Wednesday, June 6, 2012

एक दर्जन गांव में खूनी संघर्ष की स्थिति


भरगामा (अररिया) : भरगामा प्रखंड क्षेत्र में भू-विवाद एक जटिल समस्या बन गई है। खुद प्रशासन का मानना है कि अगर समय रहते ऐसे मामलों को सुलझाया नहीं गया तो विवाद की आग में पूरा इलाका झुलस सकता है।
भरगामा थाना पुलिस ने भू-विवाद के गंभीर समस्या से जिला प्रशासन समेत बिहार सरकार को भी पत्र प्रेषित कर स्थिति से अवगत करवाने की बात कही है। इस पत्र में विवाद के निकट भविष्य में उग्र रूप लेने की आशंका भी जाहिर की गयी है। थाना पुलिस द्वारा समर्पित रिपोर्ट के मुताबिक सिरसिया कला पंचायत के गम्हरिया गांव में यादव, उरांव व भगत समुदाय के बीच भू-विवाद को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है। रघुनाथपुर दक्षिण पं. में अत्यंत पिछड़ा वर्ग व अनुसूचित जनजाति के बीच जबरदस्त विवाद है। इसी विवाद में वर्ष 2000 में एक हत्या भी हो चुकी है। इसी पंचायत में 07 एकड़ जमीन को लेकर यादव व महादलित समुदाय के बीच खूनी संघर्ष की स्थिति बनी हुई है। इसी तरह मानुलह पट्टी पंचायत में यादव एवं महादलित के बीच तथा एक अन्य मामले में अत्यंत पिछड़ा वर्ग व महादलित के बीच पैकपार पंचायत में महादलित व राजपूत समुदाय के बीच, गजबी गांव में यादव समुदाय व मुस्लिम तथा एक अन्य मामले में मुस्लिम व मुस्लिम के बीच कम से कम 13 एकड़ जमीन को लेकर खूनी संर्घष की स्थिति है। इसी तरह बैजू पट्टी गांव में महादलित व मुस्लिम के बीच, नया भरगामा पंचायत में कुम्हार व मुस्लिम के बीच भी टकराहट की स्थिति भू-विवाद को लेकर बनी हुई है। वहीं टपड़ा, तिनकोनवां, खजुरी मिलीक, पैकपार के साथ सिरसिया कला आदि पंचायत के केवल जमीन विवाद के ऐसे मामले भी हुए जिसे पुलिस, प्रशासन व प्रतिनिधियों ने काफी सूझ-बूझ के साथ निष्पादन किया। पुलिस की अगुवाई में स्थानीय प्रशासन व प्रतिनिधियों द्वारा किए गए सार्थक प्रयासों की समाज में जबरदस्त सराहना भी हुई। पुलिस के मुताबिक ऐसे मामलों में विभिन्न पक्षों में पांच दर्जन से उपर मुकदमा दर्ज कराया गया। थानाध्यक्ष भरगामा अनमोल कुमार ने बांकी मामलों या फिर जमीन विवाद मामले के प्रति जिम्मेदार अधिकारियों को ऐसे मामलों के प्रति उदासीन बताया है। उन्होंने कहा कि दीवानी आदि मामले में राजस्व कर्मचारी ने दो-दो या तीन-तीन व्यक्तियों के नाम से एक ही जमीन का राजस्व चलान काट दिया गया है जो विवाद का अहम कारण है। इसी तरह बासगीत पर्चा को अधिकांश बार अलग-अलग लोगों के नाम से पंजीकृत करना आदि भी है। जबकि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई को लेकर जिला पुलिस बल तक लाचार है।

विधिक सेवा प्राधिकार में मना पर्यावरण दिवस

अररिया : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार नई दिल्ली के निर्देशानुसार मंगलवार को स्थानीय विधिक सेवा सह सुलह केन्द्र में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। जहां उपस्थित न्यायिक अधिकारियों समेत अधिवक्ताओं ने अपने-अपने विचार प्रकट किए। इस अवसर पर पर्यावरण से संबंधित तथ्यों की चर्चा कर स्वच्छ पर्यावरण के लिए उठाये जाने वाले कदम की ओर ध्यान केन्द्रित किया गया तथा इस अभियान को सफल बनाने के लिए कर्मियों के माध्यम लोगों के बीच जागरूकता लाने पर बल दिया गया। इस अवसर स्थानीय न्यायालय के न्यायिक अधिकारी तथा कई अधिवक्ताओं ने भी संबोधित किया।

बिजली: पावर हाउस में 21 घंटा, शहर में 13 घंटा


अररिया : नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री अम‌र्त्य सेन ने कहा है कि किसी वस्तु का अभाव उसके कम उत्पादन से नहीं बल्कि उसके दोषपूर्ण वितरण व व्यवस्था की खामियों की वजह से अधिक होता है। अररिया में बिजली की बदहाली के पीछे यह सिद्धांत पूरी तरह सही प्रतीत होता है।
जर्जर कंडक्शन लाइन, लोड से हांफते पावर ट्रांसफार्मर तथा संसाधनहीन बिजली विभाग के कारण अररिया के लोग बिजली रहते हुए भी बिजली से वंचित रहते हैं। आंकड़े इस बात को प्रमाणित करते हैं कि अररिया के पावर सब स्टेशन को जितने घंटे बिजली सप्लाई मिली, औसतन उसका आधा ही उपभोक्ताओं को मिल सका।
विभागीय अधिकारी का पक्ष:
अररिया के सहायक विद्युत अभियंता
मनोज कुमार रजक के मुताबिक सब स्टेशन का पावर ट्रांसफार्मर ओवर लोडेड है तथा स्टाफ की कमी भी एक समस्या है। इस वक्त सब स्टेशन में पांच एमवीए का एक तथा 3.15 एमवीए के दो पावर ट्रांसफार्मर हैं। इनकी क्षमता बढ़ा कर क्रमश: दस व पांच करने की जरूरत है। कम क्षमता के होने के कारण पावर ट्रांसफार्मर लोड नहीं उठाते हैं तथा किसी न किसी फीडर को काट कर सप्लाई चलानी पड़ती है।
बाक्स:
अररिया में बिजली सप्लाई व वितरण की स्थिति:
तिथि सबस्टेशन को मिला उपभोक्ता को मिला
30 मई 19 घंटा 13 घंटा
31 मई 16.5 घंटा 10.5घंटा
01 जून 10 घंटा 3.2 घंटा
02 जून 20 घंटा 9.5 घंटा
03 जून 21.3घंटा 17.4घंटा
04 जून 15 घंटा 13.2घंटा
बाक्स:
फोटो - 05 एआरआर 3
कैप्शन- सांसद प्रदीप कुमार सिंह
बिजली विभाग की लापरवाही से हो रही गड़बड़ी: सांसद
क्रासर-मंत्री व चेयरमैन से करेंगे बात, दोषियों पर होगी कार्रवाई
अररिया, जाप्र: अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा है कि अररिया जिले को जितनी बिजली मिलती है उतनी उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंचना चिंता की बात है।
उन्होंने कहा कि ऐसा बिजली विभाग के अधिकारियों की उदासीनता के कारण हो रहा है। अगर कोई तकनीकी दिक्कत है तो वे बताते क्यों नहीं ताकि बिजली बोर्ड के अध्यक्ष तथा बिजली मंत्री से बात कर जरूरी सामान मंगवाया जा सके?
सांसद श्री सिंह ने कहा कि कई जगहों पर बिजली की चोरी भी की जा रही है। इसके लिए टास्क फोर्स का गठन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अररिया में बिजली आपूर्ति व वितरण व्यवस्था की गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को चिंहित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी।

लगना था सिंटैक्स, लग गया मिनटैक्स


अररिया : बच्चों की प्यास बुझाने के लिए विद्यालयों में सिंटैक्स पानी टैंक लगना था। परंतु अधिकांश विद्यालयों में इसके नाम पर घटिया पानी टैंक लगा दिया गया। इस पूरी योजना में विद्यालय शिक्षा समिति मूकदर्शक बनी रही और रुपये का बंदरबांट होता रहा।
जानकारी के अनुसार जिले में एमएसडीपी योजना के मद से विद्यालयों में शुद्ध पेयजल आपूर्ति की योजना में गड़बड़ियां ही गड़बड़ियां रही। वित्तीय वर्ष 2010-11 में विद्यालयों में शुद्ध पेयजल के लिए 372 विद्यालयों में टेरा फिल्टर लगाने की योजना एमएसडीपी के तहत बनी। सर्व शिक्षा परियोजना द्वारा इस योजना के तहत प्रति विद्यालय 33 हजार रुपये विद्यालय शिक्षा समिति को दिए गये। विद्यालय शिक्षा समिति को इन रुपये से पानी टैंक, टेरा फिल्टर, पाइप सहित अन्य सामग्री की खरीदना था। परंतु सर्व शिक्षा अभियान अररिया के चहेते एक व्यक्ति द्वारा विद्यालयों में घटिया टेरा फिल्टर और पानी टैंक की आपूर्ति कर दी गयी। स्थिति यह रही कि कई स्थानों पर आज तक टैंक में पानी नहीं पहुंच पाया। कुछेक विद्यालयों को छोड़कर यह फिल्टर अपनी उपयोगिता साबित करने में अक्षम रहा। जबकि कई ऐसे विद्यालय भी हैं जहां आज तक बच्चों को आज तक इसके दर्शन ही नहीं हुए। बताते हैं कि अररिया नप अंतर्गत उमवि रहिका टोला में टेरा फिल्टर गायब हैं। बताया जाता है कि चोरी होने के बाद अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज करायी गई। प्रावि जमुआ में टेरा फिल्टर लगा या नहीं इसकी सूचना कहीं नहीं है। नरपतगंज के मवि फतेहपुर, मवि फतेहपुर पिठौरा में टेरा फिल्टर बंद है। उमवि बेला में भी यही स्थिति है। वहीं उमवि नाथपुर कुर्मी टोला में टेरा फिल्टर की राशि आज तक स्कूल को नहीं मिली है। यह कुछ ऐसे स्कूलों का उदाहरण हैं जहां टेरा फिल्टर के नाम पर गड़बड़ियां हुई है।

तथ्य छुपाने के आरोप में वार्ड पार्षद पर प्राथमिकी


अररिया : नामांकन प्रपत्र में तथ्य छुपाने को लेकर नव निर्वाचित वार्ड पार्षद कमाले हक के विरुद्ध नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। यह प्राथमिकी राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर निर्वाची पदाधिकारी बुधप्रकाश ने करायी है। दर्ज थाना कांड संख्या 205/12 में निर्वाची पदाधिकारी ने कहा है कि नामांकन के दौरान प्रत्याशी कमाले हक ने प्रपत्र में तथ्यों को छुपा लिया। जबकि उनके विरुद्ध जीआर कांड संख्या 1133/07 दर्ज है। न्यायालय ने आरोपी के विरुद्ध 30 जून 2011 को वारंट भी निर्गत किया। लेकिन उन्होंने प्रपत्र में इस बात का जिक्र ही नही किया।
इस बात का खुलासा तब हुआ जब चुनाव से कुछ दिन पहले हीं एक अन्य प्रत्याशी ने तथ्य छुपाने की शिकायत राज्य निर्वाचन आयोग से की। इस पूर्व प्रत्याशी ने इस बात की जानकारी निर्वाची पदाधिकारी अररिया को भी दिया था लेकिन स्थानीय प्रशासन ने इस संबंध में चुप्पी साध ली थी। बाद में निर्वाचन आयोग ने जिला पदाधिकारी को फैक्स संदेश भेजकर उक्त प्रत्याशी के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया।

बिना जुर्म के काटे साढ़े तीन वर्ष की सजा


अररिया : बिना जुर्म ही करीब साढ़े तीन साल कैद में गुजारना पड़े तो इसे क्या कहा जाय। बलात्कार के आरोप में तीन सालों से बंद आरोपी को त्वरित न्यायालय प्रथम राधेश्याम सिंह ने निर्दोष पाकर रिहा कर दिया।
मामला नरपतगंज थाना का है। घटना है कि 09 अगस्त 07 को सूचिका जब बकरी चराने जा रही थी कि रास्ते में एक गाय चरवाहे ने पकड़ लिया तथा दुष्कर्म को अंजाम दिया। नरपतगंज के उत्तर पलासी निवासी एक तेरह वर्षीय लड़की के बयान पर प्राथमिकी दर्ज हुआ। नरपतगंज थाना कांड संख्या 216/07 में भदेश्वर निवासी विशनलाल बहरदार नामजद आरोपी बनाए गये। मामला दर्ज होने के बाद बढ़ी पुलिस दबिश से घबड़ाकर आरोपी ने 02 फरवरी 09 को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।
इस मामले में आरोप गठन के वक्त बंदी विशनलाल ने 26 जुलाई 10 को कोर्ट में अपने उपर लगाए जुर्म से इंकार भी किया।
त्वरित न्यायालय प्रथम राधेश्याम सिंह के कोर्ट में महिला चिकित्सक तथा आईओ को छोड़ सूचिका समेत चार गवाहों ने गवाही दी। गवाही के दौरान सूचिका बनी लड़की ने अपने साथ घटना से साफ इंकार कर दिया। अपने बयान में उसने मारपीट को लेकर केस दर्ज कराने तथा दरोगा जी द्वारा निशान लेने की बात कही। त्वरित न्यायालय ने कोर्ट में पेश सभी गवाहों के दिए बयान तथा संचिका के अवलोकन के बाद करीब साढ़े तीन वर्ष से जेल में बंद किशनलाल बहरदार को साक्ष्य के अभाव में निर्दोष पाकर रिहा कर दिया।

Monday, June 4, 2012

भजनपुर गोली कांड : माले ने मनाई बरसी


फारबिसगंज (Bhajanpura Forbesganj) : बहुचर्चित भजनपुर गोली कांड के एक वर्ष पूरा होने के मौके पर भाकपा माले द्वारा रविवार को भजनपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में कामरेड अजावूल अंसारी की अध्यक्षता में शहादत समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए माले के जिला सचिव सत्य नारायण सिंह यादव ने कहा कि उनकी पार्टी इस जनसंहार के दोषियों को सजा दिलाने तथा पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने हेतु आंदोलन तेज करेगी। जबकि पार्टी के राज्य कमिटी सदस्य सह जिला प्रभारी डा. नवल किशोर ने कहा कि घटना के एक साल बीत जाने के बावजूद भी पीड़ित परिवारों को सरकार की ओर से कोई मुआवजा नही मिला है। वहीं जिला कमिटी सदस्य गेयालाल महतो ने अपने भाषण में कहा कि पार्टी वियाडा जमीन की उचित मुआवजा की लड़ाई जारी रखेगी। अन्य वक्ताओं में सुरेश ऋषिदेव का. सुशील कु. विश्वास, चम्व लाल मंडल, राम विलास यादव, महेन्द्र पासवान, डा. जुबेर अंसारी, फटकन अंसारी, इलियास अंसारी, उमेश पासवान आदि भी शामिल थे।

