्दे को जोरशोर से उठाया जायेगा।
इस अवसर पर विधायक आनंदी प्रसाद यादव, परमानंद ऋषिदेव व देवयंती यादव, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नारायण झा, फारबिसगंज नप की अध्यक्ष वीणा देवी, चंद्र शेखर सिंह बबन, राम कुमार मुन्ना आदि भी उपस्थित थे।

जेई के विरूद्ध 5.8 लाख रूपये गबन का मामला दर्ज


कुर्साकांटा(अररिया) : स्वर्ण जयंती ग्रामी स्वरोजगार योजना अंतर्गत प्रखंड मुख्यालय स्थित परिसर में बेसिक ओरियेन्टल केन्द्र भवन निर्माण हेतु तत्कालीन कनीय अभियंता विनोद कुमार पासवान द्वारा राशि उठाव कर कार्य अधूरा रहने एवं भवन ध्वस्त होने पर उक्त जेई के विरूद्ध कुर्साकांटा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। यह प्राथमिकी जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी जफर रकीब के द्वारा दर्ज करायी गयी है। जेई विनोद कुमार पासवान के विरूद्ध 5 लाख 86 हजार की राशि निकासी कर भवन निर्माण अधूरा रहने एवं ध्वस्त होने को लेकर उक्त जेई के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार मार्च 02 में इस भवन निर्माण हेतु 3.8 लाख, 17 अप्रैल 02 को 96 हजार एवं 7 अगस्त को 1.1 लाख रूपये अग्रिम राशि के रूप में भुगतान किया गया था। जेई श्री पासवान के विरूद्ध राशि का उठाव कर कार्य को अधूरा रखने व अन्य आरोप लगाये गये हैं। ज्ञात हो कि श्री पासवान का स्थानांतरण कहीं अन्यत्र हो चुका है। उक्त जेई विनोद कुमार पासवान के विरूद्ध राशि का गबन करने को लेकर कांड संख्या 05/11 दर्ज किया गया है। इसी प्रकार सिकटी थाना में भी उक्त जेई के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

सड़क दुर्घटना में एक की मौत

फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज-नरपतगंज मार्ग पर सड़क दुर्घटना में बुधवार को व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल व्यक्ति नरपतगंज प्रखंड के ख्वाबदह कन्हैली गांव निवासी अशर्फी पासवान (45) को कुछ लोगों द्वारा फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दुर्घटना कैसे हुई इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। हालांकि विलंब से अस्पताल पहुंचे मृतक परिजन कृत्यानंद पासवान ने ट्रैक्टर से ठोकर लगने की संभावना जताई। फारबिसगंज तथा नरपतगंज थाना की पुलिस अस्पताल पहुंचकर मामले की छानवीन शुरू की। मृतक के शरीर के कई हिस्सों में जख्म थे।

Wednesday, January 26, 2011

लोकतंत्र की परंपरा को बनाये रखें युवा मतदाता: डीएम


अररिया : भारत निर्वाचन आयोग के स्थापना का हीरक जयंती समारोह मंगलवार को पूरे देश में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया गया। जिला मुख्यालय में समाहरणालय स्थित आत्मन कक्ष में निर्वाचन विभाग द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर नये वोटरों को पहचान पत्र दिया गया तथा शपथ भी दिलायी गयी। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी एम सरवणन ने सर्वप्रथम युवा वोटरों को भारतीय लोकतंत्र के प्रति अपनी पूर्ण आस्था बनाये रखने की शपथ दिलायी। इसके बाद जिलाधिकारी ने तमाम युवा वोटरों को पहचान पत्र देकर उनसे परिचय प्राप्त किया। इस मौके पर डीएम ने कहा कि तमाम मतदाता खासकर युवा वर्ग के वोटर लोकतंत्र की परंपरा को बनाये रखे। उन्होंने कहा चुनाव के मौके पर आप तमाम मतदाता समुदाय, जाति, धर्म, भाषा व अन्य प्रलोभनों से प्रभावित हुए बिना मतदान करें। श्री सरवणन ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र दुनिया में सबसे अच्छा माना जाता है। इसमें कुछ त्रुटियों को दरकिनार करते हुए इसे और मजबूत बनाने की अपील की। डीएम ने आगामी पंचायत चुनाव अच्छे आचरण वाले उम्मीदवार को वोट देने की अपील की।
इस मौके पर एसडीओ डा. विनोद कुमार, जदयु जिलाध्यक्ष नौशाद आलम, एनसीपी जिलाध्यक्ष कन्हैया कु. दास, कांग्रेस प्रवक्ता आबिद हुसैन अंसारी, राजद नगर अध्यक्ष राजू यादव, परवेज आलम, युवा वोटर रश्मि रंजन, रोहित कुमार, रिकी विश्वास, मालाश्री आदि ने भी विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन उप जिला निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर अररिया जीपीएस अनिल कुमार, एनवाईके के जिला युवा समन्वयक शिवजी पांडे, रविशंकर आदि उपस्थित थे।

