फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज काली पूजा मेला में मंगलवार की संध्या रिमझिम चित्रहार में ठेकेदार के परिजनों व समर्थकों ने चित्रहार की नर्तकियों के साथ छेड़खानी की। इसके बाद मेले में उक्त स्थल पर हंगामा खड़ा हो गया व चित्रहार को बंद कर दिया गया। सूचना के बावजूद फारबिसगंज थाना पुलिस काफी विलंब से वहां पहुंची। लेकिन बुधवार तक भी कोई कार्रवाई नहीं हो सकी थी। उधर रिमझिम चित्रहार के संचालक विकास कुमार ने कहा कि ऐसे माहौल में काम करना यहां अब कठिन है। संचालक ने कहा कि ठेकेदार द्वारा लगातार धमकी व दवाब दिया जा रहा है। इधर, एसडीपीओ एस के झा ने बताया कि वे मामले को देख रहे हैं तथा नियमानुकूल कार्रवाई होगी।
Thursday, February 3, 2011
ट्रक के धक्के से वृद्ध घायल
जोगबनी (अररिया) : भारत-नेपाल सीमा स्थित जोगबनी में बुधवार को ट्रक डब्लूबी/73/5781 की चपेट में आने से एक वृद्ध बुरी तरह जख्मी हो गया। गंभीर स्थिति में उक्त वृद्ध को नेपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत गंभीर बनी है। स्थानीय लोगों के सहयोग से तत्काल उसे नेपाल के कोसी अंचल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वृद्ध की पहचान नहीं हो पायी है।
मतदाता सूची में नाम नहीं आने से ग्रामीण परेशान
फारबिसगंज (अररिया) : प्रखंड के भागकोहलिया पंचायत के सैकड़ों ग्रामीणों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होने से वे पशोपेश में हैं। सैकड़ों मतदाताओं का आवेदन जमा नहीं हो सका है जिस कारण वे काफी परेशान हैं। ग्रामीण मो. रियाज आलम, मो. शमशेर, मो. अलाउद्दिन, सरवर आदि ने बताया कि मतदाता सूची में नाम अंकित करवाने के लिए निर्धारित समय सीमा की जानकारी पंचायत सचिव के द्वारा नहीं दी गई थी। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिव व मुखिया के साथ तालमेल कर आनन-फानन में कुछ लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल करवा लिया गया है। जबकि बड़ी संख्या में लोग इससे वंचित हैं। वंचित लोगों ने वरीय अधिकारियों से इस ओर उचित कदम उठाने की मांग की है।
पोशाक राशि का वितरण
जोगबनी (अररिया) : जोगबनी वार्ड संख्या चार के दुर्गा मंदिर के निकट कबीर मठ स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र के कुल चालीस बच्चों के बीच मंगलवार को पोषक राशि का वितरण वार्ड पार्षद हसन अंसारी उर्फ नन्हे द्वारा किया गया। इस मौके पर श्री अंसारी ने बताया कि वार्ड चार के केन्द्र संख्या 067 पर कागजी कार्रवाही में अनियमितता पाये जाने के कारण राशि वितरण को रोक दिया गया है। इस मौके पर केन्द्र की सेविका रेखा देवी एवं सहायिका वीणा देवी के अलावे मो. हुसैन अंसारी, राजनन्दन यादव सहित दो दर्जन से अधिक अभिभावक मौजूद थे।
स्लैव क्षतिग्रस्त होने से वाहन चालकों को परेशानी
फारबिसगंज (अररिया) : नगर के महिला महाविद्यालय पीसीसी सड़क फारबिसगंज के समीप नाले पर बना स्लैब क्षतिग्रस्त हो गया है जिस कारण वाहनों के आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कई वर्षो से स्लैब टूटा पड़ा है। बावजूद इसके जीर्णोद्धार के लिए विभागीय स्तर पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं किया जा सका है। हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कई बार वाहन उक्त गड्ढे में भी फंस चुका है।
विदाई समारोह
अररिया : अररिया प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय चिकनी गरिया के सहायक शिक्षक मो. तैयब आलम सेवानिवृत हो गये। उनका विदाई समारोह मंगलवार को विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। इस मौके पर संकुल संचालक रामपानन्द यादव, महेन्द्र कुमार विश्वास, गयानन्द दास, महेन्द्र विश्वास, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका बीबी जहां आरा, मो. आबिद हुसैन आदि उपस्थित थे।
स्वास्थ्य चेतना मेला के तहत की गई महिलाओं के स्वास्थ की जांच
फारबिसगंज (अररिया) : सहबाजपुर पंचायत स्थित उप स्वास्थ्य केन्द्र पर मंगलवार को स्वास्थ्य चेतना यात्रा के तहत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जहां ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं का केन्द्र पर प्रतिनियुक्त चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच किया गया। इस अवसर पर चिकित्सकों ने लोगों को बंध्याकरण, प्रसव व एचआईवी आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी। विदित हो कि इस चेतना यात्रा की शुरूआत जिले में गत 28जनवरी को जोगबनी अतिरिक्त स्वास्थ्य केन्द्र से की गई है। जिले में मटियारी व बथनाहा के स्वास्थ्य केन्द्रों पर यह कार्यक्रम संपन्न हो गया है। आगामी 28 फरवरी तक प्रखंड के 18 पंचायतों में अतिरिक्त स्वास्थ्य तथा उपस्वास्थ्य केन्द्रों पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। कार्यक्रम का समापन सिमराहा अतिरिक्त स्वास्थ्य पर किया जायेगा।
आज के शिविर में चिकित्सक आशुतोष कुमार, एएनएम अलका रानी घोष, सूर्या क्लीनिक के प्रतिनिधि प्रमोद सिंहा के अलावा कई स्वास्थकर्मियों ने सहयोग प्रदान किया गया। जांच शिविर में 363 लोगों के स्वास्थ्य जांच करने की जानकारी हेल्प मैनेजर फारबिसगंज मनोहर कुमार ने दी।
स्वास्थ्य चेतना कार्यक्रम के तहत जागरूकता शिविर
सिकटी (अररिया) : स्वास्थ्य चेतना यात्रा कार्यक्रम के तहत प्रखंड के आमगाछी पंचायत स्थित स्वास्थ्य उपकेन्द्र पर स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन सोमवार को पंचायत भवन (उफरैल चौक) परिसर में किया गया।
इस अवसर पर लोगों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता की जानकारी दी गयी तथा रोगों की जांच कर मुफ्त दवाएं दी गयी। इनके अलावे प्रसव पूर्व जांच, टीकाकरण, परिवार नियोजन सामग्री वितरण भी किया गया। शिविर में डा. वैदेही शरण राय, डा. स्वामी नंद वर्मा, स्वास्थ्य प्रबंधक मसूद अख्तर, वीसीएम विश्वजीत कुमार, एएनएम सरिता कुमारी सहित पंचायत की आंगनबाड़ी सेविकाएं एवं आशा कार्यकर्ता मौजूद थी। शिविर में स्थानीय मुखिया रमेश राय, पंसस मुन्ना ठाकुर भी उपस्थित रहे। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. जमील अहमद ने शिविर आयोजन में जनप्रतिनिधि व आमजन के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
घरेलू विवाद में महिला ने किया विषपान
कुसियारगांव (अररिया) : पलासी थाना क्षेत्र के मजलिसपुर गांव में मंगलवार को सास-बहू के बीच घरेलू विवाद को ले बहु व अभिनन्द मंडल की पत्नी 25 वर्षीय सुमित्रा देवी ने विषपान कर लिया। परिजनों को जानकारी मिलते ही उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। इस संबंध में अस्पताल चिकित्सक द्वारा सूचना थाना को भेज दी गई है।
मकर मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
बसैटी (अररिया) : रानीगंज प्रखंड के ऐतिहासिक शिव मंदिर बसैटी में मकर महीने के तीसरे रविवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं मिन्नत पूरी होने पर 5 दर्जन से अधिक बच्चों का मुंडन कराया गया। पहुसरा, श्रीनगर, संग्रामपुर, बौसी आदि स्थानों से जलाभिषेक करने पहुंची प्रीति कुमारी, प्रिया कुमारी, शकुंतला देवी, कंचन देवी आदि ने बताया कि हर वर्ष बाबा के दर्शन को पहुंचते हैं। जो भी बाबा से सच्चे दिल से मांगता है उसकी मुराद जरूर पूरी होती है। वहीं मंदिर कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम सिंह, राज कुमार सिंह, सहदेव सिंह आदि ने बताया कि 213 वर्ष पूर्व पहुंसरा की महारानी इंद्रावती द्वारा निर्मित भव्य व आकर्षक मंदिर परिसर में प्रत्येक वर्ष कि भांति इस वर्ष भी दो फरवरी से मेले का शुभारंभ होगा। जिसमें विभिन्न व्यवसायिक दुकानें व मनोरंजन के कई साधन उपलब्ध रहेंगे। विदित हो कि बसैटी मेले में नेपाल, बंगाल सहित दूर-दूर से लोग बाबा के दर्शन व सामान की खरीद बिक्री को ले आते हैं।
इमारते शरिया का इजलासे आम दो अप्रैल से
अररिया : इमारते शरिया बिहार-झारखंड व उड़ीसा के तत्वाधान में आगामी दो एवं तीन अप्रैल को अररिया में इजलासे आम का आयोजन किया जायेगा। अररिया मुख्यालय स्थित अलशम्स मिल्लिया कॉलेज परिसर में आयोजित होने वाले इस जलसे में देश के नामचीन उलमा ए कराम व महत्वपूर्ण हस्तियों ने भाग लेने की सहमति दे दी है। जलसे की सफलता एवं तैयारी को लेकर एक बैठक सोमवार की रात इमारते शरिया के अररिया स्थित कार्यालय में आयोजित की गई। जिससे इमारत शरिया पटना के शिष्टमंडल के अलावा अररिया की नामी गरामी हस्तियां मौजूद थीं। बैठक में सर्वसम्मति से विभिन्न समितियों का गठन किया गया। इस मौके पर हाजी नसीमर्रहमान, प्रो. इरफान आलम, जैन उद्दीन अधिवक्ता, काजी नजीर अहमद, सैयद शमीम अनवर, अरशद अनवर, हाजी अब्दुल गफ्फार, हाजी आबिद हुसैन, अब्दुस सलाम, हाजी एकरामुलहक, हाजी बजलुर्रहमान, मो. हसीब, मो. असलम, प्रो. रकीब अहमद के अलावा बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
डीडीओ नियुक्ति मामले ने पकड़ा तूल
अररिया : जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा मानव संसाधन विकास विभाग के निर्देश के विपरीत नियुक्ति किये गये निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले की शिकायत जिला प्रारंभिक शिक्षक संघ द्वारा डीएम से की गई थी। इधर डीएम ने पूरे मामले की रिपोर्ट डीएसई से मांगी है। मानव संसाधन विकास विभाग के संकल्प संख्या 7/वि. 1-54/08- 3729, 24 अक्टूबर 08 के अनुसार जिस प्रखंड में डीडीओ के रूप में प्रधानाध्यापक नहीं है, वहां संबंधित बीईओ, डीडीओ के दायित्व का निर्वहन करेंगे। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि मध्य विद्यालय में हेडमास्टर का पदस्थापन हो जाने पर वहीं कार्यो का निष्पादन करेंगे। लेकिन जिला शिक्षा अधीक्षक ने भरगामा प्रखंड अंतर्गत मवि के हेडमास्टर को रानीगंज व जोकीहाट के हेडमास्टर को अररिया का डीडीओ नियुक्त कर दिया।