जिला पार्षद ने पेट्रोल पंप पर स्टाफ के साथ की मारपीट


फारबिसगंज (अररिया) : शहर के जुम्मन चौक स्थित हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के ताहिर करीमन फ्यूल सेंटर नामक पेट्रोल पंप पर सोमवार को क्षेत्र के स्थानीय जिला पार्षद मो. इस्तेरवार तथा उसके पुत्र ने समर्थकों के साथ मिलकर जमकर उत्पात मचाया। पेट्रोल पंप कैश काउंटर में जाकर स्टाफ के साथ मारपीट की। बाद में सूचना मिलने पर फारबिसगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। अनि राजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल के पहुंचने के बाद सभी भाग खड़े हुए।
जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच किसी मामले को लेकर पूर्व से विवाद चल रहा था। सोमवार को जिला पार्षद मो. इस्तेखार का पुत्र पैट्रोल पंप पर मोटर साइकिल में तेल लेने पहुंचा था। तेल लेने को लेकर ही स्टाफ से कहा सुनी हो गयी। जिससे मारपीट की नौबत भी आ गयी। पेट्रोल पंप मालिक मो. साहिद ने पुलिस को बताया कि जिला पार्षद भी कुछ देर बाद पहुंच गये तथा दोनों पिता-पुत्र ने मिलकर मारपीट की। मामले को समाजिक स्तर से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा था। समाचार प्रेषण तक फारबिसगंज थाना में पटना से संबंधित किसी भी पक्ष द्वारा लिखित आवेदन नही दिया गया था। घटना के बाद कुछ देर के लिये पंप का कार्य बाधित रहा।

प्रशिक्षण से गायब मिले गुरुजी, पूछा स्पष्टीकरण

अररिया : जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद ने सोमवार को पलासी प्रखंड के बीआरसी समेत कई विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। पलासी बीआरसी में चल रहे 51 दिवसीय गैर आवासीय प्रशिक्षण से तीन शिक्षक गायब पाये गये। डीईओ श्री प्रसाद ने बताया कि प्रशिक्षण से शिक्षक सउद आलम, गुलाम सरवर व नजर बानों गायब थीं। वहीं उन्होंने नवसृजित प्रावि गोपालपुर में निरीक्षण के दौरान शिक्षक प्रभात कुमार विश्वास अनुपस्थित पाये गये। वहीं प्राथमिक विद्यालय मंडल टोला पलासी के बारे में डीईओ श्री प्रसाद ने बताया कि स्कूल के प्रधानाध्यापक हाजरी बनाकर गायब थे। मध्य विद्यालय पलासी में नियोजित शिक्षक मो. अकरम तीन दिन से अनुपस्थित मिले हैं। जबकि कन्या प्रावि कोढ़ैली में शिक्षिका कनकलता देवी अनुपस्थित पाई गई। इधर निरीक्षण कोषांग के प्रभारी तथा माध्यमिक शिक्षा डीपीओ बसंत कुमार ने बताया कि प्रथम चरण में सभी अनुपस्थित शिक्षकों से स्पष्टीकरण पूछा जायेगा। जबकि दूसरे चरण में विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

सीएम साहब! जरा हमारा भी दर्द सुनिए

Araria Bihar
अररिया : शहर के आश्रम रोड निवासी प्रेमलाल शर्मा व सुलोचना देवी की पुत्री सुप्रिया शर्मा 2011 के मैट्रिक परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण ही नहीं हुई बल्कि पूरे राज्य में 12वां स्थान भी प्राप्त किया। बावजूद इसके इसे आज भी सरकार द्वारा घोषित दस हजार की प्रोत्साहन राशि का आज भी इंतजार है। सुप्रिया की मानें तो वे कल्याण विभाग तथा शिक्षा विभाग कार्यालय का चक्कर लगाकर थक चुकी है। अत्यंत पिछड़ा वर्ग जाति की यह छात्रा ग‌र्ल्स हाई स्कूल अररिया से परीक्षा दी थी। सुप्रिया के दादा बाबूलाल शर्मा भी इसी विद्यालय में लिपिक पद पर थे। इसके बावजूद सुप्रिया का सुनने वाला कोई नहीं है। सुप्रिया को डीएम एम. सरवणन व एसपी शिवदीप लांडे ने स्वयं 26 जनवरी 2012 को सुभाष स्टेडियम में सम्मानित भी किया था।

खुलासा: मुंगेर में बैठा है जाली नोट का सरगना

अररिया : बिहार के मध्य पूर्व एवं उत्तरी क्षेत्रों में भारतीय अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाने के लिए जाली नोटों के कारोबारी मुंगेर में बैठा हुआ है। इस बात का खुलासा अररिया में पकड़ाए तीन युवक से पूछताछ के बाद हुई है। पूछताछ के क्रम में युवकों ने खुलासा किया है कि मुंगेर में किसी अरुण यादव नामक व्यक्ति से जुड़े तीन लोग जाली नोट की छपाई करते हैं। जिसमें एक हजार, पांच सौ, एक सौ एवं पचास के नौ शामिल हैं। पूछताछ के बाद एसपी शिवदीप लांडे ने बताया कि जाली नोटों के सौदागर तीन स्टेज पर काम कर रहा है। पहला स्टेज में छपाई से लेकर बंडल तैयार करने तक होता है। दूसरा स्टेज में मुख्य सौदागर क्षेत्र स्तर पर एक वेंडर तैयार करते हैं। फिर वेंडर ग्राउंड लेबल पर अपना नेटवर्क तैयार करते हैं। ग्राउंड लेवल पर तैयार नेटवर्क के माध्यम से जाली नोट खपाया जाता है। एसपी ने बताया कि अररिया से गिरफ्तार हुए रंजीत यादव दूसरे स्टेज का सौदागर है। जो पलासी, जोकीहाट के अलावे पड़ोसी देश नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी जाली नोट को खपाने का काम करते है। एसपी ने बताया कि गिरोह से जुड़े नौशाद आलम एवं नित्यानंद यादव ग्राउंड लेवल पर फैले नेटवर्क का कमान संभालकर रखा है। इन्हीं के माध्यम से बड़े-बड़े शहरों में भी जाली नोटों के खेप पहुंचाये जाते है। एसपी ने बताया कि नौशाद आलम के घर 50-50 हजार के दो बंडल बरामद किए गए है। जिसमें 5-5 हजार रुपये के जाली नोट पाये गए हैं। संभवत: सौदागर जाली नोटों को कुछ इसी तरह बैंकों तक पहुंचाने का काम करते हैं। एसपी ने बताया कि इस बात से इंकार नही किया जा सकता है कि इस कार्य में बैंक कर्मियों की मिलीभगत नही हो सकती है। एसपी ने बताया कि कदम कुंआ रोड पटना एवं मार्केटिंग यार्ड अररिया स्थित स्टेट बैंक के सील मूहर के बंडल में 20 नोट, 4 एस सी ग्रुप के पाये गये। जो पूर्णत: जाली है। उन्होंने बताया कि जांच का एक बिंदु संबंधित बैंक को भी शामिल किया जा सकता है। एसपी ने बताया कि जाली नोट की छपाई मुंगेर में होती है, इसकी पूर्व सूचना उन्हें थी। चूंकि मुंगेर में पदस्थापना क दौरान भी गुप्त सूचना के आधार पर उन्होंने छापेमारी अभियान चलाया था। लेकिन सौदागर भागने में सफल रहा था। एसपी ने बताया कि जल्द ही मुंगेर पुलिस से संपर्क साधकर खुलासा किए गए सरगना तक पहुंचने का प्रयास किया जायेगा।

साली का हत्या बहनोई गया जेल


रानीगंज : अपनी साली की हत्या करने वाला बहनोई पुलिस के चकमे में फंस कर सोमवार का जेल गया।
गौरतलब है कि रानीगंज थानाक्षेत्र के परमानंदपुर गांव में गत 07 मई को 16 दुष्कर्म के प्रयास में असफल रहने के उपरांत बहनोई उपेन्द्र ऋषिदेव ने साली की हत्या कर दी थी। हत्या को अंजाम देने के बाद वह पंजाब भाग गया था। कांड के अनुसंधान कर्ता सुभाष चन्द्र सिंह ने हत्यारे उपेन्द्र ऋषि को पंजाब से बुलाने का जाल बिछाया। जैसे ही वो आया उसे पुलिस ने दबोच लिया।

गिरोह तक पहुंचने के लिए एसपी ने खर्च किए 25 हजार

अररिया : एसपी ने जाली नोट गिरोह तक पहुंचने के लिए पच्चीस हजार रुपये खर्च किये। गुप्त सूचना के आधार पर एसपी ने गिरोह के 25 हजार रुपये असली नोट चुकाकर नकली नोट लेने का प्रयास किया। डील करने वाले सदस्य ने 25 के बदले 50 हजार रुपये देने का वादा किया था। लेकिन असली नोट चुकाने के बाद भी 42,500 रुपये ही मिले। नकली नोट मिलते ही सादी वर्दी में पुलिस गिरोह के सदस्य फिरोज को दबोच लिया। इसके बाद दो अन्य लोग पुलिस के हत्थे चढ़ बैठा।

बरामदगी में शामिल पुलिस टीम होंगे पुरस्कृत


अररिया : जाली नोट के बरामदगी में शामिल पुलिस कर्मी को सम्मानित किया जायेगा। यह घोषणा एसपी शिवदीप लांडे ने सोमवार को नगर थाना में की।
एसपी ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि सीमावर्ती क्षेत्र में 50 लाख जाली नोट के खेप उतारा गया है। निर्देश मिलने के जिस तरह पुलिस कर्मियों ने साहस दिखाकर जाली नोट की बदामदगी की है, वह काबिले तारीफ है। छापेमारी में अररिया के डीएसपी मो. कासिम, फारबिसगंज के विकास कुमार, पलासी के एसएचओ राम विलास सिंह, जोकीहाट के टीपी सिंह, पीएसआई में अरविंद कुमार, पंकज कुमार, प्रशांत कुमार, विधान चन्द्र राय, मिथिलेश कुमार, ब्रह्मादेव पंडित, बरुण गोस्वामी, विजय यादव, शिव शंकर कुमार, देव राज भारद्वाज, सुनील कुमार आदि शामिल थे।

तीन प्रधानाध्यापकों से स्पष्टीकरण

जोकीहाट : शिक्षकों के बगैर सूचना के विद्यालय से गायब रहने, मीनू के अनुसार एमडीएम नहीं चलाने एवं विद्यालय कार्यो में लापरवाही बरतने के आरोप में एमडीएम के जिला प्रभारी रविन्द्र राम ने तीन प्रधानाध्यापकों से स्पष्टीकरण पूछा है। जिन प्रधानाध्यापकों से स्पष्टीकरण पूछा गया है उनमें प्राथमिक विद्यालय उड़ानटोली काकन के प्रधानाध्यापक मो तबरेज आलम, सिमरिया पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बौरिया के प्रधानाध्यापक मो अब्बास, प्राथमिक विद्यालय जल्ला टोला के मो इब्राहिम के नाम शामिल हैं।

स्वास्थ्य सचिव ने किया रेफरल अस्पताल का औचक निरीक्षण


जोकीहाट(अररिया) : बिहार सरकार के स्वास्थ्य सचिव संजय कुमार ने सोमवार को रेफरल अस्पताल जोकीहाट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रसव कक्ष, जनरल वार्ड, ओटी आदि का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में अस्पताल में फैले गंदगी, रोगियों की ओर से मिली शिकायत से श्री कुमार ने नाराजगी जताई।
स्वास्थ्य सचिव के वाहनों का काफिला रेफरल अस्पताल जोकीहाट पहुंचते ही दर्जनों लोग जमा हो गये और श्री कुमार से रेफरल प्रभारी डा. सिफतैन आलम एवं अन्य कर्मियों की शिकायत करने लगे। शिकायत के दौरान रहड़िया गांव के मतीन, बगडहरा के सुफियान, थपकोल के शमीम अख्तर, गिरदा के किराना व्यवसायी तबरेज ने जन्म प्रमाण पत्र में बिचौलियों द्वारा राशि लेने, अस्पताल में दवाई नहीं देने, रेफरल प्रभारी के अस्पताल से गायब रहने की शिकायत करने लगे। कुव्यवस्था से नाराज श्री कुमार ने स्वास्थ्य प्रबंधक ओवेस अहमद को तीन तीन के अन्दर व्यवस्था में सुधार लाने का निर्देश दिया। पूछने पर स्वास्थ्य सचिव श्री कुमार ने बताया कि गड़बड़ी करने वाले डाक्टरों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने सिविल सर्जन डा हुस्न आरा, डीपीएम रेहान अशरफ को भी कई सख्त निर्देश दिये। स्वास्थ्य सचिव के निरीक्षण से स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मचा था।

अनियमित बिजली आपूर्ति को लेकर प्रदर्शन



अररिया : बिजली विभाग की लचर व्यवस्था एवं अनियमित बिजली आपूर्ति को लेकर सोमवार को लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन किया। सोशल वेल्फेयर आर्गनाइजेशन अररिया के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में शामिल लोग चांदनी चौक से होते हुए थाना रोड, एडीबी चौक, बस स्टैंड होते हुए विद्युत कार्यालय तक गए। प्रदर्शनकारियों ने आठ सूत्री मांगों का ज्ञापन एसडीओ बिजली विभाग को सौंपा। इनकी मांगों में शहर में 24 घंटा बिजली आपूर्ति, खराब ट्रांसफार्मर एवं तार को बदलने, उपयोग्यता के हित में जमा काउंटर और बढ़ाने, लो वोल्टेज की समस्या से दूर करने जैसी मांगे शामिल है। इस प्रदर्शन में संस्था के अध्यक्ष अजहरूल हक, डा. नैयर हबीब, जाहिद अनवर, नजरे इसलाम, जकीउल होदा, कामरान, वसीम नूरी, सलीम अजीज, साकिर, सोनू, नूर आलम, हकीम, महबूब, प्रभात, विनोद एवं कासिम आदि मौजूद थे।