नाबालिग ने लगाया यौन शोषण का आरोप लगाया


फारबिसगंज(अररिया) :प्रखंड अंतर्गत टेढ़ी मुसहरी ग्राम निवासी कक्षा आठ की छात्रा रूबी कुमारी (काल्पनिक नाम) ने गांव के ही एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए फारबिसगंज थाना पुलिस में एक मुकदमा दर्ज किया है।
थाने में दर्ज अपने बयान में पीडि़ता ने बताया है कि विगत 13 तारीख को प्रात: काल जब वह शौच के लिए बाहर गयी तो पहले से मोटर साइकिल से घात लगाये तीन युवक जबरन उसे उठाकर नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत गढ़गामा के किशोरी यादव के घर ले गये। जहां उसे दो दिन और एक रात बंद रखा गया। इस दौरान टेढ़ी मुसहरी ग्राम के ही कन्हैया पासवान पिता स्व. नंद लाल पासवान ने जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया और बाद में बेहोशी के हालत में उसके घर के समीप छोड़ दिया। पुलिस द्वारा पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले का अनुसंधान कर रही हैI

लतिका रेणु: श्रद्धांजलि सभा व शांति भोज का आयोजन

रेणुग्राम (अररिया) : प्रसिद्ध कथा शिल्पी फणीश्वर नाथ रेणु की धर्मपत्‍‌नी लतिका रेणु के श्रा‌र्द्धकर्म के अवसर पर सोमवार को औराही हिंगना में सामुहिक श्रद्धांजलि सभा एवं शांति भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में लोगों ने स्व. लतिका रेणु के तैल चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किये। वहीं इस अवसर पर औराही हिंगना में राजनीतिज्ञां से लेकर साहित्यकारों का जमावड़ा लगा रहा। जिसमें भाजपा विधायक परमानन्द ऋषिदेव, जदयू विधायक पन्नालाल पटेल, विधान पार्षद डा.राजेन्द्र गुप्ता, पूर्व विधायक प्रदीप दास, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नारायण झा, रेणुजी के निकटतम रहे पटना से आये जुगनू शारदेय, साहित्यकार, राज राघव, भोला पंडित, हरिकिशोर चतुर्वेदी, कुलानंद अकेला, स्वतंत्रता सेनानी रामानन्द सिंह आदि शामिल थे।

नहीं बख्शे जायेंगे चौकता घोटाले के दोषी : विजेन्द्र


अररिया : जिले के जोकीहाट प्रखंड अंतर्गत चौकता पंचायत में मनरेगा योजनाओं में घोटाले के दोषी कतई बख्शे नहीं जायेंगे। मामले की जांच में जो भी व्यक्ति या अधिकारी दोषी पाये जायेंगे उनके विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी। यह बात सोमवार को प्रदेश के ऊर्जा मंत्री सह अररिया जिले के प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने बतायी।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि कार्रवाई के पहले चरण में उपविकास आयुक्त का निलंबन हुआ है। मामले की जांच हो रही है। इस जांच में सब कुछ सामने आ जायेगा। इसके बाद कानून सम्मत एक्शन लिया जायेगा।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने गड़बड़ी के आरोप में डीडीसी का निलंबन किया है। क्योंकि मामले की जिम्मेवारी उन पर आती थी, लेकिन वैसे अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी जो इसकी जांच व मानीटरिंग के लिये लगाये गये थे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के पूरी तरह खिलाफ है और इसके खात्मे के लिए हर संभव उपाय किये जा रहे हैं।