जिला प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रधान सचिव रामानंद यादव व उप प्रधान सचिव शैलेन्द्र कुमार राय की माने तो अररिया प्रखंड अंतर्गत आदर्श मवि अररिया बाजार, मवि गैयारी, मवि रजोखर में तथा रानीगंज अंतर्गत मवि नंदनपुर मिर्जापुर, मवि मौजाहा आदि में डीडीओ के लिये सक्षम प्रधानाध्यापक मौजूद रहने के बावजूद जोकीहाट के हेडमास्टर को अररिया व भरगामा के हेडमास्टर को रानीगंज का चार्ज दिया गया है। इधर इस संबंध में डीएसई अहसन ने सारे आरोपों को खारिज किया है।
अग्निकांड: एक दर्जन आशियाने जले

अररिया : शहर के वार्ड नंबर आठ में मंगलवार की शाम हुए अग्निकांड में लगभग एक दर्जन गरीब परिवारों के आशियाने जल कर खाक हो गये। पीड़ितों में सभी रिक्शा चालक, मजदूर व फेरी व्यवसायी हैं। करीब तीन लाख की क्षति का अनुमान किया जा रहा है।
अररिया ब्रांच कैनाल के पूर्वी तट पर बसे गरीब लोगों के टोले में हुए इस भीषण कांड में पीड़ित सबके सब बेहद गरीब हैं। अग्नि पीड़ितों में मो. फखरुद्दीन, मुन्ना, इम्तियाज, मुमताज, नसीम, कुद्दुस, हुस्नआरा, बसीर उद्दीन, बुनियाद अली, भुतहा, जाकिर व मजलूम आदि शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगभग पांच बजे बच्चों द्वारा प्लाई जला कर किये गये अलाव से उठी और देखते ही देखते एक दर्जन परिवारों की झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थी कि ऊपर से गुजर रहा बिजली का हाई टेंशन तार गल कर नीचे आ गिरा। पलक झपकते ही सारी झोपड़ियां जल कर खाक हो गयी।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही दो दमकलों ने तत्काल पहुंच कर हालात को संभाला। आग बुझाने में पुलिस के जवान व
छवि धूमिल करने का प्रयास है प्राथमिकी: विधायक
अररिया : डेहटी पैक्स घोटाले की जद में आये सिकटी के भाजपा विधायक आनन्दी प्रसाद यादव ने मंगलवार को कहा है कि उनकी राजनीतिक छवि को धूमिल करने के लिये उनके विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। उन्होंने घोटाले की उच्चस्तरीय जांच व दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है। विधायक श्री यादव ने बताया कि वर्ष 1998 में डेहटी पैक्स से मोटरसायकिल खरीदने के लिए पचास हजार ऋण लिया था। बतौर सिक्योरिटी इस एवज में पैक्स को लक्ष्मी योजना की 28 हजार की फिक्स डिपाजिट दी थी, जिसका वेल्यू आज एक लाख से अधिक होगा। उन्होंने बताया कि ऋण लेना यदि गुनाह है तो हिन्दुस्तान की आधी आबादी इसमें शामिल है और सबों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज होना चाहिये।
मौके पर सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलकर इस मामले में उच्चस्तरीय जांच कमेटी गठन की मांग करेंगे। उन्होंने बताया कि डेहटी पैक्स में निश्चय हीं घोटाला हुआ है और इसकी निष्पक्ष जांच भी होना चाहिये। मौके पर रानीगंज के विधायक परमानन्द ऋषिदेव, नरपतगंज के देवयन्ती यादव, प्रदेश मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा, भानु प्रकाश आदि शामिल थे।
नाबालिग का अपहरण, प्राथमिकी दर्ज
सिकटी (अररिया) : सिकटी प्रखंड के मजरख पंचायत अंतर्गत कुआंपोखर गांव में एक नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में लड़की के पिता ने थाने में एक मामला दर्ज कराया है। जिसमें चार व्यक्तियों को नामजद किया गया है।
दर्ज प्राथमिकी में अपहृत लड़की के पिता मुकुल राय ने कहा कि विगत 26 जनवरी की शाम सात बजे मेरी पुत्री पिंकी कुमारी को बहला फुसलाकर शादी की नीयत से गांव के ही सुधीप मंडल व उसके सहयोगी ने अपहरण कर लिया। परिजनों द्वारा खोजने पर गांव के ही बेचन राय, लगदु पासवान व चुलबुली पासवान ने बताया कि सुधीप मंडल एवं उनके सहयोगी को लड़की ले जाते देखा। इधर, सिकटी थानाध्यक्ष पुष्कर कुमार ने बताया कि अनुसंधान जारी है। दोषियों को जल्द पकड़ लिया जायेगा।
जय कन्हैया लाल की, हाथी-घोड़ा पालकी
अररिया : दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा लोगों को अध्यात्म, विज्ञान व भक्ति रस के आनंद से परिचित करवाने के लिए आयोजित किये जा रहे श्रीमद्भागवत कथा नवाह ज्ञान यज्ञ अंतर्गत मंगलवार को प्रात: भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में पीतवस्त्रों में सजी महिलाएं कलश लेकर चली। यात्रा कार्यक्रम स्थल शिवपुरी मैदान से निकलकर बस स्टैंड होते हुए, चांदनी चौक, काली मंदिर चौक, गर्ल्स हाई स्कूल रोड होते हुए पुन: स्थल पर जाकर संपन्न हो गयी। इस यात्रा में वाहनों का काफिला भी था और आशुतोष जी महाराज के चित्रों से सजा रथ शोभा बढ़ा रहा था। बैंड पार्टी, गाजे-बाजे के साथ जब लोग जय श्री राम, जय कन्हैया लाल की, हाथी घोड़ा पाल की का नारा लगा रहे थे तो मानों पूरा शहर राम नाम से गूंजायान हो गया था। ट्रैफिक व्यवस्था न बिगड़े इसके लिये पुलिस प्रशासन द्वारा जगह-जगह जवान तैनात किए गये थे। इस यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक कुमार भगत, सांसद प्रदीप कुमार सिंह, विधायक आनंदी यादव, शांति लाल जैन, पूर्व नप अध्यक्ष विजय मिश्र व हंसराज प्रसाद, अजय झा, समर सिंह, संजय मिश्र, महावीर अग्रवाल, स्वामी यादवेन्द्रानंद, स्वामी विश्वनाथानंद, स्वामी धनंजयानंद आदि शामिल थे।
कथामृत पान से होता है सभी पापों का नाश: विश्वम्भरा
अररिया : दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के तत्वाधान में शिवपुरी के मैदान में मंगलवार से वेद मंत्रोच्चार के बीच नौ दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ प्रारंभ हो गया।
आयोजन का उद्घाटन प्रथम दिवस के यजमान विजय मिश्र, द्वारिका प्रसाद केडिया व मुख्य अतिथि सांसद प्रदीप सिंह ने ज्योति प्रज्वलित कर किया। आध्यात्मिक जागृति के प्रसार के लिए कथा का आयोजन संस्थान का एक विलक्षण प्रयास है। जिसमें प्रभु की अनंत लीलाओं में छिपे गूढ़ आध्यात्मिक रहस्यों को कथा प्रसंगों के माध्यम से उजागर करने का उद्देश्य है। श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ की मुख्य वाचिका आशुतोष महाराज जी की शिष्या भागवत भास्कर साध्वी सुश्री विश्वम्भरा भारती ने प्रथम दिन अपने प्रवचन में श्रीमद्भागवत कथा का महात्म्य बताते हुए कहा कि वेदों का सार युगों-युगों से मानव जाति तक पहुंचता रहा है। उन्होंने कहा कि 'भागवत महापुराण' उसी सनातन ज्ञान की पयस्विनी है जो वेदों से बहकर चली आ रही है। साध्वी जी ने श्रीमद्भागवत महापुराण की व्याख्या करते हुए बताया कि श्रीमद्भागवत अर्थात जो श्री से युक्त है, श्री अर्थात चैतन्य, सौन्दर्य व ऐश्वर्य। 'भगवत: प्रोक्तम इति भागवत' अर्थात वह वाणी व कथा जो हमारे जड़वत जीवन में चैतन्यता का संचार करती है। जो हमारे जीवन को सुंदर बनाती है वो श्रीमद्भागवत कथा है।
साध्वी विश्वम्भरा ने कहा कि यह एक ऐसी अमृत कथा है जो देवताओं के लिए भी दुर्लभ है। इसलिए परीक्षित ने स्वर्गामृत की बजाए कथामृत की ही मांग की। कथामृत का पान करने से संपूर्ण पापों का नाश होता है।
इस भव्य आयोजन में साध्वी पूर्णिमा भारती, किरण भारती, हरिप्रीता भारती, श्रीया श्रुति भारती, नीतू भारती, मीनाक्षी भारती, हरि अर्चना भारती, सर्वसुखी भारती, स्वामी हरिश, स्वामी मधुर, व अन्य महात्मागण तथा विदूषियां उपस्थित हुई है।
फोकानियां परीक्षा: शुरू होने से पहले ही पर्चा बाजार में
अररिया : मदरसा बोर्ड द्वारा ली जा रही जिले में 16 केन्द्रों पर फोकानियां परीक्षा के दूसरे दिन तो प्रशासनिक व्यवस्था की पोल उस समय खुल गई जब मंगलवार को द्वितीय पाली की परीक्षा डेढ़ बजे से शुरू हुई। लेकिन प्रश्नपत्र अभिभावकों के हाथ में दोपहर एक बजे से ही उपलब्ध नजर आया। हाईस्कूल परीक्षा केन्द्र के पीछे ठाकुरबाड़ी रोड में एक बजे से ही लोग चीट पुर्जा बनाते देखे गये।
इधर मंगलवार को सभी केन्द्रों पर सेंटर मैनेज करने के नाम पर शहर के प्राय: परीक्षा केन्द्रों पर प्रति छात्र 500 रुपये वसूले जा रहे हैं। सूत्रों की मानें तो डीईओ कार्यालय के कतिपय कर्मी का वसूली के पीछे हाथ है। हालांकि डीईओ दिलीप कुमार ने इस आरोप को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा के लिए होमगार्ड जवान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि मुझे भी पुलिस जवान नहीं दिया गया है जिस कारण सेंटर पर जाने में काफी परेशानी हो रही है।
पेट्रोल पंप लूट का उद्भेदन, हथियार के साथ दो अपराधी गिरफ्तार
अररिया : जीरोमाईल स्थित नेशनल पेट्रोल पंप से गत 10 जनवरी को हुई लूट कांड का नगर थाना पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। यह जानकारी एसपी विनोद कुमार ने मंगलवार को दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने लूट कांड में शामिल दो कुख्यात अपराधियों को एक पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस एवं दो मोबाईल के साथ सोमवार की रात गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया है कि उक्त लूट कांड में 13 अपराध कर्मी शामिल थे और पंप से एक लाख सत्तर हजार रुपये की लूट हुई थी।
अपराधियों ने यह भी स्वीकार किया है कि लूट कांड की योजना घटना के तीन दिन पूर्व बनायी गयी थी। जब कई कांडों के वांछित अपराधी डुमरा के मो. शमीम, बागनगर के अरुण राम एवं कुसियारगांव के मो. इशा अररिया से अपने घर लौट रहे थे तो वे मोटर साइकिल में तेल डालने के लिये पंप पर रुके। इस दौरान तीनों ने आफिस का पैनी नजर से निरीक्षण किया और घटना को अंजाम देने की रणनीति बना ली। गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस कप्तान विनोद कुमार के समक्ष स्वीकार किया कि घटना को अंजाम देने से पूर्व सभी अपराधी संदलपुर मुसहरी में इकट्ठा हुए। फिर वहां शराब पी और उसके बाद बदमाश साइकिल से वहा पहुंचे। उन्होंने पंप के पश्चिम नहर किनारे अपनी साइकिलें रख दी और पंप पर धावा बोल दिया। इस दौरान सभी अपराधी हथियार से लैश थे।
एसपी श्री कुमार ने बताया कि इस गिरोह का पूर्ण उद्भेदन कर लिया गया है और जल्द ही मुख्य सरगना को भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा। उन्होंने खबासपुर लूट कांड का भी जल्द उद्भेदन करने का दावा किया है। मौके पर एसडीपीओ मो. कासिम, थाना अध्यक्ष रामशंकर सिंह आदि मौजूद थे।
पूर्व सैनिकों को किया गया सम्मानित