गायब रहने के बावजूद उठ रहा पचास शिक्षकों का वेतन


अररिया, : बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ अंचल नरपतगंज ने प्रखंड के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी आमीचन्द राम के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाये हैं। हालांकि बीईओ ने आरोपों को गलत बताया है। इधर, डीईओ राजीव रंजन प्रसाद ने तीन सदस्यीय कमेटी गठन कर आरोपों की जांच के आदेश दिए हैं।
नरपतगंज प्रखंड शिक्षक संघ के अध्यक्ष मो. एहसान व सचिव मदन प्रसाद यादव ने बीईओ पर भ्रष्ट आचरण, शिक्षकों से भयादोहन करने का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र डीएम, डीईओ से लेकर मुख्यमंत्री तक भेजा है।
पंजी में नाम नही, हो रहा वेतन भुगतान:
संघ ने पत्र में आरोप लगाया है कि दर्जनों ऐसे शिक्षकों का नाम प्रखंड में कहीं भी उपस्थिति पंजी में दर्ज नही है, इसके बावजूद वैसे शिक्षकों का वेतन भुगतान किया जा रहा है। उमवि बैरिया, मवि बीवीगंज, मवि मझुआ, उमवि भंगही, उमवि गोखलापुर बीएमसी जैसे विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों का नाम उपस्थिति पंजी में दर्ज नहीं है, फिर भी उन्हें वेतन भुगतान किया जा रहा है।
वहीं, यह भी आरोप लगाया गया है कि बीईओ बंद पड़े नवसृजित प्रावि को चालू करने के नाम पर उगाही कर शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति कर रहे हैं। बीईओ पर प्रावि बासबाड़ी के पूर्व प्रधानाध्यापक जागेश्वर राम पर वरीय अधिकारियों के निर्देश के बावजूद स्वार्थवश एफआईआर न करवाने का आरोप भी लगा है। संघ नेताओं ने लिखा है कि भवन निर्माण कार्य में शिथिल 54 विद्यालय प्रधानों को धमकाकर उनसे मोटी रकम की उगाही बीईओ ने की है। पत्र में लिखा गया है कि कन्या प्रावि पथराहा के प्रशिक्षित शिक्षक सत्येन्द्र ठाकुर द्वारा रुपया नही देने पर बीईओ ने उन्हें एचएम का प्रभार पंचायत शिक्षक को देने का निर्देश जारी कर दिया।
नियमित शिक्षक के बावजूद प्रतिनियोजन का आरोप:
प्राथमिक शिक्षक संघ अंचल नरपतगंज ने डीएम व डीईओ को लिखे पत्र में कहा है कि बीईओ श्री राम ने नवसृजित प्रावि रिफ्यूजी टोला अंचरा, नप्रावि शेरशाहवादी टोला बसमतिया, प्रावि तीनखम्बा, प्रावि शेखटोला, भवानीपुर, प्रावि सूर्यनारायण यादव टोला पोसदाहा, प्रावि राय टोला महावीर चौक मधुरा पश्चिम प्रावि गिरजानंद झा टोला, प्रावि मतनाजा, प्रावि बांसबाड़ी चौक गोखलापुर, प्रावि भरत सिंह टोला कुंडीलपुर, प्रावि दरगाहीगंज वार्ड नं. 9, प्रावि हाजी जकीर टोला, प्रावि चौहान ऋषिदेव टोला वार्ड 12 सहित दो दर्जन विद्यालयों में पूर्व से नियमित, प्रशिक्षित शिक्षक रहने के बावजूद पैसे लेकर शिक्षकों का प्रतिनियोजन कर प्रधान शिक्षक का प्रभार दिलवा रहे हैं।
बीईओ ने कहा: सारे आरोप मनगढ़ंत-
इधर, नरपतगंज बीईओ आमीचंद राम ने कहा है कि प्राथमिक शिक्षक संघ के द्वारा लगाए गए आरोप गलत व मनगढ़ंत हैं। उन्होंने बताया कि डीईओ को जानकारी देकर नवसृजित विद्यालयों में तथा बीआरसी में किताब वितरण के लिए दो शिक्षकों का प्रतिनियोजन किया गया है। श्री राम ने कहा कि पूरे मामले की जांच होनी ही चाहिए।
बाक्स के लिए
तीन अधिकारियों की टीम करेगी जांच: डीईओ
अररिया, संसू: प्राथमिक शिक्षक संघ अंचल नरपतगंज के द्वारा नरपतगंज बीईओ आमीचंद राम पर लगाए गए आरोप की जांच तीन सदस्यीय अधिकारियों की टीम करेगी। यह जानकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद ने दी है। श्री प्रसाद बताया कि माध्यमिक डीपीओ बसंत कुमार की अध्यक्षता में जांच कमेटी का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि इस कमेटी में अन्य दो पदाधिकारी में एमडीएम प्रभारी रविन्द्र राम, व प्राथमिक शिक्षा डीपीओ विद्यानंद ठाकुर शामिल हैं। श्री प्रसाद ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच का निर्देश दिया गया है।

सरकारी राशि से मौज कर रहे शिक्षक


भरगामा (अररिया) : विद्यालय भवन निर्माण, चहारदीवारी, विद्यालय भवन मरम्मति या रखरखाव आदि योजनाओं की राशि को निजी कार्यो में खर्च कर विद्यालय के शिक्षक मौज कर रहे हैं।
प्राथमिक विद्यालय खजुरी, नवसृजित विद्यालय सरपंच टोला खजुरी, प्राथमिक विद्यालय बरमोतर चकला आदि दर्जनों विद्यालय हैं जहां निर्माण कार्य के नाम पर लाखों की राशि निकासी संबंधित शिक्षक ने कर ली गई। लेकिन राशि उठाव के वर्षो बाद भी शिक्षक द्वारा निर्माण कार्य को पूरा नहीं किया जा सका है। खासबात यह है कि उठाव की राशि वर्षो बाद भी शिक्षक के निजी खाते में है। इधर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राधेय सिंह बताते हैं कि विभागीय आदेश के मुताबिक लंबित निर्माण कार्य के मामले को तत्काल पूर्ण करने का आदेश संबंधित सभी शिक्षकों को दे दिया गया है। अगर निर्धारित समय तक कार्य पूर्ण नहीं किया जाता है तो प्राथमिकी के साथ अन्य आवश्यक कार्रवाई भी की जायेगी।

दो बच्चे लकवा के शिकार, पोलियो की आशंका


कुसियारगांव (अररिया) : अझुवा जोकीहाट निवासी नूर मोहम्मद के छह वर्षीय पुत्र मो. तकसिर शनिवार की देर शाम अचानक लकवा का शिकार हो गए। पोलियो की आशंका पर उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया लाया गया है। परिजनों के मुताबिक इससे पूर्व बच्चा भलाचंगा था और चलता फिरता था। डा. सालिक आजम ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे संबंधित विभाग के पास रेफर कर दिया। इससे पहले पिछले माह में ताराबाड़ी ओपी क्षेत्र क बलुआ निवासी मशूद आलम के चार वर्षीय पुत्र मो. मोस्तकीम को अचानक तीन चार दिन से बायां पैर में कमजोरी होने के कारण सदर अस्पताल अररिया में भर्ती करवाया गया था।
डा. सालिक आजम ने बताया कि पोलियो के बारे में पूरी जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

मेडिकल जांच 25 से


बथनाहा(अररिया) : एसएसबी के द्वारा बथनाहा में अ‌र्द्धसैनिक बलों की सिपाही पद के लिए चल रही बहाली प्रक्रिया में आगामी 25 जून से मेडिकल जांच होगी। गौरतलब है कि पूर्व में अभ्यर्थियों द्वारा फिजिकल एवं रिटेन परीक्षा दी जा चुकी है। इसमें सफल अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच 25 जून से बथनाहा में की जाएगी। इस बाबत सेनानायक एकेसी सिंह ने बताया कि एसएससी के द्वारा 6 सदस्यीय मेडिकल बोर्ड बनाया गया है। जिसमें अररिया के कमांडेंट के. रंजीत, चेयरमैन समेत दो मेडिकल आफिसर एक एएसओ तथा तीन एसी शामिल है।

इलाज के नाम पर धोखा, डाक्टर पर प्राथमिकी

फारबिसगंज (अररिया) : एक चिकित्सक द्वारा पहले तो इलाज के नाम मरीज के साथ धोखा किया गया फिर मरीज के सरकारी हेल्थ कार्ड से फर्जीवाड़ा कर राशि भी निकाल ली। मामला फारबिसगंज बस स्टैंड स्थित निजी क्लिनिक डा. चौधरी हास्पीटल एंड रिसर्च सेंटर का है। पीड़ित मरीज सिमराहा थाना क्षेत्र के मदारगंज निवासी सैयद मोतीबुल के आवेदन पर अररिया एसपी के आदेश (ज्ञापांक 3924) के बाद फारबिसगंज थाना में इलाज करने वाले चिकित्सक डा. बीके चौधरी के खिलाफ धारा 206/420 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। दर्ज कांड संख्या 202/12 के अनुसार पीड़ित सैय्यद मोतीबुल के दाहिने कंधे में फोड़ा हो गया था तथा उसकी पत्‍‌नी अमीना खातुन के दाहिने पैर में दर्द था। दोनों पति-पत्‍‌नी फारबिसगंज रेफरल अस्पताल गये। जहां डा. बीके चौधरी मिले और दोनों से कहा कि उनका इलाज डा. चौधरी हास्पीटल एंड रिसर्च संस्थान में करने की बात कही। जहां मोतीबुल से पहले तो सरकारी हेल्थ कार्ड ले लिया फिर दोनों का आपरेशन कर इलाज किया। थोड़ी बहुत दवा दी एवं दो-तीन बार काफी परेशान करने के बाद कार्ड वापस किया। लेकिन पत्‍‌नी अमीना की स्थिति बिगड़ गयी। जिसके बाद उसे पति द्वारा स्थानीय चिकित्सक डा. मनोज निरंजन के यहां भर्ती कराकर इलाज कराया। हेल्थ कार्ड की जांच करने पर पता चला कि डा. चौधरी द्वारा कार्ड से करीब 29 हजार रुपये की निकासी कर ली गयी। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार डा. चौधरी ने दवा भी कम दी और अधिक राशि निकालकर परेशान करने के बाद हेल्थ कार्ड वापस किया था। इधर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कचरापेटी : कूड़ा निस्तारण या कचरा विस्तारण


अररिया : शहर में कूड़ा कचरा निस्तारण के लिए नगर परिषद ने तमाम शोरगुल के बाद कचरा पेटियां खरीदी और उन्हें प्रमुख स्थानों पर इस तरह प्रतिस्थापित कर दिया गया कि उनमें कचरा नहीं कोई कीमती वस्तु रखी जायेगी। लेकिन ताजा स्थिति यह है कि कई जगहों पर पेटी टूट गयी है और कचरा बाहर सड़क पर फैला रहता है तथा उनसे दुर्गध का भभूका उठता रहता है। ऐसा प्रतीत होता है कि नगर परिषद ने कचरों के निस्तार नहीं इसके विस्तार के लिए ही पेटियां लगायी थी।
वस्तुत: कचरों का निष्पादन इस शहर के लिए एक समस्या रही है। पहले नगर परिषद के पास सफाई कर्मियों व संसाधनों की कमी थी, अब शायद इच्छा शक्ति की कमी है। खास कर व्यस्त मुहल्लों में सड़क पर कचरों का विस्तार एक समस्या बन गयी है।
शहर की आबादी के आंकड़ों पर गौर करें तो विगत पचास साल में यह पैंतीस गुना बढ़ी है। जाहिर है कि प्रति व्यक्ति कचरा उत्सर्जन की दर भी बढ़ गयी है। वहीं, जिला मुख्यालय होने की वजह से तकरीबन पचास हजार की फ्लोटिंग आबादी हर रोज शहर में आती जाती है। इस कारण कचरों का क्वांटम भी लगातार बढ़ रहा है। लेकिन इन सबके बावजूद नगर परिषद के पास कचरा प्रबंधन को लेकर कोई ठोस प्लानिंग नहीं नजर आती। शहर में कचरा प्रबंधन के लिए बुआरीबाध के सुदूर मुहल्ले में जमीन खरीदी गयी। लेकिन यह भ्रष्टाचार व कमीशनखोरी का शिकार बनकर रह गयी। इस मुद्दे को दैनिक जागरण ने प्रमुखता के साथ उठाया। मामले में आरोप प्रत्यारोप के बाद जिला प्रशासन ने जमीन का निबंधन कैंसिल कर दिया और कचरा प्रबंधन की मंशा कचरे में मिल गयी।
बड़े शहरों में कचरा प्रबंधन रोजगार व सफाई के प्रमुख केंद्र के रूप में होता है, लेकिन अररिया में ऐसा नहीं है। यहां की आधी आबादी आज भी खुले में शौच करती है। शहर के भीतरी मुहल्ले आज भी गंदगी और बदहाली झेलने को मजबूर हैं। यह शायद नगर परिषद की नजर में नहीं है। यहां नगर परिषद का सफाई रथ नहीं पहुंचता। आप किसी शहर में स्वच्छता व सफाई की उम्मीद कैसे कर सकते हैं, जहां एक भी सार्वजनिक शौचालय कार्यरत नहीं हो। अररिया में ऐसा ही है। शहर में दो एक सार्वजनिक शौचालय खुले भी तो वर्तमान में वे अकार्यरत हैं।
बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा प्लास्टिक थैलों पर प्रतिबंध के बारे में कई बोर्ड शहर में दिखते हैं। लेकिन प्लास्टिक थैलों का प्रयोग धड़ल्ले से होता है। ये थैले कचरों के विस्तार का प्रमुख कारण हैं। शहर में दो एक सफाई नाले अगर काम भी करते हैं तो प्लास्टिक थैलों की वजह से उनके अक्सर जाम होने की समस्या सामने आती रहती है।

अधिकारों को लेकर पंचायत जनप्रतिनिधियों का धरना


अररिया : प्रदेश पंचायती राज जनप्रतिनिधि संघ की जिला इकाई द्वारा सोमवार को समाहरणालय परिसर में धरना दिया गया। इस अवसर पर अररिया के संासद प्रदीप कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पंचायत जन प्रतिनिधि उपस्थित थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के जिला संयोजक सह जिला पार्षद प्रिंस विक्टर ने की।
इस मौके पर सांसद ने कहा कि आप अपनी आवाज को बुलंद रखें तथा सड़कों पर संघर्ष करें। आपके साथ हूं। सांसद ने कहा कि मैं आपकी आवाज को संसद में उठाउंगा।
कार्यक्रम में जिला पार्षद प्रयाग पासवान मुखिया राजेश कुमार सिंह आदि ने भी अपने विचार रखे।
धरना के उपरांत संघ की ओर से 32 सूत्री मांगों का ज्ञापन अनुमंडल पदाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम सौंपा गया। इस मौके पर गणेश पासवान, ध्रुव नारायण सिंह, नरगिस, तमन्ना, अशोक विश्वास, विपिन बिहारी, शमशाद आलम, दिव्य प्रकाश, कमरूज्जमा, मनोज मंडल, गीता देवी, सुशीला देवी, इम्तियाज आलम, शमसुल, मो. सरफुद्दीन व दर्जनों जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

शादी की नीयत से युवती का अपहरण, प्राथमिकी

फारबिसगंज(अररिया) : फारबिसगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत तिरसकुंड गांव से शादी की नीयत से एक युवती का अपहरण कर लिए जाने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पीड़ित आवेदिका अहिल्या देवी ने दर्ज कांड संख्या 201/12 में गांव के ही युवक बबलू मंडल व उसके माता-पिता सहित भाई मनीष कुमार पर पुत्री सोनम कुमारी काल्पनिक नाम को शादी की नीयत से जबरन भगा ले जाने का अरोप लगाया है। घटना बीते 31 मई के रात की बतायी गयी है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी मनीष कुमार को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया।