अररिया : प्रतिरक्षा पंक्ति में सेवारत जवान त्याग व बलिदान की प्रतिमूर्ति होते हैं। उनकी संवेदनशीलता एवं जांबाजी से ही आज हम स्वतंत्र हैं और स्वच्छ व भयमुक्त माहौल में जीवन यापन कर रहे हैं। उक्त बातें बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के वार्षिकोत्सव पर मंगलवार को न्यायाधीश गंगा शरण त्रिपाठी ने कही। सम्मेलन में पूर्व सैनिकों की चार वीर नारियों विनिता देवी, रूपा देवी, गीता देवी और वीणा ठाकुर सहित कुल बीस पूर्व सैनिकों को भी अंगवस्त्र, प्रशस्ति-पत्र एवं भेंट प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पूर्व सैनिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए हमेशा तत्पर रहने का आश्वासन दिया।
संघ के जिलाध्यक्ष कर्नल अजीत दत्त ने अपने संबोधन में जिला इकाई द्वार राष्ट्र और समाजहित में विशेषकर बाढ़ आपदा के समय पूर्व जवानों द्वारा किये गये कार्यो का उल्लेख किया। वहीं उन्होंने सरकार और समाज द्वारा उनके उचित सम्मान की अपेक्षा भी जतायी। मौके पर उपस्थित डा. नवल किशोर दास,डा. बीपी वर्मा, प्राचार्य डा. भुवनेश, पूर्व प्राचार्य डा. बीएन शर्मा, पूर्व विधायक विनोद कुमार राय, महिला परिषद की सुलोचना देवी, रजनी सहाय आदि ने सम्मेलन को संबोधित करते हुये सैनिकों के तप, त्याग और सेवा के लिए अपनी-अपनी श्रद्धा निवेदित की। इस अवसर पर
वार्षिक चुनाव प्रक्रिया में पूर्व के सभी पद के अलावा एक नये जिला उपाध्यक्ष के पद पर सार्जेट एमए राही का चुनाव किया गया। धन्यावाद ज्ञापन कैप्टन श्रीपद सिंह ने किया।
महादलित परिवारों को मिला भू-स्वामी पत्र
रेणुग्राम (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र के पश्चिमी औराही पंचायत में मंगलवार को स्थानीय भाजपा विधायक पदम पराग राय वेणु ने महादलित परिवार के 64 लोगों के बीच तीन डिसमिल जमीन का स्वामीपत्र वितरित किया।
गौरतलब है कि महादलित विकास योजना के तहत महादलित परिवारों को निर्विवाद विक्रय पत्र के तहत जमीन का वितरण किया जा रहा है। इस मौके पर हल्का न.- 9 के राजस्व कर्मचारी राम कृपाल महतो, रेणु समाज सेवा संस्थान के सचिव दक्षिणेश्वर प्रसाद, अपराजित राय, लक्ष्मी मंडल सरपंच सोहन लाल मंडल, मुरारी मंडल, मो. अरशद, संजय ऋषिदेव सहित काफी संख्या में महादलित परिवार के लोग मौजूद थे।
एसएसबी सिपाही बहाली: मेडिकल टेस्ट में अनफिट अभ्यर्थी पुन: करा सकेंगे
बथनाहा (अररिया) : मेडिकल टेस्ट में अनफिट अभ्यर्थी पुन: मेडिकल जांच के लिए अपील कर सकते हैं। रिभ्यू मेडिकल टेस्ट 16 फरवरी से गुवाहटी में शुरू होगा। यह जानकारी बथनाहा में चल रहे एसएसबी के सिपाही बहाली केन्द्र के मेडिकल बोर्ड के चेयरमैन ने दी है। सेनानायक मुम्बला ने बताया कि मेडिकल टेस्ट 14 फरवरी तक चलेगा। उन्होंने बताया कि बथनाहा बहाली केन्द्र में कुल 1676 अभ्यर्थी रिटर्न परीक्षा में सफल हुए थे। जिसके आधार पर एक दिन में 50 अभ्यर्थी को मेडिकल जांच हेतु काल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी एसएसबी में काफी बहाली होनी है और यह अभियान अभी कुछ समय तक लगातार चलता रहेगा। उन्होंने स्थानीय युवकों के लिए इसे एक अच्छा सुअवसर बताया तथा कहा कि एसएसबी की बहाली में सीमावर्ती जिलों के लिए अलग से कोटा निर्धारित है। जिसका लाभ स्थानीय युवकों केा अवश्य मिलेगा। उन्होंने बताया कि एसएसबी में अब बहाली प्रक्रिया बदल गयी। श्री मुम्बला ने कहा कि एसएसबी का कार्य अर्द्धसैनिक बलों से अलग है।
फोकनियां की परीक्षा जारी
फारबिसगंज : बिहार मदरसा शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित फोकानिया की परीक्षा मंगलवार को दूसरे दिन अनुमंडल में बनाये गये चार परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई। पुलिस पदाधिकारी केन्द्रों के आस-पास सुरक्षा के दृष्टिकोण से तैनात दिखे।
दूसरे दिन भी न्यायिक कार्य से अलग रहे अधिवक्ता
अररिया : ईवनिंग कोर्ट शुरू किये जाने के विरोध में अधिवक्ताओं का हड़ताल दूसरे दिन मंगलवार को भी जारी रहा। अररिया के करीब सात सौ अधिवक्ताओं ने अपने को न्यायिक कार्य से अलग रखा।
बिहार राज्य बार काउंसिल, पटना के आह्वान पर अररिया के दोनों संघों के अधिवक्ता सोमवार व मंगलवार को हड़ताल पर रहे। जिस कारण स्थानीय अदालत का कार्य ठप रहा वहीं अदालत पहुंचे मुवक्किलों को बैरंग लौट जाना पड़ा।
इस संबंध में जिला बार एसोसिएशन एवं जिला अधिवक्ता संघ द्वय के महासचिव क्रमश: अमर कुमार एवं महेश्वर प्र. शर्मा ने अधिवक्ताओं के आंदोलन को बिलकुल सफल बताया।
विदित हो कि इवनिंग कोर्ट पिछले 06 दिसंबर से चालू है, परंतु अधिवक्ता उसी वक्त से उक्त कोर्ट के न्यायिक कार्य से अपने को अलग है।
एसएसबी ने पकड़ा 40 हजार का तस्करी का धान
जोगबनी (अररिया) : नेपाल ले जाये जा रहे पांच ठेलों पर लदे धान को एसएसबी 24वीं बटालियन ने जोगबनी बार्डर पर मंगलवार को पकड़ा है। धान को जब्त कर जोगबनी कस्टम को सौंप दिया गया है। जिसका अनुमानित मूल्य चालीस हजार रुपया बताया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसएसबी सेनानायक एकेसी सिंह जब सीमा सुरक्षा का जायजा ले रहे थे तो उसी
समय पांच ठेला धान (2700 किलो) धर्मशाला रोड होकर नेपाल मटियखा ले जाया जा रहा था। उसे तत्काल जब्त कर लिया गया तथा सेनानायक के निर्देश पर जोगबनी 40 वीं बटालियन प्रभारी आरवी शर्मा द्वारा जब्ती सूची बना कस्टम को सौंप दिया गया। ज्ञात हो कि जोगबनी होकर भारी मात्रा में खाद्यान्नों की तस्करी भाया नेपाल-बंगलादेश व चीन किया जा रहा है।
Tuesday, February 1, 2011
एड्स से बचाव के लिए जागरूकता जरूरी
अररिया : स्वास्थ्य विभाग के सौजन्य से एचआईवी एड्स को लेकर सोमवार को एक होटल में क्षमता विकास कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में स्वयं सेवी संस्थाओं व सामुदायिक कार्यकर्ता के अलावा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे। कार्यशाला का उद्घाटन एसीएमओ डा. सीके सिंह ने किया। मौके पर डा. सिंह ने कहा कि एचआईवी एड्स से लोगों को बचाने में स्वयंसेवी संस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आपकी सहभागिता इसलिए भी जरूरी है कि आपकी पहुंच सुदुर ग्रामीण क्षेत्रों तक है। एडस की जानकारी, जागरूकता एवं बचाव के तरीके से लोगों को अवगत कराया जाना आवश्यक है। मौके पर डीपीएम अखलेश कुमार ने कहा कि अररिया में निरक्षरता एवं गरीबी अधिक है जिस कारण लोगों का पलायन हो रहा है तथा परदेश में ही लोग जानकारी के अभाव में इस रोग के चपेट में आ जाते हैं। इस अवसर पर डा. मोईज, अमरेन्दु कुमार, रणधीर कुमार, प्रणय कुमार, संजय सिंह, मनीष ओम प्रकाश, मनोज कुमार अदि उपस्थित थे। कार्यशाला को सफल बनाने में मो. मुशताक आलम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हत्याकांड: नप अध्यक्ष के खिलाफ इस्तेहार जारी
अररिया : फारबिसगंज के उद्योगपति अरुण गोलछा हत्या कांड में अररिया की अदालत ने पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण मेहता तथा फारबिसगंज के पूर्व नप अध्यक्ष अरबिन्द यादव के खिलाफ इस्तेहार जारी कर दिया है। दोनों के खिलाफ पूर्व में जारी गैर जमानती वारंट के बाद स्थानीय पुलिस के अनुरोध पर सीजेएम सत्येन्द्र रजक की अदालत ने सोमवार को इस्तिहार जारी कर उनके घरों में चस्पा करने का आदेश जारी कर दिया है।
फारबिसगंज थाने में दर्ज नरपतगंज थाना कांड संख्या 50/07 के अप्राथमिकी अभियुक्त गणेश झा व निखिल पांडे ने अदालत में द.प्र.स. की धारा 164 के तहत अपना ब्यान दर्ज कराया था, जिसमें पूर्व विधायक व पूर्व नप अध्यक्ष को घटना में संलिप्त होने की बात कही थी। इसी मामले में फारबिसगंज पुलिस के अनुरोध पर सीजेएम अररिया ने दोनों के विरुद्ध गैर जमानतीय वारंट जारी तो किया।
परंतु उक्त दोनों आरोपी भूमिगत हो गये। विदित हो सात फरवरी 07 को कजरा पुल के पास अपराध कर्मियों ने व्यवसायी व समाजसेवी अरूण गोलछा को सुनियोजित षड्यंत्र के तहत हत्या कर दी थी।
एसएसबी जवानों ने पकड़ा तस्करी का 300 किग्रा सुपाड़ी
बथनाहा (अररिया) : बथनाहा-जोगबनी सड़क मार्ग पर करीब 300 किग्रा सुपाड़ी साइकिल पर लादकर तस्करी कर ले जाते एसएसबी 24वीं वाहिनी के जवानों ने जब्त किया है। जब्त सुपाड़ी का मूल्य 21650 रु. बताया जा रहा है। जब्त सुपाड़ी तस्करी कर नेपाल से लाया जा रहा था। रास्ते में एसएसबी 24वीं वाहिनी के गश्ती दल ने जब संदेह के आधार पर साइकिल सवार को रोका तो वे साइकिल पर लदे सुपाड़ी को छोड़ भाग गये। बाद में जवानों ने सुपाड़ी सहित साइकिल को जब्त कर बथनाहा मुख्यालय में जमा करा दिया।
भाभी को पीट कर किया अधमरा, घर में बनाया बंदी
कुसियारगांव (अररिया) : नगर थाना क्षेत्र के दियारी रहिका टोला में रविवार की देर शाम देवर विजेन विश्वास ने भाभी नीरा देवी को घरेलू विवाद के कारण पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। इतना ही नहीं बेहोश होने पर महिला को घर में मरा समझ कर बंद कर दिया। किसी ने इसकी सूचना पीडि़ता के पिता को दी। तब कहीं जाकर महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया में भर्ती करवाया गया। वहीं घटना को लेकर अस्पताल द्वारा सूचना थाना को भेज दी गयी है।
लेखापाल ने की पंच के साथ धक्कामुक्की
फारबिसगंज (अररिया) : प्रखंड कार्यालय में आवेदन जमा करने के लिए गये रंगदाहा मझुआ गांव के पंच के साथ प्रखंड कार्यालय के लेखापाल द्वारा धक्का-मुक्की करने का मामला प्रकाश में आया है।
बताया जाता है कि पीड़ित पंच को धक्का-मुक्की करते हुये बीडीओ कार्यालय में लाया गया जहां बीडीओ अली मुल्लाह मौके पर पहुंचे। प्रखंड प्रमुख अशोक विश्वास, युवा जदयू नेता रमेश सिंह, जदयू नगर अध्यक्ष नाशाद आलम के समझाने-बुझाने पर मामला शांत हुआ। इस बाबत पीड़ित पंच उपेन्द्र मंडल ने बताया कि वे अपने गांव के सड़क की समस्या को लेकर प्रखंड कार्यालय में आवेदन जमा करने आये थे। उन्होंने कार्यालय के लेखापाल शिवनारायण मंडल से आवेदन की रिसीविंग मांगी। इसपर लेखापाल ने गाली गलौज करते हुये धक्का-मुक्की की। इधर लेखापाल ने सारे आरोप को बेबुनियाद बताया है। इस मामले को लेकर थोड़ी देर के लिए लोगों द्वारा हंगामा किये जाने की भी बात बतायी गई। वहीं सूचना मिलने पर फारबिसगंज थाना पुलिस ने भी प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर आवश्यक जानकारी ली।