पोखर के नाम पर अवैध निकासी का आरोप

अररिया : जोकीहाट प्रखंड के भंसिया पंचायत अंतर्गत पनसेरवा गांव के वार्ड नंबर छह के ग्रामीण इम्तियाज ने पीआरएस व मुखियापति के विरुद्ध मनरेगा के तहत पोखर निर्माण को लेकर 64 हजार रुपयों की नाजायज निकासी का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी को आवेदन देकर मामले की जांच किए जाने की मांग की है।

देशभक्त शचीन्द्र नाथ सान्याल की जयंती


फारबिसगंज (अररिया) : इंद्रधनुष साहित्य परिषद के तत्वावधान में एवं कर्नल अजीत दत्त की अध्यक्षता में सोमवार को स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी शचीन्द्र नाथ सान्याल की जयंती आयोजित की गई।
इस मौके पर दो स्थानीय पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया।
जयंती कार्यक्रम में भाग लेते हुए उमाकांत दास, प्रो. कमला प्र. बेखबर, मांगन मार्तण्ड, हेमंत यादव शशि, विनोद कुमार तिवारी आदि ने बताया कि श्री सान्याल अध्ययन काल से ही क्रांतिकारी रास बिहारी बोस एवं गदर पार्टी से जुड़े रहे। अंग्रेजी हुकूमत द्वारा 1925 के काकोरी कांड में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और गोरखपुर में उनका निधन हो गया। उन्होंने 'बंदी जीवन' नामक आत्मकथा लिखी थी। वही इस मौके पर स्थानीय पत्रकार द्वय पंकज रणजीत और मो. कलीमुद्दीन का सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में बिहारी झा, राजनारायण प्रसाद, अरविंद ठाकुर, हर्ष नारायण दास, राहुल कुमार, कृत्यानंद राय, आशुतोष झा, भुवनेश्वर दास आदि भी उपस्थित थे।

छापेमारी में मुन्ना मियां गिरोह के दो अपराधी पकड़ाये


बथनाहा(अररिया) : एसपी शिवदीप लांडे के निर्देश पर फारबिसगंज के एसडीपीओ विकास कुमार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा रविवार की देर रात की गई छापेमारी में फुलकाहा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर एवं नरपतगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव से अन्तर्जिला गृह डकैती एवं मवेशी चोर गिरोह के दो अपराधी अरूण यादव फतेहपुर एवं रामा यादव मिर्जापुर है। दोनों अपराधी मुन्ना मियां उर्फ शमशाद के गिरोह का सदस्य बताये जाते है। जिसे पुलिस टीम ने मुन्ना मियां की निशानदेही पर गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ फारबिसगंज विकास कुमार के नेतृत्व में फुलकाहा थानाध्यक्ष श्याम किशोर यादव, बथनाहा थानाध्यक्ष सुबोध राव, जोगबनी के अनि संजीव कुमार एवं सशस्त्र बलों के द्वारा यह गिरफ्तारी की गयी है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को फुलकाहा थाना में रखा गया है। फुलकाहा थानाध्यक्ष श्याम किशोर यादव ने बताया कि दोनों अभियुक्त डकैती एवं मवेशी चोरी के दर्जनों मामलों में संलिप्त हैं जिसे आवश्यक पूछताछ के उपरांत एसपी के निर्देशानुसार न्यायालय को सुपुर्द किया जायेगा।
गौरतलब है कि शुक्रवार को नरपतगंज थाना पुलिस द्वारा डकैती एवं मवेशी चोरी गिरोह के अन्तर्जिला सरगना शमशाद उर्फ मुन्ना मियां को गिरफ्तार किया था। जिसके निशानदेही पर ही बाद में पुलिस टीम द्वारा दोनों अभियुक्तों को पकड़ा गया है। मालूम हो कि इस गिरोह के द्वारा मवेशी चोरी उपरांत फिरौती लेकर वापिस करने एवं गृह डकैती का दर्जनों मामला सीमावर्ती सुपौल एवं अररिया जिला में दर्ज है।

मुकेश धरकार पढ़ना चाहता है, लेकिन..


अररिया : रानीगंज प्रखंड अंतर्गत विशनपुर पंचायत के मधुलता वार्ड नंबर 9 निवासी उमेश धरकार का पुत्र मुकेश धरकार पढ़ना चाहता है, लेकिन उसके सामने सरकारी बाबुओं की उदासीनता व लाल फीताशाही दीवार बनकर खड़ी है।
दरअसल मधुलता गांव के मुकेश धरकार, मनोज धरकार, अनिल धरकार, विकास कुमार धरकार जाति हाड़ी है ये सभी बच्चे आगे पढ़ना चाहते हैं, परंतु इनके परिवार के पास प्राइवेट स्कूल व कोचिंग में पढ़ाने की औकात नहीं है। इन चारों बच्चों ने फारबिसगंज प्रखंड स्थित राजकीय अंबेडकर आवासीय उच्च विद्यालय रामपुर में नामांकन कराने की सोची और नामांकन फार्म 2010 में ही भर डाला। इन छात्रों ने लगातार 2010 से 2012 तक फार्म भरा परंतु आज तक महादलित समुदाय के इन चारों का नामांकन उक्त विद्यालय में नहीं हुआ। मामला यहीं नहीं थमा। इन छात्रों ने वर्ष 2011 के अगस्त माह में मुख्यमंत्री, कल्याण मंत्री, प्रमंडलीय कल्याण उप निदेशक पूर्णिया तक लिखित शिकायत की। छात्रों के शिकायती पत्र पर प्रत्येक जगह फौरी कार्रवाई हुई पर नतीजा सिफर ही साबित हुआ। प्रमंडलीय कल्याण उप निदेशक के द्वारा जब विद्यालय के प्रधानाध्यापक से रिपोर्ट मांगी गयी तो रामपुर आवासीय विद्यालय के एचएम ने कक्षा प्रथम व षष्ठ में सीट खाली दिखाते हुए नामांकन की अनुमति मांगी। इसके बावजूद नामांकन नहीं हो पाया है।
एक बार फिर महादलित समुदाय के चारों छात्रों ने जिला पदाधिकारी से उम्मीद लगाकर आवेदन दिया है। ताकि उनके आदेश पर भी नामांकन हो पाए। इधर जिला कल्याण पदाधिकारी सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि विभागीय स्तर से इस मामले में कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि वे इस मामले को गंभीरता से लेंगे।

विष्णुदेव राय बने शिक्षक संघ के अध्यक्ष

नरपतगंज (अररिया) : नपरतगंज हाईस्कूल में शनिवार को बिहार अराजपत्रित प्रारंभिक शिक्षक संघ की बैठक हुई। जिसमें सर्व सम्मति से अध्यक्ष पद पर विष्णुदेव राय, उपाध्यक्ष पद पर राजेश कुमार रौशन, उपसचिव पद पर मो. तुफैल अहमद प्रवक्ता पद पर अभय कु. पाठक का चयन किया गया। संघ के सचिव रामानंद पासवान ने बताया शिक्षक अपने कार्यो के प्रति निष्ठापूर्वक गुणवत्तापूर्ण शिक्षक कार्यक्रम में सहयोग करेंगे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष विष्णुदेव राय ने मांग की पंचायत शिक्षक के मानदेय में मुखिया व पं. सचिव के मनमानी के चलते शिक्षक परेशान होते हैं उनका वेतनमान भी प्रखंड शिक्षक की तरह हो। इस मौके पर उपाध्यक्ष शिवनंदन मंडल, जर्नादन यादव, शिव चन्द्र सिंह, धर्मदेव पासवान, बालकृष्ण कुमार सहित दो दर्जन शिक्षक उपस्थित थे।

भाजपा मंडल कार्यकारिणी की बैठक



रेणुग्राम (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के सिमराहा उच्च विद्यालय प्रागंण में रविवार को मंडल कार्यकारिणी की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से सदस्यता अभियान एवं जुलाई माह में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम व संगठन पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित स्थानीय सांसद प्रदीप सिंह ने कहा कि भाजपा में संगठन का बहुत बड़ा महत्व है। कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। उन्होंने संगठन को और मजबूत बनाने पर बल दिया। वहीं स्थानीय विधायक पदम पराग राय वेणु ने भी संगठन की मजबूती पर अपने विचार रखे। जिला प्रभारी मनोज सिंह ने संगठन के बारे में कार्यकर्ताओं से विस्तृत विचार विमर्श किया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष मनोज झा ने की। बैठक को पूर्व विधायक लक्ष्मी ना. मेहता, मंचन केसरी, विमल सिंह, युवा मोर्चा के संयोजक गुड्डू झा, महामंत्री सुरेन्द्र झा, प्रदीप प्रिय आदि ने संबोधित किया। वहीं बैठक में सित्यानंद ठाकुर, गणेश ठाकुर, उदयानंद मंडल, जितेन्द्र कुमार, दक्षिणेश्वर प्रसाद, पूर्व मुखिया विश्वनाथ मेहता सहित प्रखंड कार्यकारिणी सदस्य तथा कई पंचायत अध्यक्ष उपस्थित थे।

चार सालों से नहीं हुई बीस सूत्री बैठक


भरगामा (अररिया) : कल्याणकारी योजना व इसके सफल कार्यान्वयन को लेकर विभाग या स्थानीय प्रशासन भले हीं अलग-अलग तरह के दावे कर रही हो, एक सच्चाई यह भी है कि भरगामा में एक लंब समय से बीस सूत्री की बैठक तक आयोजित नहीं हो पाई है। वैसे इस लापरवाही के पीछे बीस सूत्री सदस्यों से लेकर स्थानीय प्रशासन तक एक दूसरे को जिम्मेदार बताकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं।
यहां बताते चले कि बीस सूत्री की बैठक भरगामा में पिछले चार वर्षो से आयोजित नहीं की गई है। प्रखंड विकास पदाधिकारी भरगामा अरुण कु. गुप्ता का कहना है कि यह लापरवाही बीस सूत्री अध्यक्ष की है। बैठक या बैठक का एजेंडा तय करना तथा बैठक में योजनाओं की समीक्षा आदि जिम्मेदारी बीस सूत्री अध्यक्ष की होती है। वहीं अपेक्षित सहयोग नहीं देने की शिकायत करते हुए बीस सूत्री अध्यक्ष सुधीर यादव ने स्थानीय प्रशासन को जबावदेह ठहराया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं संग पं. प्रतिनिधियों का भी आरोप है कि बीस सूत्री की बैठक आयोजित नहीं होने से योजना के सफल कार्यान्वयन तथा पारदर्शिता पर भी सवाल उठने लगा है।

अभाविप का प्रदेश अभ्यास वर्ग बेतिया में

अररिया : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का प्रदेश अभ्यास वर्ग बेतिया में आगामी 15 जून से 17 जून तक आयोजित है। अभ्यास वर्ग की सफलता को लेकर परिषद की बैठक रविवार को महिला कालेज में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता परिषद के जिला प्रमुख प्रो. शैलेन्द्र कुमार झा ने की। इस मौके पर परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष प्रो. एमपी सिंह ने बताया कि बेतिया में 15, 16 व 17 जून को आयोजित जिले से शिक्षक छात्र कार्यकर्ता भाग लेंगे। मौके पर प्रदेश कार्य समिति सदस्य कुणाल प्रियदर्शी, सुकांत आदर्श, नगर अध्यक्ष प्रो. अनिल मिश्र, रविशंकर यादव, कालेज मंत्री चंदन शर्मा, सत्यवान मालाकार कौशल, कार्तिक आदि मौजूद थे।

कुर्सेला-रानीगंज मार्ग पर किसानों का अवैध कब्जा


रानीगंज (अररिया) : कुर्सेला-फारबिसगंज स्टेट हाइवे का आधा हिस्सा इन दिनों किसानों के कब्जे में है। जिन पर वे फसलों की तैयारी से लेकर अनाज सुखाने तक का काम ले रहे हैं। इससे न सिर्फ वाहनों के परिचालन पर असर पड़ रहा है बल्कि सड़क दुर्घटनाएं भी बढ़ गयी है।
कुरसेला से जोगबनी तक जाने वाली राज्य उच्च पथ 77 पर जगह-जगह किसान अस्थायी अतिक्रमण कर मकई, मूंगफली, मिर्च आदि फसल तैयार करने में उसका उपयोग खलिहान की तरह कर रहे हैं। हसनपुर ग्राम से लेकर मिर्जापुर कोठी तक किसानों ने खेत से कटे मकई फसल को तैयार करने के लिए सड़क पर ही थ्रेसर (दाना तैयार करने की मशीन) लगा दिया है। तैयार मकई के दाने से डंठल को अलग कर फसल को सड़कों पर ही सूखा रहे हैं। 7 मीटर चौड़ी सड़क पर आने और जाने के लिए डिवाइडर चिन्हित किया गया है। परंतु किसानों द्वारा सड़क के एक भाग का अतिक्रमण होने के कारण वाहनों का परिचालन सड़क के दूसरे भाग से ही संभव है। बढ़ते वाहनों की संख्या एवं उसके परिचालन का दवाब होने के कारण सड़कों पर जाम की स्थिति रहती है। वहीं दूसरी ओर सड़क दुर्घटनाओं की संख्या भी बढ़ गयी है। हालांकि जिला पुलिस प्रशासन ने पंचायत के सरपंचों को इस प्रकार की समस्या पर नजर रखने एवं उसके समाधान की जिम्मेदारी सौंपी है परंतु स्थानीय होने के कारण किसानों के हठ एवं मजबूती के आगे वे पंगु बने हुए है।

वयोवृद्ध समाजसेवी की मौत


अररिया: अररिया शहर के महावीर रोड मारवाड़ी पट्टी निवासी वयोवृद्ध समाजसेवी मूलचंद जी मालू का रविवार को निधन हो गया। वे शतायु थे। मूल रूप से व्यवसायी रहे मूल चंद मालू बेहद धार्मिक प्रवृति के थे तथा सामाजिक कार्यो में खूब रुचि लेते थे।
उनके निधन पर व्यवसायी शांति लाल जैन, भैरोदान भूरा, अजय वैद, संजय चिंडालिया, विनोद चिंडालिया, युवराज छाजेड़ सहित राजस्थानी समाज के दर्जनों लोगों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।

मत्स्यजीवी सहयोग समिति का चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न



फारबिसगंज(अररिया) : प्रखंड स्तरीय मत्स्यजीवी सहयोग समिति फारबिसगंज का दो पदों के लिए मतदान की प्रक्रिया रविवार को फारबिसगंज प्रखंड कार्यालय में संपन्न हो गया। जिसमें अध्यक्ष पद के लिए सुकदेव बहरदार 195 तथा मंत्री/ कोषाध्यक्ष पद के लिए पहाड़ी बहरदार 192 मत निर्वाचित घोषित किए गये। मछुआरा समिति के प्रखंड के कुल 393 मतदाताओं में से 344 महिला पुरूष मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। समिति के दो पदों के लिए चुनाव में छह प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे थे। मौके पर निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ किशोर कुमार दास मौजूद थे। इससे पूर्व समिति के ग्यारह सदस्य निर्विरोध घोषित किये जा चुके हैं। मतदान की प्रक्रिया रविवार सुबह सात बजे से आरंभ हुई जो शाम चार बजे संपन्न हो गयी। चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए दो उम्मीदवार देवनारायण बहरदार तथा सूर्यदेव बहरदार मैदान में थे। जबकि मंत्री /कोषाध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवार अमर बहादुर, गंगा बहरदार, पहाड़ी बहरदार तथा सत्यनारायण बहरदार चुनाव लड़ रहे थे।