मार्शल आर्ट का चार दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
फारबिसगंज (अररिया) : बच्चियों के लिये मार्शल आर्ट के चार दिवसीय प्रशिक्षण की शुरूआत प्रखंड मुख्यालय स्थित बीआरसी भवन में सोमवार से हुई। इसमें 20 प्रतिभागी भाग ले रही हैं। जबकि रीना देवी, राधे कुमार व विनीत कुमार द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस मौके पर जनरल कार्डिनेटर निभा सिंह, रेणु मिश्रा आदि उपस्थित थे।
बीडीओ ने किया औचक निरीक्षण
रेणुग्राम (अररिया) : फारबिसगंज प्रखंड के खवासपुर पंचायत स्थित विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सोमवार को किया। निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने स्कूली छात्र-छात्राओं से विभिन्न विषयों के सवाल भी पूछे। बच्चों की उपस्थिति पर बीडीओ ने जहां खुशी जाहिर की वहीं शिक्षकों ने कई समस्याएं बीडीओ के समक्ष रखी।
डा. सीके सिंह ने संभाला सीएस का प्रभार
कुसियारगांव (अररिया) : अररिया के सिविल सर्जन डा. धनुषधारी प्रसाद ने 31 जनवरी को रिटायर होने पर अपना पदभार अपर मुख्य चिकित्सा प्रभारी डा. सीके सिंह को सौंप दिया। प्रभारी सिविल सर्जन श्री सिंह ने इस जानकारी की पुष्टि की है।
डीलर की अनुज्ञप्ति रद्द
अररिया : बीपीएल अनाज उठाव के बाद वितरण में गड़बड़ी करने के आरोप में सदर एसडीओ डा. बिनोद कुमार ने अररिया प्रखंड अंतर्गत हडि़याबाड़ा पंचायत के डीलर रामानंद पासवान की अनुज्ञप्ति रद्द कर दी है। एसडीओ ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मो. नासीरउद्दीन के जांच प्रतिवेदन पर रद्द की है।
मंगल कलश यात्रा आज, शामिल होगी ग्यारह सौ महिलाएं
अररिया : मंगलवार से शिवपुरी के मैदान में दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के तत्वाधान में होने वाले नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान की तैयारी पूरी कर ली गई है। पचास हजार से अधिक श्रद्धालुओं के बैठने की क्षमता वाला पंडाल, बड़े-बड़े आकर्षक तोरण द्वार बनाये गये हैं। संस्थान के बिहार व झारखंड प्रभारी स्वामी यादवेन्द्रानंद महाराज ने सोमवार को एक प्रेस वार्ता में कार्यक्रमों की जानकारी दी। स्वामी जी ने कहा कि रामकथा का मूल उद्देश्य विश्व का कल्याण करना है। उन्होंने कहा कि मुख्य कथा वाचिका विदुषी सुश्री विश्वभ्भरा बिहार में पहली बार आ रही हैं। महाराज ने बताया कि इस कथा में नेपाल, बंगाल, दिल्ली उत्तर प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, झारखंड से भी हजारों श्रद्धालु पधार रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को पूरे शहर में स्थल के निकट से 1100 महिलाओं का शोभा यात्रा निकाली जायेगी। इस मौके पर इलाहाबाद से आये स्वामी विश्वनानंद, स्वामी धनजंयानद, रामतारक शुक्ला, अरुण शर्मा, मीडिया प्रभारी विरेन्द्र मिश्र, मोहन दुबे, उपाध्याय जी, राज कुमार, खेखू सिंह आदि उपस्थित थे।
बच्चों के बीच पोशाक राशि का वितरण
अररिया : वेलवा पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र शरीफ नगर में सोमवार को बच्चों के बीच पोशाक राशि का वितरण किया गया। मुखिया एजाज की उपस्थिति में सेविका बीबी नाहिद ने 40 बच्चों के बीच राशि वितरित की। इस दौरान केन्द्र संख्या 355 एवं 348 पर भी प्रत्येक बच्चे को ढाई सौ राशि दी गयी।
कार्यक्रम में नहीं मिल रहा प्रशासनिक मदद
अररिया : दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा एक से नौ फरवरी तक होने वाले भागवत कथा कार्यक्रम में प्रशासनिक मदद नदारद है। इस संबंध में कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी विरेन्द्र मिश्र ने बताया कि 50 हजार की बड़ी भीड़ होने की संभावना को लेकर पीएचईडी से 20 चापाकल लगाने का आग्रह किया गश था, परंतु मात्र पांच चापाकल लगाये गये जो नाकाफी हैं। उन्होंने बताया कि रोशनी की व्यवस्था के लिए किरासन तेल की मांग तो प्रशासन से की गई लेकिन कुछ नहीं किया गया।
तेल मिल में कटकर मालकिन की मौत
अररिया : जीरोमाईल स्थित एक तोड़ी तेल मील में सोमवार को मशीन की चपेट में आने से मील मालकिन 40 वर्षीय गायत्री देवी की मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्यपरीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस घटना की तहकीकात कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर को गायत्री देवी अपने मील से खल्ली निकाल रही थी। इसी क्रम में महिला का साड़ी चक्की में उलझ गया। साड़ी का पल्लु बचाने के क्रम में उसका दाहिना हाथ चक्की में फंस गया जिससे उसका हाथ कट गया। जब तक मील को बंद किया जाता तब तक महिला बुरी तरह जख्मी हो गयी। मील बंद कर महिला को लोगों ने अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसका काफी रक्त स्राव हो जाने के कारण उसकी वहीं मौत हो गयी।
किसानों को मिला पचास लाख का अनुदान
अररिया : दो दिवसीय कृषि उत्पादन व यांत्रीकरण मेला सोमवार को संपन्न हो गया। दो दिनों में किसानों को विभिन्न कृषि उपकरणों की खरीद पर लगभग पचास लाख रुपये का अनुदान दिया गया। मेला के दूसरे एवं अंतिम दिन काफी संख्या में किसान मेला में उपस्थित हुए। जिला कृषि पदाधिकारी वैद्यनाथ यादव ने बताया कि मेले में पचास ट्रैक्टर, एक सौ पचास पंप सेट, दस पावर ट्रेलर व चालीस डिस्क हार्वर कल्टीभेटर की बिक्री हुई है। मेले में जिला स्तरीय किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया जहां किसानों कीे कृषि संबंधी समस्याओं का समाधान कृषि विशेषज्ञों के द्वारा बताया गया। किसानों को विशेषकर रबी फसल, मकई एवं मूंग की खेती के संबंध में विशेष जानकारी दी गई। मेला में उपस्थित डीईओ श्री यादव ने बताया कि कृषि यांत्रिक मशीन के मूल्यों पर भी नियंत्रण रखा गया है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे बिचौलियों से सावधान रहें तथा कृषि संबंधी योजनाओं के लाभ के लिए सीधा विभागीय अधिकारी से संपर्क करें।
छात्रसंघ चुनाव के लिए बने राष्ट्रीय कानून: अभाविप
अररिया : बिहार में लंबे समय से छात्र संघ का चुनाव नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। राज्य सरकार सर्वोत्तम अंक प्राप्त करने वाले को छात्रसंघ का पदाधिकारी मनोनीत करना चाहती है जो छात्र विरोधी कदम है। छात्रसंघ चुनाव के लिए राष्ट्रीय कानून बनाने की जरूरत है। यह बातें अभाविप के नव निर्वाचित प्रदेश मंत्री प्रवीण कु. ने रविवार को शिवपुरी में प्रेस वार्ता में कही। प्रदेश मंत्री सह बीएनएमयू के सीनेट सदस्य प्रवीण कुमार ने कहा कि राज्य सरकार के उदासीनता के कारण उच्च शिक्षा पर कोई ठोस कार्य योजना लागू नहीं की जा सकी है जो छात्र समुदाय के साथ धोखा है। श्री कुमार ने कहा कि छात्रों को लोकतांत्रिक अधिकार दिलाने के लिए अभाविप संपूर्ण बिहार में संघर्ष छेड़ेगी। कार्यकत्र्ताओं ने नवनिर्वाचित प्रदेश मंत्री को माला पहनाकर स्वागत भी किया। मौके पर जिला प्रमुख प्रो. महेन्द्र प्रताप सिंह, प्रांतीय सदस्य प्रो.एसके झा, सुकांत आदर्श, नगर अध्यक्ष प्रो. एके मिश्रा, नगर मंत्री कुणाल प्रियदर्शी, छात्रा प्रमुख प्रो. सुष्मिता सिंह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह बब्बन, अदि मौजूद थे।
कालेधन की समाप्ति को ले एक दिवसीय धरना
अररिया : पतंजलि योग समिति व भारत स्वाभिमान न्यास के बैनर तले रविवार को राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना दिया गया। धरना की अध्यक्षता समिति के जिलाध्यक्ष प्रो. कमल नारायण यादव ने की। जबकि मंच संचालन की भूमिका महामंत्री शंकर आंनद ने निभाई। धरना के उपरांत मागों का ज्ञापन महामहिम राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम डीएम को सौंपा गया। धरना में वक्ताओं ने कहा कि ये कालाधन, विधायिका, कार्यपालिका के साथ-साथ राष्ट्र के शीर्ष संवैधानिक पदों पर बैठे कुछ भ्रष्ट लोगों द्वारा कानून, पद व अपने अधिकारों का दुरुपयोग करके लूटा हुआ रिश्वतखोरी का पैसा है। न्यास व समिति से जुड़े नेताओं ने कहा कि विदेशों में जमा देश का लगभग 300 लाख करोड़ रुपये टैक्स की चोरी का पैसा नहीं बल्कि ये देश के विकास का धन है, जो राष्ट्रीय संपत्ति है। वक्ताओं ने कहा कि यह पैसा वापस आने से देश की गरीबी, अशिक्षा, पर खर्च हो सकती है। नेताओं ने कहा कि विदेशों से पैसा वापस लाने का एक मात्र अधिकार केन्द्र सरकार को है। इसलिए देश के प्रधानमंत्री से आशा है कि देश का लूटा हुआ धन देश में अवश्य आपस लायेंगे। धरना से पूर्व भारत माता की जय, वन्दे मातरम् आदि नारों के साथ एक जुलूस भी निकाली गई। इस अवसर पर समिति की जिला महिला प्रभारी शांति कुमारी, संरक्षिका इंदु कुमारी, प्रमोदिता, किरण कुमारी, शिक्षक प्रकोष्ठ के राज्य प्रभारी जर्नादन दास पारखी, विवेकानंद यादव, राजेश कुमार, प्रो.एसएन महतो, भुटेश्वर सिंह, मंटू विश्वास, जिप सदस्य सत्यनारायण यादव,जौवाद आलम, विद्यानंद महाराज आदि मौजूद थे।
आरएनटीसीपी कर्मी की सेवा हो नियमित: सचिव
अररिया : टीबी सेन्ट्रल इम्प्लाय एसोसिएशन के सचिव अनिल कुमार ने कहा कि राज्य में कार्यरत हजारों आरएनटीसीपी कर्मियों की सेवा सरकार को नियमित कर देनी चाहिए। तमिलनाडू, हिमाचल प्रदेश की तरह बिहार में भी रिक्तयों के विरूद्ध सेवा का समायोजन होना चाहिए। श्री कुमार रविवार को अररिया के कर्मचारी संघ भवन में आयोजित बैठक में भाग लेने आये थे। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कुणाल श्रीवास्तव ने की। संचालन प्रवक्ता अनवर हयात ने किया। बैठक में सचिव श्री कुमार ने कहा कि अररिया में मानदेय कम दिया जा रहा है और राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा संबोधित मानदेय का लाभ भी नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पांच फीसदी बढ़ोतरी का लाभ केन्द्र द्वारा नहीं दिया जाता है। उन्होंने बताया कि देश के 11 आरएनटीसीपी कर्मियों की मौत टीबी से हो चुकी है। इस मौके पर किशनगंज के जिलाध्यक्ष मो. अखलाक, कोषाध्यक्ष कपिलेश्वर सिंह, पूर्णिया के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार समेत चारों जिले के दर्जनों कर्मी उपस्थित थे।
सम्मान समारोह में पटना जाएंगे भाजपा कार्यकर्ता
अररिया : आगामी 5 फरवरी को पटना में आयोजित होने वाले कार्यकत्र्ता सम्मान समारोह में अररिया के प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र से एक हजार भाजपा कार्यकर्ता भाग लेंगे। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक कुमार भगत ने की। जिसमें सांसद व विधायक भी उपस्थित थे। कार्यकत्र्ताओं को ले जाने का दायित्व वहां के जनप्रतिनिधि को सौंपा गया है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि जिस विधान सभा क्षेत्र में भाजपा विधायक नहीं है वहां के कार्यकर्ताओं को पटना ले जाने का दायित्व सांसद एवं संगठन उठायेगी। इस अवसर पर सांसद प्रदीप कुमार सिंह, रानीगंज विधायक परमानंद ऋषिदेव, नरपतगंज विधायक देवयंती यादव, कार्यक्रम प्रभारी मनोज कुमार सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष नारायण झा, संजय मिश्रा, सुरेन्द्र झा, नरलिमा साह, राम राज गुप्ता, सुचिता सिन्हा, बुचनी देवी, ओम प्रकाश जी, नसीम उद्दीन, प्रताप विश्वास, देवी सिंह, संतोष सुराना आदि उपस्थित थे।
पुण्यतिथि पर बापू को किया नमन
फारबिसगंज (अररिया) : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 62वीं पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को एनएसयूआई फारबिसगंज के द्वारा स्थानीय कांग्रेसी नेता प्रकाश चौधरी के निवास स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन कर उनके पुण्यतिथि को शहीद दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर राष्ट्रपिता के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित किये गये एवं बापू के सिद्धांतों को याद कर उनके द्वारा बताये गये सत्य और अहिंसा के मार्गो को आत्मसात करने की कसमें खायी। इस अवसर पर कालेज अध्यक्ष ने कहा कि आज भी हम छात्रों और युवाओं के लिये बापू के विचार प्रासंगिक और कल्याणकारी है। इन्हीं विचारों पर चलकर बापू ने देश को आजादी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका कार्य किये और एक हिंसामुक्त समाज की कल्पना की। बापू के उन सिद्धांतों को हम कभी नहीं भुला सकते। इस अवसर पर मुख्य रूप से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी प्रकाश चौधरी, कालेज महासचिव राजीव रंजन, रमेश मिश्रा, डिम्पल चौधरी, राजीव चौधरी, करण कुमार, निट्ठू, अनिल पांडे, मुन्ना चौधरी, नसीम रजा आदि उपस्थित थे।
Monday, January 31, 2011
करंट लगने से मजदूर की मौत
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज नगर के जुम्मन चौक के समीप रविवार की सुबह हाई वोल्टेज विद्युत तार की चपेट में आ जाने से 32 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक पलासी पंचायत निवासी एक मजदूर बताया जाता है। विद्युत स्पर्शाघात के उपरांत स्थानीय लोगों द्वारा युवक को रेफरल अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक युवक का नाम मो. कलीम बताया गया है जो पलासी पंचायत के भजनपुर गांव का निवासी था। जो आज सुबह जुम्मन चौक के समीप एक भवन निर्माण में मजदूरी करने आया था। इसी दौरान छड़ काटने के क्रम में छड़ (सरिया) ऊपर से गुजर रही ग्यारह हजार वोल्ट के तार से सट गई जिस कारण उक्त मजदूर बिजली के संपर्क में आ गया और उसकी मौत हो गई।
पर्यटन वर्ष को सफल बनाएगी सरकार : मंत्री
जोगबनी (अररिया) : पड़ोसी राष्ट्र नेपाल में पर्यटन वर्ष 2011 को सफल बनाने को ले सरकार प्रतिबद्ध है। इसी दृष्टि से सरकार द्वारा भारत नेपाल अन्तरराष्ट्रीय सीमा के नेपाल भंसार के पास पर्यटकों की सुविधा हेतु एकीकृत चेक पोस्ट व कार्यालय खोला जा रहा है जो एक से दो माह के अंदर पूरा हो जायेगा।
उपरोक्त बातें रविवार को नेपाल के पर्यटन मंत्री सरस सिंह भंडारी ने कही। वे सीमा पार नेपाल भंसार परिसर में चल रहे एकीकृत कार्यालय के निर्माण कार्यो का निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नेपाल भ्रमण में आने वाले विदेशी पर्यटकों को अपने वाहन से घूमने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। जगह-जगह उन्हें पुलिस जांच से गुजरना पड़ता है। इस कारण पर्यटक इस तरह की सुविधा को ले वीरगंज एवं काकड़भिट्ठा से अब उन्हें प्रवेश करने की बाध्यता नहीं होगी। वे जोगबनी होकर भी नेपाल प्रवेश कर सकेंगे। इसके लिये सरकार जोगबनी से सटे नेपाल भंसार परिसर में एकीकृत कार्यालय खोल रही है जो दो माह के अंदर पूरा हो जायेगा। इसके तहत पुलिस, इमीग्रेसन, कस्टम, ट्रांसपोर्टर एवं पर्यटन बोर्ड सभी एक ही जगह होंगे तथा पर्यटकों को एक कार्ड मिलेगा जिसके जरिये वे बेरोकटोक के नेपाल भ्रमण करेंगे। साही हीं यहां सभी होटलों, पर्यटन स्थल के साथ अन्य जानकारी भी उपलब्ध रहेगी।
ज्ञात हो कि विराटनगर में इमीग्रेशन कार्यालय नहीं होने के कारण विदेशी सैलानी जोगबनी सीमा से नेपाल प्रवेश नहीं कर पाते थे। उन्हें नेपाल प्रवेश हेतु वीरगंज जाना पड़ता था या फिर काकड़भिट्ठा लेकिन इसके तैयार हो जाने से अब वे जोगबनी होकर भी नेपाल प्रवेश कर सकेंगे। इस मौके पर मंत्री श्री भंडारी के साथ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष भावेस श्रेष्ठ आदि मौजूद थे।
आत्म ज्ञान सबसे बड़ा ज्ञान: कादम्बरी

जोगबनी (अररिया) : हम सभी ईश्वर की संतान है। इसके लिये हमें ईश्वर का आभार मानना चाहिये। यह बात मानव सेवा संस्थान पटना की कादम्बरी बाई ने जोगबनी के जिराही में सत्संग समापन के दौरान कही। उन्होंने कहा कि आत्म ज्ञान सबसे बड़ा ज्ञान है। जो मानव सच्चे गुरु की शरण में आता है वहीं सच्चा मार्ग दर्शन पाता है। न कि संसार भ्रमण कर तीर्थाटन से। मानव जब तक आत्म ज्ञान नहीं पायेगा तब तक उसे सही मंजिल प्राप्त नहीं होगी।
इस मौके पर गोवर्धन बाई, कांतानन्द जी, अम्बिका बाई, सुखानन्द जी मंच पर आसीन थे। मौके पर भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
मोटर साइकिल चुराकर भाग रहा बदमाश पकड़ाया
पलासी (अररिया) : प्रखंड के कनखुदिया गांव निवासी अरूण यादव की हीरो होंडा मोटर साइकिल मदनपुर मेला प्रांगण से रविवार को चोरी कर भाग रहे चोर को ग्रामीणों ने पोठिया बेंगा मार्ग के बीच खदेड़कर पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। ग्रामीणों ने लूटी गयी मोटर साइकिल भी बरामद कर ली है। बाद में चोर को ग्रामीणों ने पलासी पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़ में आया चोर मो. रफीक उर्फ तौसिफ साकिन डेहटी का निवासी है। पलासी थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने मोटर साइकिल चोर का प्राथमिक उपचार कराकर मदनपुर ओपी को सुपूर्द कर दिया है। वहीं थानाध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि पूछताछ के बाद इस घटना में अन्य दो लोगों के शामिल होने की सूचना मिली है।
प्रोन्नत चतुर्थवर्गीय स्वास्थ्य कर्मियों के भुगतान पर लगा रोक
अररिया/कुसियारगांव : जिले के स्वास्थ्य विभाग मे चतुर्थ वर्गीय श्रेणी में प्रोन्नति पाने वाले सभी स्वास्थ्य कर्मियों के बकाये राशि के भुगतान पर स्वास्थ्य निदेशालय बिहार ने रोक लगा दी है। राज्य स्वास्थ्य निदेशालय से प्राप्त आदेश के बार स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गयी है। इधर, प्राप्त निर्देश के आलोक में सिविल सर्जन ने तमाम प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डीएम, एसीएमओ, यक्ष्मा पदाधिकारी को पत्र लिखकर विभाग के अंतिम आदेश मिलने तक किसी भी प्रकार के बकाये राशि यानी वेतन के भुगतान पर रोक लगाने का निर्देश दिया है।
सिविल सर्जन द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि चतुर्थ वर्ग से तृतीय श्रेणी में प्रोन्नत होने वाले तमाम स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति पत्र, पद्भार ग्रहण तिथि, पदोन्नति आदेश, सेवापुस्त आदि एक सप्ताह के भीतर जमा करना है। लेकिन कार्यालय सूत्रों की मानें तो 10 दिन बीत जाने के बावजूद कहीं से भी कोई कागजात नहीं जमा किया गया है। इससे प्रतीत होता है कि जिले में भी स्वास्थ्य कर्मियों के नौकरी का गोरखधंधा वर्षो से चल रहा है।
दो दिनों तक न्यायिक कार्य से अलग रहेंगे अधिवक्ता
अररिया : अररिया के अधिवक्ता ईवनिंग कोर्ट के विरोध में सोमवार से दो दिनों तक अपने को न्यायिक कार्य से अलग रखेंगे।
इस संबंध में जिला बार एसोसिएशन के महासचिव अमर कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि जिला बार एसोसिएशन तथा जिला अधिवक्ता संघ द्वय के सैकड़ों अधिवक्ता सोमवार एवं मंगलवार को ईवनिंग कोर्ट का विरोध में न्यायिक कार्य से अलग रहेंगे। इस संबंध में उन्होंने सोमवार को अधिवक्ताओं की एक बैठक बुलाकर अगली रणनीति तय करने की बात कही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संघर्ष समिति के राजेंद्र सिंह से उनकी वार्ता हुई है। विदित हो कि पांच बजे संध्या से सात बजे तक इस कोर्ट का संचालन होना है।
फोटो स्टेट व कम्प्यूटर दुकानदार रहे हड़ताल पर
जोकीहाट(अररिया) : स्टेशनरी सामानों एवं कम्प्यूटर पार्टस की कीमत में वृद्धि के मद्देनजर फोटो स्टेट व अन्य कम्प्यूटरी कार्यो की सेवाओं में मूल्य वृद्धि को ले जोकीहाट बाजार के फोटो स्टेट एवं कम्प्यूटर दुकानदार रविवार को हड़ताल पर रहे। हड़ताली दुकानदारों का कहना था कि फोटो स्टेट की कीमत प्रति पीस दो रूपये किये जायें। हड़ताली दुकानदारों के अध्यक्ष आबिद, सचिव जुगनू, कोषाध्यक्ष शब्बू ने बताया कि पूरे प्रखंड में उक्त कार्यो के लिए एक समान मूल्य निर्धारित किये जाने को ले हड़ताल किया गया है।
डेहटी पैक्स घोटाले के अभियुक्तों पर हो कठोर कार्रवाई: सरफराज
जोकीहाट(अररिया) : जोकीहाट के जदयु विधायक सरफराज आलम ने कहा है कि न सिर्फ डेहटी पैक्स घोटाला बल्कि जिले में इंदिरा आवास, मनरेगा जैसी योजनाओं में भी बड़े-बड़े घोटाले हुए हैं। अगर उक्त योजनाओं की भी जमीनी जांच हो तो डेहटी की तरह कई अन्य घोटाले उजागर हो सकते हैं। उन्होंने डेहटी प्रकरण के दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। श्री आलम ने कहा कि नीतीश सरकार ने भ्रष्टाचार मिटाने की जो पहल की है, यह उसीका परिणाम है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि डेहटी पैक्स घोटाले में जिन लोगों का नाम आया है, निश्चित रूप से उसकी संलिप्तता है। चूकि घोटाले के मुख्य अभियुक्त ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में सब का नाम लिया है।