परिवार नियोजन आपरेशन के मरीज भी अब होने लगे रेफर


फारबिसगंज (अररिया) : सीमांचल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाएं छलावा मात्र है। सरकारी से लेकर निजी अस्पतालों में मरीजों की जान सांसत में रहती है। स्थिति यह है कि जिले में बिना एनस्थेसिया के विशेषज्ञ चिकित्सक के ही परिवार नियोजन के आपरेशन जान जोखिम में डालकर किए जाते रहे है। इससे भी बड़ी बात यह है कि स्वास्थ्य सेवा के हालात इतने खराब हो गये कि परिवार नियोजन के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचने वाली महिलाएं भी बड़ी संख्या में वापस कर दी गयी।
सरकारी अस्पतालों ने मुफ्त में परिवार नियोजन का आपरेशन करने से जनवरी-फरवरी माह में हाथ खड़े कर दिए थे। जिसके बाद आपरेशन के लिए अस्पताल पहुंच रहे महिला-पुरुष सीमापार नेपाल की ओर रुख कर लिया। जबकि इससे पहले स्थिति यह थी कि नेपाल के मरीज तक यहां के अस्पतालों में परिवार नियोजन का आपरेशन कराने पहुंचते है। दिसंबर 2011 के बाद इस आपरेशन की प्रोत्साहन राशि जिला में काफी विलंब से सीमित मात्रा में दी गयी। जनवरी-फरवरी में जो थोड़ा-बहुत आपरेशन अस्पतालों में हुआ उसमें काटन-बैंडेज से लेकर अन्य दवाइयों तक के खर्च मरीजों ने खुद वहन किये। प्रोत्साहन राशि 600 रु. मिलने की भी आस टूटती दिखी। एनस्थेसिया विशेषज्ञ की कमी को ढ़ंकने के लिए विभाग ने जिले में दो चिकित्सकों को इसका प्रशिक्षण दिलवाया। परंतु दो प्रशिक्षित लोग पूरे जिले के अस्पतालों को कैसे संभालतें होंगे यह सोचने की बात है। सिविल सर्जन हुस्न आरा कहती है कि एनेस्थेसिया के विशेषज्ञ चिकित्सक जिला में एक भी नही है। दो लोगों को इसके लिए प्रशिक्षित कर काम चलाया जा रहा है। वे मानती है कि चिकित्सक अपने रिस्क पर परिवार नियोजन का आपरेशन करते है। अगर कोई केस खराब हो जाये तो लेने के देने पड़ सकते हैं। इधर फारबिसगंज के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. हरिकिशोर सिंह ने भी माना कि जनवरी-फरवरी माह में दवा एवं फंड नहीं रहने के कारण महिलाएं वापस लौटी अन्यथा परिवार नियोजन आपरेशन के आंकड़े अधिक होते। हालांकि उन्होंने कहा कि बाद में फंड उपलब्ध हो गया था।

कैलाश को मैट्रिक में मिला 82.2 प्रतिशत

रानीगंज(अररिया) : प्रखंड के सुदूरवर्ती लकुनवा गांव के कैलाश कुमार यादव ने मैट्रिक की परीक्षा 82.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे प्रखंड में प्रथम स्थान पर रहे। वहीं हसनपुर छर्रापट्टी गांव की पूजा कुमारी ने 81.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर छात्राओं में प्रथम रही। लाल जी उच्च विद्यालय रानीगंज के दोनों होनहार छात्रों को क्रमश: 411, 409 अंक प्राप्त हुआ है। सहदेव यादव के पुत्र कैलाश ने आगे की पढ़ाई को और बेहतर करने की बात कही है। वहीं रमेश प्रसाद साह की पुत्री पूजा कुमारी भी किसी अच्छे संस्थान से तकनीकी शिक्षा प्राप्त करना चाहती है।

जमकर मारपीट, एक दर्जन घायल


कुसियारगांव (अररिया) : जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विगत 24 घंटे के अंदर दो पक्षों के बीच जमकर हुई मारपीट में एक दर्जन से ज्यादा लोग बुरी तरह घायल हो गये। इसमें कई महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों का इलाज सदर अस्पताल अररिया में चल रहा है। चिकित्सक ने तीन को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है।
घायलों में गैयारी के वसीला, भनसिया के मंजर आलम, नजाम बुधेश्वरी रामपुर, मो. सवन मैनापुर, आसिन पुरंदाहा, राकिब मैनापुर, निजाम सलागढ, अबूल हफिज, विलकेश बेलवा, मरियम चिकनी, छोटू मदनपुर, बीबी जूबेदा ककरवा बस्ती, शनम, इरशाद, सवाना, डुमरिया शामिल हैं।

कुत्ता काटने से छह वर्षीय बालक की मौत


कुसियारगांव (अररिया) : रेबिज के असर से फारबिसगंज अनुमंडल क्षेत्र के पोटिया गांव के मो. जसिम के छह वर्षीय पुत्र मो. अलबिन की मौत शनिवार भागलपुर मेडिकल कालेज में हो गयी।
जानकारी के अनुसार पीड़ित अलबिन को कुछ दिन पूर्व कुत्ते ने काट लिया था। परिजनों द्वारा उसे एवीएस की सूई नहीं लगवायी गयी। जिससे बच्चे में रेबीज का असर हो गया। शुक्रवार को परिजन द्वारा सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया। जहां डा. विनोद विश्नोई ने स्थिति नाजुक को देखते हुए कटिहार रेफर कर दिया। फिर पीड़ित को भागलपुर मेडिकल कालेज भेज दिया गया जहां शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गया।

अवैध हथियार व फर्जी राशन कार्ड मामले में दो पर प्राथमिकी



बसैटी (अररिया) : बौसी थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव के जनवितरण दुकानदार गीता चौधरी एवं उनके पुत्र गगन चौधरी को रविवार को अवैध हथियार एवं जिंदा कारतूस रखने तथा गरीबों के हकमारी के आरोप में न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं थाना में दो अलग-अलग प्राथमिकी थाना कांड सं. 73/12 एवं 74/12 दर्ज किया गया।
इससे पूर्व एसडीओ डा. विनोद कुमार, एमओओ अरुण शक्ति देव ने घटनास्थल पर पहुंचकर बरामद अनाज, स्टाक पंजी, राशन कार्ड, राशन कूपन आदि की जांच की। जांच के क्रम में गरीबों का राशन कूपन, मृत लोगों के नाम से अंत्योदय, बीपीएल कार्ड की पुष्टि हुई। एसडीओ श्री कुमार ने बताया कि यह कार्ड लाभुकों के पास रहनी चाहिए थी। अवैध भंडारण का भी मामला सामने आ रहा है जांच प्रक्रिया चल रही है। पूरी जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। मालूम हो कि शनिवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जनवितरण दुकानदार गीता चौधरी के घर में अवैध हथियार है इसको लेकर एसपी शिवदीप लांडे के निर्देश पर एसडीपीओ मो. कासीम, थाना टुनटुन पासवान, एसपी के स्पेशल टीम के सदस्यों ने छापा मारा जिसमें गगन चौधरी के पलंग से दो देशी कट्टा तथा अठारह पीस जिंदा कारतूस बरामद हुआ था एवं बहुत सारे बीपीएल, एपीएल राशन कूपन तथा कालाबजारी से बेचने के लिए रखे गेहूं व अनाज बरामद हुआ था।

पुलिस के साथ दु‌र्व्यवहार मामले में उत्पाद निरीक्षक हिरासत में

फारबिसगंज (अररिया) : संपत्ति विवाद के मामले में कथित रूप से घर का ताला तोड़कर सामान लूटने तथा घटना की जांच करने पहुंची पुलिस के साथ कथित दु‌र्व्यवहार के आरोप में एक उत्पाद निरीक्षक सहित दो लोगों को पुलिस ने रविवार को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए उत्पाद निरीक्षक अमर कुमार गुप्ता शहर के वार्ड संख्या 24 के काली टोला निवासी हैं जो गुजरात के अहमदाबाद में पदस्थापित हैं। उत्पाद अधिकारी श्री गुप्ता सहित परिवार के करीब आधा दर्जन से अधिक महिला पुरुष पर अलग-अलग दो प्राथमिकी फारबिसगंज थाना में दर्ज करायी गयी है। थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जांच करने गए अनुसंधान कर्ता आरपी राय के साथ उत्पाद अधिकारी श्री गुप्ता सहित गीता देवी, वासमती देवी, किरण देवी, शंकर प्रसाद साह, सदानंद साह सहित दो अन्य के द्वारा दु‌र्व्यवहार किया गया। अनुसंधान कर्ता श्री राय के द्वारा इन लोगों के खिलाफ थाना में कांड संख्या 198/12 दर्ज कराया गया है। हिरासत में लिए गए उत्पाद निरीक्षक सहित अन्य से पुलिस की पूछताछ जारी थी।

वाहन चोरी मामले में कृषक व शिक्षक गिरफ्तार

फारबिसगंज (अररिया) : करीब एक माह पूर्व सिमराहा ओपी क्षेत्र से सवारी गाड़ी की चोरी मामले में पुलिस ने पंचायत स्तरीय कृषक सलाहकार व एक निजी विद्यालय के शिक्षक को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। सवारी गाड़ी बीआर 11 जे/4232 को वापस करने के नाम पर इन आरोपियों ने गाड़ी मालिक मानिकपुर निवासी सह सिमराहा ओपी कांड संख्या 165/12 के आवेदक से पिछले दिनों 70 हजार रुपया वसूला गया था। गिरफ्तार किए गए प्रखंड के झिरूआ पुरवारी पंचायत के कृषक सलाहकार सिमराहा कालोनी निवासी नीरज मंडल तथा फारबिसगंज के सीवी रमण एकेडमी के शिक्षक नरपतगंज थानाक्षेत्र के बरियारपुर निवासी संतोष राम को सिमराहा पुलिस ने रविवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया। इससे पूर्व दोनों से पूछताछ करने के लिए अररिया एसपी शिवदीप लांडे फारबिसगंज थाना पहुंचकर छानबीन की। एसपी ने कहा कि चोरी की सवारी गाड़ी की बरामदगी नहीं हुयी है। संभवत: गाड़ी को नेपाल भेज दिया गया है।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश का कैंप कोर्ट

अररिया: पूर्णिया के जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय कुमार शनिवार को स्थानीय अदालत में कैंप कोर्ट किए जहां विभिन्न मामलों की सुनवाई की गयी। वहीं अधिवक्ताओं की मांग पर माननीय जिला न्यायाधीश ने पूर्व लंबित अग्रिम जमानत अर्जी की सुनवाई के लिए अलग-अलग तिथि निर्धारित कर दी है। जिला न्यायाधीश श्री कुमार कैंप कोर्ट के निमित दायर विभिन्न जमानत अर्जी समेत अन्य मामलों की सुनवाई पूरी की।

डीपी थर्ड: सात तक लिए जायेंगे परीक्षा फार्म


अररिया : बीएनएमयू अंतर्गत वर्ष 2012 की स्नातक तृतीय खंड परीक्षा के लिए फार्म भरने की तिथि बढ़ा दी गयी है। यह जानकारी फारबिसगंज कालेज के प्राचार्य डा. सतीन्द्र कुमार ने रविवार को दी।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब डीपी थर्ड के परीक्षा प्रपत्र कालेज काउंटर पर सात जून तक लिए जायेंगे, लेकिन इसके लिए छात्रों को विलंब दंड देना होगा।

छापेमारी में दो गिरफ्तार

फारबिसगंज(अररिया) : शहर के अलग-अलग स्थानों पर होटलों में शनिवार की संध्या फारबिसगंज थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 40 पाउच देशी शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना के अ.नि. राजन कुमार के नेतृत्व में ज्योति सिनेमा के समीप स्थित काजल होटल से 18 पाउच शराब के साथ प्रकाश मंडल को तथा जुम्मन चौक विश्वकर्मा धर्मकांटा के निकट जैना होटल से 22 पाउच शराब के साथ पवन कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 47(ए) उत्पाद अधिनियम के तहत थाना में कांड संख्या 199/12 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों को रविवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया। यह जानकारी थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ठाकुर ने दी।

भजनपुर गोलीकांड के एक वर्ष पूरा होने पर कार्यक्रम



अररिया : फारबिसगंज के भजनपुर गोलीकांड के एक वर्ष पूरे होने के मौके पर रविवार को टाउन हाल अररिया में श्रद्धांजलि सभा सह विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। अनहद स्वयं सेवी संस्था द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर की सामाजिक कार्यकर्ता शबनम हाशमी बोलीं कि एक वर्ष बीत जाने के बाद भी पीड़ितों को न्याय मिलना तो दूर न्याय से वंचित रखने का काम किया गया। आज तक मृतक के परिजन को किसी प्रकार की सहायता नहीं मिल पाई है। कांग्रेसी नेता डा. शकील अहमद खां ने कहा कि बिहार सरकार इस पूरे प्रकरण में संवेदनहीन बनी हुई है। सरकार ने जांच के लिए जस्टिस माधवेन्द्र शरण की अध्यक्षता में गठित जांच आयोग भी न्याय दिलाने में लचर दिखती है। इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता रूपेश, अरशद अजमल एवं अनवरी खातुन ने कहा कि पीड़ित पर समझौता के लिए दबाव बनाया जा रहा है। घटना के एक वर्ष तक सन्नाटों का मंजर कोई देखने नही आया। बिहार सरकार एक सोची समझी राजनीति के तहत भाजपा एवं आारएसएस के दवाब में पीड़ितों को इंसाफ नहीं दिया। अनहद ने अपनी पांच सूत्री मांगें पेश की। जिसमें भजनपुर गोली कांड की सीबीआई जांच, पीडि़त परिवार को मुआवजा, पीडि़त परिवार के एक व्यक्ति को नौकरी, इंदिरा आवास एवं दोषी पुलिस कर्मी के निलंबित करने की मांग शामिल है। कार्यक्रम का संचालन मो. दैयान ने किया। मौके पर ओवेश यासीन, आबिद अंसारी, मजहरूल हक आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