ज्ञात हो कि जोकीहाट विस क्षेत्र के पूर्व विधायक मंजर आलम भी उक्त घोटाले में नामजद अभियुक्त बनाये गये हैं जिसको लेकर चर्चाओं का बाजार यहा गर्म है।
पुण्यतिथि पर याद किये गये बापू
अररिया : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर जिले में कई कार्यक्रम आयोजित किये गये।
जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से रविवार को पार्टी कार्यालय गांधी आश्रम में पूज्य बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर बापू के चित्र पर कांग्रेसियों ने पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शो पर चलने की कसमें खायी। वक्ताओं ने गांधी के सत्य, अहिंसा के पैगाम को जन-जन तक पहुंचाने एवं उनके पद चिह्नों पर चलने का भी आह्वान किया। इस अवसर पर
कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मो. ताहा, अधिवक्ता विजय कु.मार यादव, अब्दुस
सलाम, शशिभूषण झा, टिपू आदि नेता उपस्थित थे।
वहीं दूसरी ओर नेहरू युवा केन्द्र अररिया के द्वारा सिसौना स्थित नेहरू युवा क्लब की ओर से गांधी जी की पुण्य तिथि मनाई गयी। जिसमें शाहजहां अंसारी, अर्जुन पासवान, सुधीर यादव, गोपाल प्रसाद आदि युवक मौजूद थे।
शिवपुरी में कल से बरसेगा रामकथा का अमृत
अररिया : शिवपुरी की धरती योग गुरु बाबा रामदेव के योग कार्यक्रम के बाद एक बार फिर सजधज कर तैयार है। सोमवार से नौ फरवरी तक इसी मैदान में श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ कार्यक्रम को लेकर दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के कार्यकर्ता तन-मन धन से लगे हैं। जिला ही नहीं वरन पूरा राज्य के अलावा अन्य प्रदेशों से भी हजारों की संख्या में भक्त इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
कथामृत कार्यक्रम में व्यास पीठ पर भारत विख्यात भागवत भास्कर भगवताचार्य आशुतोष जी महाराज की शिष्या विदुषी विश्वम्भरा भारती मुख्य वाचिका के रूप में शामिल होगी। इसके अतिरिक्त वाचिका के रूप में सर्वसुखी भारती, हरितृप्ता भारती, प्रिया भारती, हरि अर्चना, मीनाक्षी भारती, कृतिका भारती, पूर्णिमा भारती व किरण भारती भी पधार रही हैं। भक्ति संध्या कार्यक्रम के लिए गायक हारेश जी, हरसल जी, अप्रतिम माल्या, तबलावादक राजदीप व हिमांशु तथा बांसुरीवादक के रूप में मधुर जी दर्शकों का मन मोहेंगे। एक से नौ फरवरी तक चलने वाले इस कार्यक्रम में दोपहर एक बजे से सांय पांच बजे तक कथा का समय होगा। एक फरवरी को बड़ी संख्या में महिलाओं द्वारा शोभा यात्रा व मंगल कलश यात्रा निकाली जायेगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्णिया के सांसद उदय सिंह, विशिष्ट अतिथि अररिया सांसद प्रदीप सिंह, सिकटी विधायक आंनदी प्र. यादव, बायसी विधायक संतोष कुशवाहा कार्यक्रम उद्घाटन के मौके पर मौजूद रहेंगे।
बाक्स के लिये
कार्यक्रम की सफलता के लिए समिति सक्रिय
अररिया, संसू: दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा शिवपुरी में होने वाले श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ की सफलता को लेकर पूर्व से बनी 25 सदस्य आयोजन समिति काफी सक्रिय है। जिसमें समिति अध्यक्ष महावीर अग्रवाल, उपाध्यक्ष विजय कुमार सिंह, सचिव अरुण शर्मा, सह सचिव मोतीलाल शर्मा, पवन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, सह कोषाध्यक्ष स्वामी कपिलदेवानंद के अतिरिक्त कार्यकारिणी सदस्यों की सूची में राजू बाठियां, मूलचंद गोलछा, शांतिलाल जैन, संजय मिश्रा, दीपक पराशर, दयानंद झा, अजय झा, समर सिंह, श्याम सुन्दर अग्रवाल, जय कुमार अग्रवाल, रामकुमार गोयल, मनोज भगत, विधासागर केसरी, अशोक झा, संतोष केसरी, अखिलेश मिश्र, इन्द्र कुमार टहलागी व अभय सिंह शामिल है।
महिलाओं को रोजगार को ले प्रशिक्षण शिविर
कुसियारगांव (अररिया) : अररिया टाउन हाल में महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराकर उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए हयूमेन डवलपमेंट सेंटर द्वारा प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। जिसमें ग्राम स्तर पर निशुल्क सर्वे करने की जानकारी दी गयी तथा महिला साक्षरता दर बढ़ाने के लिए व पंचायत स्तर पर स्वयं सहायता समूह का गठन, छह माह महिला प्रशिक्षण, स्वरोजगार केन्द्र की स्थापना, घरेलू हिंसा से महिलाओं को संरक्षण का प्रयास, लिंग अनुपात में पर्याप्त असमानता के क्षेत्र में कार्य व समय-समय पर नुक्कड़ नाटक का सामाजिक आयोजन तथा अन्य सामजिक विकास से जुड़े कार्य करने का प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें पटना से आये हुए स्टेट डायरेक्टर बृजेश वर्मा, जिला समन्वयक हलीम, रामबाबू रमण, मो. मिनहाज अनवर, अनीकुल सलाम, निरंजन कुमार आदि मौजूद थे।
वीएन मिश्रा मेमोरियल ब्रिज टूर्नामेंट के आयोजन से हर्ष
अररिया : अररिया के रहने वाले व विख्यात ब्रिज प्लेयर स्व. वीएन मिश्रा की स्मृति में पटना में राज्य स्तरीय ब्रिज टूर्नामेंट के आयोजन से अररिया वासियों में हर्ष है। विदित हो कि स्व. मिश्र इंजीनियर, ब्यूरोक्रैट व बिहार के चुनिंदा ब्रिज प्लेयरों में से एक थे। उनकी स्मृति में न्यू पटना क्लब में रविवार से आयोजित राज्य स्तरीय टूर्नामेंट का उद्घाटन जस्टिस मिहिर कुमार झा द्वारा, पुरस्कार वितरण प्रदेश के चीफ इलेक्शन आफिसर सुधीर कुमार राकेश द्वारा किया जायेगा। इस टूर्नामेंट में बिहार, यूपी, झारखंड व बंगाल के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। टूर्नामेंट का प्रायोजन स्व. मिश्रा के पुत्र व नाबार्ड के वरीय अधिकारी रोहित मिश्रा द्वारा किया जा रहा है।
डेहटी पैक्स: सरकारी सेवकों ने भी जम कर उड़ाई मलाई
अररिया : जिले के बहुचर्चित डेहटी पैक्स घोटाले की चर्चा जहां सबकी जुबान पर है तो उक्त पैक्स के ऋणधारियों की सूची में कई सरकारी सेवक भी हैं। इसका खुलासा गिरफ्तार पैक्स प्रबंधक रुद्रानंद झा ने अदालत में पेश लिखित बयान में किया है।
धारा 164 के तहत न्यायालय में दर्ज कराये गये ब्यान में मुख्य आरोपी रुद्रानन्द झा ने कुल 72 ऋणधारियों की सूची लिखित रूप में अदालत के समक्ष प्रस्तुत की है। जिसमें उसने पलासी प्रखंड के नाजिर मतीर्उरहमान के यहां एक लाख रुपये, पलासी के प्रखंड सहायक अशोक कुमार पाठक के यहां एक लाख, सिकटी के प्रखंड सहायक अम्बा प्र. यादव के पास डेढ़ लाख, अररिया सीडीपीओ कार्यालय के सुपरवाईजर रूपम झा के पास डेढ़ लाख, प्रखंड सहायक पलासी मो. शहरयार- पचास हजार, ग्राम पंचायत मालद्वार की पंचायत शिक्षिका मीरा देवी 50 हजार, पलासी के शिक्षक- संजय मांझी 1.3 लाख, पिपरा विजवार के शिक्षक अशोक कुमार विश्वास तीस हजार रुपये आदि सरकारी सेवकों के पास पैक्स का पैसे होने की बात सूची में दर्ज करायी है।
डेहटी पैक्स घोटाले में तीन गिरफ्तार
पलासी (अररिया) : पलासी थाना पुलिस ने डेहटी पैक्स घोटाले से संबंधित तीन अभियुक्तों को शनिवार संध्या गिरफ्तार कर लिया है। इस बाबत थानाध्यक्ष आरपी सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में मो. बसर इकबाल, मो. तसबीर आलम व मो. एजाज खां शामिल हैं।
समन्वयन समिति की बैठक
बथनाहा (अररिया) : शुक्रवार को बथनाहा स्थित एसएसबी 24वीं बटालियन मुख्यालय के प्रांगण में जिला प्रशासन द्वारा एक समन्वयन समिति की बैठक आहूत की गयी जिसमें रेलवे पुलिस बल, कस्टम, जिला एवं अनुमंडल प्रशासन व पुलिस के अधिकारी एसएसबी व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
डेहटी पैक्स: बैंकों की भूमिका पर भी उठ रहे सवाल
अररिया : करोड़ों रुपये के डेहटी पैक्स घोटाले में कई बैंकों की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ रही है। पलासी थाने में दर्ज सात प्राथमिकी में विभिन्न बैंकों की आठ शाखाओं को नामित किया गया है। इन शाखाओं में कथित रूप से फर्जी चेक जमा निकासी का धंधा धड़ल्ले से हुआ बताया जाता है।
पलासी थाने में शनिवार को दर्ज प्राथमिकी में स्टेट बैंक की मैना व कनखुदिया शाखा, सेंट्रल बैंक पलासी, बैंक आफ बड़ौदा अररिया व तारण, कोआपरेटिव बैंक की अररिया व फारबिसगंज शाखा तथा पंजाब नेशनल बैंक की फारबिसगंज शाखा का यह कह कर उल्लेख है कि इन शाखाओं के माध्यम से ही फर्जी चेक को जमा व रुपयों की निकासी का काम किया गया।
सूत्रों की मानें तो विभिन्न सरकारी योजनाओं का पैसा अधिकारियों को पीसी देकर या अन्य उपायों से डेहटी पैक्स में जमा करवाया गया। फिर उस पैसे को मनचाहे तरीके से इस्तेमाल किया गया। इस दौरान योजनाओं के लाभुक अगर पैसा मांगते थे तो उन्हें बहाना बना कर टरका दिया जाता था। पैक्स में पैसों का फ्लो बनाये रखने के लिये ड्राफ्ट का धंधा भी किया जाता था। अधिकतर ड्राफ्ट इन्हीं बैंक शाखाओं से निर्गत बताये जाते हैं। ड्राफ्ट के लिये पैसों की उगाही पेट्रोल पंपों से भी की जाती थी।
विदित हो कि फर्जी तरीके से चेक जमा व निकासी करने के आरोप में एक पेट्रोल पंप कर्मी सलाखों के पीछे भी जा चुका हैं। ताजा मामले में भी वे आरोपी हैं।
Sunday, January 30, 2011
डेढ़ माह से एमडीएम बंद देख चौंके प्रधान सचिव
रानीगंज (अररिया) : मानव संसाधन विभाग के प्रधान सचिव अंजनी कुमार सिंह ने शनिवार को प्रखंड क्षेत्र के पहुंसरा पंचायत में मध्य विद्यालय संग्रामपुर का औचक निरीक्षण किया। स्कूली बच्चों को गत डेढ़ माह से मध्याह्न भोजन बंद की शिकायत किये जाने पर प्रशासन सचिव हतप्रभ रह गये। महादलित बाहुल क्षेत्र के इस विद्यालय में मध्याह्न भोजन बंद के कारणों की जांच एवं दोषी के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात मौके पर उन्होंने की। बिहार सरकार के मानव संसाधन विभाग के प्रधान सचिव अंजनी कुमार सिंह पहुंसरा गांव से पूर्णिया जाने के क्रम में मध्य विद्यालय संग्रामपुर का निरीक्षण किया। विद्यालय में प्रभारी प्रधानाचार्य सुमित्रा कुमारी से विद्यालय से संबंधित सारी जानकारी लेने के उपरांत जब प्रधान सचिव बच्चों की ओर मुखातिब हुये तो बच्चों ने स्कूल में गत डेढ़ माह से मध्याह्न भोजन बंद होने की शिकायत की। उन्होंने तत्काल इस बाबत कई अधिकारियों से जवाब-तलब दूरभाष पर हीं किया। इसे गंभीर बताते हुये प्रधान सचिव ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। वहीं, ग्राम वासियों ने पंचायत में एक उच्च विद्यालय खोलने की स्वीकृति प्रदान करने की मांग प्रधान सचिव के सम्मुख रखी। ग्रामीणों का नेतृत्व सीताराम मेहता कर रहे थे। इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य कलानंद सिंह, मुखिया उपेन्द्र मरांडी,निर्मल मेहता, ओमप्रकाश मेहता, मणी लाल ऋषिदेव, शंकर सिंह, शिक्षक सुभाष चन्द्र प्रसाद आदि मौजूद थे।
दूसरों के लिए जीने वाले सदा रहते अमर : दुगड़
जोगबनी(अररिया) : नेत्रदान महादान है। ऐसे लोग सौभाग्यशाली है जिसके सहयोग से सुन्दर संसार देखने का मौका मिलता है। ये बातें स्व. घासीराम तापड़िया सेवा ट्रस्ट जोगबनी द्वारा शनिवार को बालिका उच्च विद्यालय में दो दिवसीय नि:शुल्क नेत्रदान शिविर के उद्घाटन के बाद नेपाल के सांसद मोती लाल दुगड़ ने कही।श्री दुगड़ ने कहा कि स्वर्गीय घासीराम तापड़िया ने समाज में दबे कुचले लोगों का जीवन स्तर सुधारने तथा हर वर्ष नि:शुल्क नेत्रदान शिविर का आयोजन करवाया।इस मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष भीखम चंद तापड़िया ने कहा कि नि:शुल्क नेत्रदान शिविर स्वर्गीय तापड़िया द्वारा विगत 28 वर्षो से अपने नेतृत्व में चलाते आये थे। उनके निधन के बाद सेवा ट्रस्ट बना। उन्होंने कहा कि इस कार्य में दिल्ली के प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक डा. बीएन खन्ना का योगदान लगातार रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता गंगा किसन राठी ने की। जबकि मंच पर सनातन सेवा समिति के अध्यक्ष शिवदत्त राठी, इन्द्रा रिजाव, माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष जय किशन जी राठी, अखिल नेपाल माहेश्वरी परिषद के अध्यक्ष गंगा प्रसाद राठी आदि मौजूद थे। वहीं सेवा ट्रस्ट के नारायण तापड़िया, प्रेम रतन डागा, कमल तापड़िया, श्याम तापड़िया, मनीष काबड़ा तथा डा. खन्ना के सहायक के रूप में डा. सुनील सुराना उपस्थित थे।
पाट व्यवसायी को अपराधियों ने गोली मारी, 60 हजार से अधिक लूटे
अररिया/रेणुग्राम : सिमराहा थाना क्षेत्र के फारबिसगंज से पटेगना जाने वाली सड़क स्थित परमान नदी किनारे कौआ चांड़ घाट (खवासपुर) के निकट शनिवार को सशस्त्र अपराधियों ने एक पाट व्यवसायी कलानन्द सिंह को गोली मार दी तथा उसके पास से साठ हजार से अधिक नगदी लूट ली। वे फारबिसगंज से पाट बेचकर घर लौट रहे थे। लूटने के बाद अपराधी मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग निकले। उसके बाद आस-पास के ग्रामीण एवं उनके सहयोगी घायल व्यवसायी को चिकित्सा के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है। घटना संध्या के चार बजे की है। घायल व्यवसायी काफी सहमे हुए हैं जिस कारण वे लूटी गयी रकम कभी साठ हजार तो कभी छह लाख बता रहे हैं। पुलिस फिलहाल जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार व्यवसायी श्री साह फारबिसगंज से पटुआ बेचकर अपने घर पटेगना लौट रहे थे। वे जब परमान नदी के किनारे पहुंचे तो वहां बने चचरी पुल के निकट पूर्व से तीन सशस्त्र अपराधी घात लगाये बैठे थे तथा वहां एक मोटर साइकिल भी लगी थी। श्री साह जैसे ही वहां पहुंचे अपराधियों ने उसे पिस्तौल दिखा कर रोक लिया। व्यवसायी कुछ समझ पाते उससे पहले ही एक अपराधी ने उसके पैर में गोली मार दी जिससे वह वहीं गिर गया। तब अपराधी उसके पास रखे नगदी व एक मोबाइल लूट लिये तथा वहां खड़ी मोटरसाइकिल पर सवार हो पश्चिम दिशा की ओर भाग गये। भागने से पूर्व अपराधियों ने व्यवसायी की मोटर साइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। अस्पताल में घायल व्यवसायी कभी 60 हजार तो कभी छह लाख लूटे जाने की बात बता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि गोली लगने के कारण व्यवसायी अभी दहशत में हैं जिस कारण पूरी बात बताने में अक्षम हैं। उनके स्वस्थ होने के बाद ही लूट की सही रकम का पता चल पायेगा। घटना की सूचना मिलते ही अररिया के विधायक जाकिर अनवर, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक कुमार भगत एवं अन्य कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचकर पीड़ित की सूधी ली और पुलिस कप्तान से शीघ्र अपराधियों को गिरफ्त में लेने की मांग की है।
प्रशिक्षण
अररिया : द्वितीय चरण की जनगणना को लेकर अररिया प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय लहना रामपुर में आयोजित प्रगणकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शनिवार को समाप्त हो गया। इस प्रशिक्षण में ट्रेनर के रूप में रामानंद यादव, गयानंद दास, प्रवीण कुमार दास, संजय ठाकुर आदि ने द्वितीय चरण के जनगणना की जानकारी दी। तीन दिवसीय प्रशिक्षण में 111 प्रगणक व 19 पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। उक्त आशय की जानकारी मास्टर ट्रेनर गयानंद दास ने दी।
बरदाहा व भुतहा में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
सिकटी(अररिया) : बिहार सरकार के निर्देशानुसार स्वास्थ्य चेतना कार्यक्रम के तहत प्रखंड के एपीएचसी बरदाहा में शुक्रवार एवं भुतहा में शनिवार को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों को स्वास्थ्य व स्वच्छता संबंधी जानकारी दी गयी तथा रोगियों की जांच कर मुफ्त दवा वितरण किया गया। इसके अलावा बच्चों का टीकाकरण, कृमि व आयरन की गोली तथा परिवार नियोजन संबंधी सामग्री का भी वितरण किया गया।
शिविर का पर्यवेक्षण यूनिसेफ के एसएमसी परमानंद ठाकुर द्वारा किया गया। प्रभारी चिकित्सक डा. जमील अहमद ने बताया कि 17 जनवरी तक क्रमानुसार प्रखंड के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर शिविर का आयोजन किया जायेगा। शिविर में स्थानीय मुखिया गगन देवी, मुखिया सविता देवी, बीएचएम मसूद अख्तर, बीसीएम विश्वजीत कुमार, चिकित्सक डा. सुरेन्द्र कु., डा. स्वामी नंदन वर्मा, बीएमसी नीरज ठाकुर, एएनएम पुष्पलता कुमारी, आलोका कुमारी, डाटा ऑपरेटर मनोज कुमार एवं दोनों केन्द्रों के सेविका व आशा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
शिक्षा से ही मुल्क की तरक्की संभव: मौ. कासमी
अररिया : शिक्षा के क्षेत्र में बेदारी लोग से ही किसी का मुल्क व मिल्लत की तरक्की मुमकिन हो सकती है। साथ ही एखलाकी तौर पर भी हमें आगे आना होगा। ये बातें इमारते शरिया बिहार, झारखंड व उड़ीसा के नाजिम व बिहार स्टेट हज कमेटी के चेयरमैन मौलाना अनिसुर्रहमान कासमी ने शुक्रवार को कही। अररिया स्थित इमारते शरिया के दफ्तर दारूल कजा में उलमाओं व दानिशवरों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मुल्क की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए बच्चों को जरूर शिक्षित करें। साथ ही हमारा एखलाक भी बुलन्द होना चाहिए। श्री कासमी ने कहा कि हमें आपसी विवाद व रंजिश से बचने की जरूरत है। उन्होंने दूसरों के साथ हमेशा हमदर्दी से पेश आने की बात कही। साथ जनगणना 2011 जो कौमी सतह पर 9 फरवरी से 28 फरवरी तक चलेगा। इसमें बढ़चढ़ हिस्सा लेने एवं सहयोग करने की अपील की। मुल्क के उलमा व मस्जिदों के इमाम और मुल्क के नौजवानों को इस सर्वेक्षण कार्य में सहयोग करने की बात कही। साथ ही एमएसडीपी की राशि का दुरूपयोग एवं माईनोरिटी हास्टल अब तक चालू नहीं किये जाने पर चिंता व्यक्त की। इस मौके पर काजी नजीर अहमद, मौलाना कमर अनीस आदि उपस्थित थे।
मनरेगा में जनप्रतिनिधि निभायें भूमिका: शगुफ्ता
अररिया : मनरेगा को सरजमीन पर उतारने एवं ग्रामीण मजदूरों को इससे लाभ दिलाने में जनप्रतिनिधि महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। ये बातें शनिवार को नेहरू युवा केन्द्र अररिया के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय सम्मेलन में जिप अध्यक्ष शगुफ्ता अजीम ने कही। नेजाजी सुभाष स्टेडियम में आयोजित इस सम्मेलन में पंचायती राज प्रतिनिधि, रोजगार सेवक, प्रोग्राम पदाधिकारी एवं युवा क्लब के प्रतिनिधि मौजूद थे। जिप अध्यक्ष शगुफ्ता ने कहा कि मनरेगा को लेकर नेयुके क्षेत्र में सर्वेक्षण कार्य व स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा रही है। इस मौके पर डीआरडीए के निदेशक विजय कुमार, जिला युवा समन्वयक शिवजी पांडे, पीओ स्वतंत्र कुमार आदि ने भी मनरेगा पर विस्तार से जानकारी दी।
सौरा पर 24 लाख की लागत से बनेगा पुल
अररिया : रानीगंज प्रखंड के विनोदपुर निवासियों का सपना लंबे इंतजार के बाद साकार हुआ। सैकड़ों वर्षो से टापूनुमा बस्ती में रहने वाले हजारों ग्रामीण चेहरों पर शनिवार को लंबी मुस्कान थी व गांव में जश्न का माहौल था। मौका था सौरा नदी पर मुख्यमंत्री सेतु के शिलान्यास समारोह का। जिला परिषद क्षेत्र संख्या 21 की जिला पार्षद बेनजीर शाकीर के अथक प्रयास से यह संभव हो पाया। शनिवार को 24 लाख की लागत से बनने वाले इस पुल का शिलान्यास करने के बाद उन्होंने बताया कि सैकड़ों साल से यहां के लोग इस नदी में तैरकर पार करते थे। लेकिन अब पुल बन जाने के बाद ये गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ जायेगा। शिलान्यास समारोह के मौके पर ईई मनोज कुमार , एई बबन सिंह, रजी अहमद, राजू, मो. इसराइल, आबिद हुसैन, अकमल यजदानी साजिद, राजेन्द्र ततमा, नूरउद्दीन के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
कांग्रेस व भ्रष्ट्राचार एक सिक्के के दो पहलू : अभाविप