सिकटी विधायक के खिलाफ चार्जशीट


अररिया : सिकटी के अंचल पदाधिकारी को धमकाने के लंबित मामले में सिकटी के विधायक आनंदी प्रसाद यादव के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल हुआ है। उक्त चार्ज शीट कई वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्गत प्रतिवेदन के बाद अनुसंधान कर्ता ने समर्पित किया है।
सिकटी के सीओ सुरेन्द्र कुमार पांडे ने बिहार विधान सभा सदस्य आनंदी प्र. यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराया था। 18 फरवरी 12 को दर्ज सिकटी थाना कांड संख्या 22/12 में श्री यादव को नामजद आरोपी बनाया गया। आरोप लगाया गया कि 17 फरवरी 12 की रात्रि सिकटी विधायक श्री यादव ने अपने मोबाइल से सिकटी सीओ पर गलत लोगों को बासगीत पर्चा देने के लिए दवाब डाला। इस दौरान विधायक ने सीओ को अंजाम भुगतने की धमकी दी।
इस संबंध में अररिया के पुलिस अधीक्षक तथा पूर्णिया प्रक्षेत्र के डीआईजी द्वारा इस मामले में पर्यवेक्षण भी किया गया। साथ ही सिकटी विधायक के खिलाफ पूर्व में लंबित कई प्राथमिकियों का भी उल्लेख किया गया। अनुसंधानकर्ता ने विधायक के खिलाफ चार्ज शीट संख्या 36/12 दिनांक 30 अप्रैल 12 के तहत भादवि की धारा 504, 506 में अपना चार्ज शीट कोर्ट में दाखिल कर दिया है। सनद रहे कि विधायक श्री यादव के खिलाफ उक्त अदालत ने पूर्व में गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया था।

अंधे नालों में उलझ गई अररिया की सीवर लाइन


अररिया : अररिया की भूगर्भीय संरचना ही ऐसी है कि यहां की बलुआही मिट्टी ऊपर से गिरने वाले जल को सोख लेती है। शायद इसीलिए जल निकासी के नाम पर करोड़ों का अपव्यय फिलहाल आक्रोश की लहरें पैदा नहीं कर रहा। लेकिन भ्रष्टाचार के पाप का बोझ ढोते-ढोते यहां की ब्लाटिंग जैसी धरती भी अब बोझिल होने लगी है।
बारिश की पहली बौछार में ही जिले के तीनों शहरों अररिया, फारबिसगंज व जोगबनी के कई मुहल्ले नरक में तब्दील हो जाते हैं। अकेले अररिया शहर में एक दर्जन से अधिक स्थान ऐसे हैं जहां लगातार गंदे पानी का जमाव बना रहता है। विगत एक दशक में जल निकासी नाला निर्माण के नाम पर करोड़ों की राशि खर्च की गयी, पर सारे नाले अंधे बन गये हैं। आप स्वयं जाकर देख लीजिए कि इनसे पानी नहीं निकलता, बल्कि ये मच्छर प्रजनन केंद्र बनकर रह गये हैं।
किसी भी शहर में अब तक सीवर लाइन का निर्माण नहीं हुआ है, न ही निकट भविष्य में होने की संभावना नजर आती है। तीनों ही शहरों में तकरीबन पांच दर्जन जगहों पर खुले नालों का निर्माण जरूर हुआ है पर तकनीकी गड़बड़ी और कमीशनखोरी की वजह से वे बेकार साबित हुए हैं।
शहरवासी एक सवाल का जवाब चाहते हैं कि जब नालों से जल निकासी नहीं होती तो उन्हें बनाया ही क्यों गया था? किस अधिकारी ने इसकी स्वीकृति दी?
अररिया में काली मंदिर चौराहे से पश्चिम की ओर लाखों की लागत से सड़क के दोनों तरफ दो अलग-अलग नाले बनाये गये। लेकिन इन्हें महिला कालेज से पहले ही जाकर रोक दिया गया। क्या अधिकारियों को यह नहीं दिखा कि वहां गंदे जल का निस्तारण किस तरह होगा। आज ये दोनों नाले अस्तित्वहीन बन गये हैं। इसी तरह स्टेट बैंक रोड से आश्रम रोड के किनारे कवर्ड नालों का निर्माण किया गया। निर्माण में कमीशनखोरी व घटिया सामग्री लगने से नालों के ढक्कन टूट कर जानलेवा साबित हो रहे हैं। आजादनगर मुहल्ले में बने नालों का भी यही हाल है। हटिया रोड में तीन बार नाले बने, लेकिन तीनों बार उन्हें भथ दिया गया। आखिर नप के कारिंदे क्या करते हैं?
सबसे बड़ी बात नाला निर्माण की प्रक्रिया को लेकर है। जब भी नगर निकाय में कोई पैसा आता है तो उसे वार्डो के बीच हिस्सा बराबर करके बांट दिया जाता है। अरे, भईया, राजनीति की तलवार ने भले ही वार्डो की विभाजन रेखाएं खींच दी हैं, नाला, बिजली लाईन, कचरों का निस्तारण, मार्केट जैसी कई चीजें तो कामन हैं। इनके विकास के बारे में मिलकर कोई योजना क्यों नहीं बनाते?
इधर, शहर में सीवर लाइन अभी भी दूर की कौड़ी ही नजर आती है। यहां तक कि नाला निर्माण को लेकर भी कोई समेकित योजना नहीं बनायी गयी है। आखिर गंदे जल का निस्तारण आप किस तरह करना चाहते हैं? कहां जायेगा शहर का गंदा पानी? शहर के सैप्टिक टैंकों के मैला निस्तारण की क्या योजना बनायी गयी है? सब सवालों का नगर परिषद की ओर से एक ही जवाब: इस दिशा में जल्द ही ठोस पहल की जायेगी।

टेरा फिल्टर घोटाले की जांच का आदेश


अररिया : पानी में गया पानी का पैसा शीर्षक वाली खबर एक जून को जैसे ही प्रकाशित हुई कि शिक्षा विभाग के आलाधिकारियों की नींद खुल गई। समाचार प्रकाशन के साथ ही जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद ने मामले की गहन जांच का आदेश दिया है। श्री प्रसाद ने सभी बीईओ को पत्र लिखकर एक-एक स्कूल जाकर टेरा फिल्टर की जांच कर रिपोर्ट करने का निर्देश दिया है। बीईओ के नाम जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि स्कूल में भौतिक सत्यापन के दौरान टेरा फिल्टर में लगाये गए सामानों की गुणवत्ता भी जांचने का सख्त निर्देश है। इसके अतिरिक्त एमएसडीपी योजना मद से 372 स्कूलों में 32-32 बेंच-डेस्क का क्रय करना था। डीईओ ने पत्र में बेंच-डेस्क में प्रयोग किए गए लकड़ी के बारे में भी जानकारी एकत्र करने को कहा गया है।
ज्ञात हो कि एमएसडीपी योजना के तहत जिले के 372 विद्यालयों में बेंच-डेस्क व टेरा फिल्टर लगाने की योजना गत वर्ष चलाई गई। बेंच डेस्क के नाम पर प्रावि को 50 हजार व मवि को 80 हजार रुपया आम लकड़ी से 32 बेंच-डेस्क बनाने के लिए राशि आवंटित की गई थी। जबकि 33 हजार रु. प्रति स्कूल में टेरा फिल्टर लगाने के नाम पर एक करोड़ 9 लाख रुपया खर्च किया गया। लेकिन इस सरकारी राशि में जमकर बंदरबांट हुई।
अगर, मामले की निष्पक्ष जांच हुई तो सरकारी राशि के दुरुपयोग का एक और मामला सामने आ सकता है।

राशन-केरोसीन का खेल जारी, नहीं रूकी कालाबाजारी


अररिया : आपूर्ति विभाग के तमाम दावों के बीच जिले में राशन-केरोसीन का खेल जारी है। जिले में बीत चार माह के दौरान लगभग एक हजार क्विंटल अनाज की बरामदगी इस बात को पुष्ट करती है कि यहां गरीबों के हक की कालाबाजारी हो रही है। माफिया, डीलर और आपूर्ति विभाग की सांठगांठ में यह खेल बदस्तूर जारी है।
हाल के महीनों में पुलिस अधीक्षक शिवदीप लाडे ने अररिया, जोकीहाट, रानीगंज आदि जगहों पर छापा मारकर 1000 क्विंटल से अधिक अनाज जब्त करने में सफलता पायी है। प्रत्येक जब्ती के बाद इस तथ्य का खुलासा हुआ कि सभी माल डीलरों द्वारा कालाबाजारियों के हाथों बेचा गया है। एसपी श्री लांडे ने बताया कि गरीबों की थाली से रोटी छीनने वाले कालाबाजारियों पर लगाम लगना चाहिए। क्योंकि जब तक गरीबों की थाली से रोटी छिनती रहेगी, तब तक देश और समाज खुशहाल नहीं हो सकता। उन्होंने बताया कि यह अलग बात है कि राशन केरोसीन के खेल अधिकारी की पोल नहीं खुल पाता लेकिन बिना उनके सहयोग से कालाबाजारी का धंधा नहीं चलाया जा सकता है। डीलरों को आपूर्ति होने वाली राशन और केरोसीन गरीबों के बीच बंट भी रही है या नहीं इसकी जांच प्रत्येक माह प्रखंड आपूर्ति को करना है। जांच के अभाव में ही गरीबों के बीच में नहीं बांटकर काला बाजार में भेज देते हैं। सूत्रों की मानें तो जिले में अनाज के दो दर्जन ऐसे बड़े माफिया हैं, जो प्रत्येक पंचायत अपनी लागत से छोटे-छोटे ब्रोकरों को खड़ा कर रखा है। ये ब्रोकर पंचायत स्तर पर मघ्याह्न भोजन योजना एवं डीलरों के अनाज खरीदते हैं, फिर उसे बड़े माफिया तक रात के अंधेरे में पहुंचा देते हैं। दो माह पूर्व हीं बैरगाछी ओपी से सटे अररिया बस्ती में डेढ़ सौ बोरी चावल व गेहूं जब्त की गयी थी। यह अनाज पलासी प्रखंड के दो डीलरों ने एफसीआई से माल उठाकर कालाबाजारियों के हाथों बेच दिया था। बताया जा रहा है कि बैरगाछी के खरीदार को जोकीहाट के किसी बड़े माफिया ने अपनी पूंजी लगाकर खड़ा किया था। इससे कुछ दिन पहले ही बैरगाछी पुलिस ने दो लोगों को स्कूल से पंद्रह बोरी चावल खरीदने के आरोप मे गिरफ्तार किया था। बाद में पुलिस ने चावल बेचने के एक आरोपी विशिश अघ्यक्ष पति को भी गिरफ्तार करने में सफलता पायी। इस घटना से पूर्व ही गुप्त सुचना के आधार एसपी ने टेढ़ागाछ से ला रहे करीब 300 क्विंटल अनाज जब्त करने में सफलता पायी थी। रानीगंज के बसैटी स्थित भवानीनगर में जब्त हुई अनाज आज लोगों को कालाबाजारियों के खेल को फिर से ताजा कर दिया है।

Sunday, June 3, 2012

डीलर के घर से अवैध हथियार व गोली बरामद


बसैटी (अररिया) : जिले में मुर्दे के नाम पर चल रहे राशन-केरोसीनके खेल का शनिवार को पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बौसी थाना क्षेत्र के भवानीनगर गांव में छापेमारी कर एक डीलर के घर से बड़ी संख्या में फर्जी राशन कार्ड, डेढ़ हजार बोरी अनाज तथा दो देसी पिस्तौल व 17 कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने डीलर गीता चौधरी और उनके पुत्र गगन चौधरी को गिरफ्तार भी कर लिया है।
एसपी शिवदीप लांडे ने बताया कि जिले में मुर्दे और फर्जी नाम पर राशन-केरोसीन का खेल चल रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि भवानीपुर के डीलर इस खेल की महत्वपूर्ण कड़ी है। डीलर के घर से बड़ी संख्या में लाल, पीला, हरा राशन कार्ड और राशन-केरोसीन कूपन बरामद किया गया है। एसपी ने कहा कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस ने डीलर के घर से बरामद डेढ़ हजार बोरी अनाज को गोदाम में सील कर दिया।
एसपी की सूचना पर एसडीओ डॉ. विनोद कुमार भी मौके पर पहुंचे। एसडीओ ने बरामद कार्ड और अनाज की जांच शुरू कर दी है। छापेमारी अभियान में डीएसपी मो. कासिम, स्पेशल टीम के एसआइ अरविंद, पंकज, थानाध्यक्ष टुनटुन पासवान, पुलिस निरीक्षक ललन पांडे, सहित पुलिस जवान शामिल थे।

सांसद ने किया सड़क का शिलान्यास


नरपतगंज (अररिया) : नरपतगंज प्रखंड के पलासी पंचायत के सार्वजनिक पुस्तकालय डुमरिया मोड़ के निकट शुक्रवार को सांसद प्रदीप सिंह ने प्रधानमंत्री सड़क योजना अंतर्गत सड़क का शिलान्यास किया। रेवाही खाब्दह पलासी पंचायत के कई गांवों के बीच से निकली सड़क फारबिसगंज पावर ग्रिड के निकट एनएच 57 पर यह सड़क मिलेगी।
इस मौके पर सांसद ने कहा कि जिले का कोई भी गांव सड़क से वंचित नही रहेगा। सभी ग्रामीण सड़कों को पास के एनएच से जोड़ा जा रहा है। आज किसी भी गांव से पटना की दूरी सड़क मार्ग से महज छह घंटे में तय किया जा सकता है। शिलान्यास के इस कार्यक्रम में प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष उमानंद राय, भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष शंकर सिंह, सुरेन्द्र भगत उर्फ बाबा, पलासी मुखिया मनोज मंडल, प्रदीप मंडल, मो. हफाज, मो. खुर्शीद आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।

जब चली बात, हो बात फूलों की..


अररिया : फूल बने हैं राह के काटे,ये सब मेरी मां की दुआ है..। फूलों पर यह अवामी शायर हारुण रसीद गाफिल की नजर है। इन पर आम नजरें जाती तो जरूर हैं, लेकिन भौतिकता की तलाश में भटक रही आंखें शायद इन्हें नहीं देख पाती।
हिमालय तराई की गोद में बसे अररिया जिले को कुदरत ने दोनों हाथों से दिया है। कुदरत की नियामत के रूप में यहां के खूबसूरत फूल जंगलों में खिलते हैं, अपनी महक बिखेरते हैं और फिर वहीं की मिट्टी में मिल जाते हैं। लेकिन रोग, पीड़ा व स्वास्थ्य संबंधी मजबूरियों से त्रस्त ग्रामीण आबादी का एक बड़ा हिस्सा इन फूलों व वनस्पतियों का आम जन जीवन में खुशियों के फूल खिलाने के लिए भरपूर इस्तेमाल करता है।
एक अध्ययन के अनुसार अररिया जिले में वाइल्ड फूलों की तकरीबन दो सौ प्रजातियां हैं। इन सबका अलग-अलग इस्तेमाल होता है। अमलतास (कैसिया फिस्टुला) के पीले फूल और बाद में लगने वाले लंबे फल पेट संबंधी कब्ज व अन्य गड़बडि़यों की अचूक औषधि हैं। इसी तरह जिले के ग्रामीण कटैया के फूल व बीजों का प्रयोग चर्मरोग से छुटकारा पाने के लिए करते हैं। पेड़ पर लगने वाले गजरेनुमा फूलों व वनस्पति का प्रयोग कान की जड़ में होने वाले घाव से निजात पाने के लिए किया जाता है।
यहां के जंगलों में भरपूर सुगंध वाले कई फूल हैं, जो जंगल में ही अपनी सुगंध बिखेर कर मिट्टी में मिल जाते हैं। इनमें बेली, तग्गड़, कदंब, चंपा, स्वर्णचंपा, जूही, चमेली, कनेर आदि प्रमुख हैं। बैसाख के महीने में यहां के ग्रामीण इसरगत नामक फूल वाले पौधे की लकड़ी ताबीज की तरह प्रयोग करते हैं, ताकि सर्पदंश से बचा जा सके। अररिया कालेज में वनस्पति विज्ञान के विभागाध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार के अनुसार गांवों के लोग पूजा व सजावट के अलावा कई प्रकार की बीमारियों में भी इनका प्रयोग करते हैं। उन्होंने बताया कि इन फूलों के बारे में छिटपुट तरीके से काम हुआ है। इनका वैज्ञानिकतरीके से विस्तृत अध्ययन आवश्यक है। प्रो. कुमार ने बताया कि फूलों की मदद से ही इन दिनों कई दवा कंपनियां औषधि निर्माण कर उन्हें मार्केट में उतारती हैं। वहीं, शादी विवाह व अन्य आयोजनों में भी फूलों की मांग होती है। इस दृष्टि से अररिया जैसे इलाके में फ्लोरीकल्चर की भी पर्याप्त संभावनाएं हैं।
इधर, जिला कृषि पदाधिकारी नईम अशरफ ने बताया कि सरकार इन दिनों फूल व औषधीय पौधों की खेती के लिए खूब प्रोत्साहन दे रही है। किसानों को इस दिशा में आगे आना चाहिये।
बाक्स के लिए
रानी, महलानी व टहलानी ..
अररिया, जाप्र: शीर्षक ने शायद आपको थोड़ा चौंका दिया होगा कि फूलों में रानी और नौकरानी कहां से आ गयी। लेकिन यह कहानी इस धरती पर आम जन के फूलों से जुड़ाव की दास्तान है।
कोसी की घाटी में बसे इस क्षेत्र की अपेक्षाकृत उसर जमीन पर शुरूआती गर्मी के दिनों में एक प्लांट उत्पन्न होता है। इस पौधे में सुर्ख रंग के फूल खिलते हैं। इन फूलों में एक खास गुण है कि ये अपने पास आने वाले कीड़ों को खा डालते हैं। फूलों के बीच तीन पराग होते हैं जिन्हें उनकी ऊंचाई व सुंदरता के हिसाब से रानी, महलानी व टहलानी (नौकरानी) कहा जाता है। दंत कथा यह है कि सदियों पहले एक राजा को अपनी रानी पर संदेह हो गया था। उसने कुपित होकर रानी को शाप दे दिया। उस शाप से रानी व उनकी सहेलियां फूल के रूप में तब्दील हो गयी। वनस्पति शास्त्रियों की मानें तो यह प्लांट बाटनी में वर्णित ड्रोसेरा है। फूलों से जुड़ी ऐसी कई और दंतकथाएं हैं। जरूरत है उन्हें सहेजने की।

पुल निर्माण की मांग

रेणुग्राम (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के रमै पंचायत के ग्रामीणों ने कोशी परियोजना शाखा से लघु नहर आरडी 08 बिंदु पर पुल-पुलिया की जगह हयुम पाईप दिये जाने को लेकर जल संसाधन विभाग बिहार सरकार को पत्र लिखकर पुल निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा है कि 08 बिंदु स्थित छन्नु धार की चौड़िया लगभग 30 फुट है जहां काफी मात्रा में पानी का बहाव होता है ऐसे में उक्त स्थल पर पुल निर्माण अति आवश्यक है। उक्त स्थल होकर गांव की सड़क मुख्य सड़क में मिलती है।

64 साल में भी नहीं हुआ कुआड़ी हाट का विकास


कुर्साकांटा: प्रखंड का कुआड़ी हाट आजादी के 64 वर्ष बाद भी अपने भाग्य पर आंसू बहा रहा है। सुशासन में भी इस हाट की तस्वीर नहीं बदली। जबकि इस हाट से सरकार को हर साल लाखों का राजस्व मिल रहा है।
हाट में जगह जगह कूड़े कचरे का अंबार, जलजमाव व सड़े गले वस्तुओं का ढेर लगा रहता है। दुर्गध से लोग परेशान रहते हैं। हाट की जमीन अतिक्रमण की शिकार है। जिस कारण दुकानदारों, साग सब्जी बेचने वालों को बैठने तक की जगह नहीं मिल पा रही है।

मारपीट में आधा दर्जन जख्मी

कुसियारगांव: जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विभिन्न मामला को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में कई महिला सहित आधा दर्जन से ज्यादा लोग बुरी तरह जख्मी हो गये। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया है। जख्मी में मदनपुर के विमल यादव, जोकीहाट डूबा क नाजमिन सिमराहा थाना बौकरा निवासी करीममुद्दीन, महलगांव थाना बागनकर पुतली देवी, इसी थाना क्षेत्र बीबी रहिला खातुन शामिल हैं।

समाज सेवी का निधन

नरपतगंज: रेवाही पंचायत के 90 वर्षीय समाज सेवी मीर वली का निधन शनिवार के सुबह हो गया। मीरवली 30 वर्ष के उम्र से ही जमात में जाने लगे थे तथा जाति धर्म से उठकर सामाजिक कार्य में रुचि लेते थे। उनके जनाजे में अररिया विधायक जाकिर अनवर, जिला पार्षद इफ्तार आलम, पूर्व जिला पार्षद जहांगीर खां, मुखिया अब्दुल हामीद, जियावुल रहमान, मौलाना सुफी सिराज, मो. महफूज, मो. आजीम, हाजी सागीर उद्दीन, बदरे आलम, विपीन मेहता सहित हजारों लोग मौजूद थे।

डीआरएम ने किया जोगबनी और फारबिसगंज स्टेशन का निरीक्षण


फारबिसगंज (अररिया) : एनएफ रेल कटिहार मंडल के नवनियुक्त डीआरएम एके शर्मा ने शनिवार को फारबिसगंज और जोगबनी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। श्री शर्मा जोगबनी स्टेशन के निरीक्षण के उपरांत सड़क मार्ग से फारबिसगंज पहुंचे। पदभार संभालने के बाद जोगबनी और फारबिसगंज का उनका यह पहला दौरा था।
इस दौरान श्री शर्मा ने फारबिसगंज स्टेशन पर एक के बाद एक स्टेशन भवन के शौचालय, सहायक एसएम कार्यालय सह कंट्रोल रूम, जीआरएस, भोजनालय, रिटायरिंग रूम आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे फूट ब्रिज से स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 4 और 5 का भी निरीक्षण किया जो कि फारबिसगंज सहरसा रेल खंड अमान परिवर्तन के क्रम में निर्माण किया जाना है। इससे संबंधित नक्शे का अवलोकन करते हुए उन्होंने साथ चल रहे पदाधिकारियों को कई निर्देश भी दिए। इस दौरान युवा जदयू के जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ने डीआरएम को एक ज्ञापन सौंपते हुए प्लेटफार्म संख्या 1 और 2 के यात्री शेड में शीघ्र विस्तार, समुचित पेयजल और बिजली व्यवस्था सुचारू करने की मांग की। उन्होंने बताया कि स्टेशन का जनरेटर सिर्फ ट्रेनों के यातायात के वक्त ही चलाया जाता है जिस कारण यात्रियों को दिन में गर्मी तथा रात में अंधकार की मार झेलनी पड़ती है। डीआरएम श्री शर्मा के साथ वरिष्ठ डीओएम आरके मंडल, वरिष्ठ डीसीएम बीबी गुप्ता, वरिष्ठ डीईएनसी अजय कुमार, डीएन फोर बीके मिश्रा, डीएचटी बी चौधरी, आईओ डब्लू बी चक्रवती आदि थे।

दो पक्षों के बीच मारपीट, महिला घायल


कुर्साकांटा : कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के सझिया-रहटमीना गांव में शनिवार को पटवन के पैसा वसूली को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट में एक महिला घायल हो गयी। घायल महिला को बेहोशी की अवस्था में कुर्साकांटा पीएचसी पहुंचाया गया जहां उसका इलाज किया गया। इस घटना को लेकर पीड़िता सझिया रहटमीना निवासी शंकर मंडल की पत्‍‌नी सबिता देवी के लिखित आवेदन पर कुर्साकांटा थाना कांड संख्या 59/12 के तहत उसी गांव के श्रीचंद मंडल, गोवर्धन मंडल, बासुदेव मंडल, पारो देवी, उमा देवी, कारी देवी, संजू देवी, भूलो देवी सहित ग्यारह लोगों पर मामला दर्ज कराया गया है। थानाध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।

दो पक्षों में मारपीट

फारबिसगंज : फारबिसगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मझुआ गांव में आपसी विवाद को लेकर शनिवार को दो पक्षों में हुई मारपीट की घटना में राजदेव भगत की पत्‍‌नी बबली देवी जख्मी हो गयी। घायल का इलाज स्थानीय रेफरल अस्पताल में कराया गया।

फारबिसगंज डीएसपी को अंजाम भुगतने की धमकी


फारबिसगंज (अररिया) : देह व्यापार मामले में एनजीओकर्मी की गिरफ्तारी के बाद फारबिसगंज एसडीपीओ विकास कुमार को उसे छोड़ने के लिए धमकी दी गयी है। अंतराष्ट्रीय संस्था अपने आप वूमेन व‌र्ल्ड वाइड की संस्थापिका सह संचालिका रुचिरा गुप्ता पर एसडीपीओ को शुक्रवार की देर संध्या मोबाइल पर धमकी देने का आरोप लगा है। इस मामले में एसपी के दिशा-निर्देश पर फारबिसगंज थाना में एक सनहा दर्ज कराया गया है। एसपी शिवदीप लांडे ने बताया कि संस्था के मो. कलाम की गिरफ्तारी के बाद एनजीओ संचालिका द्वारा पुलिस पदाधिकारी पर दवाब बनाया गया तथा धमकी दी गयी।
एसपी ने बताया कि एनजीओ पदाधिकारी मनीष कुमार के मोबाइल पर रुचिरा गुप्ता ने फोन किया तथा मनीष ने अपने मोबाइल से एसडीपीओ से बात करायी। इस दौरान संचालिका ने मो. कलाम को बेवजह गिरफ्तार करने का आरोप लगाते हुए उसे छोड़ने को कहा। अन्यथा अंजाम भुगतने की धमकी दी।

चावल के अभाव में आधा दर्जन स्कूल में एमडीएम बंद

अररिया : जिला प्रशासन या फिर जिले का एमडीएम विभाग शत प्रतिशत स्कूलों में मध्याह्न भोजन योजना सुचारु रूप से चलने का दावा कर रहा हो, परंतु जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। जोकीहाट प्रखंड के बीईओ गयासउद्दीन अंसारी द्वारा पिछले 10 दिनों में जब स्कूलों का निरीक्षण किया गया तो एमडीएम योजना की सच्चाई सामने आ गई। बीईओ श्री अंसारी ने डीईओ को पूरी रिपोर्ट सौंपी है। बीईओ द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट के अनुसार जोकीहाट प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय थाकी मजकुरी, प्रावि बड़हुआ, प्रावि बगडहरा दक्षिण, नवसृजित प्रावि सोना पोखर तथा उमवि कोचटोला बलुआ में चावल के अभाव में कई दिनों से एमडीएम बंद है। इन स्कूलों के बच्चों को एमडीएम योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इधर डीईओ राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है।

देह व्यापार में धकेलने के आरोप में एनजीओ कर्मी गिरफ्तार


फारबिसगंज (अररिया) : नाबालिग युवती को देह व्यापार में धकेलने के आरोप में अपने आप वूमेन व‌र्ल्ड वाइड नामक एनजीओ के एक कर्मी को पुलिस ने शुक्रवार की संध्या गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार एनजीओ कर्मी भागकोहलिया वार्ड सं. 4 निवासी मो. कलाम पर देह व्यापार की पीड़ित लड़की सोनम कुमारी (काल्पनिक नाम) ने उसे इस धंधे में धकेलने का आरोप लगाया था।
ज्ञात हो कि बीते 12 फरवरी को फारबिसगंज रेड लाइट एरिया में पुलिस ने छापेमारी कर 25 पीड़ित लड़कियों और 44 पुरुषों को बरामद किया था। बरामद लड़कियों में से एक सोनम ने एनजीओ कर्मी कलाम पर उसे देह व्यापार में धकेलने का आरोप 164 के बयान में लगाया था। इधर अररिया एसपी शिवदीप लांडे ने कहा कि नाबालिग लड़की को एनजीओ कर्मी द्वारा देह व्यापार में धकेला जाना गंभीर मामला है। जबकि उक्त संस्था ने देह व्यापार में धकेली गई लड़कियों को राहत देने और मुख्य धारा में जोड़ने का काम भी करती है। एसपी ने बताया कि यूपी के बरेली मुरादपुर निवासी पप्पू यादव की पुत्री सोनम अपनी मां के साथ पंजाब गयी थी। जहां से असफाक नामक लड़का उसे कलियागंज भगाकर ले आया और खुद दुबई भाग गया। यहीं पर मो. कलाम उसे अपने विश्वास में लिया और मो. सोहिद नामक एक शादी शुदा युवक से सोनम का निकाह करा दिया। जिसके बाद सोनम को रेड लाइट एरिया में देह व्यापार के धंधे में झोंक दिया गया। एसपी ने बताया कि सोनम के अलावा बरामद बनमनखी निवासी रेहाना खातुन, ढोलबज्जा की रूकसाना तथा दिल्ली की चंदा कुमारी (काल्पनिक नाम) का बयान भी धारा 164 के तहत कोर्ट में दर्ज कराया गया है। सभी लड़कियों की कहानी अत्यंत दर्दनाक है। इस मामले में पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश भी कर रही है।

फर्जी हस्ताक्षर कर पूर्व मुखिया ने की तीन लाख की निकासी

जोकीहाट(अररिया) : फर्जी हस्ताक्षर के जरिए बैंक से तीन लाख से अधिक सरकारी राशि के निकासी का मामला प्रकाश में आया है। मामला प्रखंड के चकई पंचायत का है। मामले का खुलासा बीडीओ की जांच में हुआ है। बीडीओ ने बताया कि स्टेट बैंक अररिया शाखा एएमवाई से पंचायत सचिव विमल यादव के बीआरजीएफ खाता से तीन लाख चौबीस हजार रूपये की फर्जी निकासी का मामला प्रकाश में आया है। मामला चकई पंचायत का है। पंचायत सचिव विमल यादव ने बीडीओ मो. सिकंदर को आवेदन देकर जांच कर कार्रवाई की मांग की थी। बीडीओ श्री सिकंदर ने जब मामले की जांच की तो मामला सही निकला। बीडीओ ने बताया कि पंचायत सचिव विमल यादव के खाते से चेक संख्या 045320 से 045323 तक चार चेक के माध्यम से दिसबंर 2012 में बारी-बारी से फर्जी हस्ताक्षर कर राशि निकासी पूर्व मुखिया अशोक गुप्ता द्वारा की गई। बीडीओ श्री सिकंदर ने बताया कि इस सिलसिले में मुखिया श्री गुप्ता से स्पष्टीकरण पूछा गया लेकिन उन्होने कोई जबाब अब तक नहीं दिया।