अररिया : केन्द्र सरकार की नीतियों एवं हाल के दिनों में हुए टूजी स्पेक्ट्रम घोटाला, आदर्श सोसायटी घोटाला व राष्ट्रमंडल खेल में गड़बड़ी को लेकर अभाविप ने देश व्यापी आंदोलन के तहत शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना दिया। इसके पश्चात परिषद द्वारा महामहिम राष्ट्रपति के नाम डीएम को मांगों का ज्ञापन सौंपा। धरना की अध्यक्षता जिला प्रमुख प्रो. महेन्द्र प्रताप सिंह ने किया। जबकि मंच का संचालन नगर अध्यक्ष प्रो. अनिल मिश्र ने किया। धरना में मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद नव निर्वाचित प्रदेश मंत्री प्रवीण कुमार ने कहा कि आदर्श सोसायटी, राष्ट्रमंडल व 2 जी स्पेक्ट्रम घोटाला कांग्रेस नीत यूपीए सरकार की भ्रष्ट कार्यशैली को उजागर किया है। श्री कुमार ने ने कहा कि भ्रष्टाचार के विरूद्ध केन्द्र सरकार की नीति संदेश के घेरे में हैं। प्रदेश मंत्री श्री कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी व भ्रष्टाचार एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने केन्द्र सरकार पर भ्रष्टचारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि 2 जी स्पेक्ट्रम घोटाले में सिर्फ अधिकारी ही नहीं बल्कि प्रधानमंत्री कार्यालय भी दोषी हैं।
धरना को जिला संयोजक मनोरंजन मेहता, नगर मंत्री कृणाल प्रियदर्शी, आरएसएस के जीवछ ठाकुर ने भी संबोधित किया। मौके पर मुख्य रूप से प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सत्यवान मालाकार, सुकांत आदर्श, जय कुमार, सुनील यादव, प्रीतम गुप्ता, अतिक आर्यन, रविन्द्र झा, रूपेश यादव, पवन, रौशन सहित कई कार्यकत्र्ता उपस्थित थे।
भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के लिए निकाला जुलूस
अररिया : दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के तत्वावधान में अररिया के शिवपुरी मैदान में एक से नौ फरवरी तक आयोजित होने वाले श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ की सफलता को लेकर संस्थान के कार्यकत्र्ताओं ने शनिवार की शाम मोटर साइकिल जुलूस निकाला। जुलूस कार्यक्रम स्थल से लेकर बस स्टैंड, एडीबी चौक, चांदनी चौक होते हुए पुन: कार्यक्रम स्थल पर जाकर समाप्त हुआ। जुलूस में दर्जनों चार व दो पहिया वाहन के अतिरिक्त साइकिल सवार भी शामिल थे। जुलूस में शामिल लोग जय श्री राम का नारा लगा रहे थे। इस जुलूस में पूर्व नप अध्यक्ष विजय मिश्र, विरेन्द्र मिश्र, सुधीर मंडल समेत सैकड़ों गणमान्य लोग शामिल थे।
सदर अस्पताल: आउट सोर्सिग के भुगतान पर रोक का आदेश
कुसियारगांव(अररिया) : नेशनल रूरल हेल्थ मिशन दिल्ली के स्टेट प्रोग्राम मैनेजर आर रतन ने शनिवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में व्याप्त गंदगी व कुव्यवस्था को देख वे भड़क उठे। श्री रतन ने तुरंत आउट सोर्सिग के भुगतान पर अगले आदेश तक के लिए रोक लगाने का निर्देश सीएस को दिया। उन्होंने इस दौरान उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को भी कड़ी फटकार लगायी। श्री रतन करीब चार घंटे तक अस्पताल में रूके तथा प्रसव कक्ष, ब्लड बैंक, एक्स-रे कक्ष आदि का गहन निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को कई निर्देश दिये। अस्पताल में व्याप्त गंदगी को देख श्री रतन ने नाराजगी जतायी तथा वहां उपस्थित डीएम डा. हुस्नआरा को अगले आदेश तक के लिए आउट सोर्सिग के भुगतान पर रोक लगाने का आदेश दिया। इस अवसर पर डा. हुस्नआरा के अलावा प्रबंधक विकास कुमार आदि उपस्थित थे।
डेहटी पैक्स: सरगना तक पहुचेंगे कानून के हाथ?
अररिया : बहुचर्चित डेहटी पैक्स गबन के मामले में पुलिस की गिरफ्त में आने वाले प्रबंधक रुद्रानंद झा द्वारा किया गया खुलासा कुछ अचंभित करने वाला नहीं है। क्योंकि जिले के प्राय: लोग डेहटी पैक्स के कर्ता-धर्ता को जान रहे हैं। लोगों के जेहन में बस एक ही सवाल उठ रहा है कि क्या कानून व पुलिस का हाथ पैक्स गबन के मूल कर्ता-धर्ता तक पहुंच पायेंगे? 26 करोड़ से अधिक के हेराफेरी के मामले में जिले के विभिन्न थाना में कई मामले पूर्व से दर्ज हैं। अब रुद्रानंद झा के बयान पर उजागर किये गये सफेदपोशों के नाम से राजनीतिक हल्कों में खलबली मच गई है। पैक्स प्रबंधक के बयान पर पलासी थाना में भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री समेत सौ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधि से लेकर कई सफदपोशों के होश उड़ गये हैं।
पैक्स घोटाले में अब तक सिर्फ सरकारी मुलाजिमों पर ही कार्रवाई हो पाई है। जबकि ग्रामीण विकास विभाग के उप सचिव राम बाबू सिंह ने जांचोपरांत 2008 में सौंपे गये रिपोर्ट में कई जनप्रतिनिधि के नाम उजागर किया था। लेकिन प्रशासन आज तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं कर पाई।
वाहन पलटने से महिला की मौत, आधा दर्जन घायल
फारबिसगंज (अररिया) : फारबिसगंज-रानीगंज मुख्य सड़क मार्ग पर मालपट्टी हरिपुर गांव के समीप तीव्र गति से आ रही टेम्पो के पलट जाने से उसपर बैठी 50 वर्ष की महिला की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये। सूचना पर फारबिसगंज थाने के अनि अली अंसारी घटना स्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। घायलों में बसंत कुमार ठाकुर (25) व हरिनंदन दास (35) का इलाज रेफरल अस्पताल में किया गया। जहां से श्री दास को अन्यत्र रेफर कर दिया गया है। जबकि अन्य घायलों को इलाज विभिन्न निजी अस्पतालों में होने की बात बतायी जा रही है। बताया जाता है कि टेम्पो बिना नंबर वाली थी और महथबा से फारबिसगंज आ रही थी। मृत महिला की पहचान की जा रही है।
वहीं, एक अन्य घटना में किशनगंज से जोगबनी आ रही चीनी से लदी ट्रक रामपुर चौक के पास पलट गयी, जिससे ट्रक का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे रेफरल अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
अधिकारियों से नहीं मिल रहा सहयोग : अशोक
फारबिसगंज (अररिया) : निवेशकर्ताओं की राह में नौकरशाह हावी है। उद्योग लगाने के लिए बियाडा द्वारा जमीन तो आवंटित कर दी गई लेकिन अधिकारियों से अभी भी समुचित सहयोग नहीं मिल रहा है। यह बात फारबिसगंज के बियाडा औद्योगिक क्षेत्र में करीब एक सौ पंद्रह करोड़ रुपये की लागत वाली बिहार की पहली निर्माणाधीन स्टार्च (ग्लूकोज) फैक्ट्री के निर्देशक अशोक चौधरी ने शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उक्त बातें कहीं। श्री चौधरी ने कहा कि फैक्ट्री की स्थापना में बियाडा की उदासीनता और असामाजिक तत्वों द्वारा लगातार दी जा रही धमकी तथा उपद्रव से यहां दूसरे राज्यों से आये अभियंता, कर्मचारी, मजदूर भयभीत है। कई अभियंताओं व कर्मचारियों ने काम करने से मना कर दिया है। श्री चौधरी ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए गुहार की गई थी।
अच्छा प्रदर्शन करने वाले अभिकर्ता सम्मानित
फारबिसगंज (अररिया) : जीवन बीमा निगम के फारबिसगंज शाखा के अभिकर्ताओं का एक दिवसीय सम्मेलन शनिवार को नगर परिषद कार्यालय परिसर स्थित सभा भवन में आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में एलआईसी भागलपुर वरीय प्रमंडलीय प्रबंधक पी जयपुरिया, प्रबंधक सेलर्स एमएसए खान, अतिथि के रूप में फारबिसगंज शाखा प्रबंधक एके झा प्रबंधक सेल्स एनएन प्रियदर्शी मुख्य रूप से उपस्थित थे। सम्मेलन में अतिथियों ने बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अभिकर्ता एसएल देव, लक्ष्मण प्रसाद, मानिक चंद्र जैन, राम बाबू, कुमोद कुमार भगत, मनोज कुमार, श्रीमती कबीना झा, अंजेश सिंह, नरेश प्रसाद यादव की बुके भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में वित्तीय वर्ष 2010-11 में नया कीर्तिमान बनाने वाले तथा नई पालिसी की जानकारी वक्ताओं द्वारा दी गई। मंच का संचालन एनएन प्रियदर्शी ने किया। वहीं अशरफ फरहा अली, अजय मंडल, अशोक कुमार, कुमार मनोज सहित भारी संख्या में अभिकर्ता उपस्थित थे।
रोगी कल्याण समिति की बैठक में लिए कई निर्णय
रानीगंज (अररिया) : शुक्रवार को रेफरल अस्पताल के प्रागंण में रोगी कल्याण समिति की बैठक अररिया अनुमंडलाधिकारी डा. विनोद कुमार की अध्यक्षता में आयेाजित की गयी।
बैठक में अस्पताल में रोगियों के सुविधा एवं कल्याणार्थ चलायी जा रही स्वास्थ्य योजना का क्रियान्वयन पूर्णरूप से नहीं होने के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को जिम्मेदार ठहराया गया। अध्यक्ष सहित सदस्य गण उस वक्त आश्चर्य में रह गये जब गत 2 सितंबर 10 को हुई बैठक की कार्यवाही पर अनुमोदन हस्ताक्षर के लिये संचिका अध्यक्ष के पास तक नहीं भेजी गयी। इस तरह की लापरवाही के लिये समिति के सचिव सह चिकित्सा पदाधिकारी अवधेश कुमार को जिम्मेदार ठहराया गया। बैठक में उपस्थित जिला स्वास्थ्य प्लानिंग काडिनेटर मानवेद्र कुमार ने स्थिति को संभालते हुये कई अहम सुझाव बैठक में रखे। अस्पताल परिसर में स्वच्छ जल की व्यवस्था एक सप्ताह के अंदर करने एवं अस्पताल के शल्य कक्ष का जीर्णोद्धार एक माह के अंदर कराने का निर्णय लिया गया।
बैठक में समिति के सचिव प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. अवधेश कुमार, कैप्टेन एसएन सिंह, विद्यानंद टुडू सहित स्वास्थ्य कर्मी आदि उपस्थित थे।
कृषि यांत्रीकरण मेला आज से
अररिया : सरकार के निर्देश पर आईसोपोम योजना मद से दो दिवसीय कृषि यांत्रीकरण मेला रविवार से सुभाष स्टेडियम में आयोजित होगा। यांत्रीकरण मेला में अनुदानित दर पर कृषि यंत्र किसानों को दिया जायेगा। जिला कृषि पदाधिकारी वैद्यनाथ यादव ने बताया कि मेले में कम्बाईन हार्वेस्टर, रीपर, ट्रेक्टर, लैंड लेजर लेवलर, पावर टीलर, रोटावेटर, जीरोटील सीड ड्रील, हैपी सीडर, पम्पसेट पावर थ्रेसर पैडी ट्रांसप्लान्टर, पावर स्प्रेयर आदि यंत्रों पर अनुदान मिलेगा। श्री यादव ने बताया कि जिन कृषि यंत्रों पर 10 हजार से अधिक अनुदानित राशि है उन यंत्रों को अनुदानित पर खरीदने के लिये कृषि कार्यालय से स्वीकृति की जरूरत होगी।
अलग-अलग घटनाओं को ले दो ने किया विषपान
कुसियारगांव (अररिया) : विगत 24 घंटे के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घरेलू विवाद के कारण एक महिला समेत दो लोगों ने विषपान कर लिया। परिजनों द्वारा उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना थाना को दे दी गयी है। पीड़ितों में जोकीहाट थाना क्षेत्र के लड़ुवाबाड़ी निवासी मो. सरफराज आलम व कुर्साकांटा बलचंदा निवासी प्रमोदसाह की पत्नी प्रीति देवी शामिल हैं।
Subscribe to:
Posts (Atom)