घर बनाने को लेकर तनाव

जोकीहाट : जोकीहाट बाजार रामजानकी मंदिर के निकट तिलकचंद ततमा की जमीन पर विपक्षियों ने शनिवार को घर बनाने की कोशिश के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। इसको लेकर तिलकचंद ततमा ने थाने में कुछ लोगों के विरुद्ध आवेदन दिया है। आवेदन में श्री ततमा ने कहा है कि घर बनाने का विरोध करने पर विरोधियों द्वारा उसके परिजनों के साथ मारपीट की गयी। थानाध्यक्ष टीपी सिंह ने मामले की पुष्टि की है।

शिक्षक निलंबित


अररिया: अनैतिक व्यवहार करने के आरोप में थाना मध्य विद्यालय फारबिसगंज के नगर शिक्षक जगन्नाथ झा को डीईओ के तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
डीईओ राजीव रंजन प्रसाद द्वारा जारी आदेश के अनुसार नगर शिक्षक जगन्नाथ झा पर सरकारी सेवा में रहते हुए माया पब्लिक स्कूल का संचालन करने तथा स्कूली छात्र के साथ अनैतिक व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है। इधर डीईओ श्री प्रसाद ने बताया कि श्री झा के विरुद्ध प्रपत्र क में आरोप गठित किया जा रहा है।

नशा खुरानी गिरोह के शिकार हुए दो युवक

अररिया, : सीमांचल एक्सप्रेस में दिल्ली से चले ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के पलासी गांव के दो युवक नशा खुरानी गिरोह के शिकार हो गये। शनिवार की सुबह पीड़ित युवक के परिजनों ने अररिया कोर्ट रेलवे स्टेशन पर सीमांचल से उतार कर घर ले गये। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजनों ने गांव में ही दोनों का उपचार शुरू कराया है। देर शाम तक दोनों की मुर्छा नही टूट पायी थी। पीड़ित परिजनों ने बताया सीता राम झा का पुत्र ओंकार नाथ झा एवं दुलार चंद सिंह का पुत्र तारकेश्वर सिंह शुक्रवार को ही दिल्ली से अररिया के लिए चले। कानपुर के निकट युवक पटना में रह रहे अपने छोटे भाई से फोन पर बात भी की। पटना में युवक के छोटे भाई जब मिलने स्टेशन पहुंचे तो दोनों बेहोश पाये गये। साथ ही दोनों के बैग भी गायब थे। बाद में छोटे भाई ने दोनों को अररिया तक ले आये।

दिसंबर तक पूरा होगा जोगबनी इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट : गृह सचिव


जोगबनी (अररिया) : जोगबनी स्थित निर्माणाधीन एकीकृत चेक पोस्ट दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। इसके अलावा सीमा से गायब और क्षतिग्रस्त पीलरों की मरम्मत के लिए जल्द ही बिहार के गृह सचिव से बात की जाएगी। इंडो-नेपाल नो मेंस लैंड अतिक्रमण को जल्द ही हटाया जाएगा।
उक्त बातें शनिवार को हेलीकेप्टर से जोगबनी पहुंचे भारत सरकार के गृह सचिव आरके सिंह ने कहीं। वे यहां निर्माणाधीन एकीकृत चेक पोस्ट की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे। उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति के लिए जलजमाव को मुख्य वजह बताया। यद्यपि, उन्होंने दिसंबर 2012 तक निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
श्री सिंह ने कहा कि सीमा पर स्थित पीलरों की संख्या मांगी गई है। सूची मिलने के बाद दोनों देश इस दिशा में कार्य करेगा। एकीकृत चेक पोस्ट निर्माण की दिशा में नेपाल की तरफ से कार्य शुरू नहीं होने पर उन्होंने कहा कि इसके लिए नेपाल सरकार से बातचीत की जाएगी ताकि उस दिशा में भी अतिशीघ्र कार्यो को पूरा किया जा सके। गृह सचिव के साथ एसएसबी डीजी प्रणय सहाय, संयुक्त सचिव (सीमा प्रबंधन) राकेश सिंह, विशेष गृह सचिव (बिहार) प्रीता वर्मा, एसएसबी आईजी, आदित्य मिश्रा, डीआइजी केपी सिंह, बच्चू सिंह मीणा, अररिया एसपी शिवदीप लांडे आदि अधिकारी मौजूद थे।

बैठक आज

रेणुग्राम: भाजपा मंडल कार्यसमिति फारबिसगंज की बैठक रविवार को सिमराहा उच्च विद्यालय में होगी। इस आशय की जानकारी भाजपा के मंडल अध्यक्ष मनोज झा ने दी। उन्होंने बताया कि बैठक में स्थानीय सांसद, विधायक, प्रदेश मंत्री सह विधान पार्षद सत्येन्द्र कुशवाहा, जिला प्रभारी मनोज सिंह आदि बैठक में मौजूद रहेंगे।

अररिया के गांवों में अब भी अंधेरे का राज


अररिया : कहां तो तय था चरागां हर घर के लिए यहां रोशनी मयस्सर नहीं शहर के लिए ..। अररिया के हर घर में रोशनी पहुंचाने के दावे पर ये पंक्तियां पूरी तरह फिट बैठती हैं। भ्रष्टाचार व विभागीय निकम्मेपन के कारण अररिया के गांवों में विद्युतीकरण की योजना फ्लाप हो गयी है।
इस जिले में ग्रामीण विद्युतीकरण के दो प्रयास हुए। पहला प्रयास भ्रष्ट अधिकारियों, तरकट्टों व विभागीय उपेक्षा की भेंट चढ़ गया। विडंबना है कि गांवों को रोशन करने का दूसरा प्रयास भी अब तक बेकार ही साबित हुआ है। इस प्रयास को जोरदार सरकारी धक्के की जरूरत है। इससे पहले अस्सी के दशक में ग्रामीण विद्युतीकरण का प्रयास हुआ था। पोल गड़े, तार लगे, बिजली भी पहुंची लेकिन लंगड़ाती हुई। क्योंकि भ्रष्टाचार के घुन से लबरेज विभागीय लोगों ने गांवों में जले हुए व खराब ट्रांसफार्मर लगाकर हर गांव को रोशन डिक्लेयर कर दिया। कुछ ऐसे गांव भी बिजलीकृत घोषित किए गये जिनका अस्तित्व ही नहीं था। कई गांवों में काम नहीं हुआ पर उन्हें बिजलीकृत घोषित कर दिया गया। लेकिन सबसे बढ़कर यह कि विद्युतीकरण के बाद गांवों में बिजली आपूर्ति ही नही हुई।
लिहाजा तार काटने वाले गिरोह ने पोल पर लगे हजारों किमी अल्मूनियम तार धीरे-धीरे काटकर नेपाल की बर्तन फैक्ट्रियों में खपा डाले। बिजली विभाग इस संबंध में एकाध प्राथमिकी दर्ज करवाने की खानापूर्ति के सिवा कुछ नहीं कर पायी। तरकट्टा गिरोह स्वच्छंद घूमता रहा।
सन् 2004-05 में प्रारंभ राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना भी ऐसे ही दौर से गुजर रही है। कार्यपालक विद्युत अभियंता भोला प्रसाद के अनुसार इस योजना के तहत अब तक 200 गांवों में बिजली पहुंचायी जा चुकी है। योजना के तहत 106.9 करोड़ का आवंटन मिला, जिसमें 77 करोड़ से अधिक खर्च हो गया है। यहां सवाल यह है कि इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद अब तक गांवों में बिजली क्यों नहीं पहुंच पायी?
जानकारों की मानें तो आरजीजीवीवाई के तहत गांवों में विद्युतीकरण के बोर्ड चकाचक लग गये। कई गांवों में पोल भी गड़े, लेकिन घरों तक बिजली नहीं पहुंची। ग्रामीणों की शोरगुल व आंदोलन के बाद जिन गावों तक बिजली गयी भी उन्हें बिजली बोर्ड के सुपुर्द किया ही नहीं गया। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि घर तक बिजली देने के नाम पर संवेदक व उसके दलालों द्वारा ग्रामीणों का आर्थिक दोहन किया जा रहा है।
बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता द्वारा डीएम को दी गयी रिपोर्ट के अनुसार दो सौ गांवों में विद्यतीकरण कार्य पूरा कर लिया गया है। लेकिन वास्तविकता है कि ट्रांसफार्मर खराब होने के नाम पर ये गांव अब भी अंधेरे में हैं। सूत्रों के मुताबिक जब कुछ गांवों में बिजली पहुंचायी गयी तो पैसों की लालच में संवेदक व उसके दलाल ने कई लोगों को अवैध तौर पर घर में कनेक्शन दे दिया। इसकी देखादेखी अन्य लोगों ने भी टोका लगाकर बिजली जलानी शुरू कर दी। फलत: ढाई सौ से ज्यादा ट्रांसफार्मर जल गये। स्वयं कार्यपालक अभियंता स्वीकार करते हैं कि 255 ट्रांसफार्मर खराब पड़े हैं। क्या यह सरकारी अनुसंधान का विषय नहीं बनता कि बिजली जलने से पहले इतनी बड़ी संख्या में ट्रांसफार्मर कैसे खराब हो गये? क्या इन गांवों में घटिया ट्रांसफार्मरों की ही आपूर्ति की गयी थी?
बहरहाल प्रतीत यही होता है कि मौजूदा रफ्तार से अररिया के गांवों तक बिजली कभी नहीं पहुंच पायेगी। जनता अंधेरा झेलती रहेगी तथा भ्रष्ट अधिकारी, ठेकेदार व उसके दलाल मलाई काटते रहेंगे।

उफ! 48 साल लग गए नतीजे तक पहुंचने में


अररिया, : किसी मामले के फैसले में कितना वक्त लग सकता है। एक साल, दो साल, पांच साल या दस साल। लेकिन यहां एक मामले के फैसले में लग गए 48 साल। इस दौरान दो दर्जन से अधिक न्यायाधीश बदल गये। इन पांच दशकों में कोर्ट में रखी संचिका पढ़ने के काबिल नहीं रही। तब जाकर न्यायालय जमीन विवाद के इस मामले में नतीजे तक पहुंच पायी।
न्यायालय में फैसलों में लगने वाले समय को लेकर यह एक बानगी भर है। खासकर दीवानी मामलों की स्थिति बड़ी नाजुक है। हैमियोपैथिक चाल से चलने वाली भू-विवाद के फैसले बहुत विलंब से हो रहे हैं। इस स्थिति में पक्षकारों की रुचि कम होती जा रही है, जिस कारण न्याय का अंतिम स्वरूप सामने नहीं आ पाता है।
अररिया बसंतपुर वार्ड नं. 05 के शेख भोला ने 22 जुलाई 1949 में एक भूखंड विक्रय पत्र द्वारा निबंधित कराया। लेकिन इसके स्वामित्व को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। इसको लेकर शेख भोला ने 26 मार्च 1964 को दीवानी कोर्ट में टाईटल सूट नंबर 7303/64 दायर कर दिया था। प्रतिवादी बनाये गए कुर्साकांटा के कमलदाहा निवासी शेख जमील। इस मामले में तारीखें पड़ने लगी। तारीखों का यह सिलसिला लगभग आठ सौ जा पहुंचा। इस दौरान न्यायाधीश बदल गए लेकिन मामला जस का तस बना रहा। मात्र दो सौ रुपये कीमत की इस जमीन को लेकर अदालत में कई संशोधित पेटिशन दायर होते रहे। इस टाईटल सूट को लेकर तकरीबन 800 तारीखे निर्धारित की गयी। वादी डटे रहे लेकिन प्रतिवादी के चेहरे बदल गये। न्यायालय से न्याय की आस दिल में लिए प्रतिवादी जमील इस दुनिया से गुजर गये। मामले में उनके परिजनों शेख छुटहरू वगैरह प्रतिवादी बनाए गये। परंतु 48 साल पुराने इस मामले में कागजों ने भी लोगों का साथ छोड़ दिया। वकीलों व पक्षकारों ने संचिका के पन्ने में लिखी बातों को समझ से परे बताया। अंतत: अररिया के मुंसिफ कोर्ट ने वाद को ससंघर्ष बिना खर्च के 23 मई 2012 को खारिज कर दिया।

Friday, June 1, 2012

कार्यशैली में सुधार लाएं बीईओ : डीईओ


अररिया : शुक्रवार को डीईओ कार्यालय में बैठक के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी राजीव रंजन प्रसाद काफी सख्त दिखे। उन्होंने सभी बीईओ के कार्यशैली पर असंतुष्टता जाहिर करते हुए कार्यप्रणाली में सुधार क सख्त निर्देश दिए। उन्होंने अफसोस जाहिर करते हुए कहा कि जिलास्तर से जारी निर्देशों का पालन ससमय नहीं किया जा रहा है। श्री प्रसाद ने कहा कि विद्यालय संबंधी विवरणी 29 कालम में अब तक सभी प्रखंड से अप्राप्त है। विवरणी उपलब्ध कराने के लिए डीईओ ने 48 घंटे का समय दिया।
समीक्षा के दौरान डीईओ श्री प्रसाद ने पाया कि आरटीई एक्ट के तहत शिक्षक-छात्र अनुपात में मामले में बीईओ के स्तर से कोई रुचि नहीं ली गई। डीईओ ने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी सूरत में कोई बीईओ कहीं भी शिक्षकों का डिप्टेशन नहीं करेंगे। अगर ऐसा प्रमाणित हुआ तो बीईओ पर कार्रवाई तय है। स्कूलों का निरीक्षण प्रतिवेदन भी ससमय नहीं देने पर सभी बीईओ को कड़ी फटकार लगी है। डीईओ ने सभी बीईओ को प्रखंडवार, संकुलवार व विद्यालयवार शिक्षकों का डाटाबेस तैयार करने का निर्देश दिया तथा स्कूलवार विषयवार रिक्तियां भी एकत्र करने को कहा। वहीं एक जून से सात जून तक बाढ़ सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम के तहत प्रत्येक विद्यालय में वाद विवाद, निबंध, पेंटिंग प्रतियोगिता हरहाल में आयोजित करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त एसएसए के योजनाओं के बारे में भी समीक्षा हुई। इस अवसर पर डीपीओ माध्यमिक बसंत कुमार, एमडीएम आफिसर रविन्द्र राम, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी तौकीर अकरम, डीपीओ प्राथमिक विद्यानंद ठाकुर, बीईओ विजय कु. सिंह, आमीचंद राम, चंदन दास, रामदयाल शर्मा, धनंजय सिंह, अनिरुद्ध प्र. मंडल, गयासउद्दीन अंसारी, राधे सिंह, प्रशिक्षण कालेज के व्याख्याता जयकांत मिश्र, एसएसए क एई सुखदेव चौधरी सहित कई लोग मौजूद थे।